June 30, 2022

बज़्म-ए-अंदाज़-ए-बयां

शुभ प्रभात साथियो 🙏🙏🌹🌹

यों तो सोशल मीडिया/फेसबुक पर कोरोना काल से पहले भी काफ़ी साहित्यिक ग्रुप्स सक्रिय रहे हैं परंतु कोरोना काल में इनमें अच्छी ख़ासी तेज़ी देखने में आई। महामारी के भयानक दौर में जब सुरक्षा कारणों से ऑफलाइन साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन बंद हुआ तो इस तरह के ऑनलाइन आयोजन ही साहित्यिक गतिविधियों को जारी रखने के सफल माध्यम बने।
इस प्रकार के ऑनलाइन साहित्यिक आयोजनों का नए साहित्यकारों को भी बहुत फ़ायदा हुआ।एक तरफ़ उनकी लेखन प्रतिभा के विकास की नई राह खुली और अच्छे साहित्यकारों ने उनमें छुपी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें नोटिस करना प्रारंभ किया तो दूसरी तरफ़ उन्हें सम्मानित भी किया जाने लगा जिससे उन्हें स्तरीय साहित्य सृजन की प्रेरणा मिली।यह सिलसिला आज भी जारी है।इस दौरान मैं भी कई ऑनलाइन साहित्यिक मंचों से जुड़ा।कुछ मंचों पर समीक्षा करने और विषय विशेष पर परिचर्चा में सहभागिता करने का अवसर भी प्राप्त हुआ।इन मंचों पर समीक्षा के दौरान कई खट्टे- मीठे अनुभव भी हुए जिनकी विस्तार से चर्चा फिर कभी सही।
इस क्रम में मुझे एक फेसबुक साहित्यिक समूह बज़्म- ए- अंदाज - ए- बयां से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ जिसके संस्थापक एक युवा अधिवक्ता,पत्रकार और प्रखर साहित्यकार श्री अश्क चिरैयाकोटी जी हैं।यदि अन्य साहित्यिक मंचों से इस मंच की तुलना करूं तो यह मंच मुझे अपेक्षाकृत अधिक व्यवस्थित ,अनुशासित और स्तरीय लगा। इस पटल से यदि सिद्धहस्त साहित्य साधक जुड़े हुए हैं तो कई ऐसे नए रचनाकर भी जुड़े हैं जिनमें सीखने की ललक है और जो अपनी रचनाओं पर आई आलोचनात्मक/समीक्षात्मक टिप्पणियों को बड़ी सहृदयता से लेते हैं जो बहुत अच्छी बात है।अश्क जी ने पटल के प्रबंधन और संचालन के लिए जो टीम चुनी है वह बहुत समर्पित और प्रतिभासंपन्न है ।यही कारण है कि यह ग्रुप दिनों दिन श्रेष्ठ साहित्यिक प्रतिभाओं से समृद्ध होता जा रहा है।इसके लिए संस्थापक महोदय और उनकी टीम बधाई की पात्र है। मुझे यह बताते हुए गर्व का अनुभव हो  रहा है कि इस मंच के प्रबंधन और संचालन कार्य से मेरे शहर रामपुर के दो प्रतिष्ठित और प्रतिभाशाली साहित्यकार रागिनी गर्ग चुनमुन जी और प्रदीप राजपूत माहिर जी भी जुड़े हुए हैं।मुझे इस मंच से जोड़ने का श्रेय भी रागिनी गर्ग चुनमुन जी को ही जाता है।
इस मंच पर विभिन्न काव्यविधाओं में साहित्यिक सृजन की साप्ताहिक/पाक्षिक/मासिक साहित्यिक प्रतियोगिताओं के साथ - साथ एकल काव्य पाठ,मुशायरा/काव्य गोष्ठी और साहित्यकारों के साक्षात्कार आदि कार्यक्रम बड़े व्यवस्थित ढंग से सफलता पूर्वक संचालित किए जा रहे हैं। मंच की ऐसी ही एक प्रतियोगिता में मुझे भी प्रोत्साहन प्रतिसाद प्रदान किया गया जिसके लिए मैं मंच और इसके संस्थापक जी का ह्रदय से आभार प्रकट करता हूं।
मैं श्री अश्क चिरैयाकोटी जी और उनकी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं संप्रेषित करता हूं और इस मंच की उत्तरोत्तर प्रगति की कामना करता हूं।
           ---ओंकार सिंह विवेक 

June 29, 2022

छत पर आकर बैठ गई है अलसाई-सी धूप

मित्रो प्रणाम🙏🙏

गीत हिंदी साहित्य की एक बहुत ही कोमल विधा है।इसमें रचनाकार किसी एक विषय को लेकर बहुत ही श्रेष्ठशब्द चयन के द्वारा गीत के शिल्प का निर्वहन करते हुए कलात्मक अभिव्यक्ति करता है। गीत अनेक प्रकार के हो सकते हैं यथा शृंगार के विरह और मिलन गीत,लोक गीत आदि।समय के साथ गीत का विकास हुआ तो नवगीत अस्तित्व में आया।नवगीत में व्यंजना के साथ-साथ प्रतीकों और बिंबों का बहुत महत्व होता है।
           कुछ समय पूर्व सर्दी को लेकर एक नवगीत का सृजन हुआ था जो आप सुधी जनों को अदालत में हाज़िर है : 

आज एक नवगीत : सर्दी के नाम
 *************************
      --  ©️ओंकार सिंह विवेक

छत पर आकर बैठ गई है,
अलसाई-सी धूप।

सर्द हवा खिड़की से आकर,
मचा रही है शोर।
काँप रहा थर-थर कुहरे के,
डर से प्रतिपल भोर।
दाँत बजाते घूम रहे हैं,
काका रामसरूप।

अम्मा देखो कितनी जल्दी,
आज गई हैं जाग।
चौके में बैठी सरसों का,
घोट रही हैं साग।
दादी छत पर  ले आई हैं,
नाज फटकने सूप।

आए थे पानी पीने को,
चलकर मीलों-मील।
देखा तो जाड़े के मारे,
जमी हुई थी झील।
करते भी क्या,लौट पड़े फिर,
प्यासे वन के भूप।
    ---  ©️ओंकार सिंह विवेक
(सर्वाधिकार सुरक्षित)


June 27, 2022

आओ पर्यावरण बचाएं

मित्रो शुभ प्रभात🙏🙏

पर्यावरण को लेकर दुनिया के तमाम देश चिंता दिखाते तो नज़र आते हैं परंतु धरातल पर कुछ ठोस कर दिखाने में अक्सर इच्छा शक्ति कमज़ोर पड़ जाती है, ऐसा प्रतीत होता है।पर्यावरण संरक्षण के नाम पर कई दिवस मनाए जाते हैं,लोगों को निरंतर जागरूक करने का प्रयास भी किया जाता है।इस कार्य के लिए बड़े- बड़े बजट भी आवंटित किए जाते हैं परंतु बिगड़ते हालात को देखते हुए यह लगता है कि इस दिशा में अभी इतनी गंभीरता से प्रयास नहीं हो रहे हैं जितनी गंभीरता से होने चाहिए।
सरकारें, शासन और प्रशासन के साथ साथ ही हम सबको भी अपना दायित्व समझना पड़ेगा तभी बिगड़ते पर्यावरण को बचाया जा सकता है।हम अपने आस-पास सफ़ाई रखें, पेड़ लगाकर हरियाली को बचाएं और बढ़ाएं। नदियों में कूड़ा और कचरा न डालें।वनों का अनावश्यक दोहन और पहाड़ों से छेड़-छाड़ न करें।आसमान में बढ़ते हस्तक्षेप को रोकें तथा पेट्रोलियम पदार्थों के अत्यधिक प्रयोग पर भी लगाम लगाएं। ऐसे ही असंख्य और उपाय हो सकते हैं जिनसे प्रदूषित होते पर्यावरण को बचाकर धरती के हर जीवधारी के जीवन की रक्षा की जा सकती है ।जितनी जल्दी हो सके हम सबको चेतना होगा वर्ना जीवन संकट में पड़ जाएगा।
इस ज़रूरी चर्चा के बाद आइए विषय से संबंधित अपने कुछ दोहों से आपको रूबरू कराता हूं : 
पर्यावरण : पाँच दोहे
 ***************
    ओंकार सिंह विवेक      
🌷
करता  है दोहन  मनुज,ले  विकास  की आड़,
कैसे  चिंतित   हों   नहीं , जंगल-नदी-पहाड़।
🌷
ताप  धरा का  बढ़  रहा,पिघल  रहे हिमखंड,
आज  प्रकृति से  छेड़ का,मनुज पा रहा दंड।
 🌷
सब  ही  मैला कर  रहे,निशिदिन इसका नीर,
गंगा माँ   किससे  कहे,जाकर  अपनी   पीर।
🌷
देते   हैं   हम  पेड़  तो,प्राण  वायु   का  दान,
फिर  क्यों लेता  है मनुज, बता  हमारी जान।
🌷
सबसे    है    मेरी    यही,  विनती    बारंबार,
वृक्ष   लगाकर   कीजिए, धरती   का  शृंगार।
🌷
  --ओंकार सिंह विवेक
      (सर्वाधिकार सुरक्षित) 

June 24, 2022

जो ग़ज़लों को रवानी दे रही है

दोस्तो शुभ प्रभात/प्रणाम/नमस्कार🌹🌹🙏🙏

यह मेरे लिए गर्व की बात है की मुझे हर दिन ही कविता या शायरी के बहाने अपने दिल की बात आप तक पहुंचाने का अवसर प्राप्त हो जाता है।आप जैसे सुधी पाठकों, बुद्धिजीवियों और मूर्धन्य साहित्यकारों से रूबरू होने का एक फ़ायदा यह भी होता है कि इससे मेरी रचना की इस्लाह/जांच-परख भी हो जाती है और अपने जज़्बात का इज़हार करने का मौक़ा भी मिल जाता है।
जीवन और समाज से आत्मसात किए गए खट्टे-मीठे अनुभवों की एक झांकी ग़ज़ल के रूप में आप अब के संमुख प्रस्तुत कर रहा हूं।उम्मीद है कि आपको पसंद आएगी ---

ग़ज़ल***ओंकार सिंह विवेक
©️ 
अगर  कुछ   सरगिरानी  दे  रही है,
ख़ुशी   भी  ज़िंदगानी  दे   रही  है।

चलो  मस्ती  करें , ख़ुशियाँ  मनाएँ,
सदा  ये   ऋतु   सुहानी  दे  रही है।

बुढ़ापे  की   है  दस्तक  होने वाली,
ख़बर  ढलती  जवानी  दे   रही  है।

गुज़र आराम  से  हो  पाये , इतना-
कहाँ  खेती-किसानी   दे   रही  है।

फलें-फूलें न क्यों नफ़रत  की  बेलें,
सियासत  खाद-पानी   दे  रही  है।

सदा  सच्चाई  के  रस्ते  पे  चलना,
सबक़ बच्चों  को  नानी  दे रही है।

तख़य्युल की है बस परवाज़ ये तो,
जो  ग़ज़लों  को  रवानी दे  रही है।  
     ---©️ ओंकार सिंह विवेक

June 23, 2022

द्रौपदी मुर्मू


       द्रौपदी मुर्मू
       ********
देश में 15 वें राष्ट्रपति चुनाव की सरगर्मियां शुरू हो चुकी हैं।होना तो यह चाहिए था कि इस सर्वोच्च संवैधानिक पद पर सर्वसम्मति से कोई योग्य व्यक्ति चुन लिया जाता लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा न हो सका।
संयुक्त विपक्ष ने अपना उम्मीदवार श्री यशवंत सिन्हा को बनाया है जो पूर्व में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अनुभवी अधिकारी रहने के  बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं।भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने अपने उम्मीदवार के तौर पर आदरणीया द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है। संघर्षशील और जुझारू महिला आदरणीया द्रौपदी मुर्मू मैडम जी के नाम से लोकप्रिय हैं।ओडिशा राज्य के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर से आने वाली श्रीमती द्रौपदी मुर्मू यानी मैडम जी की भगवान शिव में गहरी आस्था है।मैडम जी प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय मिशन से जुड़ी जनजातीय समाज से पहली महिला हैं जो देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद हेतु राजग प्रत्याशी बनाई गई हैं।यह भारत के जनजातीय समुदाय और महिला वर्ग के लिए गौरव की बात है।यह भारत का महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की कड़ी में एक और बड़ा कदम है। आदरणीया द्रौपदी मुर्मू झारखंड राज्य की राज्यपाल भी रह चुकी हैं।
चित्र : गूगल से साभार 
यदि आदरणीया द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति बनती हैं तो वह अनुसूचित जनजाति से आने वाली देश की पहली महिला राष्ट्रपति होंगी।श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की पारिवारिक पृष्ठभूमि और उनके जीवन संघर्ष को जानकर हर कोई प्रेरणा ले सकता है।ओडिशा के मयूरभंज जनपद से आने वाली द्रौपदी मुर्मू द्वारा विधायक और फिर राज्यपाल जैसे उच्च पद को सुशोभित करने के पीछे उनके संघर्षों की एक लंबी कहानी है। मां-बाप के लिए इससे बड़ा दुःख कोई नहीं होता कि उनके रहते उनकी प्रिय संतान की मृत्यु हो जाए।द्रौपदी मुर्मू ने अपने जीवन में ऐसी ही असहाय पीड़ा झेली है।उनके दो पुत्र कुछ समय के अंतराल पर ही  गोलोकवासी हो गए।उस दौरान जिस पीड़ा का दंश उन्होंने झेला होगा उसे हम भलिभांति महसूस कर सकते हैं।उस दौरान वह मानसिक अवसाद तक की स्थिति में पहुंच गईं थीं।उन पर टूटा यह वज्रपात यहीं नहीं रुका।कुछ समय बाद ही उनके पति भी असमय उनका साथ छोड़कर देवलोक को गमन कर गए।इन विपरीत पारिवारिक परिस्थितियों से उबरकर फिर से सामान्य होकर देश-सेवा का जज़्बा लेकर सार्वजनिक जीवन में द्रौपदी मुर्मू जिस ऊर्जा और साहस से पुन:सक्रिय हुईं वह किसी के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हो सकता है।
अक्सर राज्यपालों और राष्ट्रपति को लोग रबर स्टैंप कह देते हैं।द्रौपदी मुर्मू ने इस बात को कई अवसरों पर राज्यपाल के पद पर रहते हुए झूठा साबित किया।जब कुछ बिल उनके पास मंजूरी के लिए आए तो उन्होंने उनका अध्ययन करके उन पर यह कहते हुए हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया था कि अभी इनमें सुधार की गुंजाइश है।इससे उनके ज्ञान,विद्वता और अपने अधिकारियों के प्रति जागरूकता का पता चलता है।सचमुच ऐसे प्रतिबद्ध और सिद्धांतवादी लोगों के ही उच्च पदों पर आसीन होने से देश और समाज का भला हो सकता है।
यदि आदरणीया द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति बनती हैं तो यह बड़े गौरव की बात होगी।क्योंकि मैडम जी के समान संघर्षों की ज्वाला में तपा और अपने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक व्यक्ति ही इस सर्वोच्च पद के साथ न्याय कर सकता है।
उनसे नई आशाएं और अपेक्षाएं लेकर हम उनके दीर्घायु होने की कामना करते हैं।
अंत में अपने ही एक दोहे के माध्यम से मैं अपनी बात समाप्त करता हूं:
          दफ़्तर में  भी  धाक है, घर  में  भी है राज,
          नारी नर से कम नहीं, किसी बात में आज।
                        ओंकार सिंह विवेक 
          (सर्वाधिकार सुरक्षित)



June 21, 2022

योग दिवस/ Yoga Day




शुभ प्रभात साथियो 🌹🌹🙏🙏

आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है।यह गर्व का विषय है कि हमारे देश भारत ने ही दुनिया को योग के प्रति जागरूक किया।आज दुनिया योग के महत्व को समझ रही है तभी तो प्रतिवर्ष २१ जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने के लिए हम सबको नित्यप्रति योग का अभ्यास करना चाहिए।प्राचीन काल में हमारे देश के ऋषि मुनियों ने जनसामान्य को योग विद्या सिखाने का पुनीत कार्य किया ।आज बाबा रामदेव और अन्य भारतीय योग गुरु तथा आचार्य देश और दुनिया में निरंतर योग का प्रचार और प्रसार कर रहे हैं।अनेक असाध्य रोग योग के अभ्यास से पूरी तरह ठीक होने के तमाम अनुभव हम लोगों के मुख से अक्सर सुनते रहते हैं।अत: हमें योग को हर हाल में अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
दोस्तो आज पढ़िए योग को लेकर मेरे कुछ दोहे-----
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस/ International Day of Yoga
 ********************************************
                  ---ओंकार सिंह विवेक
©️ 
होता  है  इस  बात  पर , हमें  गर्व  का  भान,
भारत  ने  संसार  को , दिया  योग का  ज्ञान।

आदिकाल  में  देश  के, बालक- वृद्ध-जवान,
गुरुकुल जाकर  योग का, लेते  थे नित ज्ञान।

जिसने शामिल कर लिया , दिनचर्या  में योग,
उससे   घबराने  लगे ,  सभी  तरह  के  रोग।

घोर निराशा-क्रोध-भय,उलझन  और  तनाव,
योग  शक्ति  से  दूर  हों ,  ऐसे  सभी  दबाव।

तेग   बहादुर - सेमुअल , राम  और   रहमान,
सबके मुख पर योग से , खिलती है मुस्कान।

नित्य करेंगे योग का ,यदि हम  सब अभ्यास,
भर  जाएगा एक  दिन , जीवन  में  उल्लास।

कोरोना  के  काल  में ,करके  प्रतिदिन  योग,
प्रतिरोधक क्षमता सतत, बढ़ा  रहे  हैं  लोग।
               ------ ©️  ओंकार सिंह विवेक                       
                         (सर्वाधिकार सुरक्षित)


June 19, 2022

Father's Day

आज बिना किसी भूमिका के पिता श्री को समर्पित एक मुक्तक आप सब के साथ साझा कर रहा हूं।मुझे इस बात का गर्व है की  पिता जैसे घने दरख़्त का साया मुझे मयस्सर है। मैं पिता जी के दीर्घायु होने की कामना करता हूं ताकि मुझे यों ही उनका आशीष प्राप्त होता रहे।
💐💐🌹🌹🍀🍀☘️☘️🌿🌿🥀🥀🌼🌼🌺🌺🏵️🏵️🪴🪴🌴🌴🌲🌲🌳🌳🌼🌼🥀🥀🌿🌿☘️☘️🍀🍀🌹🌹💐💐
आज पितृ दिवस पर
****************
🌷मुक्तक🌷                        

🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌹🌹🌹
  
  मेरी  नींदों  की ख़ातिर ख़ुद जागा करते हैं,
  
 सहकर धूप  हमेशा मुझ पर साया करते हैं।
  
 करते  रहते  हैं  हर पल  मेरे दुख की चिंता,
  
पापा अपना कोई  दुख कब साझा करते हैं।
  
🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌹🌹🌹
              ओंकार सिंह विवेक
    सर्वाधिकार सुरक्षित 

June 17, 2022

शुभ प्रभात🙏🙏💐💐शुभ प्रभात🙏🙏🌹🌹

नमस्कार मित्रो🙏🙏

पूरे दिन का तो नहीं पता परंतु आज सुब्ह- सुब्ह मौसम कुछ खुशगवार नज़र आया तो सोचा की मॉर्निंग वॉक के बाद ब्लॉग पर ही पहले कुछ पोस्ट किया जाए उसके बाद नाश्ते के बारे में सोचते हैं।
यह सत्य बात है कि शरीर भले ही थककर कुछ देर आराम करता हो या इसकी कामना करता हो लेकिन मन का परिंदा हमेशा उड़ान पर ही रहता है।मन सदैव विचारों के आसमान को नापता रहता है।
सो मित्रो इस चंचल मन की उड़ान के चलते कुछ नए दोहे हो गए जो आप सब के साथ साझा कर रहा हूं। उम्मीद है पसंद आएंगे ---
            कुछ ताज़ा दोहे 
            ************
तेज़ धूप ने देह की,ली सब  शक्ति  निचोड़,
अब तो सूरज देवता,दो अपनी ज़िद छोड़।

प्यास बुझाएं किस तरह, बेचारे  ये   खेत,
नदिया  में  है  दीखता,सिर्फ़  रेत  ही  रेत।

कैसे  भूलें  हार  का, बोलो  हम   उपकार,
वह  ही बतलाकर गई,हमें  जीत का द्वार।

संत  कबीरा   भर  गए,दोहों  में  जो  रंग,
उसे  देखकर  रह  गए,बड़े-बड़े  भी  दंग।

धीरे-धीरे  जब  हुए, प्रबल  मौन  के  वार,
आवाज़ों के  हिल गए,सभी ठोस आधार।
            ---ओंकार सिंह विवेक
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)


June 14, 2022

समस्या--पूर्ति


समस्या पूर्ति/तरही मिसरा
*******"*************
        ---ओंकार सिंह विवेक
हिंदी काव्य में दिए गए शब्द/पंक्ति पर किसी काव्य रचना का सृजन करना बहुत पुरानी परंपरा रही है।इसी प्रकार उर्दू साहित्य में भी दिए गए मिसरे पर ग़ज़ल कहकर नशिस्तों/मुशायरों में पेश करना ग़ज़ल विधा के उद्धव काल से ही चला आ रहा है।हिंदी साहित्य में ऐसी प्रतियोगिताएं कई प्रकार से आयोजित की जाती हैं। एक प्रथा यह है की दी हुई पंक्ति या शब्द को रचना के अंत में लाने का आग्रह किया जाता है और कई बार यह स्वतंत्रता रहती है कि दी गई पंक्ति का रचना में किसी भी स्थान पर समुचित प्रयोग किया जा सकता है।शर्त यह होती है कि उस शब्द/पंक्ति का प्रयोग करके रचना सारगर्भित तथा आकर्षक होनी चाहिए।इसी प्रकार उर्दू काव्य विधा में ग़ज़ल कहने के लिए एक मिसरा दे दिया जाता है और हिदायत रहती है कि इस मिसरे पर कोई मिसरा इस प्रकार लगाया जाए कि कथ्य और तथ्य युक्त एक प्रभावशाली शेर हो जाए तथा दिए गए मिसरे की बहर/मापनी में पूरी ग़ज़ल भी कह ली जाए। तरही मिसरे की एक महत्वपूर्ण बात यह होती है कि इसे सानी यानी दूसरा मिसरा ही बनाया जाता है इस पर ऊला यानी पहला मिसरा लगाकर शेर को मुकम्मल किया जाता है। दिए गए मिसरे यानी तरही मिसरे को ग़ज़ल के मतले में प्रयुक्त नहीं  करना चाहिए।यह अच्छी तरकीब नहीं मानी जाती है।
ऐसे आयोजनों के बहुत फ़ायदे हैं। पहला फ़ायदा यह है कि नए साहित्यकारों में काव्य सृजन के प्रति उत्साह जागृत होता है। साहित्यकार बढ़-चढ़ कर ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं जिससे उनके साहित्यिक कोष में भी वृद्धि होती है।दूसरा फ़ायदा यह कि इससे एक अच्छे साहित्यिक आयोजन की पृष्ठभूमि तैयार हो जाती है।
 एक साहित्यिक पटल के दैनिक आयोजन में ग़ज़ल विधा की कार्यशाला में इसी प्रकार एक मिसरा दिया गया था--
        "शब्द ही प्यार के बोलता रह गया"

मैंने भी इस मिसरे पर ग़ज़ल कही थी और सौभाग्य से उसको प्रथम पुरस्कार हेतु भी चुना गया था। अपनी वही ग़ज़ल आप सब सुधी जनों के साथ साझा कर रहा हूं।आशा है अपनी प्रतिक्रिया से अवश्य ही अवगत कराएंगे।

ग़ज़ल--©️ओंकार सिंह विवेक
©️
झूठ  पर   झूठ  वो   बोलता  रह   गया,
देखकर   मैं   तो  हैरान-सा   रह   गया।   
    
अर्ज़  हाकिम  ने लेकिन  सुनी  ही  नहीं,
एक  मज़लूम   हक़  माँगता   रह   गया।
       
जीते  जी   उसके, बेटों  ने   बाँटा  मकां,
बाप अफ़सोस  करता  हुआ  रह   गया।
©️
जाने  वाले  ने   मुड़कर  न   देखा  ज़रा,
दुख  हमें  बस  इसी बात  का  रह गया।

नाम  से   उनके  चिट्ठी  तो  इरसाल  की,
पर  लिफ़ाफ़े  पे  लिखना  पता रह गया।

हाल  यूँ  तो  कहा  उनसे दिल  का  बहुत,
क्या करें फिर भी कुछ अनकहा रह गया।
©️
वो   हिक़ारत   दिखाता   रहा, और   मैं,
"शब्द  ही  प्यार  के  बोलता   रह  गया"

देखकर  हाथ  में   उनके  आरी 'विवेक',
डर  के  मारे  शजर  काँपता   रह  गया।
            --- ©️ओंकार सिंह विवेक

इरसाल करना -- प्रेषित करना 

कृपया ऐसे ही और सर्जनात्मक साहित्य के रसास्वादन के लिए
यूट्यूब चैनल को क्लिक करें 👉 Youtube Channel 
https://youtu.be/PxtJ1G3FRgg
🙏🙏🌹🌹🌿🌿☘️☘️🍀🍀🪴🪴🌵🌵🌴🌴🌲🌲🌳🌳🌼🌼🥀🥀🏵️🏵️🌺🌺💐💐🌹🌹🌿🌿☘️☘️☘️☘️🍀








June 12, 2022

बनारस तेरी शान निराली


      बनारस में
      ********
            ओंकार सिंह विवेक
बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी/बनारस  जिसका प्राचीन नाम काशी है,हमारे देश की सभ्यता और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करती है।
चित्र गूगल से साभार
इस प्राचीन नगरी का हमारे वेदों और पुराणों में विस्तार से वर्णन मिलता है। यहाँ के कण-कण में भोले शंकर का वास है।बाबा विश्वनाथ, जो सबके काम पूर्ण करते हैं ,पूरी सज-धज के साथ यहाँ विराजमान हैं।काशी के घाट मान को मोहते हैं ।यहाँ की गंगा आरती विश्व प्रसिद्ध है।हिंदूधर्म में ऐसी मान्यता है की काशी में प्राण त्यागने पर मोक्ष की प्राप्ति होती है।वाराणसी नगर सदैव ही भारत की साझा संस्कृति का प्रतीक रहा है।यदि रैदास और तुलसीदास जैसे महापुरुषों का संबंध इस नगरी से रहा है तो कबीरदास और उस्ताद बिस्मिल्लाह ख़ान भी इस पावन नगरी से संबद्ध रहे हैं।उस्ताद बिस्मिल्लाह ख़ान साहब की शहनाई ने तो सारी दुनिया में धूम मचाई।
चित्र गूगल से साभार
पुराने बनारस की तंग गलियाँ,चाट और कचौरियां तथा पान भला किसको अपनी और नहीं खींचते।बनारसी साड़ियां तो भारतीय नारी के गौरव-मान-मर्यादा और सौंदर्य से सीधा संबंध रखती हैं।
इस नगरी की भव्यता और संस्कृति के बारे में विस्तार से फिर कभी पूरे  मन से लिखूंगा,अभी इतना ही सही----

बहती है  गंगा की  निर्मल धार  बनारस  में,
होती है शंकर की जय जयकार बनारस में।

करने  श्रद्धा से  गौरी जी  का पूजन अर्चन,
भक्त  खड़े हैं कर  जोड़े  तैयार  बनारस में।
        ----ओंकार सिंह विवेक


          

               
 






June 10, 2022

शायरी/कविता के बहाने

मित्रो शुभ प्रभात🙏🙏

शायरी या कविता आत्मा और मन की आवाज़ को अभिव्यक्त करने का माध्यम है।शायर या कवि के सृजन में कुछ आपबीती होती है तो कुछ जगबीती।साहित्य समाज का दर्पण भी होता है और कई अर्थों में उससे कहीं बहुत आगे की चीज़ भी होता है क्योंकि साहित्य समाज को यह भी बताता है कि जो कुछ अप्रिय यह दर्पण दिखा रहा है वह ठीक नहीं है इससे इतर कुछ ऐसा या वैसा होना चाहिए,  आदि --आदि--

यह भी ज़रूरी नहीं है कि साहित्य में सब कुछ सकारात्मक ही होगा।जो नकारात्मक भोगा, परखा और देखा जा रहा है उसकी अभिव्यक्ति भी सर्जन में नज़र आएगी।अतः जैसे  ज़िंदगी से आशा-निराशा, सुख-दुख,भला-बुरा,हँसना-रोना आदि सब एक दूसरे के पूरक के रूप में जुड़े होते हैं वैसा ही कविता के साथ भी है।आख़िर जीवन और उससे जुड़ी तमाम चीज़ों की अभियक्ति ही तो है कविता या शायरी भी।

इस बहाने मेरी ताज़ा ग़ज़ल का आनंद लीजिए
ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
*********************
🌷
पंछी  नभ  में  उड़ता था  यह  बात  पुरानी  है,
अब  तो  बस  पिंजरा है, उसमें दाना-पानी है।
🌷
वे   ही  आ  धमके हैं  जंगल  में  आरी  लेकर,
जो अक्सर  कहते थे  उनको  छाँव बचानी है।
🌷
आज सफलता चूम रही है जो इन  क़दमों को,
इसके  पीछे   संघर्षों   की   सख़्त  कहानी  है।
🌷
मुस्काते  हैं  असली  भाव  छुपाकर  चेहरे   के,
कुछ  लोगों  का   हँसना-मुस्काना  बेमानी  है।
🌷
बाँध लिया है अपना बिस्तर बरखा की ऋतु ने,
आने    वाली    हाड़  कँपाती   सर्दी   रानी  है।
🌷
क्यों  होता  है   जग में  सबका  यूँ आना-जाना,
आज तलक भी  बात भला ये किसने जानी है।
🌷
रोक  रहा   है  रस्ता  मेरा   पर   इतना  सुन  ले,
ग़म के पर्वत  तुझको आख़िर मुँह की खानी है।
🌷                       ------ओंकार सिंह विवेक
(सर्वाधिकार सुरक्षित)
कृपया सर्जनात्मक साहित्य के रसास्वादन के लिए


June 8, 2022

रामपुर की बात



रामपुर की बात
************
       --ओंकार सिंह विवेक
कल शाम पत्नी के साथ घूमने के लिए निकलना हुआ तो अपने शहर रामपुर-उ0प्र0 में अब एक दर्शनीय स्थल बन चुकी 'गांधी समाधि' की तरफ़ से गुज़रना हुआ।रात को बिजली की रौशनी में गांधी समाधि और उसके आस पास विकसित किए गए दर्शनीय स्थलों की शोभा देखते ही बन रही थी।
हम आगे जाने का विचार त्यागकर वहीं उस मनोहारी दृश्य को देखने में खो गए। पिछले कुछ समय में गांधी समाधि के विस्तार और सौंदर्यीकरण पर शासन-प्रशासन द्वारा एक बड़ी धनराशि ख़र्च करके उसे भव्य रूप दिया गया है। अपनी विरासत और राष्ट्रीय महत्व की चीज़ों के संरक्षण, संवर्धन और सौन्दर्यीकरण के लिए आवश्यक क़दम उठाए भी जाने ही चाहिए। बिजली के दूधिया प्रकाश में गांधी समाधि की  शोभा देखते ही बन रही थी।

गांधी समाधि के अगल-बग़ल ही दो भव्य गेटों का निर्माण कराया गया है जिनके नाम बाब-ए-हयात (जीवन द्वार ) और बाब-ए-निजात (मुक्ति द्वार) हैं इनकी भव्यता मन को मोह लेती है।

गांधी समाधि के निकट ही विकसित कराए गए एक और महत्वपूर्ण स्थल का उल्लेख मैं यहाँ करना चाहूँगा जिसे हम शहीद स्मारक स्थल भी कह सकते हैं।इस कंपाउंड/अहाते में जनपद रामपुर के देश की सेवा करते हुए शहीद हुए वीर जवानों के चित्र/मूर्तियाँ विवरण सहित प्रदर्शित की गई हैं।इन्हें देखकर देश की ख़ातिर अपना बलिदान देने वाले सैनिकों और उनके परिजनों के प्रति दिल श्रद्धा से भर उठता है।
हम पति-पत्नी काफ़ी देर इन सुंदर दृश्यों को  निहारते हुए अपने नगर और जनपद पर गर्व करते रहे।
घर वापसी से पहले हम लोग वहाँ चल रहे रंग-बिरंगे फाउंटेन के सामने खड़े होकर सेल्फी लेना नहीं भूले।

हमारे जनपद रामपुर में  देखने और उसे समझकर गर्व करने के लिए बहुत कुछ है जैसे रज़ा लाएब्रेरी ,रेडियो स्टेशन,कोठी ख़ास बाग़ पैलेस ,कस्तूरबा गांधी पक्षी विहार और देश का पहला अमृत सरोवर आदि।इन सबका मैं सिलसिलेवार अपने ब्लॉग पर आप लोगों से आगे परिचय अवश्य कराऊँगा तब तक के लिए धन्यवाद ,नमस्कार,जय हिंद🙏🙏🌷🌷🌺🌺💐💐🏝️🏝️
--ओंकार सिंह विवेक

June 7, 2022

सरस्वती-वंदना

साथियो शुभ प्रभात प्रणाम🙏🙏🌷🌷🌺🌺💐💐

जब हम कोई अच्छा काम शुरू करते हैं तो अपने इष्टदेव की आराधना अथवा स्तुति के बाद ही प्रारम्भ करते हैं ताकि हमारा कारज विधिवत संपन्न हो सके।साहित्यिक कार्यक्रमों की जहाँ तक बात है उनका शुभारंभ हम विद्या की देवी माँ सरस्वती की वंदना/आराधना से करते हैं। इसी प्रकार किसी नशिस्त अथवा मुशायरे का आग़ाज़ भी नबी या पैग़म्बर की स्तुति जिसे 'नात' कहा जाता है,से किया जाता है। अपने इष्टदेव की आराधना के पश्चात काम शुरू करने पर निश्चित ही सफलता की प्राप्ति होती है।
तो आइए साथियो माँ सरस्वती की वंदना करते हैं :
चित्र गूगल से साभार

सरस्वती वंदना--दोहे🌷
               ----ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710

🌷
हो   मेरा   चिंतन   प्रखर , बढ़े  निरंतर  ज्ञान।
हे   माँ   वीणावादिनी   ,  दो   ऐसा  वरदान।।
🌷
मातु   शारदे  आपका ,  रहे   कंठ   में   वास।
वाणी  में   मेरी   सदा , घुलती  रहे  मिठास।।
🌷
यदि  मिल जाए आपकी,दया-दृष्टि  का दान।
माता   मेरी   लेखनी , पाए  जग   में   मान।।
🌷
किया  आपने  शारदे ,  जब  आशीष  प्रदान।
रामचरित  रचकर  हुए , तुलसीदास  महान।।
🌷
हाथ जोड़कर बस यही, विनती  करे 'विवेक'।
नैतिक बल दो माँ मुझे,काम करूँ नित नेक।।
🌷
                    ------ओंकार सिंह विवेक

   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

यूट्यूब चैनल के लिए क्लिक करें 👉 Youtube Channel  





June 6, 2022

सच की फौजों पर अब झूठों------

सादर प्रणाम मित्रो🙏🙏🌷🌷

आज हम सब विरोधभासों और विसंगतियों से दो-चार होते हुए जीने को मजबूर हैं।इस विरोधाभास को देखकर ह्रदय व्यथित भी होता है।मानव ने अपने दोहरे चरित्र से परिस्थितियों को बहुत दुरूह और जटिल बना दिया है।कुछ इसी पृष्ठभूमि में एक नवगीत का सृजन हुआ है जो आप लोगों की प्रतिक्रिया हेतु साझा कर रहा हूँ: 
चित्र गूगल से साभार

आज एक नवगीत सामाजिक विरोधाभासों
 और विसंगतियों के नाम
 *******************************
 ---  ©️ओंकार सिंह विवेक

सच की फौजों पर अब,  
झूठों का दल भारी है।              

सड़क  गाँव  तक  आकर,
नागिन-सी फुँफकार भरे।
पगडंडी बेचारी,
थर-थर  काँपे और डरे।
नवयुग में  विकास  की,
यह अच्छी तैयारी है।

जनता को तो देता,
केवल वादों की गोली।
और हरे नोटों से,
भरता नित अपनी झोली।
जनसेवक है या फिर,
वह कोई  व्यापारी है?

रहा तगादे* वाली,
चाबुक से वह डरा-डरा।
ख़ुद भूखा भी सोया,
पर क़िस्तों का पेट भरा।
होरी पर बनिए की,
फिर भी शेष उधारी है।
  -----©️ओंकार सिंह विवेक
यूट्यूब चैनल के लिए क्लिक करें 👉 Youtube Channel  

*मूल शुद्ध शब्द तक़ाज़ा है 
परंतु हिंदी में तगादा भी मान्य है
(सर्वाधिकार सुरक्षित)

June 4, 2022

साहित्य की सेवा

समाज सेवा के बहुत से माध्यम हो सकते हैं जिनके बारे में पहले भी मैं अपनी एक ब्लॉग पोस्ट में विस्तार से चर्चा कर चुका हूँ।साहित्य के माध्यम से जनचेतना जागृत करके भी समाज सेवा के कार्य को अंजाम दिया जा सकता है।ऐसा ही एक पावन कार्य रामपुर के वरिष्ठ साहित्यकार श्री जितेंद्र कमल आनंद जी लंबे समय से करते आ रहे हैं।श्री आनंद जी फेसबुक और व्हाट्सएप्प पर कई साहित्यिक समूह चलाते हैं।इन समूहों से बहुत से नए और पुराने साहित्यकार जुड़े हुए हैं।श्री जितेंद्र कमल आनंद जी निःस्वार्थ भाव से इन समूहों में रचनाकारों को छंदबद्ध साहित्य सृजन सिखाते हुए निरंतर हिंदी की सेवा करने में लगे हुए हैं। आदरणीय आनंद जी की यह अनवरत साहित्य साधना प्रणम्य है🙏🙏
 इन साहित्यिक पटलों पर अक्सर ही प्रांतीय और राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन साहित्यिक आयोजन होते रहते हैं।ऐसा ही एक साहित्यिक आयोजन कल रविवार को अखिल भारतीय काव्यधारा रामपुर संस्था के पटल पर स्ट्रीमयार्ड पर होना तय पाया गया है जिसमें निम्न साहित्यकार सहभागिता करेंगे --
श्री जितेंद्र कमल आनंद,रामपुर         अध्यक्ष
श्रीमती मीना सिद्धार्थ,जबलपुर           मुख्य अतिथि
श्री(डॉ0)अरुण श्रीवास्तव अर्णव,भोपाल  विशिष्ट अतिथि
श्री (डॉ0) लियाक़त अली जलज,वाराणसी   विशिष्ट अतिथि
श्री अनिल सारस्वत ,काशीपुर          विशिष्ट अतिथि
मैं स्वयं(ओंकार सिंह विवेक),रामपुर     कार्यक्रम संचालन
यूट्यूब चैनल के लिए क्लिक करें 👉 Youtube Channel  



June 2, 2022

अपनी बात : दोहों के साथ

नमस्कार मित्रो🌷🌷🙏🙏

यों तो काव्य की सभी विधाएँ भाव-अभिव्यक्ति का एक उत्तम माध्यम होती हैं।किसी एक विधा को दूसरी से कमतर नहीं कहा जा सकता।फिर भी दोहा एक ऐसी विधा है जिसमें 13 और 11 मात्राओं के क्रम में मात्र दो पंक्तियों अर्थात चार चरणों में गागर में सागर भरने जैसी मारक अभिव्यक्ति की जा सकती है।इसलिए पुराने समय से ही दोहा विधा हिंदी-काव्य  की बहुत ही लोकप्रिय विधाओं में गिनी जाती है।हम सब भलीभांति परिचित हैं कि कबीरदास और रहीम जी के दोहे कैसी पैनी और तीखी धार के साथ पढ़ने या सुनने वाले पर अपना असर छोड़ते हैं।

आज इसी लोकप्रिय विधा दोहा में आप सब के साथ कुछ भाव साझा कर रहा हूँ।आशा है भिन्न-भिन्न शब्दों को लेकर कहे गए ये दोहे आपको पसंद आएँगे और आप अपनी प्रतिक्रिया से अवश्य ही अवगत कराएँगे।
सादर🌷🌷🙏🙏
विभिन्न शब्दों को लेकर 
रचे   गए    कुछ   दोहे
*****************
     --- ©️ओंकार सिंह विवेक
शीत
©️
तन  पर  लिपटे  चीथड़े, शीत लहर की मार,
निर्धन   सोचे    सर्दियाँ,  होंगी   कैसे   पार।

सूर्य

शातिर   कुहरे   ने   यहाँ, खेला  ऐसा  खेल,
पड़ी  सूर्य  को काटनी, कई दिनों तक जेल।

वर्षा

सहकर प्रतिदिन जेठ की,तन झुलसाती धूप,
सबको   ही  आषाढ़  की, वर्षा  लगे  अनूप।

मकर संक्रांति
©️
 शुद्ध  भाव  से कीजिए,भजन-साधना-दान,
 पर्व  मकर संक्रांति  का,देता  है  यह  ज्ञान।
 
फसल

नित  पाले  की  मार  से,फसल  हुई  बेकार,
हल्कू   सोचे   सेठ  का , कैसे  चुके  उधार।
                  --  ©️ओंकार सिंह विवेक
(ब्लॉगर की पॉलिसी के तहत सर्वाधिकार सुरक्षित)




Featured Post

साहित्यिक सरगर्मियां

प्रणाम मित्रो 🌹🌹🙏🙏 साहित्यिक कार्यक्रमों में जल्दी-जल्दी हिस्सेदारी करते रहने का एक फ़ायदा यह होता है कि कुछ नए सृजन का ज़ेहन बना रहता ह...