July 12, 2021

राष्ट्रीय कवि गोष्ठी-संस्कार भारती वाराणसी

11/07/2021
हे राष्ट्र तुम्हारा अभिनंदन !
आज संस्कार भारती-वाराणसी (उ.प्र) द्वारा वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार डॉ प्रेरणा चतुर्वेदी के संयोजन में देशभक्तिपरक रचनाओं के साथ ऑनलाइन "राष्ट्रीय कवि गोष्ठी " आयोजित की गई ।
 इस राष्ट्रीय कवि गोष्ठी में उत्तर प्रदेश, बिहार ,नई दिल्ली, मेघालय, हिमाचल प्रदेश तथा मध्य प्रदेश राज्यों के 20 जिलों  से वरिष्ठ  एवं युवा रचनाकारों ने राष्ट्र को समर्पित रचनाओं का  पाठ किया ।
कार्यक्रम में मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) से श्रीमती सुधा गुप्ता,मा. विमलेश अवस्थी कानपुर (उ. प्र), डॉ अन्नपूर्णा श्रीवास्तव( पटना, बिहार ) ,ओंकार सिंह विवेक  (रामपुर, उ. प्र) ,प्रोफ़ेसर सुधा सिंहा (बिहार) ,डॉ. सपना चंदेल ,डॉ सुनीता जायसवाल (शिमला, हिमाचल प्रदेश ) ,डॉ सुषमा तिवारी (नोएडा, उ.प्र) ,अंजू भारती (नई दिल्ली) डॉ. आलोक सिंह (शिलांग, मेघालय) आदि ने देशभक्तिपरक काव्य पाठ किया।
इसके साथ ही 'राष्ट्रीय कवि गोष्ठी' में उत्तर प्रदेश -वाराणसी से ममता तिवारी, प्रीति जायसवाल, प्रयागराज से डॉ प्रतीक्षा दूबे, जौनपुर से खुशबू उपाध्याय, प्रवीणा दीक्षित झारखंड, मनीष मिश्रा -जहानाबाद ,ऋषि कुमार तिवारी- बिहार ,मीना परिहार- बिहार आदि ने वीर रस से ओत-प्रोत रचनाओं का  पाठ किया ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय सनातन दुबे जी ,क्षेत्र प्रमुख (उत्तर प्रदेश) ने कार्यक्रम में अपने आशीर्वचन देते हुए कहा कि-- 'संस्कार भारती' स्वतंत्रता प्राप्ति के 75 वर्ष पूरे होने पर 15 अगस्त 2021 से 15 अगस्त 2022 तक पूरे साल  राष्ट्र को समर्पित रचनाओं का संकलन और प्रसारण करेगी ।
इस कार्यक्रम में 'संस्कार भारती'- मानस गंगा  इकाई ,वाराणसी के अध्यक्ष श्री वेद प्रकाश जी भी उपस्थित रहे।

July 11, 2021

शहनाइयाँ अच्छी लगीं


ग़ज़ल---ओंकार सिंह विवेक
******************
फ़ाइलातुन    फ़ाइलातुन    फ़ाइलातुन    फ़ाइलुन

मौसमे - बरसात     की    तैयारियाँ   अच्छी   लगीं,
ख़ुश्क फ़सलों को घुमड़ती  बदलियाँ अच्छी लगीं।

ख़ुश   हुए  बस  दूसरों  की  ख़ामियों  को  देखकर,
कब  भला  उनको किसी की ख़ूबियाँ अच्छी लगीं।

पेट    कोई   दान    के   पकवान    से   भरता   रहा,
और  महनत  की  किसी  को  रोटियाँ अच्छी लगीं।

और  भी  जलने  का  उसमें  हौसला कुछ बढ़ गया,
दीप को इन  आँधियों  की  धमकियाँ  अच्छी लगीं।

हम   पड़ोसी    से   हमेशा    मेल    के    हामी   रहे,
कब  हमें  सरहद  पे  चलती  गोलियाँ अच्छी लगीं।

दुख  हुआ  तो  रुख़सती का हमको बेटी की,मगर-
फिर  भी  घर  में  गूँजती  शहनाइयाँ  अच्छी लगीं।
                                     ---–ओंकार सिंह विवेक
             सर्वाधिकार सुरक्षित

July 6, 2021

मानवीय सरोकार

दोस्तो काफ़ी दिन बाद आपसे फिर मुख़ातिब हूँ अपनी
मानवीय सरोकारों से जुड़ी एक ग़ज़ल लेकर--
 ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
©️ 
ये  आदमी  ने   यहाँ   कैसा  ज़ुल्म  ढाया  है,
तमाम  मछलियों  को  रेत  पर  ले  आया है।

कुचल  दिया   है   उन्हें  हौसले  के  बूते  पर,
जो  मुश्किलात  ने  जीवन  में  सर उठाया है,

सुना  रहा  है  वो  हमको  फ़क़त  लतीफ़े  ही,
अभी  तलक  भी  कोई  शेर  कब सुनाया है।

करें   न  शुक्र  अदा  क्यों   भला  दरख़्तों का,
इन्हीं   के   साए  ने   तो  धूप  से  बचाया   है।

है  कौन  हमसे अधिक और ख़ुशनसीब भला,
"तुम्हें   ख़ुदा    ने    हमारे    लिए   बनाया   है।

'विवेक' रब  की  इनायत-करम है ये मुझ पर,
जो सर पे आज तलक भी, पिता का साया है।
             ----    ©️   ओंकार सिंह विवेक



July 1, 2021

कच्चा घर नहीं होता

ग़ज़ल***ओंकार सिंह विवेक
  
फ़ाइलुन  मुफ़ाईलुन   फ़ाइलुन   मुफ़ाईलुन
©️ 
गर  हमारी क़िस्मत में कच्चा घर नहीं होता,
तो  हमें भी बारिश  का कोई डर नहीं होता।

चार दिन में हो जाए ज़िंदगी से जो रुख़सत,
ग़म का दौर इतना भी मुख़्तसर नहीं होता।

जाने  टूटकर  कबके  हम  बिखर  गए होते,
ज़िंदगी में  अपनों का  साथ गर नहीं होता।

वो  ही  रंज देते हैं , वो  ही  दिल दुखाते  हैं,
जिनसे चोट खाने  का कोई डर नहीं होता।

क्या  हमें  उजाले  की   नेमतें  मिली  होतीं,
आफ़ताब  जो  अपने काम  पर नहीं होता।

दूर  है  अभी  काफ़ी  इंतेख़ाब  का  मौसम,
रहनुमा  का  बस्ती  से  यूँ गुज़र नहीं होता।
             ----  ©️ ओंकार सिंह विवेक

June 21, 2021

Yoga Day Special

 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कुछ दोहे
  ***************************
                  ---ओंकार सिंह विवेक
©️ 
होता  है  इस  बात पर , हमें  गर्व  का  भान,
भारत  ने  संसार  को , दिया  योग का ज्ञान।

आदिकाल में देश  के, बालक- वृद्ध-जवान,
गुरुकुल जाकर योग का, लेते  थे नित ज्ञान।

जिसने शामिल कर लिया , दिनचर्या में योग,
उससे   घबराने  लगे ,  सभी  तरह  के  रोग।

घोर निराशा-क्रोध-भय,उलझन और तनाव,
योग  शक्ति  से  दूर  हों ,  ऐसे  सभी  दबाव।

तेग  बहादुर - सेमुअल , राम  और   रहमान,
सबके मुख पर योग से , खिलती है मुस्कान।

अगर करेंगे योग का ,प्रतिदिन हम अभ्यास,
भर  जाएगा एक दिन , जीवन  में  उल्लास।

कोरोना  के  काल  में ,करके  प्रतिदिन योग,
प्रतिरोधक क्षमता सतत, बढ़ा  रहे  हैं  लोग।
               ------ ©️  ओंकार सिंह विवेक 
                              

June 20, 2021

फादर्स-डे स्पेशल

आज पिता-दिवस पर पिता श्री
को समर्पित एक ग़ज़ल
********************
        ---- ओंकार सिंह विवेक
🌹
मफ़ऊ लु    मफ़ाईलु    मफ़ाईलु    फ़ऊलुन
©️ 
मेरी  सभी  ख़ुशियों  का  हैं आधार पिता जी,
और माँ के भी जीवन का हैं शृंगार पिता जी।
🌹
सप्ताह  में   हैं  सातों  दिवस  काम  पे  जाते,
जानें   नहीं  क्या  होता  है  इतवार पिता जी।
🌹
हालाँकि ज़ियादा  नहीं  कुछ आय के साधन,
फिर  भी  चला  ही लेते हैं परिवार पिता जी।
🌹
ख़ैरात   किसी   की  भी  गवारा  नहीं  करते,
है   फ़ख़्र   मुझे , हैं   बड़े  ख़ुद्दार   पिता  जी।
🌹
दुख  अपना  बताते  नहीं ,पर  सबका हमेशा,
ग़म   बाँटने   को  रहते  हैं  तैयार  पिता  जी।
🌹
दुनिया बड़ी ज़ालिम है , सजग हर घड़ी रहना,
समझाते  हैं  मुझको  यही  हर बार पिता जी।
🌹
ये  आपकी  ही सीख का है मुझ पे असर,जो-
विपदा  से   नहीं  मानता   मैं  हार  पिता  जी।
🌹
पीटो   मुझे   या   चाहे   कभी   कान  मरोड़ो,
हर  बात  का  है आपको अधिकार पिता जी।
🌹
सर  से  न   उठे  मेरे  कभी  आप  का  साया,
मिलता  रहे  बस  यूँ ही सदा  प्यार पिता जी।
🌹 
 ©️ ओंकार सिंह विवेक
  ----- 

June 14, 2021

दो बोल प्यार के

ग़ज़ल---ओंकार सिंह विवेक

©️


दो  बोल  जिसने  बोल  दिए  हँसके  प्यार के,
हम उसके होके रह गए इस दिल को हार के।

ये    नौजवान   कैसे   दिखाएँगे   फिर   हुनर,
अवसर   ही  जब  न  दोगे  इन्हें  रोज़गार के।

है   और   चंद  रोज़  की  महमान  ये  ख़िज़ाँ,
आएँगे   जल्द   लौटके   मौसम   बहार   के।

'कोविड'  के ख़ौफ़ में ही रहे वो भी मुब्तिला,
जो  थे  मरीज़  मौसमी  खाँसी - बुख़ार  के।

रहना  ही   है  'विवेक'  अभी  ये  ख़ुमार  तो,
आए  हैं  उनकी बज़्म में कुछ पल गुज़ार के।
©️ ---ओंकार सिंह विवेक

June 11, 2021

पुख़्ता तैयारी है

 ग़ज़ल**ओंकार सिंह विवेक
 
©️ 
बंद  भले   ही  सरहद  पर  अब  गोलीबारी  है, 
पर  हमसाये  की  साज़िश  वैसे  ही  जारी  है।

जान गए  कुछ देर की बारिश से ही लोग यहाँ,
टाउन  परिषद  की  कितनी पुख़्ता  तैयारी  है।

दस्तावेज़ों   में   चाहे    कुछ   भी  तहरीर  करें,
पर   यह   सच्चाई   है , दुनिया   में  बेकारी  है।

घटना में शामिल लोगों की जानिब से हर पल,
जाँच को भटकाने  की  पूरी कोशिश जारी है।

जान  नही  पाए  हैं  दुनिया  वाले  ये अब तक,
'कोविड' कोई साज़िश  है या फिर  बीमारी है।

तंग नज़रिया  रखने  वाले  लोगो , तुम अपनी-
सोच  बदलकर  देखो, दुनिया  बेहद प्यारी है।
©️                        ----ओंकार सिंह विवेक

 

June 3, 2021

समीक्षा : एक दुष्कर कार्य

बात साहित्य सृजन की आती है तो कथ्य-तथ्य-शिल्प-भाव-कला और शब्द-संयोजन जैसे शब्दों के साथ ही एक शब्द और है जो
मस्तिष्क में आता है।वह शब्द है समीक्षा ।आज नेट के इस युग में
सोशल मीडिया के अनेक मंचों जैसे ट्विटर,व्हाट्सएप्प और फेसबुक पर अनेक साहित्यिक ग्रुप्स चल रहे हैं जहाँ साहित्यकार
अपनी रचनाएँ पोस्ट करके अपने सृजन में निरंतर सुधार करने के साथ ही वाही-वाही भी लूट रहे हैं।
कुछ साहित्यिक पटल तो बहुत ही अच्छा स्तर बनाए हुए हैं।वहाँ बड़े -बड़े साहित्यिक बारीकियों के जानकार निरंतर अपनी रचनाएँ पोस्ट करते हैं और नए रचनाकारों की रचनाओं पर अपनी समीक्षात्मक टिप्पणियाँ भी देते हैं जिससे काफ़ी कुछ सीखने का अवसर प्राप्त होता है।मैं भी वरिष्ठ साहित्यकारों की ऐसी टिप्पणियों से अपने लेखन में निरंतर सुधार करता रहा हूँ।कई मंचों पर मुझे भी ग़ज़ल और दोहा विधा की रचनाओं की समीक्षा करने का अवसर प्राप्त होता रहा है।समीक्षा -कार्य निष्पादन के दौरान कई चीज़ें देखने में आती हैं।कुछ साहित्यकार तो समीक्षात्मक टिप्पणियों को सह्रदयता से लेते हुए तदनुसार अपनी रचना में परिवर्तन करके अपने लेखन में सुधार लाने का प्रयत्न करते हैं।दूसरी ओर कई साहित्यकार भी ऐसे होते हैं जिन्हें समीक्षक से केवल वाह वाह ! की टिप्पणी की ही आशा रहती है।वे सुझावात्मक अथवा आलोचनात्मक टिप्पणी को अन्यथा लेते हैं।इससे समीक्षक का तो कोई नुक़सान नहीं होता बल्कि उस रचनाकार की ही हानि होती है जो अनुभवी समीक्षक की बहुमूल्य टिप्पणी को नज़रअन्दाज़ करके अपने सृजन को निखारने से स्वयं को वंचित कर लेता है।
रचनाकार को चाहिए कि समीक्षक की टिप्पणी के प्रत्येक शब्द को ध्यान से पढ़कर उसके मर्म को समझे और उस पर सार्थक चर्चा करके अपने सृजन में धार और निखार लाए।
अपनी ही ग़ज़ल के एक मतले से बात समाप्त करता हूँ--

तीर  से  मतलब न  कुछ तलवार से,
हमको मतलब है क़लम की धार से।
            ----ओंकार सिंह विवेक🙏🙏

June 1, 2021

जब दिये ही नहीं जलाए हैं

नमस्कार मित्रो🙏🏻🙏🏻
सोचा काफ़ी दिन हो गए ,चलो साहित्यिक अभिव्यक्ति को  लेकर
कुछ बात की जाए।
यों तो आस-पास घटित हो रही तमाम घटनाओं और मन में चल रहे विचारों को लेकर एक साहित्यकार की प्रबल इच्छा रहती है कि वह उन भावों को अभिव्यक्ति दे।कुछ लोग /साहित्यकार अपनी रुचि और कौशल के अनुसार उन विचारों को कहानी ,लेख या निबंध के रूप में अभिव्यक्त करते हैं तो कुछ लोग काव्य रूप में।विचारों की अभिव्यक्ति साहित्य की किसी भी विधा में की जा सकती है परंतु उस विधा के शिल्प /व्याकरण विधान की पूरी जानकारी के साथ यदि हम कथ्य-तथ्य-भाव -शब्द चयन और संयोजन का पूरा ध्यान रखकर सृजन करेंगे तो निश्चित रूप से ऐसा सृजन लोगों के ऊपर गहरा और स्थायी प्रभाव छोड़ने में कामयाब होता है।
इन्हीं तथ्यों को ध्यान में रखकर सामाजिक विसंगतियों,विषमताओं और विरोधाभासों को लेकर मैंने एक ताज़ा ग़ज़ल कही है।पढ़कर
आप अपनी प्रतिक्रिया से अवगत कराएँगे, ऐसी आशा है।।  
          ,🙏🏻🙏🌷🌷ओंकार सिंह विवेक


May 21, 2021

अँधेरे से ही तो उजाला है

शुभ प्रभात मित्रों🙏🙏

शीर्षक पढ़कर आपको लगा होगा कि यह कैसी अटपटी-सी 
बात है।यदि हम गहराई से सोचें तो इस कथन के पीछे  छुपी 
सच्चाई समझ में आ जाएगी।जब व्यक्ति अँधेरों में घिरता है
तभी उसे प्रकाश का महत्व समझ आता है और वह दीप जलाने
की बात सोचकर उसके लिए प्रयास करता है।अगर अँधेरा न हो 
तो हम  दीप जलाने की बात क्योंकर सोचेंगे।अतः अँधेरा तो एक प्रकार से हमें दिये जलाने की प्रेरणा देता है,हमें इसका अहसानमंद
होना चाहिए।
यही बात जीवन में आने वाली तमाम विपदाओं और परेशानियों पर भी लागू होती है।हम परेशानियाँ उठाकर ही सुखों का महत्व
समझते हैं।दुःखों की कसौटी पर कसे जाने के उपरांत ही हमें सुखों में आनंद की अनुभूति होती है।
   ---ओंकार सिंह विवेक

May 17, 2021

दोहे : गंगा मैया

दोहे : गंगा माई
**********
     ----©️ ओंकार सिंह विवेक
💥
जटा   खोलकर  रुद्र   ने , छोड़ी  जिसकी  धार,
नमन   करें   उस   गंग   को ,  आओ   बारंबार।
💥
भूप   सगर   के   पुत्र   सब , दिए  अंततः   तार,
कैसे   भूलें   हम  भला ,  सुरसरि  का  उपकार।
💥
यों  तो  नदियों  का  यहाँ ,  बिछा  हुआ है जाल,
पर  गंगा  माँ - सी  हमें , मिलती  नहीं  मिसाल।
💥
मातु - सदृश   भी   पूजता , मैली   करता  धार,
गंगा - सॅंग   तेरा   मनुज , यह  कैसा  व्यवहार।
💥
दिन-प्रतिदिन  दूषित  करे , मानव उसकी धार,
पर  फिर   भी   आशा   रखे , गंगा   देगी  तार।
💥
आज   धरा   पर    देखकर , गंगा   का  संत्रास,
शिव जी  भी  कैलाश  पर , होंगे  बहुत  उदास।
💥
सच्चे  मन   से   प्रण  करें ,  हम   सब  बारंबार,
नहीं   करेंगे   अब  मलिन ,  देवनदी  की  धार।
💥
चला-चलाकर नित्यप्रति, अधुनातन अभियान,
स्वच्छ   करेंगे  गंग  को , मन  में  लें  हम  ठान।
💥
                        -----©️ ओंकार सिंह विवेक

April 24, 2021

गुलशन फिर मुस्काएगा

आज दुनिया को कोरोना वायरस ने बता दिया है की हथियारों या उपभोग के सामान के उत्पादन के बजाए जीवन रक्षक चीजों के उत्पादन और संरक्षण की ज़ियादा आवश्यकता है।अपनी इच्छा शक्ति,हिम्मत और सकारात्मकता को बढ़ाने की दिशा में भी इस विपदा ने हर व्यक्ति को सोचने को विवश किया है।जब जीवन बचाने में सब उपाय छोटे  पड़ते हैं तो आदमी के अंदर जीने की इच्छाशक्ति और विपदा से लड़ने की ताक़त को बनाए रखकर आशावादी बने रहना ही रामवाण सिद्ध होता है।
हर व्यक्ति,देश या सरकार एक सीमा तक ही किसी आपात स्थिति से निपटने की पूर्व तैयारियों से सज्जित होते हैं।यदि कोई आपदा यकायक ही विकराल रूप धारण कर ले तो संसाधनों या सुरक्षा उपायों की अपर्याप्तता का सामना तो करना ही पड़ता है। ऐसे में आवश्यक हो जाता है कि हम मात्र सिस्टम को ही दोष न दें अपितु अवसर की गंभीरता को समझते हुए जितना भी बन पड़े पीड़ितों और प्रभावित लोगों की मदद  करें और अपना मनोबल ऊँचा रखते हुए सबका आत्मविश्वास और हौसला बढ़ाने का वातावरण बनाने में अपना योगदान दें, यही मानवता की सबसे बड़ी सेवा होगी।
आज दुनिया जिस संकट से गुज़र रही है वह संकट बहुत जल्दी ही दूर होगा और  गुलशन फिर से पहले जैसा ही हँसे और मुस्काएगा इसी आशा और विश्वास के साथ--
ओंकार सिंह विवेक🙏🙏🌹🌹🌷🌷🇬🇳🇬🇳👍👍
चित्र--गूगल से साभार
🙏🌷🌹🙏
ओंकार सिंह विवेक

April 22, 2021

Positivity-Positivity And Positivity

सकारात्मकता-सकारात्मकता और सकारात्मकता

आज विश्वव्यापी वबा के कारण हम सब  में  ही भय व्याप्त है।
ऐसे में अपने ऊर्जा और आत्मविश्वास को बनाए रखने का एक 
ही उपाय है कि हम सकारात्मक बने रहें।सकारात्मक सोच से हम
निश्चय ही  इस संकट से पार पाने में कामयाब होंगे ।तो आइए इसी
उम्मीद के साथ कि यह बुरा वक़्त भी जल्दी ही गुज़र जाएगा,आनंद
लेते हैं नई ग़ज़ल का---
ओंकार सिंह विवेक

April 13, 2021

सत्ता के गलियारों में

ग़ज़ल----ओंकार सिंह विवेक
   मोबाइल 9897214710

रोज़ ख़बर छप जाया करती अपनी भी अख़बारों में,
पैठ   बना   लेते  जो  शासन- सत्ता  के गलियारों  में।

दख़्ल हुआ है नभ में जब से इस दुनिया के लोगों का,
इक  बेचैनी  सी  रहती  है  सूरज - चाँद -सितारों  में।

फुटपाथों  पर  चलने  वालों  का  भी  थोड़ा ध्यान रहे,
बेशक  आप  चलें  सड़कों  पर  लंबी - लंबी कारों में।

क्या बतलाऊँ उसने भी रंज-ओ-ग़म के उपहार दिए,
गिनती करता रहता था जिसकी अपने ग़मख़्वारों में।

दर्द  बयाँ  करती  है  वो  अब  मज़लूमों-मज़दूरों  का,
क़ैद  नहीं  है  आज  ग़ज़ल  ऊँचे  महलों-दरबारों  में।

भोली  जनता  भूल  गई,थे जितने शिकवे और गिले,
ऐसा   उलझाया   नेता   ने   लोकलुभावन   नारों  में।
                                        ----ओंकार सिंह विवेक

           (सर्वाधिकार सुरक्षित)


April 6, 2021

आओ टीका लगवाएँ : कोरोना को निबटाएँ

अभी कुछ दिन पहले तक लग रहा था कि हम कोरोना जैसी घातक बीमारी से जंग जीतने के आख़िरी चरण में पहुँच चुके हैं।परंतु पिछले कुछ दिनों से तेज़ी से बढ़ते कोरोना के केस देखकर लग रहा है कि हम पहले से भी कहीं ज़्यादा प्रचंड कोरोना की दूसरी लहर की चपेट में आ गए हैं।यह बहुत चिंता की बात है।इधर  देखने में आ रहा है कि लोग अब कोरोना को बहुत हल्के में लेने लग गए हैं।मास्क,दो गज दूरी और सेनेटाइजर और साफ-सफ़ाई के प्रति अचानक लोगों की उदासीनता ने कोरोना के ख़तरे को फिर से बढ़ा दिया है।इस दूसरी लहर में भारत में नौजवान पीढ़ी कोरोना से बहुत अधिक प्रभावित होती नजर आ रही है इसलिए बुज़ुर्गों के साथ ही नौजवानों को ख़ासतौर पर सावधानी बरतने की ज़रूरत है।हम सब को यह समझने की ज़रूरत है कि कोरोना का ख़तरा अभी टला नहीं है वरन एक नए स्ट्रेन के रूप में और बड़ी तैयारी के साथ हमारे सामने खड़ा है।हमें सावधानी रखते हुए इसे हराने के फिर से प्रण करना है।अतः सभी से अनुरोध है कि सरकार द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइंस का पालन करें और अपनी सेहत का ख़्याल रखें।
भारत के वैज्ञानिकों और चिकित्सकों ने कोरोना वैक्सीन का निर्माण करके विश्व को अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और असाधरण  प्रतिभा का परिचय दिया है।अतः हमारा दायित्व है कि हम देश के वैज्ञानिकों को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दें और कोरोना के विरुद्ध अपनी प्रतिरोधक क्षमता को विकसित करने के लिए कोरोना वैक्सीन को जल्दी से जल्दी लगवाएँ।इसमें किसी भी तरह के संशय और संदेह को मन में न पनपने दें।कोरोना वैक्सीन पूरी तरह से टेस्टेड और सुरक्षित है।मैंने भी कल ज़िला चिकित्सालय रामपुर-उ0प्र0 में जाकर अपनी पत्नी के साथ निःशुल्क कोरोना वैक्सीन लगवाई ।हमें किसी प्रकार की कोई परेशानी महसूस नहीं हुई।
आओ टीका लगवाएँ
कोरोना को निबटाएँ।
         ----ओंकार सिंह विवेक

March 30, 2021

ठोकर खाने से

ग़ज़ल**ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710

कौन   भला   रोकेगा   उसको  मंज़िल  पाने  से,
जिसका  साहस  जाग  उठा हो ठोकर खाने से।

बात  समझकर भी  जो  ढोंग करें नासमझी का,
होगा  भी   क्या   ऐसे  लोगों   को  समझाने  से।

मत पूछो कितनी तस्कीन मिली है इस दिल को,
इक  बेकस  की  ओर  मदद  का हाथ बढ़ाने से।

कैफ़े   से   मँगवाए  चाऊमिन - पिज़्ज़ा - बर्गर ,
कैसे  बेहतर  हो   सकते  हैं  घर   के   खाने  से।

गीता  के  उपदेशों    ने   वो   संशय   दूर  किया,
रोक  रहा  था   जो  अर्जुन  को वाण चलाने से।

जो   वो   सोचे   कितने   पंछी  बेघर  कर  डाले,
आँधी  को  फ़ुरसत  ही  कब  है  पेड़  गिराने से।

जब दिल से  दिल का ही सच्चा मेल नहीं होता,
क्या  हासिल है  फिर लोगों के हाथ मिलाने से।
                                 --ओंकार सिंह विवेक

सर्वाधिकार सुरक्षित

March 27, 2021

होली है भई होली है!

न ख़ुशियाँ ईद की कम हों न होली-रंग हो फीका,
रहे  भारत के  माथे पर इसी तहज़ीब का  टीका।
गले  मिलते  रहें  सब लोग शिकवे भूलकर सारे,
सदा  सद्भावना  से  युक्त  हो माहौल बस्ती  का।
         ----ओंकार सिंह विवेक
🇬🇼  दोहे : होली है 🇬🇳

            ---ओंकार सिंह विवेक
🇬🇳
दीवाली   के   दीप  हों  , या   होली   के   रंग,
इनका आकर्षण तभी ,जब हों प्रियतम संग।
🇬🇳
रस्म  निभाने  को  गले , मिलते  थे  जो  यार,
अपनेपन  से  वे  मिले ,  होली  अबकी  बार।
🇬🇳
होली  का  त्योहार  है , हो  कुछ  तो  हुड़दंग,
हमसे   यह   कहने   लगे ,  नीले - पीले  रंग।
🇬🇳
महँगाई  ने  जेब  को ,जब  से  किया उदास,
गुझिया की जाती रही,तब से सखे  मिठास।
🇬🇳
              ----ओंकार सिंह विवेक, रामपुर                                        
                                      
        

    🌷मुक्तक: होली है🌷
       ---ओंकार सिंह विवेक
🇬🇳🇬🇳🇬🇳🇬🇳🇬🇳🇬🇳🇬🇳🇬🇳🇬🇳🇬🇳🇬🇼
 रंग- अबीर- गुलाल  उड़ाएँ ,  होली  है,

 गुझिया  खाएँ और खिलाएँ , होली है।

 बस मृदुता का भाव  रखें  मन के अंदर,

 कटुता  का  हर भाव जलाएँ, होली है।
🇬🇼🇬🇼🇬🇼🇬🇼🇬🇼🇬🇼🇬🇼🇬🇼🇬🇼🇬🇼🇬🇼
             ----ओंकार सिंह विवेक
सभी चित्र:गूूूगल से साभार

March 25, 2021

जनता तो बेचारी थी बेचारी है

ग़ज़ल***ओंकार सिंह विवेक
   मोबाइल 9897214710
  
🗯️
इसको  लेकर   ही   उनको   दुश्वारी   है,
जनता  में  क्यों  अब  इतनी  बेदारी  है।
🗯️
तुम   क्या  जानो   दर्द  किराएदारों  का,
यार   तुम्हारा   बँगला  तो  सरकारी  है।
🗯️
कोई  सुधार  हुआ कब उसकी हालत में ,
जनता   तो    बेचारी    थी ,  बेचारी   है।
🗯️
शकुनि  बिछाता   है  वो ही चौसर देखो,
आज  महाभारत   की  फिर  तैयारी  है।
🗯️
  नाम   कमाएँगे   ये  ख़ूब   सियासत  में,
  नस-नस में इनकी जितनी मक्कारी है।
  🗯️
  औरों-सा  बनकर  पहचान  कहाँ  होती,
  अपने - से   हैं   तो   पहचान  हमारी है।
  🗯️
                 ----ओंकार सिंह विवेक
   

 

March 22, 2021

विराट कवि सम्मेलन और साहित्यकार सम्मान समारोह

विराट कवि सम्मेल व साहित्यकार सम्मान समारोह
           ********************************
दिनाँक 20 व 21 मार्च,2021 को के0 बी0 हिंदी सेवा न्यास(पंजीकृत) बिसौली ज़िला बदायूँ(उ0प्र0)-भारत के षष्टम अंतरराष्ट्रीय साहित्यकार सम्मान समारोह में रामपुर के वरिष्ठ साहित्यकार आदरणीय शिवकुमार शर्मा चंदन जी के साथ सहभागिता करने का अवसर प्राप्त हुआ।
 कार्यक्रम बहुत ही अनुशासनबद्ध रूप से दो चरणों में सम्पन्न हुआ।
 प्रथम चरण में दिनाँक 20 मार्च,2021 को रात्रि में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें देश के कई प्रांतों के कवियों सहित पड़ोसी देश नेपाल के दो वरिष्ठ साहित्यकारों के साथ काव्य पाठ का अनुभव अविस्मरणीय रहा। कार्यक्रम के दूसरे चरण में दिनाँक 21 मार्च,2021 को 148 साहित्यकारों को साहित्य की विभिन्न विधाओं में साहित्य सृजन करने हेतु सम्मानित किया गया।इस अवसर पर मुझ अकिंचन को भी  ग़ज़ल विधा में सृजन के लिए "जिगर मुरादाबादी स्मृति सम्मान" से सम्मानित किया गया।
 कुछ प्रांतों में पुनः कोरोना के बढ़ते प्रकोप के कारण कई आमंत्रित साहित्यकार समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करा पाए।फिर भी पर्याप्त संख्या में आमंत्रित साहित्यकार इस सफल कार्यक्रम के साक्षी बने।
 विभिन्न प्रांतों के साहित्य मनीषियों सहित पड़ोसी देश नेपाल  से पधारे मूर्धन्य साहित्यकारों सुप्रसिद्ध ग़ज़लकार/ग़ज़ल समालोचक डॉक्टर घनश्याम परिश्रमी जी तथा नेपाली साहित्य की विधाओं चारु, राग व विराग के प्रणेता आदरणीय प्रोफेसर देवी पंथी जी (त्रिभुवन विश्वविद्यालय काठमांडू) से मिलना एक बहुत ही सुखद अनुभव रहा।
 मैं विदेशी मेहमानों द्वारा विशुद्ध हिंदी में दिए गए सारगर्भित वक्तव्यों से बहुत प्रभावित हुआ।उन दोनों महानुभावों का अपनी मातृभाषा नेपाली के साथ हिंदी भाषा में साहित्य सृजन के प्रति अनुराग देखकर ह्रदय गदगद हो गया।विदेशी मेहमानों की मेज़बानी करते बहजोई के युवा साहित्यकार भाई दीपक गोस्वामी चिराग़ की सक्रियता और विनम्रता ने भी बहुत प्रभावित किया।
 इस प्रकार के साहित्यिक अनुष्ठान रचनाधर्मियों के लिए निश्चित रूप से ऊर्जा और उत्साह प्रदान करने का कार्य करते हैं। अतः सब के सहयोग से इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर गति मिलती रहनी चाहिए।
         ----ओंकार सिंह विवेक,ग़ज़लकार
                संपर्क 9897214710
         
       
 

March 17, 2021

भव्य कवि सम्मेलन शेरकोट, बिजनौर

भव्य कवि सम्मेलन शेरकोट ,ज़िला बिजनौर
****************************

अनिरुद्ध काव्यधारा साहित्यिक संस्था द्वारा देश भर के चुनिंदा २४ कलमकारों को अनिरुद्ध शर्मा स्मृति सम्मान से सम्मानित किया।
आर्य समाज के प्रांगण में आयोजित आयोजित कवि सम्मेलन व सम्मान समारोह में संस्थाध्यक्ष सुबोध शर्मा शेरकोटी और संयोजक डॉ अनिल शर्मा 'अनिल' ने समारोह अध्यक्ष श्री जितेंद्र कमल आनंद, रामपुर, मुख्य अतिथि डाँ गीता मिश्रा गीत  हल्द्वानी,डाँ अर्चना गुप्ता मुरादाबाद, विशिष्ट अतिथि श्री अनिल सारस्वत   काशीपुर, संजीव एकल बिजनौर,नरेन्द्र जीत सिंह'अनाम'धामपुर सहित ओंकार सिंह विवेक , रामपुर शिव कुमार .,चंदन रामपुर उप्र, रामरतन यादव ,रतन  खटीमा ,उत्तराखंड, सतपाल सिंह सजग लालकुआं  ,उत्तराखंड,कृष्ण कुमार पाठक   बिजनौर,नीरज कांत सोती बिजनौर,कपिल जैन  नजीबाबाद , डाँ भूपेन्द्र कुमार धामपुर,रामप्रसाद अनुरागी  काशीपुर, डाँ पुष्पा जोशी प्रकाम्य शक्ति फार्म, रचना शास्त्री  शाहपुर खेडी बिजनौर,नीमा शर्मा  नजीबाबाद, डाँ मंजु.जौहरी मधुर नजीबाबाद
शुचि शर्मा शेरकोट,डॉ पूनम चौहान,डॉक्टर प्रमोद शर्मा प्रेम नजीबाबाद,डाँ सुरेंद्र सिंह राजपूत धामपुर आदि को अंग वस्त्र,सम्मान पत्र सहित माल्यार्पण कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ अनिल शर्मा अनिल और डॉ भूपेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
वक्ताओं ने अनिरूद्ध शर्मा शेरकोटी जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।
आयोजन को सफल बनाने में मयंक शर्मा,सुखनंदन रुहेला आदि का सहयोग रहा।

मैंने(ओंकार सिंह विवेक )  स्मृतिशेष आ0 अनिरुद्ध शर्मा शेरकोटी जी को अपने निम्न दोहों के माध्यम से श्रद्धा सुमन अर्पित किए--

कविता में ज्यों आपने,दिल को रखा निकाल,
वैसी अब अनिरुद्ध जी,मिलती नहीं मिसाल।

लिखकर देश-समाज का ,सीधा-सच्चा हाल,
जीवन  भर  अनिरुद्ध  जी,करते रहे कमाल।

हम  कविजन इस मंच से,लेकर हरि का नाम,
आज आप की याद को,शत-शत करें प्रणाम।
               -----ओंकार सिंह विवेक

March 15, 2021

सदभाव रहेगा

ग़ज़ल---ओंकार सिंह विवेक

 💥
 जब   मन   में  औरों  को  नीचा  दिखलाने  का  भाव  रहेगा,
 तो  ख़ुद  के  अंदर  भी  तय है ,  पलता  एक  तनाव  रहेगा।
💥
 कब   तक  मत - पंथों  को  लेकर  होता  ये  टकराव  रहेगा,
 कब  तक  सहमा  और  डरा सा आपस का सदभाव रहेगा।
💥
 पहले तो  लड़वाएगा ज़ालिम  आपस   में   हम   दोनों   को,
 फिर  दुनिया  को  दिखलाने  को  करता बीच-बचाव रहेगा।
💥
 क्या पैग़ाम  जहाँ   को  देंगे  सोचो हम फिर  यकजहती का,
 जब   हम   लोगों  में  ही  होता  इस  दर्जा  बिखराव  रहेगा।
💥
 यार   नहीं   देखी  जाती   अब तो  इन    फूलों   की   बेनूरी,
 आख़िर कब तक और ख़िज़ाँ का गुलशन में ठहराव रहेगा।
💥
 इस  नस्ल-ए-नौ  के  तेवर  तो   हमको  ये   ही  बतलाते  हैं,
 अब  जल्दी  सिस्टम  में  शायद होकर कुछ बदलाव रहेगा।
💥
                                                   ----ओंकार सिंह विवेक
 

March 10, 2021

खटकता है वो कोठी की नज़र में

ग़ज़ल***ओंकार सिंह विवेक

🌷
 अरे  इंसान ! तू   क्यों  बे - ख़बर  है,
 तेरे  हर  काम  पर  रब  की  नज़र है।
🌷
 जुदा    पत्ते    हुए   जाते    हैं    सारे,
 ये  कैसा  वक़्त आया  शाख़  पर है।
🌷
 खटकता  है  वो  कोठी  की नज़र में,
 बग़ल  में  एक जो  छप्पर का घर है।
🌷
 सरे - बाज़ार    ईमाँ   बिक    रहे   हैं,
 यही  बस  आज  की ताज़ा ख़बर है।
🌷
 यकीं जल्दी  से  कर  लेते हो सब पर,
 कहीं धोखा  न खाओ, इसका डर है।
🌷
  इसे  बिल्कुल  भी  हल्के  में  न लेना,
  मियाँ  ये  ज़िंदगानी   का   सफ़र  है।
 🌷
  कहानी  में   है   जिसने  जान  डाली,
  वही   किरदार  बेहद   मुख़्तसर   है।
 🌷
             ---ओंकार सिंह विवेक

March 8, 2021

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला 
शक्ति के सम्मान में कुछ दोहे
*******************************
                                -----ओंकार सिंह विवेक
🌷
केवल  घर  के  काम  में,रत रहना दिन-रात,
अब  महिलाओं के लिए,  हुई  पुरानी  बात।
🌷
आज  विश्व  में नारियाँ, करके  दुर्लभ  काम,
धरती से आकाश तक, कमा  रही  हैं  नाम।
🌷
दफ़्तर  में  भी  धाक है , घर  में  भी  है राज,
नारी  नर  से कम नहीं,किसी बात में आज।
🌷
जिस  घर में  होता नहीं , नारी  का  सम्मान,
उस घर  की होती नहीं,ख़ुशियों से पहचान।
🌷
            ----ओंकार सिंह विवेक
चित्र:गूगल से साभार

March 4, 2021

दर्द मज़लूम का

ग़ज़ल-ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710

💥
बदला    रातों - रात   उन्होंने  पाला   है ,
शायद  जल्द  इलक्शन  आने  वाला  हैI
💥
झूठे    मंसब     पाते    हैं    दरबारों    में,
और  सच्चों  को  होता देश-निकाला है।
💥
भूखे   पेट   जो   सोते  हैं  फुटपाथों  पर,
हमने   उनका  दर्द   ग़ज़ल  में  ढाला  है।
💥
सोचो   घर   में  बेटी  के  जज़्बात  भला,
माँ  से  बेहतर  कौन  समझने  वाला  है।
💥
यार   उसूल  परस्ती  और   सियासत  में,
तुमने ख़ुद को किस मुश्किल में डाला है।
💥
नीचे   तक   पूरी   इमदाद   नहीं   पहुँची,
ऊपर आख़िर  कुछ  तो गड़बड़झाला है।
💥
           -----ओंकार सिंह विवेक




March 2, 2021

ग़ज़ल प्रतियोगिता परिणाम

प्रतिष्ठित साहित्यिक समूह "अनकहे शब्द" का मेरी ग़ज़ल को प्रथम पुरस्कार प्रदान करने हेतु हार्दिक आभार
*******************************************
("अनकहे शब्द" की वॉल से साभार)

दोस्तो हम हाज़िर है ग़ज़ल प्रतियोगिता-68 के परिणाम लेकर। हम मंच के हमारे सभी सक्रिय साथियो का भी दिल की तमामतर गहराइयों से शुक्रिया अदा करते हैं जिन्होंने हमारी ग़ज़ल प्रतियोगिता -68में भाग लेकर इस मंच को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की  दोस्तो इस बार भी बहुत ही बड़ी तादाद में और बहुत उम्दा ग़ज़लें  मंच पर हैं ये हमारे उस्ताद शायर आदरणीय Mukhtar Tilhari साहब का कहना है। चयन प्रक्रिया बड़ी मुश्किल हो जाती है जब इतनी अच्छी ग़ज़लें मंच पर हों ।भाई जी बड़ी मेहनत के साथ आपकी ग़ज़लें पढ़ते हैं और परिणाम देते हैं ।हम उनका भी तहे दिल से शुक्रिया अदा करते हैं ये आप और हम सबकी बड़ी उपलब्धि है सभी विजेताओं के लिए  ढेर सारा शुक्रिया तो बनता ही है है साथ ही ढेरों बधाई...और शुभकामनाएं....💐💐💐💐
तो लीजिये अब पेश हैं विजेताओं के नाम....
ग़ज़ल प्रतियोगिता-68 के विजेता

~~प्रथम~~
माहिर रज़ा फिरोजाबादी
मुदस्सिर हुसैन
ओंकार सिंह विवेक 
सरफ़राज़ कुशलगढ़ी
अबरार अहमद

~~द्वितीय~~
अनीस अरमान
रुबी कमल
असीम आमगांवी
नफ़ीस वारसी
एल एन कोष्टी

~~तृतीय~~
वासिफ़ क़मर
कविता सिंह
सुशील तिवारी सरस
शशांक ठाकुर साहिल
अदीब दमोही
ज़िया अख़्तर
आप सभी विजेताओं को अनकहे शब्द परिवार के सभी एडमिनस और सभी सदस्यों की और से हार्दिक हार्दिक हार्दिक बधाइयाँ ......मंच आप सभी की उत्तरोत्तर उन्नति की मंगल कामना करता है बहुत बहुत बधाई आप सभी को 🌹🌷🌹🌷🌹🌷

आप सभी के सहयोग, स्नेह और सफलता के लिए एक बार पुनः आप सभी को हार्दिक हार्दिक बधाई और आभार ! 

-----अनकहे शब्द समूह ----

मेरी जिस ग़ज़ल को पहला इनआम हासिल हुआ वो यहाँ पेश है

Featured Post

ग़ज़ल/कविता/काव्य के बहाने

सभी साहित्य मनीषियों को सादर प्रणाम 🌷🌷🙏🙏******************************************* आज फिर विधा विशेष (ग़ज़ल) के बहाने आपसे से संवाद की ...