January 31, 2022

संविधान का मान

कुंडलिया : 
********
         ---ओंकार सिंह विवेक
--------------------------------------------------
जागे  सबकी  चेतना,रखें  सभी यह ध्यान,
संविधान का हो नहीं,किंचित भी अपमान।
किंचित भी अपमान,करें सब इसकी पूजा,
इसके  जैसा   श्रेष्ठ, नहीं  दुनिया  में दूजा।
रखना  हमें   सदैव,राष्ट्र के  हित को आगे,
सबके  मन  में  काश!भावना  ऐसी जागे।
-------------------------------------------------
                      --ओंकार सिंह विवेक
चित्र---गूगल से साभार

January 28, 2022

जिसकी बनती हो बने----

कुंडलिया---ओंकार सिंह विवेक
         सर्वाधिकार सुरक्षित
🌷
जिसकी  बनती  हो  बने, सूबे  में  सरकार,
हर  दल   में  हैं  एक-दो, उनके  रिश्तेदार।
उनके   रिश्तेदार, रोब   है   सचमुच  भारी,
सब   साधन  हैं  पास,नहीं  कोई  लाचारी।
अब उनकी  दिन-रात,सभी से गाढ़ी छनती,
बन जाए सरकार,यहाँ  हो  जिसकी बनती।
🌷       --ओंकार सिंह विवेक
          सर्वाधिकार सुरक्षित

January 26, 2022

लग रहा है डर हमें उनकी इनायत देखकर

ग़ज़ल--ग़ज़ल-ग़ज़ल   बस यही एक जुनून है मुझे ।अपने
भावों को काव्य रूप में अभिव्यक्त करने के लिए मेरी पसंदीदा विधा यही है।यद्यपि रस परिवर्तन के लिए मैं अक्सर दोहे,मुक्तक,नवगीत और कुंडलिया आदि भी कह लेता हूँ पर सहज भावाभिव्यक्ति मैं ग़ज़ल विधा में ही कर पाता हूँ।आपका निरंतर प्रोत्साहन भी मिल रहा है।मैं इसके लिए सबका ह्रदय से आभारी हूँ।आप मेरे ब्लॉग पर आते हैं,चर्चा करते हैं और बहुमूल्य प्रतिक्रिया भी देते हैं जो मेरी सृजनात्मकता को संजीवनी प्रदान करता है।आपका प्यार यूँ ही मिलता रहे।
आज फिर से एक नई ग़ज़ल आप सब के बहुमूल्य प्रतिक्रियाओं हेतु ----
ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
©️
यक-ब-यक  अपने  लिए इतनी मुहब्बत देखकर,
लग  रहा  है  डर  हमें  उनकी  इनायत  देखकर।

एक-दो  की  बात  हो  तो  हम  बताएँ  भी  तुम्हें,
जाने  कितनो  के  डिगे  ईमान   दौलत  देखकर।

हुक्मरां  का  क्या अमल  है और है कैसा निज़ाम,
ख़ुद समझ लें आम जन की आप हालत देखकर।
©️
आप चाहे  कुछ भी कहिए ,हो नहीं सकता कभी,
जो न खाए  ख़ौफ़  झूठा,सच की ताक़त देखकर।

दरमियां  काँटों  के भी  खिलना  नहीं  जो छोड़ते,
सीख तो मिलती है उन फूलों की हिम्मत देखकर।

खेत भी होरी  का  गिरवी,काम  भी  मिलता नहीं,
आ  रहा मुँह को कलेजा  उस पे आफ़त देखकर।
  
धर्म   का   नश्शा   सुँघाकर   माँगते  हैं  वोट  वो,
कैसे  दिल तड़पे  न  ये  सस्ती सियासत देखकर।
             ---©️ ओंकार सिंह विवक



 

January 23, 2022

फ़िक्र फूली-फली नहीं होती----तो

ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
©️
फ़िक्र   फूली-फली    नहीं  होती,
तो    हसीं   शायरी   नहीं  होती।

ख़ास लोगों से ही है दिल मिलता,
सबसे   तो   दोस्ती   नहीं  होती।

हौसला   हो   अगर   बुलंदी  पर,
कोई  मुश्किल  बड़ी  नहीं  होती।
©️
तर्क   मज़बूत   उसके   हैं  इतने,   
हमसे कुछ  काट  ही  नहीं  होती।

चंद  लोगों   के  साफ़   मन  होते,
तो   यूँ   बस्ती  जली  नहीं  होती।

सब जतन  कर लिए,मगर उनकी,
दूर     नाराज़गी     नहीं     होती।

हद तो  यह है कि बात अब उनसे,
ख़्वाब तक  में  कभी  नहीं  होती।
      ---©️ओंकार सिंह विवेक

January 22, 2022

झूठ पर झूठ वो बोलता रह गया

बार-बार चिंतन को विवश करती और ह्रदय को झकझोरने
वाली कड़वी सच्चाइयां सृजन का आधार बनती ही हैं।और फिर बने भीं क्यों नहीं,यह भाव ही तो अहसास कराता है कि हमारे अंदर की संवेदनशीलता जीवित है।
तो लीजिए साथियो ऐसे ही कुछ भावों के सुमन  पिरोकर फिर ग़ज़ल की माला में आपके सम्मुख रख रहा हूँ प्रतिक्रिया की उम्मीद के साथ🙏🙏

ग़ज़ल--©️ओंकार सिंह विवेक

©️
झूठ  पर   झूठ  वो   बोलता  रह  गया,
देखकर  मैं   ये   हैरान-सा   रह   गया।  
   
अर्ज़  हाकिम  ने लेकिन  सुनी  ही नहीं,
एक  मज़लूम   हक़  माँगता  रह  गया।
      
जीते  जी  उसके, बेटों  ने  बाँटा  मकां,
बाप अफ़सोस करता हुआ  रह   गया।
©️
जाने  वाले  ने  मुड़कर  न  देखा  ज़रा,
दुख  हमें  बस इसी बात का  रह गया।

नाम  से  उनके चिट्ठी  तो  इरसाल  की,
पर लिफ़ाफ़े  पे  लिखना पता रह गया।

हाल  यूँ  तो  कहा  उनसे दिल  का बहुत,
क्या करें फिर भी कुछ अनकहा रह गया।
©️
वो   हिक़ारत   दिखाता   रहा, और  मैं,
"शब्द  ही  प्यार  के  बोलता  रह  गया"

देखकर  हाथ  में  उनके  आरी 'विवेक',
डर  के  मारे  शजर  काँपता  रह गया।
            --- ©️ओंकार सिंह विवेक

💕💝💕💝💕💝💕💝💕💝💕💝

🥀☘️🥀☘️🥀☘️🥀☘️🥀☘️🥀☘️🥀☘️🥀☘️🥀☘️🥀☘️🥀☘️

January 21, 2022

चुनावी मौसम : एक नवगीत


चित्र-गूगल से साभार
आज एक नवगीत चुनावी मौसम के नाम
********************************
    --©️ओंकार सिंह विवेक

राजनीति के कुशल मछेरे,
फेंक रहे हैं जाल।

जिस घर में थी रखी बिछाकर,
वर्षों अपनी खाट।
उस घर से अब नेता जी का,
मन हो गया उचाट।
देखो यह चुनाव का मौसम,
क्या-क्या करे कमाल।                   

घूम रहे हैं गली-गली में,
करते वे आखेट।
लेकिन सबसे कहते सुन लो,
देंगे हम भरपेट।
काश!समझ ले भोली जनता,
उनकी गहरी चाल।

कुछ लोगों के मन में कितना,
भरा हुआ है खोट।
धर्म-जाति का नशा सुँघाकर,     
माँग रहे हैं वोट।
ऊँचा कैसे रहे बताओ,
लोकतंत्र का भाल।

नैतिक मूल्यों, आदर्शों को,
कौन पूछता आज,
जोड़-तोड़ वालों के सिर ही,
सजता देखा ताज।
जाने कब अच्छे दिन आएँ,
कब सुधरे यह हाल।
    --- ©️ ओंकार सिंह विवेक

चित्र : गूगल से साभार

January 16, 2022

चुनावी मौसम पर कुंडलिया

कुंडलिया : चुनावी मौसम
           --ओंकार सिंह विवेक
खाया  जिस  घर  रात-दिन,नेता जी ने  माल,
नहीं  भा  रही  अब  वहाँ, उनको  रोटी-दाल।
उनको  रोटी-दाल , बही   नव   चिंतन  धारा,
छोड़   पुराने   मित्र , तलाशा   और   सहारा।
कहते  सत्य  विवेक,नया  फिर  ठौर  बनाया,
भूले  उसको  आज ,जहाँ  वर्षों  तक खाया।
          ---ओंकार सिंह विवेक
          (सर्वाधिकार सुरक्षित)
चित्र : गूगल से साभार
चित्र : गूगल से साभार

January 13, 2022

लोहड़ी व मकर संक्रांति

💥दोहे:मकर संक्रांति पर💥
                  -–-ओंकार सिंह विवेक
 💥
  सूरज  दादा  चल   दिए ,अब  उत्तर  की  ओर,
  शनैः-शनैः  कम  हो रहा,शीत  लहर  का ज़ोर।
 💥
  दिखलाकर सबको यहाँ, प्रतिदिन नए  कमाल,
  सर्दी   रानी   जा   रहीं  ,  ओढ़े  अपनी  शाल।
💥
 शुद्ध  भाव  से  कीजिए , भजन-साधना-ध्यान,
 पर्व   मकर   संक्रांति  का , देता  है  यह  ज्ञान।
💥
 समरसता  है  बाँटता ,  खिचड़ी  का  यह  पर्व,
 करें न क्यों संक्रांति पर, फिर  हम  इतना गर्व।
💥
  जीवन  में   उत्साह   का , हो  सबके    संचार,
  कहता है   संक्रांति  का , यह  पावन  त्योहार।
 💥
                                ---–ओंकार सिंह विवेक
                                       सर्वाधिकार सुरक्षित
  
  

January 12, 2022

हाड़ कँपाती सर्दी आई है

वृक्षों के संरक्षण को लेकर

           कुंडलिया 
        ---ओंकार सिंह विवेक
*********************************
देते   हैं  सबको  यहाँ,प्राणवायु   का   दान,

फिर भी वृक्षों की मनुज,लेता है नित जान।

लेता है नित जान, गई  मति  उसकी  मारी,

जो वृक्षों पर आज,चलाता पल-पल आरी।

कहता सत्य विवेक,वृक्ष हैं कब कुछ  लेते,

वे तो  छाया-वायु,,फूल-फल  सबको  देते। 
********************************
        ---ओंकार सिंह विवेक
(सर्वाधिकार सुरक्षित)

January 8, 2022

बड़ी दिलकश तुम्हारी शायरी है

ग़ज़ल--  ©️ओंकार सिंह विवेक
©️
यूँ   लगता   है,  गुलों   की  ताज़गी  है,
बड़ी    दिलकश   तुम्हारी   शायरी   है।

कमी   कुछ  आपसी   विश्वास   की  है, 
अगर  बुनियाद  रिश्तों   की   हिली  है।

न   जाने     ऊँट   बैठे    कौन   करवट,
दिये   की   फिर   हवाओं   से  ठनी  है।
©️
ज़ुबां  से   फिर  गया  है  वो   भी  देखो,
जिसे   समझा,   उसूलों   का   धनी  है।

किए    हैं    तीरगी    से    हाथ   दो-दो,
मिली   यूँ   ही    नहीं   ये    रौशनी   है।

सो  उसकी   फ़िक्र तो  होगी ही   आला,
किताबों   से    जो   गहरी    दोस्ती   है।

सदा  है   मौत   के  साये   में,  फिर  भी,
सँवरती   और     सजती     ज़िंदगी   है।
       ----©️ ओंकार सिंह विवेक

January 6, 2022

कुंडलिया : सर्दी के नाम

कुंडलिया 
******
        ----ओंकार सिंह विवेक
सर्दी  से   यह  ज़िंदगी , जंग   रही  है  हार,
हे भगवन! अब  धूप का,खोलो  थोड़ा द्वार।
खोलो   थोड़ा   द्वार,  ठिठुरते  हैं   नर-नारी,
जाने  कैसी  ठंड , जमी  हैं   नदियाँ  सारी।
बैठे  हैं  सब  लोग ,पहन   कर   ऊनी  वर्दी,
फिर भी रही न छोड़,बदन को  निष्ठुर सर्दी।
           ---ओंकार सिंह विवेक
चित्र--गूगल से साभार
चित्र--गूगल से साभार

January 1, 2022

मिला है ख़ुश्क दरिया देखने को

ग़ज़ल-- ©️ओंकार सिंह 'विवेक'
©️
मिला  है  ख़ुश्क  दरिया  देखने को,
मिलेगा  और  क्या-क्या देखने को।

किसी  मुद्दे  पे  सब  ही एकमत हों,
कहाँ  मिलता  है  ऐसा  देखने  को।

तो   गुजरेंगे  अजूबे  भी   नज़र  से,
अगर निकलोगे  दुनिया  देखने को।
©️
किसी  के  पास  है  अंबार  धन का,
कोई  तरसा  है   पैसा   देखने  को।

सुना  आँधी  को  पेड़ों  से  ये कहते,
तरस   जाओगे   पत्ता   देखने  को।

बना था ज़ेहन में कुछ अक्स वन का,
मिला  कुछ  और  नक़्शा देखने को।

नज़र   दहलीज़   से   कैसे  हटा  लूँ,
कहा   है   उसने  रस्ता   देखने  को।
    --- ©️ ओंकार सिंह 'विवेक'

December 31, 2021

नए साल की पूर्व संध्या पर काव्य गोष्ठी

आज वर्ष 2021 के अंतिम दिन अर्थात वर्ष 2022 की पूर्व संध्या पर  उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की रामपुर इकाई के ज़िला अध्यक्ष श्री अनिल अग्रवाल जी के आवास पर रंगारंग काव्यगोष्ठी का आयोजन हुआ।गोष्ठी में व्यापारी बंधुओं तथा अन्य गणमान्य श्रोताओं ने कविगण की सामयिक रचनाओं का रसास्वादन करते हुए उनका भरपूर उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश शासन के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्री सूर्यप्रकाश पाल जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस अवसर पर मैंने अपने ग़ज़ल संग्रह "दर्द का अहसास" की प्रति भी श्री सूर्यप्रकाश पाल जी को भेंट की।
कार्यक्रम का संचालन रामपुर के वरिष्ठ साहित्यकार श्री शिवकुमार चंदन जी द्वारा किया गया।कार्यक्रम समापन पर मेज़बान श्री अनिल अग्रवाल जी द्वारा कवियों को स्मृति चिन्ह देकर सभी का आभार व्यक्त किया गया।

मित्रों आप सब को नूतन वर्ष की शुभकामनाओं के साथ इस वर्ष की ब्लॉग पर अंतिम पोस्ट अपने पसंदीदा शायर जनाब ओमप्रकाश नदीम साहब के इस मुक्तक के साथ संपन्न करता हूँ--
न छाये ग़ुबार आइने पर किसी के,
फ़ज़ा में कहीं धूल उड़ने न पाए।
मुहब्बत के दीपक की लौ तेज़ कर दे,
नया साल ऐसी हवा ले के आए।
     --ओमप्रकाश नदीम
प्रस्तुतकर्ता--ओंकार सिंह विवेक
अवसर के कुछ छाया चित्र

नया साल : एक कामना

नया साल- एक कामना
       ---ओंकार सिंह विवेक
गए   साल  जैसा   नहीं   हाल  होगा,
तवक़्क़ो  है  अच्छा  नया साल होगा।

न  होगा  फ़क़त  फाइलों-काग़ज़ों  में,
हक़ीक़त में भी मुल्क ख़ुशहाल होगा।

बढ़ेगी  न  केवल  अमीरों  की  दौलत,
ग़रीबों  के हिस्से भी कुछ माल होगा।

रहेगा   सजा    आशियां  रौशनी   का,
घरौंदा   अँधेरे    का   पामाल   होगा।

जगत  में  सभी  और  देशों  से ऊँचा,
हमारे  वतन  का  ही बस भाल होगा।
           --ओंकार सिंह विवेक
            सर्वाधिकार सुरक्षित
चित्र-गूगल से साभार

चित्र--गूगल से साभार


December 30, 2021

सर्दी के नाम

अक्सर लोग कहते हैं कि आदमी को चैन कहाँ है? गर्मी में बहुत गर्मी की ,बरसात में बहुत बारिश की और सर्दी में  कड़क ठंड की शिकायत करता ही रहता है।अरे भाई! सर्दी में अगर सर्दी और गर्मी में अगर गर्मी न होगी तो फिर क्या होगा।बात ठीक भी लगती है कि भिन्न-भिन्न ऋतुओं के अपने भिन्न-भिन्न प्रभाव तो होंगे ही,इसमें शिकायत जैसी क्या बात है।लेकिन इस सत्य और दार्शनिकता से थोड़ा हटकर सोचने की भी ज़रूरत है।आदमी को बातचीत,मनोरंजन ,मस्ती और चुहलबाज़ी का भी तो कोई बहाना चाहिए कि नहीं।जीवन को ऊर्जावान और सक्रिय बनाए रखने के लिए ये सब भी तो ज़रूरी है।सोचिए चिलचिलाती धूप में
जब कोई पसीने से तरबतर होकर अपने दोस्तों से इस बात की शिकायत करता है कि भाई आज तो हद ही हो गई सूरज तो जैसे
भट्टी में झोंकने पर ही आमादा है तो बाक़ी लोग भी उसके डायलॉग से सहमत होते हैं,कसमसाते हैं,मुस्कुराते हैं और फिर बात से बात निकलकर परेशानी के आलम में भी हँसने-मुस्कुराने का बहाना खोज लेते हैं।ऐसा करना माहौल को हल्का-फुल्का रखने के लिए ज़रूरी भी होता है।यदि गर्मी की शिकायत करने वाले साथी को दार्शनिक अंदाज़ में यह कहते हुए टोक दिया जाए कि भाई तुम यह क्या शिकायत लेकर बैठ गए गर्मी में तो ऐसा ही होता है तो संवाद ही टूट जाएगा और मौज-मस्ती तथा मनोरंजन का जो मौक़ा बना है वह भी हाथ से जाता रहेगा।
अतः हर चीज़ को धीर-गंभीर होकर दार्शनिकता के चश्मे से न देखा जाए और शिकवे-शिकायतों और चुहलबाज़ी तथा गप्पबाज़ी
का भी कभी-कभी आनंद लिया जाए।
 मैं भी के आज के मौसम से शिकायत करते हुए अपने इस दोहे के साथ वाणी को विराम देता हूँ, नमस्कार🙏🙏

चित्र--गूगल से साभार



December 25, 2021

अटल जी की स्मृति में

अटल जी की स्मृति में कहे गए कुछ दोहे
*******************************
             ---©️  ओंकार सिंह विवेक
🌷
 नैतिक  मूल्यों  का किया ,सदा मान-सम्मान।
 दिया अटल जी ने नहीं ,ओछा कभी बयान।।
🌷
 विश्व मंच  पर  शान  से , अपना  सीना  तान।
 अटल बिहारी ने  किया, हिंदी  का यशगान।।
🌷
 राजनीति  के  मंच  पर , छोड़ अनोखी  छाप।
 सब के दिल में बस गए,अटल बिहारी आप।।
🌷
 चलकर पथ पर सत्य के,किया जगत में नाम।
 अटल बिहारी आपको,शत-शत बार प्रणाम।।                           ।।
🌷
              ------©️  ओंकार सिंह विवेक
चित्र--गूगल से साभार
चित्र--गूगल से साभार

December 21, 2021

अब एक भी दरख़्त पे पत्ता नहीं रहा

इस ग़ज़ल पर लोकप्रिय फेसबुक साहित्यिक पटल "ग़ज़लों की दुनिया" में शताधिक साहित्य मनीषियों के उत्साहजनक कमेंट्स
प्राप्त हुए सो आप सब के साथ ग़ज़ल साझा कर रहा हूँ🙏🙏
प्रतिक्रिया से अवश्य अवगत कराएँ

ग़ज़ल- ©️ ओंकार सिंह विवेक
                 कैसे    कहें    क़ुसूर    हवा    का    नहीं   रहा,
                 अब   एक  भी  दरख़्त   पे   पत्ता   नहीं   रहा।
                 ©️
                 इक  दूसरे  पे   जान   छिड़कते  थे   हर  घड़ी ,
                 अब  भाइयों   के  बीच  में   रिश्ता   नहीं रहा।
                 
                 लेना    तो   चाहता   था   वो  बच्चे  के   वास्ते,
                 लेकिन  बजट  में   उसके  खिलौना  नहीं  रहा।
                 ©️
                 बाक़ी  तो जस  का  तस  ही  रहा नाश्ते में सब,
                 बस   अब   हमारी   चाय   में  मीठा  नहीं रहा।
                  
                 झूठे   हैं   ऐसे  लोग  जो  कहते   हैं   रात-दिन,
                 अब   झूठ   के   बिना   तो  गुज़ारा  नहीं  रहा।
                   ©️
                 घर   की   ज़रूरतों   ने   बड़ा   कर  दिया उसे,
                 बचपन के  दौर   में  भी वो  बच्चा   नहीं  रहा।

                 हम बा-वफ़ा हैं आज भी कल की तरह 'विवेक',
                 ये   और    बात   उनको   भरोसा   नहीं   रहा।
                                      ©️ओंकार सिंह विवेक

December 19, 2021

एक नवगीत सामाजिक विसंगतियों और विरोधाभासों के नाम

आज एक नवगीत सामाजिक विरोधाभासों
 और विसंगतियों के नाम
 *******************************
 ---  ©️ओंकार सिंह विवेक
सच की फौजों पर अब,  
झूठों का दल भारी है।              

सड़क  गाँव  तक  आकर,
नागिन-सी फुँफकार भरे।
पगडंडी बेचारी,
थर-थर  काँपे और डरे।
नवयुग में  विकास  की,
यह अच्छी तैयारी है।

जनता को तो देता,
केवल वादों की गोली।
और हरे नोटों से,
भरता नित अपनी झोली।
जनसेवक है या फिर,
वह कोई  व्यापारी है?

रहा तगादे* वाली,
चाबुक से वह डरा-डरा।
ख़ुद भूखा भी सोया,
पर क़िस्तों का पेट भरा।
होरी पर बनिए की,
फिर भी शेष उधारी है।
  -----©️ओंकार सिंह विवेक

*मूल शुद्ध शब्द तक़ाज़ा है 
परंतु हिंदी में तगादा भी मान्य है
चित्र--गूगल से साभार
चित्र-गूगल से साभार




December 13, 2021

घर से निकल पड़े हैं तीर-ओ-कमान लेकर

मित्रो सादर प्रणाम🙏🙏
समाज में या हमारे आस-पास जो कुछ घटित हो रहा होता है
यों तो उसे सभी देखते हैं परंतु एक साहित्यकार हर घटना या
दृश्य को एक ख़ास नज़रिए से देखता है।यही ख़ास नज़रिया
उसकी सृजनशीलता को उड़ान देता है।एक रचनाकार की
नज़र में हर आम बात या घटना भी कुछ ख़ास होती है।अपने
आस-पास से प्रेरणा लेकर मन में मंथन हुआ और फिर एक 
नई ग़ज़ल हो गई जो आपकी अदालत में पेश है--
ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
2     2  1  2  1 2 2   2     2  1  2  1 2 2
©️
घर  से  निकल पड़े हैं तीर-ओ-कमान लेकर,
मानेंगे  पंछियों  की  वे  अब  उड़ान  लेकर।

वहशत  अगर  नहीं  है  तो बोलिए ये क्या है,
ख़ुश  हो  रहा  है इंसां, इंसां की जान लेकर।

होगा  नहीं   यक़ीनन  वो  आपके  मुताबिक़,
क्या  कीजिएगा  हज़रत  मेरा  बयान  लेकर।
©️
हरगिज़ न साथ जाएगा ,दोस्त वक़्ते-आख़िर,
जिस धन का जी रहे हो मन  में गुमान लेकर।

मजबूर  हो  गया  है  फुटपाथ  पर  बसर को,
क़र्ज़े  ने  जान  उसकी  छोड़ी  मकान  लेकर।

दफ़्तर में  काम  का नित रहता है बोझ इतना,
घर लौटते  हैं  अक्सर  ज़ेहनी  थकान  लेकर।
       --- ©️ओंकार सिंह विवेक


December 11, 2021

सर्दी का नवगीत : अलसाई-सी धूप

आज एक नवगीत : सर्दी के नाम
 *************************
      --  ©️ओंकार सिंह विवेक
छत पर आकर बैठ गई है,
अलसाई-सी धूप।

सर्द हवा खिड़की से आकर,
मचा रही है शोर।
काँप रहा थर-थर कुहरे के,
डर से प्रतिपल भोर।
दाँत बजाते घूम रहे हैं,
काका रामसरूप।

अम्मा देखो कितनी जल्दी,
आज गई हैं जाग।
चौके में बैठी सरसों का,
घोट रही हैं साग।
दादी छत पर  ले आई हैं,
नाज फटकने सूप।

आए थे पानी पीने को,
चलकर मीलों-मील।
देखा तो जाड़े के मारे,
जमी हुई थी झील।
करते भी क्या,लौट पड़े फिर,
प्यासे वन के भूप।
    ---  ©️ओंकार सिंह विवेक

चित्र--गूगल से साभार

December 9, 2021

दोहे सर्दी के

     दोहे सर्दी के
******///***********
         --ओंकार सिंह विवेक
(सर्वाधिकार सुरक्षित)
चल  उठ  देनी  है  हमें, अब सर्दी  को  मात,
बहिन  रज़ाई  कह रही ,कंबल से यह  बात।

थोड़ा-सा   साहस  जुटा , किए  एक-दो  वार,
कुहरा  लेकिन  अंत  में , गया  सूर्य  से  हार।

सर्द   हवा   ने   दे  दिया , जाड़े   का  पैग़ाम,
मिल जाएगा कुछ  दिनों ,कूलर को  आराम।

हाड़  कँपाती   ठंड   में , खींचेंगे   सब  कान,
गीजर अपने स्वास्थ्य का,रखना थोड़ा ध्यान।

मूँगफली   कहने  लगी , सुन  ले  ए  बादाम,
मैं तुझ से कम दाम में,करती तुझ-सा काम।

गर्म  सूट में  सेठ का , जीना  हुआ   मुहाल,
नौकर  ने बस  शर्ट  में,जाड़े  दिए  निकाल।

मचा  दिया  कैसा  यहाँ , कुहरे  ने  कुहराम,
दिन निकले ही लग रहा,घिर आई  हो शाम।
 --ओंकार सिंह विवेक(सर्वाधिकार सुरक्षित)

चित्र--गूगल से साभार
 चित्र--गूगल से साभार

December 7, 2021

वरिष्ठता-ज्ञान तथा अनुभव

वरिष्ठता-ज्ञान तथा अनुभव---एक विचार
साथियो यथायोग्य अभिवादन🙏🙏

आज अपने अनुभव के आधार पर एक संवेदनशील विषय पर कुछ लिखने का मन हुआ सो  लिख रहा हूँ। निश्चित तौर पर बहुत
से साथी मुझसे सहमत नहीं होंगे।मैं उनकी असहमति का सम्मान
करता हूँ क्योंकि किसी विषय में कुछ लोगों की  असहमति ही
एक नए विचार को जन्म देकर विमर्श का मार्ग प्रशस्त करती है।
     -- जैसे-जैसे आदमी ज़िंदगी में तमाम मुश्किलों से दो-चार होकर आगे बढ़ता है उसके अनुभव और आत्मविश्वास का भंडार बढ़ता जाता है। अनुभव मुश्किलों से टकराने और बिना रुके आगे बढ़ने में आदमी का मददगार साबित होता है।निःसंदेह वरिष्ठ व्यक्तियों के पास नए लोगों के मुक़ाबले अधिक अनुभव होता है। कनिष्ठ पीढ़ी का यह दायित्व बनता है कि वे वरिष्ठ लोगों का सम्मान करें और उनके अनुभव का लाभ उठाएँ।
यही अपेक्षा वरिष्ठ लोगों से भी की जाती है कि यदि किसी कनिष्ठ
के पास कोई नई जानकारी या ज्ञान है तो वे भी बिना उम्र को बीच मे लाए उसे सीखकर लाभ उठाएँ।
जहाँ तक ज्ञान का प्रश्न है यह अपेक्षाकृत भिन्न क्षेत्र है।निःसंदेह वरिष्ठ साथियो के पास  जीवन के मार्ग में आने वाली कठिनाइयों को लेकर नई पीढ़ी की अपेक्षा कई गुना अधिक अनुभव होता है।
परंतु किसी क्षेत्र में ज्ञान का जहाँ तक प्रश्न है वह एक कनिष्ठ व्यक्ति के पास भी वरिष्ठ जनों से अधिक हो सकता है।इस सत्य को स्वीकारने में कोई अहम आड़े नहीं आना चाहिए।
कई अवसरों पर यह देखने में आता है कि जब  कोई कनिष्ठ किसी  विशेष में अपने  विशेष ज्ञान के आधार पर किसी वरिष्ठ जन की  तथ्यात्मक त्रुटि की ओर विनम्रता से इंगित करता है तो वे इसे अन्यथा लेते हैं जो शायद ठीक नहीं है।
 कई वरिष्ठ जनों को ऐसे भी कहते सुना गया है की यह चार दिन का बच्चा हमारी ग़लती निकालने चला है या हमें सिखाने चला है। नए लोगों को तो बड़ों से बात करने की जैसे तमीज़ ही नहीं रह गई है---वगैरहा वगैरहा---।
वरिष्ठ जनों के मुँह से ऐसी बातें तब तो ठीक हैं जब किसी कनिष्ठ द्वारा कोई अशोभनीय या गरिमा के प्रतिकूल टिप्पणी की गई हो या फिर उसने अपने विशिष्ट ज्ञानार्जन के आधार पर  जो टिप्पणी की है वह तथ्यों के आधार पर ठीक न हो।यदि कनिष्ठ द्वारा कोई तथ्यपरक बात विनम्रता से कही गई हो तो वरिष्ठ जनों का भी यह दायित्व बनता है कि उसे अपने अहम से न जोड़ते हुए सह्रदयता से लें।
सीखना और सिखाना एक वृहद प्रक्रिया है जो जीवन भर चलती है।ज़रूरत इस बात की है हम सब एक-दूसरे का मान रखते हुए कुछ न कुछ एक-दूसरे से सीखते रहें।
वरिष्ठता,ज्ञान और अनुभव निःसंदेह एक दूसरे से जुड़े हैं।यह आपस में  पूरक तो हो सकते हैं परंतु जहाँ तक  ज्ञान और अनुभव का प्रश्न है ये एक दूसरे के समानार्थी कदापि नहीं हैं ,इस बात का ध्यान वरिष्ठ और कनिष्ठ दोनों को ही रखना होगा।
                ---ओंकार सिंह विवेक



December 4, 2021

माँ का आशीष फल गया होगा

दोस्तो हाज़िर है एक ताज़ा ग़ज़ल--

फ़ाइलातुन    मुफाइलुन    फ़ेलुन/फ़इलुन
ग़ज़ल-- ©️ओंकार सिंह विवेक

©️
माँ  का  आशीष   फल  गया  होगा,
गिर  के   बेटा   सँभल  गया   होगा।

ख़्वाब  में  भी  न  था  गुमां  मुझको,
दोस्त    इतना    बदल   गया  होगा।

छत  से    दीदार   कर   लिया  जाए,
चाँद  कब  का   निकल  गया  होगा।
©️
सच   बताऊँ   तो   जीत   से    मेरी,
कुछ का तो दिल ही जल गया होगा।

आईना    जो     दिखा    दिया   मैंने,
बस   यही  उसको  खल  गया होगा।

जीतकर    सबका   एतबार  'विवेक',
चाल   कोई   वो   चल    गया  होगा।    
            -- ©️ओंकार सिंह विवेक

December 1, 2021

आज कुछ दोहे यों भी

साथियो नमस्कार🙏🙏
आज काफ़ी दिन बाद किसी आवश्यक कार्य से  रामपुर-उ0प्र0 से गुरुग्राम-हरियाणा जाते समय कुछ दोहे सृजित हुए जो आपके साथ साझा करने का मन हुआ--
🌷कुछ दोहे🌷
                    ----©️  ओंकार सिंह विवेक
     🌹
      मँहगाई   को   देख  कर , जेबें  हुईं  उदास,
      पर्वों का  जाता  रहा, अब  सारा  उल्लास।
     🌹
     कोई सुनता  ही  नहीं , उसकी  यहाँ  पुकार,
     चीख-चीख कर रात-दिन, मौन गया है हार।
    🌹
     हाँ यह सच है इन दिनों ,बिगड़ी  है हर बात,
     लेकिन बहुरेंगे  कभी , अपने भी  दिन-रात।
    🌹
     मिली  कँगूरों को  सखे,तभी बड़ी पहिचान,
     दिया नीव  की ईंट ने,जब अपना बलिदान।
    🌹
               ---- ©️ ओंकार सिंह विवेक

November 27, 2021

धुर विरोधी दलों में भी यारी हुई

नमस्कार साथियो🙏🙏
कुछ भी कहिए ग़ज़ल विधा के साथ एक आसानी तो है कि
इसका हर शेर पहले से जुदा होता है और अलग-अलग शेरों
में अलग-अलग कथ्य पिरोए जा सकते हैं।गीत में ऐसा नहीं होता
उसके भावों में विषय की तारतम्यता का महत्व होता है।
अभी मेरे साथ ऐसा ही हुआ ।आजकल अख़बार और टी वी पर
राजनीति और चुनाव को लेकर ख़ूब ख़बरें पढ़ और देख रहें हैं
तो उसी संदर्भ में ग़ज़ल का एक मतला हो गया और फिर उसमें
कई और अलग मिज़ाज के शेर भी हो गए जो आपकी अदालत
में हाज़िर हैं---

ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
सूचना  क्या  इलक्शन  की  जारी हुई,
धुर  विरोधी  दलों   में  भी  यारी  हुई।

दीन दुनिया से बिल्कुल ही अनजान थे,
घर  से  निकले तो कुछ जानकारी हुई।

आज  निर्धन  हुआ  और  निर्धन  यहाँ,
जेब   धनवान   की   और   भारी  हुई।
 
मुझपे  होगा  भी  कैसे बला  का असर,
माँ   ने   मेरी   नज़र   है   उतारी   हुई।

खेद  इसका   है   गतिरोध   टूटा  नहीं,
बात    उनसे    निरंतर    हमारी    हुई।
             ---   ओंकार सिंह विवेक

                (Copy right)




November 25, 2021

एक अनूठा प्रयोग : टैगोर काव्य गोष्ठी

आज राजकली देवी शैक्षिक पुस्तकालय (टैगोर स्कूल), पीपल टोला ,रामपुर में  प्रसिद्ध सर्राफ,समाजसेवी तथा साहित्यकार  टैगोर  स्कूल के  प्रबंधक श्री रवि प्रकाश जी द्वारा "टैगोर काव्य गोष्ठी" का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में रामपुर की कवयित्री श्रीमती अनमोल रागिनी गर्ग को उनकी साहित्यिक प्रतिभा को पहचानते हुए विशिष्ट सम्मान प्रदान किया गया।कार्यक्रम में श्रीमती अनमोल रागिनी जी के अतिरिक्त कविवर सर्व श्री जितेंद्र कमल आनंद ,रामकिशोर वर्मा ,ओंकार सिंह विवेक ,प्रदीप राजपूत ,राजीव कुमार शर्मा ,शिव कुमार चंदन ,सुरेंद्र अश्क रामपुरी ,सुरेश अधीर ,डॉ अब्दुल रऊफ आदि की उल्लेखनीय काव्य प्रस्तुतियाँ एवं संबोधन रहा।
कार्यक्रम के आयोजन का दायित्व श्री रवि प्रकाश जी के संस्कारवान सुपुत्र डेंटल सर्जन डॉ. रजत प्रकाश तथा उनकी पत्नी डेंटल सर्जन डॉ. हर्षिता पूठिया द्वारा बहुत ही उत्साह और समर्पण-भाव से सँभाला गया।श्रोताओं ने काव्य पाठ का भरपूर आनंद लिया। 
अंत में श्री रवि प्रकाश जी एवं  विनम्र स्वभाव की धनी उनकी धर्मपत्नी  द्वारा सभी का आभार प्रकट करते हुए कार्यक्रम समापन की घोषणा की गई।
इस अवसर के कुछ छाया चित्र संलग्न हैं।।                                 प्रस्तुतकर्ता-  ओंकार सिंह विवेक

November 22, 2021

माँ का आशीष फल गया होगा



दोस्तो हाज़िर है एक नई ग़ज़ल फिर से आपकी अदालत में

2   1 2   2  1  2  1  2      2  2/1 1 2
फ़ाइलातुन    मुफाइलुन    फ़ेलुन/फ़इलुन

ग़ज़ल-- ©️ओंकार सिंह विवेक

©️
माँ  का  आशीष   फल  गया  होगा,
गिर  के   बेटा   सँभल  गया   होगा।

ख़्वाब  में  भी  न  था  गुमां  मुझको,
दोस्त    इतना    बदल   गया  होगा।

छत  से    दीदार   कर   लिया  जाए,
चाँद  कब  का   निकल  गया  होगा।
©️
सच   बताऊँ   तो   जीत   से    मेरी,
कुछ का तो दिल ही जल गया होगा।

आईना    जो     दिखा    दिया   मैंने,
बस   यही  उसको  खल  गया होगा।

जीतकर    सबका   एतबार  'विवेक',
चाल   कोई   वो   चल    गया  होगा।   
            -- ©️ओंकार सिंह विवेक

November 17, 2021

आँसुओं की ख़ुद्दारी

मनुष्य के हर हाव-भाव और भावभंगिमा तथा अभिव्यक्ति का अपना महत्व है। अब आँसुओं को ही ले लीजिए, इनका भी अपना
स्वाभिमान होता है ।आँसू पलकों पर कभी बिना बुलाए नहीं आते।
ये तभी पलकों पर आकर बैठते हैं जब इन्हें ख़ुशी या ग़म की तरफ़
से कोई निमंत्रण मिलता है।कहने का तात्पर्य यह है कि आदमी की आँखों में आँसू या तो किसी ग़म के कारण आते हैं या फिर बहुत अधिक ख़ुश होने पर। इसी ख़याल को लेकर एक मतला हुआ और फिर कुछ शेर भी हो गए जो आप सबकी अदालत में हाज़िर
कर रहा हूँ--

ग़ज़ल-- ©️ ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710
©️
रंज - ख़ुशी    के    दावतनामे   जाते  हैं,
यूँ  ही  कब  पलकों  तक  आँसू आते हैं।

कैसे   कह   दें  उनको   रागों  का  ज्ञाता,    
रात  ढले  तक  राग  यमन  जो  गाते  हैं।

वक़्त की गर्दिश करती है जो ज़ख़्म अता,          
वक़्त  की  रहमत से  वो भर भी जाते हैं।
©️
शुक्र  अदा  करना  तो   बनता  है  इनका,
हम  जंगल - नदियों  से  जितना  पाते हैं।

उनका    क्या   लेना - देना   सच्चाई  से,
वो    तो    केवल   अफ़वाहें   फैलाते  हैं।
              
फैट-शुगर  बढ़ने  का  ख़तरा  क्या  होगा,
हम   निर्धन   तो   रूखी-सूखी  खाते  हैं।
                --- ©️ ओंकार सिंह विवेक

November 11, 2021

"दर्द का अहसास"--एक समीक्षा

इंदौर,मध्य प्रदेश की सुप्रसिद्ध साहित्यकार और समाज सेविका आदरणीया तृप्ति मिश्रा साहिबा ने मेरे ग़ज़ल संग्रह दर्द का अहसास की समीक्षा लिखकर प्रेषित की है जिसे आप सब के साथ साझा कर रहा हूँ। मैं आदरणीया तृप्ति मिश्रा जी की सदाशयता हेतु उनका हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ।

*सीधे दिल को छूता हुआ "दर्द का एहसास"*

सोचता हूँ अब हवा को क्या हुआ,
गुलसितां  में ज़र्द  हर पत्ता हुआ।

हाथ   पर    कैसे   चढ़े  रंगे-हिना ,
जब ख़ुशी पर रंज का पहरा हुआ।

आज हाथों में जनाब ओंकार सिंह "विवेक" जी की "दर्द का एहसास" आ गई और पहले-पहल के इन शेरों को पढ़कर इस किताब में छुपे दर्द के एहसास का अंदाज़ा हुआ। इसके बाद हर्फ़-दर-हर्फ़ डूबती गई और पूरी अठ्ठावन ग़ज़लों में ज़ाहिर टीस के ऊपर अपने को कुछ कहने से रोक न पाई। माज़रत के साथ इन गजलों के बारे में कुछ कहने की हिमाक़त कर रही हूँ।

यूँ तो कोरोना भले ही काल बनकर आया है पर साहित्य की बिसरती-सी इस दुनिया में, डिजिटल दुनिया ने समझो एक नई जान फूँक दी। जो वाक़ई क़लमकार थे, उन्होंने वक्त का सही उपयोग कर अपने फ़न को ख़ूब निखारा। ओंकार सिंह "विवेक" जी से भी मेरा 
तआरुफ़ डिजिटल दुनिया के साथ ही हुआ है। इनकी उम्दा ग़ज़लों  से रूबरू होकर ही मुझे इनकी उम्दा शख़्सियत का अंदाज़ा हुआ। यूँ तो ग़ज़ल कहना मेरे बस की बात नहीं है और बह्र, तरन्नुम, तहत यह सब सीख ही रही हूँ, कुछ-कुछ समझने भी लगी हूँ। 

आज के माहौल में कई लोग चंद शेर लिखकर अपने को ग़ज़लकार कहते हैं। पर जितना मैंने जाना है, ग़ज़ल में बह्र के साथ कहन या भाव भी होना चाहिए और शुरू से आख़िर तक शेर-दर-शेर यह ग़ज़ल बढ़े और आख़िरी शेर में मुक्कमल दिखे। विवेक जी की ग़ज़लें इस बात पर खरी उतरती हैं, जो आजकल अन्य ग़ज़लों में कम ही नज़र आता है। अठ्ठावन गजलों के इस गुलदस्ते में दर्द का हर रंग है। हर ग़ज़ल ख़ुद को किसी-ना-किसी से जोड़ती है।कई शेर पढ़कर ऐसा लगता है कि शायद आप की अपनी शख़्सियत पर ही लिखे गए हों। चुनाँचे इन  ग़ज़लों में अक्स और सरोकार दोनों देखे जा सकते हैं। चंद अशआर देखिए 

नस्ले-नौ पर है असर जब से नई तहज़ीब का,
तबसे ख़तरे  में  यहाँ  हर बाप  की दस्तार है।

नई तहज़ीब के सहने- चमन में,
हया  के  फूल  मुरझाने  लगे हैं ।

इन शेरों में नई नस्ल के तौर-तरीक़ों पर करारा तंज़ है।

आज के ज़माने में हर कोई अपने को सामने वाले से ज़ियादा समझता है। रिश्तों की कशमकश पर  इनकी कहन देखिए-

नहीं है बात समझौते की कोई ,
जिसे देखो वही ज़िद पर अड़ा है 

लोग, हमसाये पे गुज़रा हादसा,
जानते हैं सुब्ह  के अख़बार से।

अमीरे-शहर  वो  कैसे  बना है,
नगर के सब ग़रीबों को पता है।

 विवेक जी की इन ग़ज़लों में दर्द के साथ उस दर्द से उबरने की ताकीद भी है। चंद अशआर ज़रूर यहाँ आप सब की नज़्र करना चाहूँगी--

हौसला अपना ग़मे-ज़ीस्त पे भारी रखिए,
ज़िन्दगी जंग है इस जंग को जारी रखिए।

इंसानियत-मुहब्बत- तहज़ीब की हिमायत,
शिद्दत से  मेरी ग़ज़लों  में  बार-बार होगी ।

हमें अश्कों को पीना आ गया है, 
ग़रज़ यह है कि जीना आ गया है। 

दाद मिली महफ़िल में थोड़ी तो ऐसा महसूस हुआ, 
ग़ज़लों  में हमने  भी  शायद अच्छे  शेर निकाले थे। 

जी हाँ, विवेक जी आपने अपने क़लम से बेहद उम्दा अशआर निकाले हैं। जिनको पढ़-पढ़ कर दाद अपने आप ही निकल जाती है। हर ग़ज़ल ख़ूबसूरती के साथ अपनी बात कहती है। मेरा दावा है "दर्द का एहसास" पढ़ने वाले इन ग़ज़लों में ज़रूर अपने आसपास को पा सकेंगे।  ग़ज़ल ख़ूबसूरत बहरों में मुकम्मल बात, जो सीधे दिल को छुए वह कहती है यह किताब "दर्द का एहसास" ।मैं अपेक्षा करूँगी कि संवेदनशील साहित्य में रुचि रखने वाले इसे ज़रूर पढ़ें।

लेखनी चलती रहे
इन्हीं शुभकामनाओं के साथ

 सादर 
तृप्ति मिश्रा

प्रस्तुतकर्ता--ओंकार सिंह विवेक

Featured Post

आज फिर एक नई ग़ज़ल

 एक बार फिर कोलकता के सम्मानित अख़बार/पत्रिका "सदीनामा", ख़ास तौर से शाइर आदरणीय ओमप्रकाश नूर साहब, का बेहद शुक्रिया। सदीनामा निरं...