September 20, 2021

कविसम्मेलन व साहित्यकार सम्मान समारोह

पल्लव काव्य मंच रामपुर,उ0प्र0 द्वारा कवि सम्मेलन
एवं साहित्यकार सम्मान समारोह का आयोजन
**********************************

हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत पल्लव काव्य मंच रामपुर द्वारा दिनाँक 19 सितंबर,2021 रविवार को मायादेवी धर्मशाला ज्वालानगर,रामपुर में एक भव्य कवि सम्मेलन एवं साहित्यकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में ऋषिकेश ,उत्तराखंड से पधारे संत बाबा कल्पनेश जी की अध्यक्षता में कवि सम्मेलन हुआ जिसके संचालन का अवसर मुझे प्राप्त हुआ।कवि सम्मेलन में उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड से पधारे पच्चीस साहित्यकारों ने मातृभाषा हिंदी और सामाजिक सरोकारों को लेकर  रचित अपनी सुंदर रचनाओं से उपस्थित गणमान्य लोगों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में पहले "हिंदी- वर्तमान में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर दशा "  विषय पर एक परिचर्चा सम्पन्न हुई।परिचर्चा में हिंदी के तीन मूर्धन्य विद्वानों डॉ0 किश्वर सुल्ताना साहिबा, डॉ0 अरुण कुमार तथा डॉ0 कैलाश चंद्र दिवाकर द्वारा  बहुत ही  सार्थक  विचार व्यक्त किए गए।परिचर्चा के उपरांत चुने हुए स्थानीय एवं बाहर से पधारे साहित्यकारों को उनकी साहित्यिक सेवाओं हेतु अंगवस्त्र ,स्मृति चिन्ह व सम्मान पत्र प्रदान करके सम्मानित किया गया।इस सत्र में मुझे भी पल्लव काव्य मंच के व्हाट्सएप्प पटल पर आयोजित होने वाली ग़ज़ल कार्यशाला में समीक्षक के रूप में योगदान करने के लिए "पल्लव काव्य भारती सम्मान" देकर सम्मानित किया गया।इस सत्र का संचालन खटीमा ,उत्तराखंड के साहित्यकार भाई रामरतन यादव द्वारा किया गया।कार्यक्रम के अंत में पल्लव काव्य मंच के संस्थापक आदरणीय श्री शिवकुमार शर्मा चंदन द्वारा सभी आगंतुकों का मंच की और से आभार प्रकट किया गया।
इस अवसर के कुछ छाया चित्र संलग्न हैं-

September 11, 2021

याद फिर उनकी दिलाने पे तुली है दुनिया

ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710

©️
याद  फिर  उनकी  दिलाने  पे  तुली है दुनिया,
चैन  इस  दिल  का  मिटाने पे तुली है दुनिया।

चोर  को   शाह  बताने   पे   तुली   है  दुनिया,
अपना  मेयार   घटाने   पे   तुली   है   दुनिया।

चंद  सिक्कों   के  लिए  बेचके ईमान - धरम,
"रात - दिन पाप  कमाने  पे  तुली  है दुनिया।"

अपने  आमाल  पे  तो  ग़ौर  नहीं करती कुछ,
बस   मेरे   ऐब   गिनाने  पे  तुली   है  दुनिया।

ख़ास  मतभेद   नहीं   उसके  मेरे  बीच, मगर-
सांप  रस्सी   का   बनाने   पे  तुली  है  दुनिया।

क्यों यूँ नफ़रत की हवाओं की हिमायत करके,
प्यार   के   दीप   बुझाने   पे   तुली  है  दुनिया।
             ---©️ ओंकार सिंह विवेक


August 23, 2021

सभी को हमसे दिक़्क़त हो गई है

ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710
  ©️
हमें   सच  से  क्या  रग़बत  हो गई  है,
सभी  को  हमसे  दिक़्क़त  हो  गई है।

कभी होती  थी  जन सेवा का साधन ,
सियासत  अब   तिजारत  हो  गई  है।

हमें  लगता  है  कुछ  लोगों  की  जैसे,
उसूलों    से    अदावत    हो   गई   है।
©️
सहे   हैं    ज़ुल्म    इतने   आदमी   के,
नदी    की   पीर   पर्वत   हो   गई   है।

निकाला करते  हो  बस नुक़्स सब में,
तुम्हारी   कैसी   आदत   हो   गई   है।

हसद   रखते   हैं   जो   हमसे  हमेशा,
हमें   उनसे  भी  उल्फ़त   हो  गई  है।

हुए   क्या   हम   रिटायर   नौकरी  से,
मियाँ  फ़ुरसत  ही  फ़ुरसत  हो गई है।
           ---   ©️ओंकार सिंह विवेक

August 22, 2021

क्या बतलाएँ दिल को कैसा लगता है

ग़ज़ल***ओंकार सिंह विवेक
©️
क्या  बतलाएँ दिल को कैसा  लगता  है,
बदला-सा जब उनका लहजा लगता है।

रोज़  पुलाव  पकाओ आप ख़यालों के,
इसमे   कोई    पाई - पैसा   लगता   है।

मजबूरी  है  बेघर  की, वरना  किसको-
फुटपाथों  पर  सोना  अच्छा  लगता है।
©️
तरही   मिसरे   पर  इतनी  आसानी  से,
तुम ही बतलाओ क्या मिसरा लगता है।

आज  किसी ने की है  शान में गुस्ताख़ी,
मूड  हुज़ूर  का उखड़ा-उखड़ा लगता है।

चहरे   पर   मायूसी , आँखों   मे  दरिया,
तू भी मुझ-सा वक़्त का मारा लगता है।

बाल  भले  ही  पक जाएँ उसके,लेकिन-
माँ - बापू   को   बेटा  बच्चा  लगता  है।
             ----©️ओंकार सिंह विवेक

August 1, 2021

हाँ, जीवन नश्वर होता है

ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710
©️ 
हाँ , जीवन   नश्वर   होता   है,
मौत का फिर भी डर होता है।

शेर   नहीं   होते  हफ़्तों   तक,
ऐसा  भी    अक्सर   होता  है।

बारिश  लगती  है  दुश्मन-सी ,
टूटा    जब    छप्पर   होता  है।

उनका  लहजा  ऐसा   समझो ,
जैसे    इक   नश्तर   होता   है।

जो    घर   के   आदाब   चलेंगे,
दफ़्तर    कोई    घर   होता   है।

देख लियाअब हमने,क्या-क्या,
संसद    के   अंदर     होता   है।
--   ©️  ओंकार सिंह विवेक





July 25, 2021

गुलों में ताज़गी आए कहाँ से

ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
दिनाँक- 24.07.2021

चित्र--गूगल से साभार
©️
चमन   है   रूबरू  पैहम    ख़िज़ाँ  से,
गुलों    में   ताज़गी   आए   कहाँ   से।

धनी  समझे  थे  जिसको बात का हम,
लो  वो  भी  फिर गया अपनी ज़ुबाँ से।

मज़ा  आएगा   थोड़ा  अब  सफ़र  का,
हुआ   है    रास्ता   मुश्किल   यहॉं   से।

कहीं   बरसा    नहीं    दो    बूँद   पानी,
कहीं   बरसी   है  आफ़त  आसमाँ  से।

हो  जिससे  और  को  तकलीफ़  कोई,
कहा  जाए   न   ऐसा  कुछ   ज़ुबाँ  से।

कभी   खिड़की   पे  आती  थी चिरैया,
सुना  करता  हूँ   मैं   यह  बात  माँ  से।
        ---©️ ओंकार सिंह विवेक

July 18, 2021

सुना करता हूँ मैं यह बात माँ से

दोस्तो नमस्कार🙏🏻🙏🏻
यों तो सृष्टि में जो कुछ भी विद्यमान है वह सब कुछ
हर आदमी की नज़र से गुज़रता है परंतु एक कवि या 
साहित्यकार दुनिया की हर छोटी-बड़ी चीज़ को एक अलग 
ही नज़रिए से देखता है।इसी तथ्य को ध्यान में रखकर आप
मेरे द्वारा ग़ज़ल में पिरोए गए  गुलसिताँ, ख़िज़ाँ, आसमाँ,
ज़ुबाँ और माँ आदि शब्दों का आनंद लें--

ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710
©️
यूँ   ही   थोड़ी  गई   वो  गुलसिताँ   से,
लड़ी   है   जंग  फूलों  ने   ख़िज़ाँ    से।

धनी  समझे  थे  जिसको बात का हम,
लो  वो  भी  फिर गया अपनी ज़ुबाँ से।

मज़ा  आएगा   थोड़ा  अब  सफ़र  का,
हुआ   है    रास्ता   मुश्किल   यहॉं   से।

कहीं   बरसा    नहीं    दो    बूँद   पानी,
कहीं   बरसी   है  आफ़त  आसमाँ  से।

हो  जिससे  और  को  तकलीफ़  कोई,
न  ऐसा  लफ़्ज़  इक  निकले  ज़ुबाँ से।

कभी   खिड़की   पे  आती  थी चिरैया,
सुना  करता  हूँ   मैं   यह  बात  माँ  से।
        ---©️ ओंकार सिंह विवेक

July 16, 2021

तो गुज़रेगी क्या सोचिए रौशनी पर


ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710
©️
सभी   फ़ख़्र   करने   लगें  तीरगी  पर,
तो  गुज़रेगी क्या सोचिए  रौशनी पर।

सर-ए-आम ईमान  जब  बिक रहे हों,
तो कैसे भरोसा  करें  हम  किसी पर।

सुनाते   रहे    मंच    से    बस  लतीफ़े,
न आए वो आख़िर तलक शायरी पर।

अलग  दौर  था  वो,अलग था ज़माना,
सभी  नाज़  करते   थे जब दोस्ती पर।

न  रिश्वत  को  पैसे, न कोई सिफ़ारिश,
रखेगा  तुम्हें   कौन  फिर  नौकरी  पर।

किसी ने कभी उसकी पीड़ा न समझी,
सभी  ज़ुल्म  ढाते   रहे  बस  नदी  पर।

बहुत   लोग  थे  यूँ  तो  पूजा-भवन  में,
मगर ध्यान कितनों का था आरती पर?
          ---- ©️  ओंकार सिंह विवेक

July 15, 2021

माननीय अटल जी को समर्पित कुछ दोहे

अटल जी की स्मृति में कहे गए कुछ दोहे
*******************************
             ---©️  ओंकार सिंह विवेक
🌷
 नैतिक  मूल्यों  का किया ,सदा मान-सम्मान।
 दिया अटल जी ने नहीं ,ओछा कभी बयान।।
🌷
 विश्व मंच  पर  शान  से , अपना  सीना  तान।
 अटल बिहारी ने  किया, हिंदी  का यशगान।।
🌷
 राजनीति  के  मंच  पर , छोड़ अनोखी  छाप।
 सब के दिल में बस गए,अटल बिहारी आप।।
🌷
 चलकर पथ पर सत्य के,किया जगत में नाम।
 अटल बिहारी आपको,शत-शत बार प्रणाम।।                           ।।
🌷
              ------©️  ओंकार सिंह विवेक

July 12, 2021

राष्ट्रीय कवि गोष्ठी-संस्कार भारती वाराणसी

11/07/2021
हे राष्ट्र तुम्हारा अभिनंदन !
आज संस्कार भारती-वाराणसी (उ.प्र) द्वारा वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार डॉ प्रेरणा चतुर्वेदी के संयोजन में देशभक्तिपरक रचनाओं के साथ ऑनलाइन "राष्ट्रीय कवि गोष्ठी " आयोजित की गई ।
 इस राष्ट्रीय कवि गोष्ठी में उत्तर प्रदेश, बिहार ,नई दिल्ली, मेघालय, हिमाचल प्रदेश तथा मध्य प्रदेश राज्यों के 20 जिलों  से वरिष्ठ  एवं युवा रचनाकारों ने राष्ट्र को समर्पित रचनाओं का  पाठ किया ।
कार्यक्रम में मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) से श्रीमती सुधा गुप्ता,मा. विमलेश अवस्थी कानपुर (उ. प्र), डॉ अन्नपूर्णा श्रीवास्तव( पटना, बिहार ) ,ओंकार सिंह विवेक  (रामपुर, उ. प्र) ,प्रोफ़ेसर सुधा सिंहा (बिहार) ,डॉ. सपना चंदेल ,डॉ सुनीता जायसवाल (शिमला, हिमाचल प्रदेश ) ,डॉ सुषमा तिवारी (नोएडा, उ.प्र) ,अंजू भारती (नई दिल्ली) डॉ. आलोक सिंह (शिलांग, मेघालय) आदि ने देशभक्तिपरक काव्य पाठ किया।
इसके साथ ही 'राष्ट्रीय कवि गोष्ठी' में उत्तर प्रदेश -वाराणसी से ममता तिवारी, प्रीति जायसवाल, प्रयागराज से डॉ प्रतीक्षा दूबे, जौनपुर से खुशबू उपाध्याय, प्रवीणा दीक्षित झारखंड, मनीष मिश्रा -जहानाबाद ,ऋषि कुमार तिवारी- बिहार ,मीना परिहार- बिहार आदि ने वीर रस से ओत-प्रोत रचनाओं का  पाठ किया ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय सनातन दुबे जी ,क्षेत्र प्रमुख (उत्तर प्रदेश) ने कार्यक्रम में अपने आशीर्वचन देते हुए कहा कि-- 'संस्कार भारती' स्वतंत्रता प्राप्ति के 75 वर्ष पूरे होने पर 15 अगस्त 2021 से 15 अगस्त 2022 तक पूरे साल  राष्ट्र को समर्पित रचनाओं का संकलन और प्रसारण करेगी ।
इस कार्यक्रम में 'संस्कार भारती'- मानस गंगा  इकाई ,वाराणसी के अध्यक्ष श्री वेद प्रकाश जी भी उपस्थित रहे।

July 11, 2021

शहनाइयाँ अच्छी लगीं


ग़ज़ल---ओंकार सिंह विवेक
******************
फ़ाइलातुन    फ़ाइलातुन    फ़ाइलातुन    फ़ाइलुन

मौसमे - बरसात     की    तैयारियाँ   अच्छी   लगीं,
ख़ुश्क फ़सलों को घुमड़ती  बदलियाँ अच्छी लगीं।

ख़ुश   हुए  बस  दूसरों  की  ख़ामियों  को  देखकर,
कब  भला  उनको किसी की ख़ूबियाँ अच्छी लगीं।

पेट    कोई   दान    के   पकवान    से   भरता   रहा,
और  महनत  की  किसी  को  रोटियाँ अच्छी लगीं।

और  भी  जलने  का  उसमें  हौसला कुछ बढ़ गया,
दीप को इन  आँधियों  की  धमकियाँ  अच्छी लगीं।

हम   पड़ोसी    से   हमेशा    मेल    के    हामी   रहे,
कब  हमें  सरहद  पे  चलती  गोलियाँ अच्छी लगीं।

दुख  हुआ  तो  रुख़सती का हमको बेटी की,मगर-
फिर  भी  घर  में  गूँजती  शहनाइयाँ  अच्छी लगीं।
                                     ---–ओंकार सिंह विवेक
             सर्वाधिकार सुरक्षित

July 6, 2021

मानवीय सरोकार

दोस्तो काफ़ी दिन बाद आपसे फिर मुख़ातिब हूँ अपनी
मानवीय सरोकारों से जुड़ी एक ग़ज़ल लेकर--
 ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
©️ 
ये  आदमी  ने   यहाँ   कैसा  ज़ुल्म  ढाया  है,
तमाम  मछलियों  को  रेत  पर  ले  आया है।

कुचल  दिया   है   उन्हें  हौसले  के  बूते  पर,
जो  मुश्किलात  ने  जीवन  में  सर उठाया है,

सुना  रहा  है  वो  हमको  फ़क़त  लतीफ़े  ही,
अभी  तलक  भी  कोई  शेर  कब सुनाया है।

करें   न  शुक्र  अदा  क्यों   भला  दरख़्तों का,
इन्हीं   के   साए  ने   तो  धूप  से  बचाया   है।

है  कौन  हमसे अधिक और ख़ुशनसीब भला,
"तुम्हें   ख़ुदा    ने    हमारे    लिए   बनाया   है।

'विवेक' रब  की  इनायत-करम है ये मुझ पर,
जो सर पे आज तलक भी, पिता का साया है।
             ----    ©️   ओंकार सिंह विवेक



July 1, 2021

कच्चा घर नहीं होता

ग़ज़ल***ओंकार सिंह विवेक
  
फ़ाइलुन  मुफ़ाईलुन   फ़ाइलुन   मुफ़ाईलुन
©️ 
गर  हमारी क़िस्मत में कच्चा घर नहीं होता,
तो  हमें भी बारिश  का कोई डर नहीं होता।

चार दिन में हो जाए ज़िंदगी से जो रुख़सत,
ग़म का दौर इतना भी मुख़्तसर नहीं होता।

जाने  टूटकर  कबके  हम  बिखर  गए होते,
ज़िंदगी में  अपनों का  साथ गर नहीं होता।

वो  ही  रंज देते हैं , वो  ही  दिल दुखाते  हैं,
जिनसे चोट खाने  का कोई डर नहीं होता।

क्या  हमें  उजाले  की   नेमतें  मिली  होतीं,
आफ़ताब  जो  अपने काम  पर नहीं होता।

दूर  है  अभी  काफ़ी  इंतेख़ाब  का  मौसम,
रहनुमा  का  बस्ती  से  यूँ गुज़र नहीं होता।
             ----  ©️ ओंकार सिंह विवेक

June 21, 2021

Yoga Day Special

 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कुछ दोहे
  ***************************
                  ---ओंकार सिंह विवेक
©️ 
होता  है  इस  बात पर , हमें  गर्व  का  भान,
भारत  ने  संसार  को , दिया  योग का ज्ञान।

आदिकाल में देश  के, बालक- वृद्ध-जवान,
गुरुकुल जाकर योग का, लेते  थे नित ज्ञान।

जिसने शामिल कर लिया , दिनचर्या में योग,
उससे   घबराने  लगे ,  सभी  तरह  के  रोग।

घोर निराशा-क्रोध-भय,उलझन और तनाव,
योग  शक्ति  से  दूर  हों ,  ऐसे  सभी  दबाव।

तेग  बहादुर - सेमुअल , राम  और   रहमान,
सबके मुख पर योग से , खिलती है मुस्कान।

अगर करेंगे योग का ,प्रतिदिन हम अभ्यास,
भर  जाएगा एक दिन , जीवन  में  उल्लास।

कोरोना  के  काल  में ,करके  प्रतिदिन योग,
प्रतिरोधक क्षमता सतत, बढ़ा  रहे  हैं  लोग।
               ------ ©️  ओंकार सिंह विवेक 
                              

June 20, 2021

फादर्स-डे स्पेशल

आज पिता-दिवस पर पिता श्री
को समर्पित एक ग़ज़ल
********************
        ---- ओंकार सिंह विवेक
🌹
मफ़ऊ लु    मफ़ाईलु    मफ़ाईलु    फ़ऊलुन
©️ 
मेरी  सभी  ख़ुशियों  का  हैं आधार पिता जी,
और माँ के भी जीवन का हैं शृंगार पिता जी।
🌹
सप्ताह  में   हैं  सातों  दिवस  काम  पे  जाते,
जानें   नहीं  क्या  होता  है  इतवार पिता जी।
🌹
हालाँकि ज़ियादा  नहीं  कुछ आय के साधन,
फिर  भी  चला  ही लेते हैं परिवार पिता जी।
🌹
ख़ैरात   किसी   की  भी  गवारा  नहीं  करते,
है   फ़ख़्र   मुझे , हैं   बड़े  ख़ुद्दार   पिता  जी।
🌹
दुख  अपना  बताते  नहीं ,पर  सबका हमेशा,
ग़म   बाँटने   को  रहते  हैं  तैयार  पिता  जी।
🌹
दुनिया बड़ी ज़ालिम है , सजग हर घड़ी रहना,
समझाते  हैं  मुझको  यही  हर बार पिता जी।
🌹
ये  आपकी  ही सीख का है मुझ पे असर,जो-
विपदा  से   नहीं  मानता   मैं  हार  पिता  जी।
🌹
पीटो   मुझे   या   चाहे   कभी   कान  मरोड़ो,
हर  बात  का  है आपको अधिकार पिता जी।
🌹
सर  से  न   उठे  मेरे  कभी  आप  का  साया,
मिलता  रहे  बस  यूँ ही सदा  प्यार पिता जी।
🌹 
 ©️ ओंकार सिंह विवेक
  ----- 

June 14, 2021

दो बोल प्यार के

ग़ज़ल---ओंकार सिंह विवेक

©️


दो  बोल  जिसने  बोल  दिए  हँसके  प्यार के,
हम उसके होके रह गए इस दिल को हार के।

ये    नौजवान   कैसे   दिखाएँगे   फिर   हुनर,
अवसर   ही  जब  न  दोगे  इन्हें  रोज़गार के।

है   और   चंद  रोज़  की  महमान  ये  ख़िज़ाँ,
आएँगे   जल्द   लौटके   मौसम   बहार   के।

'कोविड'  के ख़ौफ़ में ही रहे वो भी मुब्तिला,
जो  थे  मरीज़  मौसमी  खाँसी - बुख़ार  के।

रहना  ही   है  'विवेक'  अभी  ये  ख़ुमार  तो,
आए  हैं  उनकी बज़्म में कुछ पल गुज़ार के।
©️ ---ओंकार सिंह विवेक

June 11, 2021

पुख़्ता तैयारी है

 ग़ज़ल**ओंकार सिंह विवेक
 
©️ 
बंद  भले   ही  सरहद  पर  अब  गोलीबारी  है, 
पर  हमसाये  की  साज़िश  वैसे  ही  जारी  है।

जान गए  कुछ देर की बारिश से ही लोग यहाँ,
टाउन  परिषद  की  कितनी पुख़्ता  तैयारी  है।

दस्तावेज़ों   में   चाहे    कुछ   भी  तहरीर  करें,
पर   यह   सच्चाई   है , दुनिया   में  बेकारी  है।

घटना में शामिल लोगों की जानिब से हर पल,
जाँच को भटकाने  की  पूरी कोशिश जारी है।

जान  नही  पाए  हैं  दुनिया  वाले  ये अब तक,
'कोविड' कोई साज़िश  है या फिर  बीमारी है।

तंग नज़रिया  रखने  वाले  लोगो , तुम अपनी-
सोच  बदलकर  देखो, दुनिया  बेहद प्यारी है।
©️                        ----ओंकार सिंह विवेक

 

June 3, 2021

समीक्षा : एक दुष्कर कार्य

बात साहित्य सृजन की आती है तो कथ्य-तथ्य-शिल्प-भाव-कला और शब्द-संयोजन जैसे शब्दों के साथ ही एक शब्द और है जो
मस्तिष्क में आता है।वह शब्द है समीक्षा ।आज नेट के इस युग में
सोशल मीडिया के अनेक मंचों जैसे ट्विटर,व्हाट्सएप्प और फेसबुक पर अनेक साहित्यिक ग्रुप्स चल रहे हैं जहाँ साहित्यकार
अपनी रचनाएँ पोस्ट करके अपने सृजन में निरंतर सुधार करने के साथ ही वाही-वाही भी लूट रहे हैं।
कुछ साहित्यिक पटल तो बहुत ही अच्छा स्तर बनाए हुए हैं।वहाँ बड़े -बड़े साहित्यिक बारीकियों के जानकार निरंतर अपनी रचनाएँ पोस्ट करते हैं और नए रचनाकारों की रचनाओं पर अपनी समीक्षात्मक टिप्पणियाँ भी देते हैं जिससे काफ़ी कुछ सीखने का अवसर प्राप्त होता है।मैं भी वरिष्ठ साहित्यकारों की ऐसी टिप्पणियों से अपने लेखन में निरंतर सुधार करता रहा हूँ।कई मंचों पर मुझे भी ग़ज़ल और दोहा विधा की रचनाओं की समीक्षा करने का अवसर प्राप्त होता रहा है।समीक्षा -कार्य निष्पादन के दौरान कई चीज़ें देखने में आती हैं।कुछ साहित्यकार तो समीक्षात्मक टिप्पणियों को सह्रदयता से लेते हुए तदनुसार अपनी रचना में परिवर्तन करके अपने लेखन में सुधार लाने का प्रयत्न करते हैं।दूसरी ओर कई साहित्यकार भी ऐसे होते हैं जिन्हें समीक्षक से केवल वाह वाह ! की टिप्पणी की ही आशा रहती है।वे सुझावात्मक अथवा आलोचनात्मक टिप्पणी को अन्यथा लेते हैं।इससे समीक्षक का तो कोई नुक़सान नहीं होता बल्कि उस रचनाकार की ही हानि होती है जो अनुभवी समीक्षक की बहुमूल्य टिप्पणी को नज़रअन्दाज़ करके अपने सृजन को निखारने से स्वयं को वंचित कर लेता है।
रचनाकार को चाहिए कि समीक्षक की टिप्पणी के प्रत्येक शब्द को ध्यान से पढ़कर उसके मर्म को समझे और उस पर सार्थक चर्चा करके अपने सृजन में धार और निखार लाए।
अपनी ही ग़ज़ल के एक मतले से बात समाप्त करता हूँ--

तीर  से  मतलब न  कुछ तलवार से,
हमको मतलब है क़लम की धार से।
            ----ओंकार सिंह विवेक🙏🙏

June 1, 2021

जब दिये ही नहीं जलाए हैं

नमस्कार मित्रो🙏🏻🙏🏻
सोचा काफ़ी दिन हो गए ,चलो साहित्यिक अभिव्यक्ति को  लेकर
कुछ बात की जाए।
यों तो आस-पास घटित हो रही तमाम घटनाओं और मन में चल रहे विचारों को लेकर एक साहित्यकार की प्रबल इच्छा रहती है कि वह उन भावों को अभिव्यक्ति दे।कुछ लोग /साहित्यकार अपनी रुचि और कौशल के अनुसार उन विचारों को कहानी ,लेख या निबंध के रूप में अभिव्यक्त करते हैं तो कुछ लोग काव्य रूप में।विचारों की अभिव्यक्ति साहित्य की किसी भी विधा में की जा सकती है परंतु उस विधा के शिल्प /व्याकरण विधान की पूरी जानकारी के साथ यदि हम कथ्य-तथ्य-भाव -शब्द चयन और संयोजन का पूरा ध्यान रखकर सृजन करेंगे तो निश्चित रूप से ऐसा सृजन लोगों के ऊपर गहरा और स्थायी प्रभाव छोड़ने में कामयाब होता है।
इन्हीं तथ्यों को ध्यान में रखकर सामाजिक विसंगतियों,विषमताओं और विरोधाभासों को लेकर मैंने एक ताज़ा ग़ज़ल कही है।पढ़कर
आप अपनी प्रतिक्रिया से अवगत कराएँगे, ऐसी आशा है।।  
          ,🙏🏻🙏🌷🌷ओंकार सिंह विवेक


May 21, 2021

अँधेरे से ही तो उजाला है

शुभ प्रभात मित्रों🙏🙏

शीर्षक पढ़कर आपको लगा होगा कि यह कैसी अटपटी-सी 
बात है।यदि हम गहराई से सोचें तो इस कथन के पीछे  छुपी 
सच्चाई समझ में आ जाएगी।जब व्यक्ति अँधेरों में घिरता है
तभी उसे प्रकाश का महत्व समझ आता है और वह दीप जलाने
की बात सोचकर उसके लिए प्रयास करता है।अगर अँधेरा न हो 
तो हम  दीप जलाने की बात क्योंकर सोचेंगे।अतः अँधेरा तो एक प्रकार से हमें दिये जलाने की प्रेरणा देता है,हमें इसका अहसानमंद
होना चाहिए।
यही बात जीवन में आने वाली तमाम विपदाओं और परेशानियों पर भी लागू होती है।हम परेशानियाँ उठाकर ही सुखों का महत्व
समझते हैं।दुःखों की कसौटी पर कसे जाने के उपरांत ही हमें सुखों में आनंद की अनुभूति होती है।
   ---ओंकार सिंह विवेक

May 17, 2021

दोहे : गंगा मैया

दोहे : गंगा माई
**********
     ----©️ ओंकार सिंह विवेक
💥
जटा   खोलकर  रुद्र   ने , छोड़ी  जिसकी  धार,
नमन   करें   उस   गंग   को ,  आओ   बारंबार।
💥
भूप   सगर   के   पुत्र   सब , दिए  अंततः   तार,
कैसे   भूलें   हम  भला ,  सुरसरि  का  उपकार।
💥
यों  तो  नदियों  का  यहाँ ,  बिछा  हुआ है जाल,
पर  गंगा  माँ - सी  हमें , मिलती  नहीं  मिसाल।
💥
मातु - सदृश   भी   पूजता , मैली   करता  धार,
गंगा - सॅंग   तेरा   मनुज , यह  कैसा  व्यवहार।
💥
दिन-प्रतिदिन  दूषित  करे , मानव उसकी धार,
पर  फिर   भी   आशा   रखे , गंगा   देगी  तार।
💥
आज   धरा   पर    देखकर , गंगा   का  संत्रास,
शिव जी  भी  कैलाश  पर , होंगे  बहुत  उदास।
💥
सच्चे  मन   से   प्रण  करें ,  हम   सब  बारंबार,
नहीं   करेंगे   अब  मलिन ,  देवनदी  की  धार।
💥
चला-चलाकर नित्यप्रति, अधुनातन अभियान,
स्वच्छ   करेंगे  गंग  को , मन  में  लें  हम  ठान।
💥
                        -----©️ ओंकार सिंह विवेक

April 24, 2021

गुलशन फिर मुस्काएगा

आज दुनिया को कोरोना वायरस ने बता दिया है की हथियारों या उपभोग के सामान के उत्पादन के बजाए जीवन रक्षक चीजों के उत्पादन और संरक्षण की ज़ियादा आवश्यकता है।अपनी इच्छा शक्ति,हिम्मत और सकारात्मकता को बढ़ाने की दिशा में भी इस विपदा ने हर व्यक्ति को सोचने को विवश किया है।जब जीवन बचाने में सब उपाय छोटे  पड़ते हैं तो आदमी के अंदर जीने की इच्छाशक्ति और विपदा से लड़ने की ताक़त को बनाए रखकर आशावादी बने रहना ही रामवाण सिद्ध होता है।
हर व्यक्ति,देश या सरकार एक सीमा तक ही किसी आपात स्थिति से निपटने की पूर्व तैयारियों से सज्जित होते हैं।यदि कोई आपदा यकायक ही विकराल रूप धारण कर ले तो संसाधनों या सुरक्षा उपायों की अपर्याप्तता का सामना तो करना ही पड़ता है। ऐसे में आवश्यक हो जाता है कि हम मात्र सिस्टम को ही दोष न दें अपितु अवसर की गंभीरता को समझते हुए जितना भी बन पड़े पीड़ितों और प्रभावित लोगों की मदद  करें और अपना मनोबल ऊँचा रखते हुए सबका आत्मविश्वास और हौसला बढ़ाने का वातावरण बनाने में अपना योगदान दें, यही मानवता की सबसे बड़ी सेवा होगी।
आज दुनिया जिस संकट से गुज़र रही है वह संकट बहुत जल्दी ही दूर होगा और  गुलशन फिर से पहले जैसा ही हँसे और मुस्काएगा इसी आशा और विश्वास के साथ--
ओंकार सिंह विवेक🙏🙏🌹🌹🌷🌷🇬🇳🇬🇳👍👍
चित्र--गूगल से साभार
🙏🌷🌹🙏
ओंकार सिंह विवेक

April 22, 2021

Positivity-Positivity And Positivity

सकारात्मकता-सकारात्मकता और सकारात्मकता

आज विश्वव्यापी वबा के कारण हम सब  में  ही भय व्याप्त है।
ऐसे में अपने ऊर्जा और आत्मविश्वास को बनाए रखने का एक 
ही उपाय है कि हम सकारात्मक बने रहें।सकारात्मक सोच से हम
निश्चय ही  इस संकट से पार पाने में कामयाब होंगे ।तो आइए इसी
उम्मीद के साथ कि यह बुरा वक़्त भी जल्दी ही गुज़र जाएगा,आनंद
लेते हैं नई ग़ज़ल का---
ओंकार सिंह विवेक

April 13, 2021

सत्ता के गलियारों में

ग़ज़ल----ओंकार सिंह विवेक
   मोबाइल 9897214710

रोज़ ख़बर छप जाया करती अपनी भी अख़बारों में,
पैठ   बना   लेते  जो  शासन- सत्ता  के गलियारों  में।

दख़्ल हुआ है नभ में जब से इस दुनिया के लोगों का,
इक  बेचैनी  सी  रहती  है  सूरज - चाँद -सितारों  में।

फुटपाथों  पर  चलने  वालों  का  भी  थोड़ा ध्यान रहे,
बेशक  आप  चलें  सड़कों  पर  लंबी - लंबी कारों में।

क्या बतलाऊँ उसने भी रंज-ओ-ग़म के उपहार दिए,
गिनती करता रहता था जिसकी अपने ग़मख़्वारों में।

दर्द  बयाँ  करती  है  वो  अब  मज़लूमों-मज़दूरों  का,
क़ैद  नहीं  है  आज  ग़ज़ल  ऊँचे  महलों-दरबारों  में।

भोली  जनता  भूल  गई,थे जितने शिकवे और गिले,
ऐसा   उलझाया   नेता   ने   लोकलुभावन   नारों  में।
                                        ----ओंकार सिंह विवेक

           (सर्वाधिकार सुरक्षित)


April 6, 2021

आओ टीका लगवाएँ : कोरोना को निबटाएँ

अभी कुछ दिन पहले तक लग रहा था कि हम कोरोना जैसी घातक बीमारी से जंग जीतने के आख़िरी चरण में पहुँच चुके हैं।परंतु पिछले कुछ दिनों से तेज़ी से बढ़ते कोरोना के केस देखकर लग रहा है कि हम पहले से भी कहीं ज़्यादा प्रचंड कोरोना की दूसरी लहर की चपेट में आ गए हैं।यह बहुत चिंता की बात है।इधर  देखने में आ रहा है कि लोग अब कोरोना को बहुत हल्के में लेने लग गए हैं।मास्क,दो गज दूरी और सेनेटाइजर और साफ-सफ़ाई के प्रति अचानक लोगों की उदासीनता ने कोरोना के ख़तरे को फिर से बढ़ा दिया है।इस दूसरी लहर में भारत में नौजवान पीढ़ी कोरोना से बहुत अधिक प्रभावित होती नजर आ रही है इसलिए बुज़ुर्गों के साथ ही नौजवानों को ख़ासतौर पर सावधानी बरतने की ज़रूरत है।हम सब को यह समझने की ज़रूरत है कि कोरोना का ख़तरा अभी टला नहीं है वरन एक नए स्ट्रेन के रूप में और बड़ी तैयारी के साथ हमारे सामने खड़ा है।हमें सावधानी रखते हुए इसे हराने के फिर से प्रण करना है।अतः सभी से अनुरोध है कि सरकार द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइंस का पालन करें और अपनी सेहत का ख़्याल रखें।
भारत के वैज्ञानिकों और चिकित्सकों ने कोरोना वैक्सीन का निर्माण करके विश्व को अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और असाधरण  प्रतिभा का परिचय दिया है।अतः हमारा दायित्व है कि हम देश के वैज्ञानिकों को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दें और कोरोना के विरुद्ध अपनी प्रतिरोधक क्षमता को विकसित करने के लिए कोरोना वैक्सीन को जल्दी से जल्दी लगवाएँ।इसमें किसी भी तरह के संशय और संदेह को मन में न पनपने दें।कोरोना वैक्सीन पूरी तरह से टेस्टेड और सुरक्षित है।मैंने भी कल ज़िला चिकित्सालय रामपुर-उ0प्र0 में जाकर अपनी पत्नी के साथ निःशुल्क कोरोना वैक्सीन लगवाई ।हमें किसी प्रकार की कोई परेशानी महसूस नहीं हुई।
आओ टीका लगवाएँ
कोरोना को निबटाएँ।
         ----ओंकार सिंह विवेक

Featured Post

ग़ज़ल/कविता/काव्य के बहाने

सभी साहित्य मनीषियों को सादर प्रणाम 🌷🌷🙏🙏******************************************* आज फिर विधा विशेष (ग़ज़ल) के बहाने आपसे से संवाद की ...