February 27, 2023

देखन में छोटे लगें

शुभ संध्या मित्रो 🙏🙏🌹🌹

कल अपने नगर में ही अखिल भारतीय काव्यधारा के एक साहित्यिक आयोजन में सहभागिता का अवसर प्राप्त हुआ।बहुत अच्छा कार्यक्रम रहा। स्थानीय कवियों के अतिरिक्त बाहर से आए कवियों ने भी रंगों के पर्व होली तथा अन्य विविध विषयों पर अपनी श्रेष्ठ रचनाएँ सुनाकर आमंत्रित श्रोताओं को आनंदित किया।कार्यक्रम में कुछ साहित्यकारों को उनके साहित्यिक अवदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
ऐसे आयोजनों में अपना काव्य पाठ करने का ही अवसर प्राप्त नहीं होता अपितु दूसरे श्रेष्ठ साहित्यकारों को सुनने का भी अवसर प्राप्त होता है जिससे चिंतन की उड़ान तीव्र होती है और सृजन कौशल का विकास होता है।नए साहित्यकारों के लिए भी ऐसे आयोजन निरंतर श्रेष्ठ सृजन की प्रेरणा का कारण बनते हैं। 
कविता और जीवन का बहुत गहरा अंतर्संबंध है।कविता और जीवन दोनों में ही एक लय होती है।कविता भाषा के पल्लव और पोषण का भी बड़ा काम करती है।अत: जीवन को प्रवाहमान बनाए रखने के लिए ऐसे काव्य आयोजन होते रहने चाहिए।
हाल ही में कुछ नए दोहे कहे हैं जो आपकी प्रतिक्रिया हेतु यहां प्रस्तुत कर रहा हूं :
कुछ नए दोहे 
**********
धूर्त-छली  चलते  रहे, प्रतिदिन अपनी चाल।
सच्चों के  सम्मुख कभी,गली नहीं पर दाल।।

उजियारे  की   सौंप  दी,रक्षा  जिनके   हाथ।
उनके  भी  दिल  हो गए,अँधियारे  के साथ।।

हमने  दिन  को  दिन कहा,और रात को रात।
बुरी  लगी  सरकार  को,बस इतनी सी बात।।

कैसे  कह  दें  है  नहीं, उनके  मन   में  खोट।
धर्म-जाति  के  नाम  पर,माँग  रहे   हैं  वोट।।

छीन  रही   है  वृक्ष से, जीने   का   अधिकार।
आँधी अपने कृत्य पर,कर तो तनिक विचार।।
                    ©️ ओंकार सिंह विवेक
 (सर्वाधिकार सुरक्षित)

प्रस्तुतकर्ता : ओंकार सिंह विवेक 

February 25, 2023

पुस्तकें मिलीं ("भावों के पंख" व "जो आधा-अधूरा कह दूं तो")



मित्रो सादर प्रणाम 🌹🌹🙏🙏

हाल ही में दो वरिष्ठ साहित्यकारों ने अपने काव्य संग्रह मुझे भेंट किए। इनमें एक कविता-संग्रह  "भावों के पंख" झांसी निवासी श्री निहाल चंद्र शिवहरे जी ने भेंट किया तथा दूसरा काव्य-संग्रह "जो आधा-अधूरा कह दूं तो" गुरुग्राम निवासी श्री विनोद कुमार पहिलाजानी द्वारा भेंट किया गया।
काव्य सृजन एक साधना के समान होता है।उसमें साहित्यकार को पूरी तरह रमना पड़ता है।किसी रचनाकार की किताब निकलना तो और भी बड़ी बात होती है। रचनाकार को अपनी किताब छपने पर इतनी ही खुशी का अनुभव होता है जैसे घर में कोई समारोह होने पर।अक्सर देखने में आता है कि कोई रचनाकर जिस भाव से अपनी पुस्तक किसी को भेंट करता है उस भाव से बहुत कम ही लोग उसे पढ़ने और उस पर प्रतिक्रिया देने की ज़रूरत समझते हैं।
मेरी हमेशा कोशिश रहती है कि भेंट की गई कृति को मनोयोग से पढ़कर उस पर समीक्षा लिखूं या कम से कम रचनाकार को एक पत्र/संदेश के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया से अवश्य ही अवगत कराऊं।
इसी क्रम में मैंने उल्लिखित दोनों साहित्यकारों को संदेश प्रेषित किए जो यहां साझा कर रहा हूं :

मान्यवर निहाल चंद्र शिवहरे जी को
****************************
आपके कविता-संग्रह "भावों के पंख" को पढ़ने का अवसर प्राप्त हुआ।आपकी रचनाओं की भाव प्रधानता ने बहुत प्रभावित किया।
मैंने अधिकांश रचनाओं में आपके अंतर्मन की गहन अनुभूतियों को शिद्दत से महसूस किया। मानव जीवन या प्रकृति का कोई ऐसा पक्ष नहीं बचा जिस पर आपकी दृष्टि न पड़ी हो।भोगे-परखे और आसपास घटित हो रहे घटनाक्रम को आपने अपनी कविताओं में जो अभिव्यक्ति दी है वह मन को उद्वेलित करती है।कविता वास्तव में वही सार्थक कही जाती है जो सीधे दिल से निकलकर श्रोता/पाठक के मर्म को छूकर आह या वाह करने के लिए बाध्य कर दे।प्यार और शृंगार पर तो कवियों द्वारा बहुत कुछ लिखा जा चुका है।आज  क़लमकार को सामाजिक सरोकारों पर लेखनी चलाने की आवश्यकता है। मुझे ख़ुशी है कि आपने इस दायित्व को समझते हुए अपने भावना प्रधान काव्य में सामाजिक सरोकार, प्रकृति/पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से उठाया है।आपने गद्यात्मक लेखन अधिक किया है जिसकी छाप इस काव्य कृति में भी झलकती है।
आशा है भविष्य में आपकी ओर भी उत्कृष्ट काव्य रचनाएँ/पुस्तकें हमें देखने को मिलेंगी।मैं आपके स्वस्थ्य और सुखी समृद्ध जीवन की मंगल कामना करता हूं ताकि आप यों ही जीवन पर्यंत साहित्य सृजन के माध्यम से समाज की सेवा करते रहें।

मान्यवर विनोद कुमार पहिला जानी जी को
***********************************
आपके कविता संग्रह "जो आधा-अधूरा कह दूं तो" को पढ़ने का अवसर प्राप्त हुआ।आपकी रचनाओं की भाव प्रधानता रचनाओं ने प्रभावित किया। तकनीकी क्षेत्र में कार्यरत रहते हुए भी कविता के प्रति अनुराग आपकी संवेदनशीलता का द्योतक है।
मैंने अधिकांश रचनाओं में आपके अंतर्मन की प्रेम-अनुभूतियों को शिद्दत से महसूस किया।कविता वास्तव में वही सार्थक कही जाती है जो सीधे दिल से निकलकर श्रोता/पाठक के मर्म को छूकर आह या वाह करने के लिए बाध्य कर दे।आपकी अभिव्यक्ति में मुझे वह सामर्थ्य दिखाई देती है।प्रेम/प्यार के बिना जीवन की कल्पना निरर्थक है।युगों-युगों से कवि प्रेम को काव्य-रूप में जीवंत अभिव्यक्ति प्रदान करते आ रहे हैं। आपने भी अपने भाव प्रधान काव्य में प्रेम की विविध रूपों में सुंदर अभिव्यक्ति की है जो पाठक का ध्यान खींचती है।
आशा है भविष्य में आपकी ओर भी उत्कृष्ट काव्य रचनाएँ/पुस्तकें हमें देखने को मिलेंगी।
मैं आपके स्वस्थ्य और समृद्ध जीवन की मंगल कामना करता हूं।

सादर
ओंकार सिंह विवेक
ग़ज़लकार/समीक्षक/कॉन्टेंट राइटर/ ब्लॉगर
रामपुर (उत्तर प्रदेश)






February 23, 2023

कौन रहता है कैसी सुहबत में

नमस्कार दोस्तो 🌹🌹🙏🙏

फागुन की खुमारी में कवि और साहित्यकारों की चैतन्यता भी आजकल देखते ही बन रही है। ख़ूब कवि सम्मेलन और मुशायरे हो रहे हैं।कहा भी गया है कि हरकत में ही बरकत है अर्थात कुछ होता रहता है तो सक्रियता भी बनी रहती है।आजकल खूब कवि सम्मेलनों में जाना हो रहा है तो चिंतन की उड़ान भी अपने शबाब पर है।इस दौरान कही गई एक ग़ज़ल आपके सामने रख रहा हूं। प्रतिक्रिया से अवश्य ही अवगत कराएं

नई ग़ज़ल
फ़ाइलातुन   मुफ़ाइलुन   फ़ेलुन 
©️
लुत्फ़  क्या  आएगा  शराफ़त  में,
आप  अब  आ  गए सियासत में।

हद तो ये, वो भी पढ़ लिया  उसने,     
हमने लिक्खा नहीं था जो ख़त में।

थी  जो  मसरूफ़ियत  हमें थोड़ी,
आप  भी  कब  थे यार फ़ुर्सत में। 
©️ए
फिर से  तारीख़  मिल गई अगली,   
आज  भी  ये  हुआ  अदालत  में।

ये   रवैया  नहीं   है   ठीक  मियाँ! 
कीजिए  कुछ   सुधार  आदत  में।

 गर्व   कैसे   न  हो  भला  हमको,
जन्म  हमने  लिया  है  भारत  में।
©️
आप  पूछें  न  तो  ही  बेहतर  है,
कितने  धोखे  मिले  शराफ़त  में।

हो  गई  मौत  सुनते  हैं  कल  भी,
एक   मासूम   की   हिरासत   में।

हो   गया    गुफ़्तगू   से   अंदाज़ा,
कौन  रहता  है  कैसी  सुहबत में।
      --- ©️ओंकार सिंह विवेक 

February 21, 2023

होली का हुडदंग : होली है !!होली है!!होली है भई होली है!!

दोस्तो नमस्कार 🌹🌹🙏🙏

फागुन आते ही सब पर होली के रंगों की मस्ती छाने लगती है।होली के स्वागत का मूड बनने लगता है।फाग गाने को मन मचलने लगता है। बाज़ारों में रंग,पिचकारी और गुलाल से दुकानें सजी दिखाई देने लगती हैं।होली के स्वागत में मतकटा सम्मेलन और कवि गोष्ठियां आदि प्रारंभ हो जाती हैं।
इसी क्रम में उत्साही युवा पत्रकार भाई गौरव त्रिपाठी ने अपनी हरफनमौला साहित्यिक संस्था के बैनर तले 19फरवरी,2023 को हल्द्वानी के यूरो किड्स स्कूल में एक शानदार कवि सम्मेलन और सम्मान समारोह का आयोजन किया।उनके आमंत्रण पर मुझे भी इस भव्य कार्यक्रम का हिस्सा बनने का अवसर प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में आए सभी मेहमानों का संस्था के पदाधिकारियों द्वारा गुलाल का टीका लगाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद गौरव त्रिपाठी ने संस्था के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जहां एक ओर संस्था प्रतिष्ठित साहित्यकारों को आमंत्रित करती है वहीं दूसरी ओर नवांकुरों की काव्य प्रतिभा को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए मंच भी प्रदान करती है। श्री गौरव त्रिपाठी ने बताया कि उनकी संस्था उत्तराखंड में अब तक ऐसे अनेक कार्यक्रम आयोजित करके छुपी हुई प्रतिभाओं को सामने ला चुकी है।
                   (मेरा उद्बोधन और काव्य पाठ)
कार्यक्रम में अन्य कवियों के साथ मेरे द्वारा भी  अवसर के अनुकूल काव्य पाठ प्रस्तुत किया गया 
     दीवाली के दीप हों,या होली के रंग।
     इनका आकर्षण तभी, जब हों प्रियतम संग।।

     होली का त्योहार है,हो कुछ तो हुडदंग।
     सबसे यह कहने लगे, नीले पीले रंग।।
                 ओंकार सिंह विवेक 
              (कार्यक्रम में उपस्थित अतिथिगण)
                    (भाई गौरव त्रिपाठी के साथ) 
          (मुख्य अतिथि से स्मृति चिह्न प्राप्त करते हुए मैं) 
             (संस्था प्रमुख गौरव त्रिपाठी का संबोधन)
कार्यक्रम में विद्यालय के बाल कवियों द्वारा होली को लेकर अपनी दमदार काव्य प्रतुतियां दी गईं। बाल कवियों की रंग भरी कविताएं सुनकर आमंत्रित श्रोताओं ने जमकर उनका  उत्साहवर्धन किया। 
             (काव्य पाठ करते हुए एक बाल कवि)
काव्यपाठ के बाद बच्चों को स्थानीय विधायक और अन्य मंचासीन अतिथियों द्वारा प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
            (पुरस्कार गृहण करते हुए बाल कवि) 
       (कार्यक्रम में सम्मानित हुए कवि तथा अतिथिगण)
कार्यक्रम में यों तो सभी कवियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए परंतु निम्न चार रचनाकारों को विशेष सम्मान प्रदान किए
  1. विनोद कुमार पहिलाजानी,गुड़गांव
  2. कैलाश जोशी पर्वत,कानपुर
  3. डॉo शशि जोशी,रामनगर
  4. किरन पंत वर्तिका, हल्द्वानी 
कार्यक्रम के अध्यक्ष और मुख्य अतिथियों ने अपने-अपने उद्बोधनों में कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि साहित्य के संरक्षण और संवर्धन के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित होते रहने चाहिए।अंत में संस्था अध्यक्ष गौरव त्रिपाठी ने सभी का आभार प्रकट करते हुए कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की।
उत्तराखंड के अखबारों में इस कार्यक्रम की बहुत अच्छी कवरेज हुई।एक अख़बार ने मेरी रचना की पंक्तियों को खबर की हैड लाइन बनाया इसके लिए संपादक मंडल का शुक्रिया।


प्रस्तुत कर्ता : ओंकार सिंह विवेक
ग़ज़लकार/समीक्षक/कॉन्टेंट राइटर/ब्लॉगर
 (सर्वाधिकार सुरक्षित)

February 16, 2023

साहित्यिक सफ़रनामा (यात्रा श्री नाथद्वारा राजस्थान की)

प्रणाम मित्रो 🌹🌹🙏🙏

हिंदी सेवी संस्थाओं में साहित्य मंडल,नाथद्वारा ज़िला राजसमंद, राजस्थान का महत्वपूर्ण स्थान है। इसकी स्थापना सन् 1937 ई. में की गयी थी। इस संस्था ने हिन्दी के उन्नयन तथा हिंदी सेवियों को जोड़ने का स्तुत्य प्रयास किया है।त्रैमासिक पत्रिका 'हरसिंगार' के माध्यम से यह संस्था हिंदी की अभूतपूर्व सेवा कर रही है।प्रसिद्ध साहित्यकार श्री भगवती प्रसाद देवपुरा जी की स्मृति में उनके सुपुत्र श्री श्याम प्रकाश देवपुरा जी हिंदी तथा अन्य क्षेत्रीय भाषाओं के संवर्धन और उन्नयन का बहुत ही सार्थक प्रयत्न कर रहे हैं।उनके सदप्रयासों को सादर नमन।
संस्था द्वारा 14 फरवरी,2023 को श्री नाथद्वारा में आयोजित एक भव्य साहित्यिक कार्यक्रम में मुझे हिंदी देवनागरी में प्रकाशित हुए मेरे पहले ग़ज़ल संग्रह "दर्द का एहसास" के लिए श्री रणछोडलाल ठक्कर स्मृति सम्मान,2023 तथा हिंदी साहित्य मनीषी की मानद उपाधि से विभूषित किया गया।सम्मान स्वरूप मुझे उपाधि पत्र,शॉल,उत्तरी,मेवाड़ी पगड़ी,श्री नाथजी का प्रसाद एवम् छवि,नारियल,कंठ हार तथा नक़द धनराशि प्रदान की गई। इसके लिए मैं संस्था तथा इसके प्रधानमंत्री श्री श्याम प्रकाश देवपुरा जी का हार्दिक आभार प्रकट करता हूं।

पूज्य   पिता  का   कर  रहे,जग  में  ऊंचा नाम।
श्रीमन साधक श्याम जी,शत-शत तुम्हें प्रणाम।।
        ओंकार सिंह विवेक (सर्वाधिकार सुरक्षित)
श्री श्याम प्रकाश देवपुरा जी के साहित्य के प्रति अनुराग और उनके आतिथ्य भाव को देखकर दिल उनके प्रति श्रद्धा से भर गया।कार्यक्रम के एक सत्र में ब्रज भाषा कवि सम्मेलन में विद्वान साहित्यकारों की कथ्य और शिल्प की दृष्टि से सशक्त प्रस्तुतियां देखकर मन बहुत प्रसन्न हुआ।वहां हो रहे साहित्यिक विमर्श को देखकर अच्छा लगा कि ब्रज भाषा के संवर्धन को लेकर धरातल पर बहुत ही ठोस कार्य हो रहा है। ऐसे पावन कार्य हमें हमारी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के प्रति आश्वस्त करते हैं।
इस साहित्यिक यात्रा के बहाने मुझे विश्व प्रसिद्ध श्री नाथद्वारा मंदिर में श्री नाथ जी के दर्शन करने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ।
उल्लेखनीय है कि नाथद्वारा पुष्टिमार्गीय वैष्‍णव सम्‍प्रदाय की प्रधान (प्रमुख) पीठ है। यहाँ नंदनंदन आनंदकंद श्रीनाथजी का लगभग 337 वर्ष पुराना भव्‍य मन्‍दिर है जो करोड़ों वैष्‍णवों की आस्‍था का प्रमुख स्‍थल है। प्रतिवर्ष यहाँ देश-विदेश से लाखों वैष्‍णव श्रद्धालु आते हैं। 
इस साहित्यिक आयोजन में सहभागिता हेतु हमने जब अपने गृह नगर रामपुर से यात्रा प्रारंभ की तो रास्ते में कई सुखद अनुभव हुए जिन्हें आपके साथ साझा करना तो बनता ही है।
 ( ट्रेन की प्रतीक्षा में हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन दिल्ली पर)
इस यात्रा में मेरे साथ रामपुर उत्तर प्रदेश से रचनाकर अनमोल रागिनी चुनमुन और उत्तराखंड से गीता मिश्रा गीत और पुष्पा जोशी प्राकाम्य भी रहीं।रागिनी जी की सुपुत्री दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में अध्ययनरत हैं।वह हमारे लिए राजमा-चावल लेकर हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंची।सब ने बड़े प्रेम से भोजन ग्रहण किया और बिटिया से बहुत देर तक उसकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं को लेकर वार्तालाप किया।
शाम को हम सब लोग लगभग 12 घंटे के सफ़र के लिए मेवाड़ एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुए जिससे हमें मावली,राजस्थान पहुंचना था।
ट्रेन में हमें बहुत ही मिलनसार भाई श्री राहुल जी और कोटा के बहुत ही हंसमुख स्वभाव के भाई श्री अशोक जैन जी मिले।इन लोगों के साथ बहुत ही आत्मीयता पूर्ण बातें करते हुए सफ़र कब समाप्त हो गया कुछ पता ही नहीं चला।
उन लोगों ने हमसे रचनापाठ का भी अनुरोध किया जिसे   कोई भी टाल नहीं सका। दोनों ही सज्जनों ने हम सब की रचनाओं को बहुत सराहा जिससे बहुत उत्साहवर्धन हुआ।उन लोगों से विदा लेते वक्त किसी मशहूर शायर का यह शेर अनायास ही होठों पर आ गया
   कितने हसीन लोग थे जो मिलके एक बार,
   आंखों में जज़्ब हो गए दिल में समा गए।
                                           अज्ञात
     (दिल्ली से मावली तक ट्रेन यात्रा के दौरान मिले मस्तमौला स्वभाव के धनी कोटा के भाई अशोक जैन जी)

मावली जंक्शन पहुंचने पर हमें साहित्य मंडल श्री नाथद्वारा, जो वहां से लगभग 28 किलोमीटर दूर है,ले जाने के लिए मंडल की बस तैयार खड़ी मिली।बस में देश के कई प्रांतों से आए साहित्यकार मौजूद थे।सभी साहित्यिक विचार-विमर्श करते हुए लगभग आधे घंटे में श्री नाथद्वारा पहुंच गए।
कार्यक्रम स्थल पर शानदार तैयारियां और अनुशासित संचालन देखकर मन बहुत प्रसन्न हुआ।श्री श्याम प्रकाश देवपुरा जी और उनकी टीम का तालमेल और समर्पित सेवा भाव देखते ही बनता था।यों तो मैंने राष्ट्रीय स्तर पर बहुत से साहित्यिक आयोजनों में सहभागिता की है परंतु यहां का प्रबंधन बेजोड़ कहा जा सकता है।
ओंकार सिंह विवेक
(सर्वाधिकार सुरक्षित)

February 12, 2023

एक साहित्यिक विमर्श

प्रणाम मित्रो 🌹🌹🙏🙏


कल दिनांक 11फरवरी,2023 को रामपुर के एक अच्छे ग़ज़लकार भाई सुरेंद्र अश्क रामपुरी जी का फोन आया कि आज भाई राजवीर सिंह राज़ (उदीयमान ग़ज़लकार) के यहां चलकर बैठते हैं।कुछ साहित्यिक विमर्श और एक काव्य गोष्ठी/शेरी नशिस्त का विचार है।इस नेक और अपनी रुचि के कार्यक्रम के लिए भला मैं कैसे मना कर सकता था। कुछ ही देर में हम लोग राजवीर सिंह जी के यहां पहुंच गए। काफ़ी देर तक एक दूसरे के घर-परिवार की कुशल क्षेम पूछने के बाद बात साहित्यिक गतिविधियों पर आकर टिक गई।
हम तीनों ही लोग इस बात पर सहमत नज़र आए कि साहित्य भी समाज सेवा का एक माध्यम है अत: इस तरह के क्रियाकलापों  में आपसी गुटबाज़ी या तंग नज़रिए का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। एक ही शहर में कई साहित्यिक मंच हो सकते हैं परंतु उनमें आपसी वैमनस्य बिल्कुल नहीं होना चाहिए।शहर में साहित्यिक गतिविधियों में पारदर्शिता का पालन करते हुए एक दूसरे के मंचों के कार्यक्रम में खुले दिल से हिस्सेदारी करनी चाहिए और साल में एक बार सभी को सामूहिक रूप से भी कोई बड़ा साहित्यिक आयोजन करना चाहिए।ऐसा करने से इस क्षेत्र में इन मंचों से जुड़े हर साहित्यकार को बड़े स्तर पर अपनी  पहचान बनाने के अधिक अवसर मिलने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। इस महत्पूर्ण विषय पर आम राय से यह तय हुआ कि शहर के सभी साहित्यिक मंचों के पदाधिकारियों से इस विषय पर वार्तालाप किया जाना चाहिए। मानना या न मानना लोगों पर निर्भर करता है परंतु पहल तो की ही जा सकती है।इससे सही अर्थों में साहित्यिक गतिविधियों को विस्तार मिलेगा।
इस बीच मेज़बान राजवीर सिंह जी के परिजनों द्वारा उत्तम जलपान की व्यवस्था भी कर दी गई।जलपान के पश्चात एक सुंदर काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया ।
गोष्ठी में सरस्वती वंदना के पश्चात काव्य पाठ करते हुए भाई राजवीर सिंह राज़ ने कहा :
कल मरा मुखिया बड़ा घर में रुदन था,
आज पंचायत बिठाई जा रही है।

है तो जस की तस ही लेकिन आंकड़ों में,
खूब महंगाई घटाई जा रही है।

अपने जदीद शेरों के लिए पहचाने जाने वाले भाई सुरेंद्र अश्क रामपुरी जी ने अपना कलाम कुछ यूं पेश किया :
मौत हक़ है सभी को आएगी,
ज़िंदगी कब तलक बचाएगी।
मौत के साथ चैन आएगा,
ज़िंदगी उम्र भर सताएगी।

कार्यक्रम के अंत में मैंने भी अपने कुछ अशआर पेश किए :
 कैसे कहें कुसूर हवा का नहीं रहा,
अब एक भी दरख़्त पे पत्ता नहीं रहा।

इक दूसरे पे जान छिड़कते थे रात-दिन,
अब भाइयों के बीच में रिश्ता नहीं रहा।

कार्यक्रम के अंत में मेज़बान भाई राजवीर सिंह राज़ ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शीघ्र ही अगले आयोजन में मिलने की बात कहते हुए सभा-विसर्जन की ।
प्रतुतकर्ता : ओंकार सिंह विवेक 

February 10, 2023

मुरादाबाद मंडल की साहित्यिक विरासत को संरक्षित करते पत्रकार, शोधकर्ता तथा साहित्यकार भाई(डॉo) मनोज रस्तौगी जी

मुरादाबाद मंडल की साहित्यिक विरासत को संरक्षित करते पत्रकार और साहित्यकार भाई(डॉo) मनोज रस्तौगी जी
************************************************
बुधवार दिनांक 8 फरवरी,2023 को मुरादाबाद के साहित्यकार/साहित्यिक शोधकर्ता/पत्रकार भाई (डॉo)मनोज रस्तौगी जी का मेरे निवास पर आना हुआ।चाय पर परिवार और बच्चों के कैरियर आदि को लेकर हुई चर्चा के बाद विमर्श साहित्यिक विषयों पर केंद्रित हो गया। उनसे मुरादाबाद मंडल के साहित्यकारों के योगदान और उनकी कृतियों के संरक्षण को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई। मुरादाबाद मंडल में ऐसे कई साहित्यकार गुज़रे हैं जिनका समाज के लिए बहुत बड़ा साहित्यिक योगदान रहा है परंतु किन्हीं कारणों वश उनके योगदान का यथोचित मूल्यांकन नहीं हो पाया।इस कारण साहित्य जगत में ऐसे लोगों को वह स्थान नहीं मिल पाया जिसके वे अधिकारी रहे हैं। श्री मनोज जी मंडल के ऐसे गुमनाम साहित्यकारों के साहित्यिक अवदान को सामने लाने का निरंतर प्रयास कर रहे हैं।मनोज जी को ऐसे साहित्यकारों और उनके परिवारों के बारे में जहां से भी जानकारी उपलब्ध हो जाती है वे परिजनों/साहित्यकारों से भेंट करने पहुंच जाते हैं। साहित्यकारों/परिजनों से साक्षात्कार करते हैं तथा उनके साहित्यिक सृजन को अपने साहित्यिक ब्लॉग और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से सबके सामने लाते हैं। मनोज रस्तौगी जी के  इस जज़्बे और जुनून की जितनी भी तारीफ़ की जाए वह कम है।
साहित्यिक चर्चा के दौरान उन्होंने अपने मिशन की इस कड़ी में मुझसे रामपुर के साहित्यकार स्मृतिशेष लाल किरण जी के बारे में जानकारी की और उनके घर चलने का आग्रह किया।
कुछ ही देर में हम लोग स्मृतिशेष किरण जी के परिजनों के बीच थे।मैंने स्मृतिशेष किरण जी के परिजनों से मनोज जी का परिचय कराया और उनके मिशन के बारे में बताया।परिजन उनसे मिलकर अत्यंत प्रसन्न हुए।मनोज जी ने परिजनों को बताया कि श्री हीरालाल जी ने उन्हें टैगोर शिशु निकेतन रामपुर में पढ़ाया था। जब किरण जी मुरादाबाद जाया करते थे तो साहित्यकार दिग्गज मुरादाबादी के साथ उनके घर ही ठहरा करते थे।यह सुनकर  स्मृतिशेष हीरा लाल किरण जी के परिजनों के ह्रदय उनके प्रति श्रद्धा से भर उठे।
बताता चलूं कि स्मृतिशेष किरण जी से  से मेरा भी बहुत आत्मीय रिश्ता रहा।उनके द्वारा संचालित साहित्यिक मंच गुंजन की गोष्ठियों में मेरा बहुत जाना हुआ करता था।किरण जी नए साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने वाले बहुत ही विनम्र इंसान थे। 
मनोज जी ने काफ़ी देर तक किरण जी के परिजनों से बातचीत की और अपने संस्मरण साझा किए। परिजनों ने उन्हें स्मृतिशेष किरण जी द्वारा रचित पुस्तकें भेंट करते हुए उनका आभार प्रकट किया।
मैनें भी अपने हिंदी देवनागरी में प्रकाशित हुए पहले ग़ज़ल संग्रह "दर्द का एहसास" की कुछ प्रतियां उनके पुस्तकालय/शोधालय हेतु भेंट कीं।
 --- ओंकार सिंह विवेक 

February 9, 2023

अविस्मरणीय पल

प्रणाम मित्रो 🌹🌹🙏🙏

भारतीय धरोहर संस्था भारत के परंपरागत ज्ञान और वैज्ञानिक ज्ञान आदि पर नवीन शोध तथा संरक्षण को लेकर बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।जिन शोधों और अनुसंधानों का श्रेय लेने की होड़ आज यूरोपीय देशों और अमरीका आदि में लगी हुई है वे भारत भूमि पर प्राचीन काल में ही होते रहे हैं।भारतीय धरोहर संस्था भारतवर्ष की उसी गौरवशाली धरोहर को लोगों के सामने लाने का प्रशंसनीय कार्य कर रही है।इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संस्थान विद्वानों एवं वैद्यों के सान्निध्य में ‘भारतीय धरोहर' पत्रिका का प्रकाशन भी करता है।
सोमवार दिनांक 6 फरवरी,2023 को सपत्नीक भारतीय धरोहर के प्रकृति परीक्षण केंद्र, सेक्टर 34 नोएडा जाना हुआ।केंद्र पर प्रतिदिन योग्य वैद्यों द्वारा साध्य और असाध्य रोगों की आयुर्वेद द्वारा चिकित्सा और परामर्श की उत्तम व्यवस्था है। हमने भी यहां कुछ चिकित्सीय परामर्श किया। यहां प्रतिदिन "पंचकर्म" (आयुर्वेद में बताई गई शरीर शोधन की क्रियायें) आदि की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।केंद्र में कार्यरत श्री प्रवीण शर्मा जी से वर्ष 1980 के आसपास (जब वह रामपुर में अध्ययनरत थे) से मित्रता रही है।काफ़ी दिन बात उनसे मिलकर बहुत अच्छा लगा। प्रवीन जी ने केंद्र में कार्यरत स्टाफ से बहुत गर्मजोशी के साथ हमारा परिचय कराया। सभी के आत्मीयता पूर्ण व्यवहार ने बहुत प्रभावित किया।प्रवीन जी और उनके सहकर्मियों से पुराने दिनों को याद करके बहुत देर तक बातें होती रहीं। 

इस अवसर पर सम्पादक-भारतीय धरोहर एवं हिन्दू विश्व पत्रिका श्री विजय शंकर तिवारी जी तथा श्री प्रवीण शर्मा जी को मैंने अपने प्रथम ग़ज़ल संग्रह "दर्द का एहसास" की प्रतियां भी भेंट कीं।
अवसर पर लिए गए छाया चित्र साथ संलग्न हैं 



-------ओंकार सिंह विवेक 
साहित्यकार/समीक्षक/कॉन्टेंट राइटर तथा ब्लॉगर 

February 8, 2023

लो आया मदमाता फागुन

साथियो नमस्कार 🙏🙏🌹🌹

फागुन का महीना प्रारंभ हो गया है। प्रकृति और परिवेश खिला-खिला और मस्ती बढ़ाने वाला हो गया है।इस मौसम की मादकता का कवियों ने भी काव्य की विभिन्न विधाओं में बड़ा मस्त चित्रण किया है।

इस मौसम को लेकर मुझसे भी अनायास एक कुंडलिया छंद का सृजन हो गया जिसे आपके साथ साझा कर रहा हूं। प्रतिक्रिया से अवश्य ही अवगत कराएं 🙏🙏

फागुन माह प्रारंभ होने पर
*********************
 कुंडलिया : ओंकार सिंह विवेक 

फागुन आते  ही  खिले,खेत  और  खलिहान।
हवा  सुगंधित  हो   गई, महक  उठे  उद्यान।।
महक   उठे   उद्यान, कोकिला   राग   सुनाए।
लख-लखकर यह दृश्य,सभी के मन हरषाए।।
गाएँ  हम भी फाग ,लगी  है केवल  यह   धुन।
आया  जबसे  द्वार, सखे   मदमाता   फागुन।।
                ----ओंकार सिंह विवेक
       ( सर्वाधिकार सुरक्षित) 
 चित्र गूगल से साभार 

February 5, 2023

काम का भी ठिकाना नहीं है

शुभ प्रभात मित्रो 🌹🌹🙏🙏

आज कई दिन बाद एक ग़ज़ल हुई।एक प्रतिष्ठित साहित्यिक समूह में एक मिसरा दिया गया था जिस पर ग़ज़ल कहनी थी। मैंने भी कोशिश की और शारदे के आशीष से ग़ज़ल हो गई जो आपकी प्रतिक्रिया हेतु साझा कर रहा हूं

मिसरा -- साथ जिसके ज़माना नहीं है
2 12 212 212 2

ग़ज़ल : ओंकार सिंह विवेक
©️
काम  का  भी   ठिकाना  नहीं  है,
और  घर   में  भी  दाना  नहीं  है।

है  यही  दुख  अवध  वासियों को,
राम  का   राज   आना   नहीं  है।  

कह  रही  है  धमक  बादलों  की,
धूप  को   मुँह  दिखाना  नहीं  है।   
©️
जब तलक मश्क़ होगी न जमकर, 
रंग   शेरों    में   आना   नहीं   है।

आज़माइश  में  रखते हो कितनी,
यार    ये     दोस्ताना    नहीं   है।

कह  दिया  माँ ने  बेटे से आख़िर,
छोड़कर   गाँव   जाना  नहीं   है।

गढ़  ही  लेंगे  वो   सौ-सौ  बहाने,
जिनको मिलना-मिलाना  नहीं है।
     ©️-- ओंकार सिंह विवेक

सर्वाधिकार सुरक्षित  : ओंकार सिंह विवेक 

February 3, 2023

प्रथमा यू पी ग्रामीण बैंक सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण समिति की रामपुर में बैठक संपन्न

शुभ प्रभात मित्रो 🌹🌹🙏🙏

संगठन में ही शक्ति निहित होती है यह बात हम बाल्यकाल से ही एक नीति कथा के माध्यम से जानते-पढ़ते और सीखते आ रहे हैं।कथा कुछ इस प्रकार है :
"एक किसान के पुत्र जब युवा हो गए तो उसने उन्हें अपने पास बुलाकर पहले एक-एक लकड़ी अलग-अलग देकर तोड़ने के लिए कहा।सभी बेटों ने अपनी-अपनी लकड़ी को आसानी से तोड़ दिया।बाद में उसने लकड़ियों का गट्ठर बनाकर दिया और उन्हें बारी-बारी से या सामूहिक प्रयास द्वारा उस गट्ठर को तोड़ने के लिए कहा।भरसक प्रयास करके भी वे उस लकड़ी के गट्ठर को नहीं तोड़ पाए।
इसका सार समझाते हुए किसान ने बेटों से कहा कि यदि तुम लोग भी अलग -अलग रहोगे तो कोई भी आसानी से तुम्हें परास्त कर देगा और यदि लकड़ियों के इस गट्ठर की तरह एक साथ रहोगे तो कोई भी कभी नहीं हरा पाएगा।लड़कों को एकता/संगठन का महत्व समझ आ चुका था।"

संगठन के महत्व को बताने के लिए इससे अच्छा कोई और उदाहरण नहीं हो सकता। अपनी एकता और संगठन की शक्ति को प्रदर्शित करते हुए प्रथमा यू पी ग्रामीण बैंक सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण समिति के तत्वावधान में 2 फरवरी ,2023 को रामपुर के मंथन रेस्टोरेंट में समिति की स्थानीय इकाई के कुशल संयोजन में बैंक के सेवानिवृत्त साथियों की एक शानदार बैठक का आयोजन किया गया।

           (बैठक में उपस्थित सेवानिवृत्त साथीगण)      
बैठक में ख़ासी तादाद में रुद्रपुर,बिलासपुर और रामपुर के साथियों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई।बैठक में मुरादाबाद से समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार तोमर तथा महासचिव इरफ़ान आलम ने उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। बैंक के रामपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक विश्नोई जी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए श्री विश्नोई जी ने कहा कि व्यक्ति के पद और पदस्थान भले ही बदल जाएं परंतु आदमी को कभी नहीं बदलना चाहिए।उन्होंने आश्वस्त किया कि सेवानिवृत्त साथियों का उनके स्तर पर जो भी काम होगा उसका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
         (क्षेत्रीय प्रबंधक विश्नोई जी का संबोधन)
साथियों को संबोधित करते हुए इरफ़ान आलम साहब ने कहा कि सेवानिवृत्त साथियों को जागरूक करने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए।हम संगठित रहकर ही अपने मुद्दों की ओर विभाग के ज़िम्मेदार उच्च अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कर सकते हैं।
उन्होंने साथियों से अपनी वार्षिक सदस्यता राशि को अपडेट रखने और नए साथियों से सदस्यता ग्रहण करने की अपील की।
     (समिति के महासचिव इरफ़ान आलम का संबोधन)

बैठक को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार तोमर ने कहा कि हम सब को चाहिए कि सेवाकाल में पद और विचारों को लेकर रहे मतभेदों को भुलाकर संगठन को मज़बूत बनाएं।इसी में सबकी भलाई है।उन्होंने कुछ सेवानिवृत्त साथियों और दिवंगत साथियों के कोर्ट में चल रहे मुकदमों की  वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया।उन्होंने इस बात पर संतोष प्रकट किया कि बैंक प्रबंधन द्वारा रिटायरीज के लंबित मुद्दों का संज्ञान लेकर निस्तारण किया जा रहा है।  यह संगठन की एकता और शक्ति का परिचायक है।      
     (समिति के अध्यक्ष अनिल तोमर जी का संबोधन साथ में समिति के स्थानीय सचिव ए एम ख़ान)

        (कार्यक्रम के संचालन का अवसर मुझे प्राप्त हुआ) 
बैंक के बहुत वरिष्ठ सेवानिवृत्त साथी रामवीर सिंह यादव ने कहा कि संगठन की शक्ति को बढ़ाने के लिए साथियों को तन मन और धन से आगे आना चाहिए।उन्होंने समिति की आगामी बैठक अपने निवास पर आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा।

   (वरिष्ठ सेवानिवृत्त साथी रामवीर सिंह यादव का संबोधन) 
 कार्यक्रम में अध्यक्ष श्री अनिल कुमार तोमर द्वारा  स्थानीय 
 इकाई के गठन की घोषणा भी की गई।अंत में स्थानीय सचिव ए एम ख़ान और कोषाध्यक्ष फ़कीर चंद द्वारा सभी का आभार प्रकट किया गया।सभा के अंत में दिवंगत साथियों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण करके सभा के विसर्जन की घोषणा की गई।
मैं अपने इस दोहे के साथ वाणी को विराम देता हूं : 
रहे अगर हम संगठित, सुनी जाएगी बात।
वरना  सुधरेंगे  नहीं, मित्रो  कुछ हालात।।
               ----ओंकार सिंह विवेक 




Featured Post

साहित्यिक सरगर्मियां

प्रणाम मित्रो 🌹🌹🙏🙏 साहित्यिक कार्यक्रमों में जल्दी-जल्दी हिस्सेदारी करते रहने का एक फ़ायदा यह होता है कि कुछ नए सृजन का ज़ेहन बना रहता ह...