December 30, 2019

अटल रही पहचान




कुछ दोहे अटल जी
 की स्मृति में
नैतिक मूल्यों का  किया, सदा मान सम्मान।
दिया अटल जी ने नहीं,ओछा कभी बयान।।

विश्व मंच  पर  शान से , अपना  सीना तान।
अटल बिहारी ने  किया,हिंदी का यश गान।।

राजनीति   में   आपने , ऐसे   किए  कमाल।
जिनकी देते आज भी, जग में लोग मिसाल।।

सारा जग करता रहे, शत शत  तुम्हें  प्रणाम।
अटल बिहारी जी रहे, अमर  तुम्हारा  नाम।।
                     ----------ओंकार सिंह विवेक
                                 सर्वाधिकार सुरक्षित

December 29, 2019

ठिठुरन से बेहाल

                          चित्र:गूगल से साभार

December 13, 2019

अपनी कहन

चंद अशआर---
शिकायत कुछ नहीं है ज़िन्दगी  से,
मिला जितना मुझे हूँ ख़ुश उसी से।

ज़रा    कीजे   अँधेरों    से   लड़ाई,
तभी  होगा  तआरुफ़   रौशनी   से।

न  छोड़ेगा  जो उम्मीदों  का दामन,
वो होगा आशना इक दिन ख़ुशी से।

रखें  उजला  सदा किरदार अपना,
सबक़  लेंगे ये बच्चे  आप   ही से।

उसे  अफ़सोस  है अपने किए पर,
पता चलता है आँखों की नमी से।
          -------ओंकार सिंह विवेक
                   रामपुर-उ0प्र0
              मोबाइल 9897214710
              (सर्वाधिकार सुरक्षित)
शीघ्र प्रकाशित होने वाले ग़ज़ल संग्रह"अहसास"से


December 4, 2019

आख़िर कब तक ???????

आख़िर कब तक?????

हैदराबाद मैं महिला पशु चिकित्सक के साथ हुई मानवता को शर्मसार करने वाली घटना के बाद फिर यही सवाल लोगों के दिमाग़ में आ रहा है की आख़िर  यह कब तक---आख़िर यह कब तक-----????।लेकिन  इस  प्रश्न का सही  जवाब अगर  किसी के पास भी नहीं है तो इसका एक बहुत बड़ा कारण यह है कि परिवार,समाज और शासन के स्तर पर  ऐसी  घटनाओं को रोकने के लिए दृढ़ इच्छा  शक्ति का  अभाव  है। यदि  दृढ़ इच्छा शक्ति दिखाते  हुए  सार्थक  और  सुसंगत  प्रयत्न  एवं  उपाय किए जायें  तो कोई  कारण नहीं कि ऐसे घटनाओं को नियंत्रित न किया जा सके।यदि  परिवार के स्तर पर प्रारम्भ से ही बच्चों को नैतिकता ,सभ्य-संतुलित  आचरण और संस्कारों के  महत्व   को  समझाया  जाए  तो  निश्चित  ही  अमर्यादित आचरण एवम  कृत्यों पर अंकुश लगेगा।सत्संग और प्रवचनों में  जाना  तथा  अच्छे  साहित्य  का  पठन  पाठन  भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।अकेले सरकार या किसी  प्रभावित परिवार का ही  इस तरह की घटनाओं को रोकने का दायित्व  नहीं  हो  सकता । इसमें  समाज  की  भी बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी बनती है ।अक्सर देखने में  आता है  कि कुछ लोग अचानक ही अपराधियों की पैरवी और बचाव में आ खड़े होते हैं।ऐसे में पीड़ित और उसके परिवार पर क्या गुज़रती है कोई नहीं  समझता । ऐसी  घटनाओं  के  नियंत्रण हेतु सबसे बड़ा दायित्व शासन का है जिस पर आज फिर से चिंतन और मनन की ज़रूरत है।जिस तरह से इस प्रकार की घटनाओं में लिप्त लोगों  को  सज़ा  देने  में देरी की जाती है वह किसी भी तरह उचित  नहीं कही जा सकती।अपराधियों के ट्रायल इतने लंबे खिंचते हैं कि लोगों की अपराधियों के प्रति सहानुभूति उमड़ने लगती है और अपराध करने वालों के हौसले जस के तस बने रहते हैं।  जघन्य अपराधों के मामलों में विलंब से दिया जाने वाला  फ़ैसला  किसी  भी  तरह  न्याय  संगत नहीं  कहा जा सकता।अपराधियों के हाथों किसी मासूम की जान तो जा ही चुकी  होती  है परंतु बाद में  न्याय प्रक्रिया के लंबा खिंचने से पीड़ित के परिवारों का तिल तिल  मरना कितनी बड़ी त्रासदी है इस पर विचार करने की ज़रूरत है। सरकार को आज इस सन्दर्भ में   क़ानूनों की  समीक्षा  करने  की ज़रूरत  है। कोई त्वरित  न्याय प्रणाली और सख़्त क़ानूनअमल  में लाना बहुत ज़रूरी है वरना ऐसी वीभत्स घटनाओं पर लगाम नहीं लगाई जा सकती।इस तरह की घटनाओं के लिए कुछ मुस्लिम देशों में लागू सख़्त क़ानूनों की महत्ता को यहाँ अनदेखा नहीं किया जा सकता।
चित्र:गूगल से साभार
इन देशों में इस  प्रकार के अमानवीय और घृणित कृत्य करने वालों को सरेआम फाँसी देना,गोली मारना और  इसी प्रकार के  अन्य  कठोर  प्रावधान हैं  जिससे  लोगों में यह भय पैदा होता  है कि इंसानियत को शर्मसार करने वाले  कृत्य करने पर उनका  क्या अंजाम होगा। इन देशों  में  ऐसे सख़्त क़ानूनों की वजह से इस प्रकार के अपराध लगभग ना के  बराबर ही होते हैं। सरकार की तरफ से एक पहल यह भी    की जा सकती है कि देश के सभी नागरिकों के लिए निःशुल्क  कम से कम एक घंटे की नैतिक शिक्षा की कक्षा में जाने की व्यवस्था की जाए।इन कक्षाओं में  हर नागरिक का  जाना अनिवार्य किया जाना चाहिए। यह  व्यवस्था  देश  के  प्रत्येक नागरिक के मानसिक स्वास्थ्य को सुधारने में बड़ी भूमिका निभा सकती है।अगर देश के प्रत्येक नागरिक का मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य ठीक रहेगा तो निश्चित  ही इस प्रकार  के अमानवीय कृत्यों में कमी आयेगी।अंत में अपने एक दोहे के साथ मैं अपनी बात समाप्त करता हूँ

नैतिक  मूल्यों  का  पतन, क़ानूनों  की  खोट।
क्यों अब ये करते नहीं, सबके दिल पर चोट।।
                           -------ओंकार सिंह विवेक

November 26, 2019

सूखे हुए निवाले


ग़ज़ल-ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710
काम   हमारे   रोज़  उन्होंने   अय्यारी   से  टाले   थे,
जिनसे  रक्खी  आस  कहाँ  वो  यार भरोसे वाले थे।

जब   मोती   पाने  के  सपने   इन  आँखों  में  पाले थे,
गहरे   जाकर  नदिया , सागर  हमने  ख़ूब  खँगाले  थे।

जिनकी वजह से सबको मयस्सर आज यहाँ चुपड़ी रोटी,
उनके   हाथों    में    देखा   तो   सूखे   चंद  निवाले  थे।

दाद  मिली  महफ़िल में  थोड़ी  तो  ऐसा  महसूस हुआ,
ग़ज़लों  में  हमने  भी   शायद  अच्छे  शेर  निकाले  थे।

जंग  भले  ही  जीती हमने पर यह भी महसूस किया,
जंग  जो  हारे  थे  हमसे  वे  भी सब हिम्मत वाले थे।
                                  --------ओंकार सिंह विवेक
                                         (सर्वाधिकार सुरक्षित)         


November 22, 2019

कभी सोचा नहीं


ग़ज़ल---ओंकार सिंह विवेक
आप  में  ही  आगे  बढ़ने  का  ज़रा  जज़्बा  नहीं,
बेसबब   कहते   हो ,  कोई   रासता   देता   नहीं।

ख़्वाब  तो  बेताब   थे  आँखें   सजाने   के  लिए,
मैं  ही  लेकिन  दो  घड़ी  को  चैन  से सोया नहीं।

हो गए क्यों लीक पर चलकर ही तुम भी मुत्मइन,
क्यों   नए   रस्ते   बनाने   का  कभी  सोचा  नहीं।

फ़र्क  है  गर  कोई  तो  है  आदमी  की  सोच का,
काम   कोई   भी  कभी  छोटा  बड़ा  होता  नहीं।

आज  सब राज़ी हैं तो तुम यह भरम मत पालना,
तुमसे  कल  को  भी  यहाँ कोई ख़फ़ा होगा नहीं।
                                 -----ओंकार सिंह विवेक
                               
    (सर्वाधिकार सुरक्षित)

November 20, 2019

कुछ अपना अंदाज़

कुछ  दोहे
हर  पल  की  गंभीरता ,   कर   देगी   बीमार।
हँसी ठिठोली भी कभी, किया करो तुम यार।।

 उठते  हैं  उनके  लिए , सदा  दुआ  में  हाथ।
 जो  ख़ुशियाँ  हैं बाँटते, दीन  हीन  के साथ।।

अपनी  क्षमता  का किया , जब  पूरा उपयोग।
पहुँच  गए  तब  अर्श पर , यहाँ फ़र्श से लोग।।

मन  बहलाने  के  सभी,  साधन जिनके पास।
उनको  ही  देखा   गया, मन  से बड़ा उदास।।

यों  तो  सबसे  तेज़ थी ,  उसकी  ही  रफ़्तार।
मगर  संतुलन  के बिना, दौड़  गया वह हार।।

अनुशासन में बाँध ली, जिसने  मन की डोर।
उसे सफलता का मिला, बड़ा  सुहाना भोर।।
                      ---------ओंकार सिंह विवेक
                             (सर्वाधिकार सुरक्षित)

November 10, 2019

मन नहीं है

ग़ज़ल-ओंकार सिंह विवेक
अगरचे  उनसे कुछ अनबन नहीं है,
मिलें  उनसे ,ये फिर भी मन नहीं है।

समझते  हो  इसे जितना सरल तुम,
सरल  इतना भी यह जीवन नहीं है।

बताओ  झूठ  यह  बोलोगे कब तक,
कि तुमको कोई भी उलझन नहीं है।

हैं  क़ायम आपसी रिश्ते तो अब भी,
मगर   इनमें  वो  अपनापन  नहीं है।

बढ़ाता है  ये मेरे फ़िक्र-ओ-फ़न को,
बुरा हरगिज़ सुख़न का फ़न नहीं है।

तो  फिर  यह  फैसलों  में  देर कैसी,
विचारों  में  अगर  भटकन  नहीं  है।
          -----------ओंकार सिंह विवेक

November 4, 2019

मन के भाव



दोहे
💐💐💐💐💐💐💐💐
चिन्तन का जब भी हुआ,मन में तेज़ बहाव।
आसानी से ढल गए , कविता में सब भाव।।
💐💐💐💐💐💐💐💐
यह अपनों का साथ है,यह अपनों का प्यार।
जो जीवन में दे रहा, मुझको  ख़ुशी अपार।।
💐💐💐💐💐💐💐💐
                      --------ओंकार सिंह विवेक
                             (सर्वाधिकार सुरक्षित)

November 2, 2019

फूल और काँटे


यहाँ सफ़र सबका किया, काँटों ने प्रतिकूल।
नहीं  किसी  को राह में,मिले फूल ही फूल।।
                       -------ओंकार सिंह विवेक
                            (सर्वाधिकार सुरक्षित)
               

October 31, 2019

नेकियाँ


ग़ज़ल-ओंकार  सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710
किसी  के  ग़म को  हमें अपना ग़म बनाने में,
बड़ा    सुकून   मिला   नेकियाँ   कमाने   में।

उसी  का  हाथ  था  मेरी  शिकस्त  के  पीछे,
लगा  रहा  में  जिसे  रात - दिन  जिताने  में।

शदीद  दर्द  -  घुटन  -  रंज   और   नाकामी,
इन्हीं   से   जूझना   हैं   ज़िन्दगी   चलाने  में।

नहीं  है  आज  किसी को  भी रूह की चिन्ता,
लगे  हैं  लोग  फ़क़त  जिस्म  को  सजाने  में।

किसी की छीन ली रोज़ी, किसी का हक़ मारा,
लगे   रहे   वो   मुसलसल   बदी   कमाने   में।

कभी  था  नाज़  हमें  जिन  हसीन रिश्तों  पर,
उन्हीं   को   तोड़   दिया  आज  आज़माने  में।
                       --------- ओंकार सिंह विवेक
                             (सर्वाधिकार सुरक्षित)

October 27, 2019

दीवाली

 


अन्न  उगाने  वालों  के  ही ,  संमुख  है  रीती थाली,
लेकिन शासक बता रहे हैं, भारत  में  है  ख़ुशहाली।
मन के भीतर तमस छुपाकर, लोग जलाते हैं दीपक,
समझ नहीं आता है कुछ भी , है यह कैसी दीवाली।
                                --------ओंकार सिंह विवेक
                                       (सर्वाधिकार सुरक्षित)

October 26, 2019

दीपावली

 

     दोहे : दीपावली

खील-बताशे-फुलझड़ी  , दीपों  सजी  क़तार।
मिलती इनको देखकर,मन को ख़ुशी अपार।।

दीवाली   के   दीप  हों ,  या   होली  के  रंग।
इनका आकर्षण तभी,जब हों प्रियतम संग।।

हो  जाये   संसार  में ,   निर्धन  भी  धनवान।
लक्ष्मी  माता दीजिए  , कुछ  ऐसा  वरदान।।

हो  जाये    संसार  में ,  अँधियारे   की   हार।
कर  दे  यह  दीपावली,  उजियारा  हर द्वार।।

निर्धन को  देें वस्त्र-धन , खील  और मिष्ठान।
उसके मुख पर भी सजे, दीपों  सी मुस्कान।।                  -
                          -----ओंकार सिंह विवेक
                              (सर्वाधिकार सुरक्षित)
                       चित्र:गूगल से साभार

October 17, 2019

करवा चौथ



         

                     चित्र:गूगल से साभार
दोहे:करवा चौथ
💥
पति की  लम्बी उम्र की  ,  मन में इच्छा धार।
पत्नी करवा  चौथ का , व्रत रखती हर बार।।
💥
छलनी  में  से चाँद का  ,  करने  को   दीदार।
छत पर सभी सुहागिनें ,नभ को रहीं निहार।।
💥
निर्जल व्रत  की  देखिए , महिमा  अपरंपार ।
पति-पत्नी में बढ़ रहा , सतत आपसी प्यार।।
💥
घर  की  सभी सुहागिनें ,  कर सोलह शृंगार।
मिलजुल करवा चौथ का ,मना रहीं त्योहार।।
💥
पति भी पत्नी के लिए , रखे  अगर  उपवास।
तो  दोनों  में प्यार का  ,  और  बढ़े एहसास।।                   
💥
                      --------ओंकार सिंह विवेक
                             (सर्वाधिकार सुरक्षित)


October 13, 2019

कवि गोष्ठी व शेरी नशिस्त

आज दिनाँक13 अक्टूबर,2019 को शायर इफ़्तेख़ार ताहिर के पीला तालाब स्थिति आवास पर गंगा जमुनी तहज़ीब को रेखांकित करती कवि गोष्ठी  व शेरी नशिस्त का आयोजन पल्लव काव्य मंच के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शमा रौशन करने के उपरांत शायर कँवल नोमानी की नात और शिव कुमार चंदन की सरस्वती वंदना से हुआ।
 सभी कवियों और शायरों ने वर्तमान सामाजिक विसंगतियों,आपसी प्रेम और भाईचारे तथा मानव मूल्यों के निरंतर होते क्षरण एवं देशप्रेम आदि पर अपनी प्रभावशाली रचनाओं का पाठ करके कार्यक्रम को जीवंतता प्रदान की।कार्यक्रम में जिन शायरों और कवियों ने रचना पाठ किया उनके नाम इस प्रकार हैं:
ओंकार सिंह विवेक, मेज़बान शायर इफ़्तेख़ार ताहिर,शिव कुमार चंदन,डॉक्टर रघुवीर शरण शर्मा,सचिन सिंह, कँवल नोमानी तथा आले अहमद सुरूर व अशफ़ाक़ ज़ैदी।कार्यक्रम की सदारत डॉक्टर रघुवीर शरण शर्मा तथा संचालन शिव कुमार शर्मा चंदन द्वारा किया गया।

October 11, 2019

आसमान पर

ग़ज़ल-ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल9897214710
है  आदमी  का  इतना  दख़ल आसमान पर,
जाने   से   डर   रहे   हैं  परिन्दे  उड़ान  पर।

बदलें  हैं लोग रोज़  ही जब बेझिझक बयाँ,
फिर कैसे हो यक़ीन किसी की ज़ुबान पर।

उस  शख़्स  ने छुआ है  बुलन्दी का जो निशाँ,
पहुँचा नहीं  है कोई  अभी  उस  निशान पर।

मछली  की  आँख  ख्वाब  में  ही भेदता रहा,
रक्खा  कभी  न तीर  को  उसने कमान पर।

बस्ती  के  आम    लोग  ही  सैलाब  में घिरे,
बैठे  रहे  जो  ख़ास  थे  ऊँची  मचान   पर।
                            ---ओंकार सिंह विवेके

(सर्वाधिकार सुरक्षित)

                      चित्र:गूगल से साभार

October 8, 2019

दशहरा



कुटिल चाल से झूठ की,क्यों होना भयभीत,
जब  होनी  हर  हाल में, सच्चाई  की जीत।
           ----------------ओंकार सिंह विवेक               
                       चित्र:गूगल से साभार

October 3, 2019

ईमान




जब घिरा छल फरेबों के तूफ़ान में,
मैंने  रक्खा  यकीं  अपने ईमान में।
      -------ओंकार सिंह विवेक

September 27, 2019

एकता

           

न ख़ुशियाँ ईद की कम हों न होली रंग हो फीका,
रहे  भारत के  माथे  पर इसी तहज़ीब का टीका।
                              ------ओंकार सिंह विवेक
   @सर्वाधिकार सुरक्षित

September 26, 2019

सब्र

शिकायत  कुछ नहीं है ज़िन्दगी से,
मिला जितना मुझे हूँ ख़ुश उसी से।
           -------ओंकार सिंह विवेक     

September 20, 2019

साहित्यिक समाचार

आज दिनाँक 19सितम्बर,2019 को रामपुर(उ0प्र0) में दर्जा मंत्री उ0प्र0 सरकार श्री सूर्य प्रकाश पाल के निवास पर उनके जन्म दिन के अवसर पर पल्लव काव्य मंच के बैनर तले एक शानदार विचार एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया।सर्वप्रथम  दीप प्रज्ज्वलन कर माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ शिव कुमार शर्मा चंदन की सरस्वती वंदना से हुआ।सर्वप्रथम देश के वर्तमान परिदृश्य एवं कश्मीर के संदर्भ में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उठाये  गए साहसिक क़दमों पर परिचर्चा हुई। परिचर्चा में रज़ा कॉलेज के अवकाशप्राप्त प्रोफेसर राधेश्याम शर्मा वासन्तेय, भारतीय जनता पार्टी के श्री भारत भूषण गुप्ता,दर्जा मंत्री श्री सूर्य प्रकाश पाल, डॉक्टर रघुवीर शरण शर्मा सहित अन्य बुद्धिजीवियों एवं कवियों ने अपने विचार रखते हुए श्री मोदी के साहसिक निर्णय की भूरि भूरि प्रशंसा की।परिचर्चा के उपरांत कवि गोष्ठी में श्री सूर्य प्रकाश पाल, डॉक्टर रघुवीर शरण शर्मा, डॉक्टर चंद्र प्रकाश,ओंकार सिंह विवेक,जावेद रहीम,इफ्तेखार


ताहिर,कँवल नोमानी,अशफ़ाक़ ज़ैदी, सचिन सिंह,शिव कुमार शर्मा चंदन ,राम सागर शर्मा आदि द्वारा काव्य पाठ किया गया।अंत में रात्रि भोज के उपरांत कार्यक्रम का समापन करते हुए श्री सूर्य प्रकाश पाल जी द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।

August 27, 2019

बोलती तस्वीर

चित्रधारित लेखन-

ख़ाली घट ले हाथ में , तुझ को रही निहार ।
बदरा मेरी प्यास पर , कुछ तो कर उपकार।।
 -------ओंकार सिंह विवेक                     
                     चित्र:गूगल से साभार

August 25, 2019

मेरा मुक़द्दर

ग़ज़ल-ओंकार सिंह विवेक
क़द यहाँ औलाद का जब उनसे बढ़कर हो गया,
फ़ख़्र  से  ऊँचा  तभी  माँ-बाप  का सर हो गया।

जब  भरोसा  मुझको अपने बाज़ुओं पर हो गया,
साथ   मेरे   फिर  खड़ा  मेरा  मुक़द्दर  हो   गया।

मुब्तिला इस ग़म में अब रहने लगा वो रात-दिन,
क्यों  किसी का क़द यहाँ उसके बराबर हो गया।

बाँध  रक्खी  थीं  उमीदें  सबने  जिससे जीत की,
दौड़  से  वो  शख़्स  जाने  कैसे  बाहर  हो  गया।

ख़ून  है  सड़कों  पे  हर  सू और फ़ज़ा में ज़ह्र है,
देखते  ही  देखते  यह   कैसा   मंज़र   हो   गया।

----------ओंकार सिंह'विवेक'

August 23, 2019

कृष्ण जन्माष्टमी


दोहे
जिसको सुनकर मुग्ध थे, गाय गोपियाँ ग्वाल,
छेड़ो वह धुन आज फिर, हे गिरधर  गोपाल।

जग  में  बढ़ता  जा रहा ,  मोहन  अत्याचार ,
चक्र  सुदर्शन  आप फिर ,कर में लीजे  धार।

गीता  में  जो   आपने ,   दिया कर्म का ज्ञान,
जीवन  की  राहें  हुयीं ,  उससे  ही  आसान।
-------ओंकार सिंह विवेक(अधिकार सुरक्षित)

August 20, 2019

पहचान

दोहे
अलग  बनाने के लिए ,  औरों  से  पहचान।
कथनी करनी कीजिए, अपनी एक समान।।

यह जीवन भगवान का,  है  सुन्दर  उपहार।
अरे  गँवाता  क्यों   इसे,  मानव  तू  बेकार।।

सोचेगा   संसार   क्या,  मत  करिए परवाह।
लेकर ख़ुद ही फ़ैसले ,  चुनिए  अपनी राह।।

मन को भी संतोष हो, रहे सुखद परिणाम।
पूरी क्षमता से अगर, करें सतत हम काम।।
                   ---------ओंकार सिंह विवेक
                           (सर्वाधिकार सुरक्षित)
चित्र:गूगल से साभार

August 19, 2019

दिल धोते हुए

ग़ज़ल - ओंकार सिंह विवेक
आँसुओं से ज़ख्मे  दिल धोते    हुए,
ज़िन्दगी  अपनी   कटी     रोते हुए।

दिल  की  नादानी नहीं तो और क्या,
है   परेशां   आपके        होते    हुए।

ख़्वाब   से  आँखें   हों  कैसे आशना ,
जागते   रहते   हैं  हम      सोते  हुए।

मुद्दतें   गुजरीं   ज़माना       हो  गया ,
बोझ   अहसानात   का   ढोते    हुए।

कर   रहे   हैं  मंज़िलों   की   जुस्तजू ,
लोग   अपना   हौसला   खोते    हुए।
    ----------------ओंकार सिंह विवेक       
                      चित्र:गूगल से साभार

August 18, 2019

ज़िन्दगी का सफ़र

ग़ज़ल-ओंकार सिंह विवेक
चढ़ गया  सबकी नज़र में,
बात है  कुछ उस बशर में।

सच   का हो  कैसे  गुज़ारा,
छल,कपट  के इस नगर में।

पाँव   के   छाले  न   देखो ,
आप  मंज़िल  की डगर में।

हमसफ़र  भी  है    ज़रुरी,
ज़िन्दगानी  के   सफ़र  में।

रौशनी  की  कौन  सुनता,
थे  सभी तम  के असर में।

है  कहाँ   कोई   मुकम्मल,
कुछ  कमी है हर बशर में।
---------ओंकार सिंह विवेक




August 15, 2019

स्वतंत्रता दिवस

स्वतंत्रता दिवस पर कुछ दोहे

आज़ादी    पाना   कहाँ ,  था इतना आसान।
इसकी ख़ातिर अनगिनत,   वीर हुए क़ुर्बान।।

आज़ादी  का  पर्व   यह ,  देता   है   पैग़ाम।
राष्ट्र एकता के लिए,  करें सभी मिल काम।।

अपना सब कुछ देश के, किया जिन्होंने नाम।
आज़ादी  के  पर्व पर , शत शत उन्हें प्रणाम।।
                       --------ओंकार सिंह विवेक
(सर्वाधिकार सुरक्षित)

रक्षा बंधन

दोहे

💐💐💐💐💐💐💐💐🌷🌷🌷🌷
भाई-बहिनों   के  लिये ,  लेकर  ख़ुशी अपार।
आता  सावन  माह  में , राखी   का  त्योहार।।
💐💐💐💐💐🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷
बहिना को  कब  चाहिए, दूूूजा   कुछ उपहार।
वह  तो हर पल चाहती, बस  भाई का प्यार।।
💐💐💐💐💐💐💐💐🌷🌷🌷🌷
भाई-बहिनों   की   यही,  है  असली पहचान।
एक  दूसरे  पर  सदा, छिड़कें  अपनी  जान।।
💐💐💐💐💐💐💐💐🌷🌷🌷🌷
           -----------------ओंकार सिंह विवेक

August 14, 2019

घाटी की तस्वीर

दोहे:बड़ा फ़ैसला
बहुत  पुरानी  भूल  में , आख़िर  किया सुधार ।
धन्यवाद  की  पात्र  है ,  यह  मोदी    सरकार।।

मिटी आज अलगाव की , जड़ से ही पहचान ।
हुआ  प्रभावी  देश  में ,  एक विधान-निशान।।

अब   बदलेगी  देखना ,   घाटी   की  तस्वीर ।
फिर विकास की राह पर ,  लौटेगा   कश्मीर।।

जिन  लोगों  नें  ख़ौफ़ में ,  छोड़ा था कश्मीर ।
बदलेगा  यह   फ़ैसला ,  उनकी  भी तक़दीर।।

लोगों  में  कश्मीर   के ,  हो  विश्वास   बहाल ।
इसी मिशन पर आजकल , हैं अजीत डोभाल।।
---------ओंकार सिंह विवेक(सर्वाधिकार सुरक्षित)

August 13, 2019

रौशनी

ग़ज़ल- ओंकार सिंह विवेक
आप  हर  पल रौशनी के वार से ,
तीरगी  करिये   फ़ना  संसार  से ।

कितने ही  राजा  भिखारी हो गये,
कौन बच  पाया समय की मार से।

टूटने  दीजे  न   मन  का   हौसला,
हार  हो जाती है  मन की  हार से।

अपना ही दुखड़ा सुनाने  लग गये,
हाल  कुछ  पूछा  नहीं  बीमार  से।

हो गये दिन जाने  उनकी खैरियत
कोई तो आये  ख़बर उस  पार से।

हौसले  से  वे  सभी  तय  हो  गये,
रासते   जो   थे   बड़े   दुश्वार   से।
-----------ओंकार सिंह विवेक
चित्र :गूूूगल से

August 6, 2019

सीधी सच्ची बात

दोहे

💐💐💐💐💐💐💐💐🌷🌷🌷🌷
पहले मुझको झिड़कियाँ , फिर थोड़ी मनुहार,
यार  समझ  पाया  नहीं , मैं  तेरा    व्यवहार।
💐💐💐💐💐💐💐💐🌷🌷🌷🌷
जिससे मिलकर बाँटते , अपने मन की  पीर,
मिला  नहीं  ऐसा   हमें ,  कोई  भी    गंभीर।
💐💐💐💐💐💐💐💐🌷🌷🌷🌷
बिगड़ेगी   कैसे  भला , जग   में  मेरी  बात,
जब  माता  मेरे  लिये , दुआ  करे दिन रात।
💐💐💐💐💐💐💐💐🌷🌷🌷🌷
गर्म  सूट  में  सेठ  का ,  जीना  हुआ  मुहाल,
पर  नौकर  नें  शर्ट में ,  जाड़े  दिये  निकाल।
💐💐💐💐💐💐💐💐🌷🌷🌷🌷
इक दिन होगी आपकी , मुश्किल भी आसान,
वक़्त किसी का भी सदा , रहता  नहीं समान।
💐💐💐💐💐💐💐💐🌷🌷🌷🌷
धन  दौलत  की ढेरियाँ , कोठी  बँगला  कार,
अगर नहीं मन शांत तो , यह  सब हैं  बेकार।
💐💐💐💐💐💐💐💐🌷🌷🌷🌷
         -------ओंकार सिंह विवेक
(सर्वाधिकार सुरक्षित)

August 5, 2019

दिये जलाना

ग़ज़ल-ओंकार सिंह 'विवेक'

आँधियों   में  दिये   जलाना  है,
कुछ नया करके अब दिखाना है।

बात  क्या  कीजिये  उसूलों  की,
जोड़ औ तोड़  का ज़माना    है।

फिर से पसरा है इतना  सन्नाटा,
फिर  से  तूफ़ान  कोई आना है।

झूठ   कब   पायदार   है   इतना,
दो क़दम चल के गिर ही जाना है।

ज़िन्दगी    दायमी   नहीं    प्यारे,
एक  दिन मौत सबको  आना है।

इस क़दर बेहिसी के  आलम  में,
हाल  दिल  का  किसे सुनाना है।

बज़्म  में  और  भी  तो  बैठे  हैं,
सिर्फ़ हम पर ही क्यों निशाना है।
------------ओंकार सिंह 'विवेक'

August 4, 2019

उलझन


कब सूझ रहा
जिसको सब सच बात पता है , क्यों औरों से बूझ रहा,

जो  भरता  है  पेट सभी  का , क्यों रोटी को जूझ रहा।

ऐसे  और  न  जाने   कितने ,  उलझे  गूढ़  सवालों का,

सोच    रहा   हूँ   बैठे   बैठे ,   पर उत्तर कब सूझ रहा।
                            -------------ओंकार सिंह 'विवेक'

August 3, 2019

उपकार कर


हो  सके  जितना भी  तुझसे  उम्र भर  उपकार कर,
बाँट  कर  दुख  दर्द  बन्दे  हर किसी  से प्यार  कर।

छल,कपट  और  द्वेष ही करते हैं मन  को   स्वारथी,
हो तनिक यदि इनकी आहट  बंद  मन के द्वार कर।

जिसको सुनते ही ख़ुशी से सब के तन-मन खिल उठें,
ऐसी   वाणी  से  सदा  व्यक्तित्व   का   शृंगार    कर।

चीर  कर  पत्थर का  सीना  बह   रही  जो  शान  से,
प्रेरणा   ले   उस   नदी  से   संकटों   को  पार   कर।

विश्व   के  कल्याण   की  जिनसे  प्रबल  हो  भावना,
उन   विचारों   का   ही  तू  मष्तिष्क  में  संचार  कर।

नफरतों   की    चोट   से   इंसानियत   घायल    हुई,
ज़िन्दगी   इसकी   बचे   ऐसा  कोई   उपचार    कर।
@सर्वाधिकार सुरक्षित ----ओंकार सिंह'विवेक'

Featured Post

मज़दूर दिवस

आज मज़दूर दिवस है। प्रतीकात्मक रुप से इस दिन दीन-हीन को लेकर ख़ूब वार्ताएं और गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। श्रम  क़ानूनों पर व्याख्यान होंगे।...