June 30, 2022

बज़्म-ए-अंदाज़-ए-बयां

शुभ प्रभात साथियो 🙏🙏🌹🌹

यों तो सोशल मीडिया/फेसबुक पर कोरोना काल से पहले भी काफ़ी साहित्यिक ग्रुप्स सक्रिय रहे हैं परंतु कोरोना काल में इनमें अच्छी ख़ासी तेज़ी देखने में आई। महामारी के भयानक दौर में जब सुरक्षा कारणों से ऑफलाइन साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन बंद हुआ तो इस तरह के ऑनलाइन आयोजन ही साहित्यिक गतिविधियों को जारी रखने के सफल माध्यम बने।
इस प्रकार के ऑनलाइन साहित्यिक आयोजनों का नए साहित्यकारों को भी बहुत फ़ायदा हुआ।एक तरफ़ उनकी लेखन प्रतिभा के विकास की नई राह खुली और अच्छे साहित्यकारों ने उनमें छुपी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें नोटिस करना प्रारंभ किया तो दूसरी तरफ़ उन्हें सम्मानित भी किया जाने लगा जिससे उन्हें स्तरीय साहित्य सृजन की प्रेरणा मिली।यह सिलसिला आज भी जारी है।इस दौरान मैं भी कई ऑनलाइन साहित्यिक मंचों से जुड़ा।कुछ मंचों पर समीक्षा करने और विषय विशेष पर परिचर्चा में सहभागिता करने का अवसर भी प्राप्त हुआ।इन मंचों पर समीक्षा के दौरान कई खट्टे- मीठे अनुभव भी हुए जिनकी विस्तार से चर्चा फिर कभी सही।
इस क्रम में मुझे एक फेसबुक साहित्यिक समूह बज़्म- ए- अंदाज - ए- बयां से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ जिसके संस्थापक एक युवा अधिवक्ता,पत्रकार और प्रखर साहित्यकार श्री अश्क चिरैयाकोटी जी हैं।यदि अन्य साहित्यिक मंचों से इस मंच की तुलना करूं तो यह मंच मुझे अपेक्षाकृत अधिक व्यवस्थित ,अनुशासित और स्तरीय लगा। इस पटल से यदि सिद्धहस्त साहित्य साधक जुड़े हुए हैं तो कई ऐसे नए रचनाकर भी जुड़े हैं जिनमें सीखने की ललक है और जो अपनी रचनाओं पर आई आलोचनात्मक/समीक्षात्मक टिप्पणियों को बड़ी सहृदयता से लेते हैं जो बहुत अच्छी बात है।अश्क जी ने पटल के प्रबंधन और संचालन के लिए जो टीम चुनी है वह बहुत समर्पित और प्रतिभासंपन्न है ।यही कारण है कि यह ग्रुप दिनों दिन श्रेष्ठ साहित्यिक प्रतिभाओं से समृद्ध होता जा रहा है।इसके लिए संस्थापक महोदय और उनकी टीम बधाई की पात्र है। मुझे यह बताते हुए गर्व का अनुभव हो  रहा है कि इस मंच के प्रबंधन और संचालन कार्य से मेरे शहर रामपुर के दो प्रतिष्ठित और प्रतिभाशाली साहित्यकार रागिनी गर्ग चुनमुन जी और प्रदीप राजपूत माहिर जी भी जुड़े हुए हैं।मुझे इस मंच से जोड़ने का श्रेय भी रागिनी गर्ग चुनमुन जी को ही जाता है।
इस मंच पर विभिन्न काव्यविधाओं में साहित्यिक सृजन की साप्ताहिक/पाक्षिक/मासिक साहित्यिक प्रतियोगिताओं के साथ - साथ एकल काव्य पाठ,मुशायरा/काव्य गोष्ठी और साहित्यकारों के साक्षात्कार आदि कार्यक्रम बड़े व्यवस्थित ढंग से सफलता पूर्वक संचालित किए जा रहे हैं। मंच की ऐसी ही एक प्रतियोगिता में मुझे भी प्रोत्साहन प्रतिसाद प्रदान किया गया जिसके लिए मैं मंच और इसके संस्थापक जी का ह्रदय से आभार प्रकट करता हूं।
मैं श्री अश्क चिरैयाकोटी जी और उनकी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं संप्रेषित करता हूं और इस मंच की उत्तरोत्तर प्रगति की कामना करता हूं।
           ---ओंकार सिंह विवेक 

June 29, 2022

छत पर आकर बैठ गई है अलसाई-सी धूप

मित्रो प्रणाम🙏🙏

गीत हिंदी साहित्य की एक बहुत ही कोमल विधा है।इसमें रचनाकार किसी एक विषय को लेकर बहुत ही श्रेष्ठशब्द चयन के द्वारा गीत के शिल्प का निर्वहन करते हुए कलात्मक अभिव्यक्ति करता है। गीत अनेक प्रकार के हो सकते हैं यथा शृंगार के विरह और मिलन गीत,लोक गीत आदि।समय के साथ गीत का विकास हुआ तो नवगीत अस्तित्व में आया।नवगीत में व्यंजना के साथ-साथ प्रतीकों और बिंबों का बहुत महत्व होता है।
           कुछ समय पूर्व सर्दी को लेकर एक नवगीत का सृजन हुआ था जो आप सुधी जनों को अदालत में हाज़िर है : 

आज एक नवगीत : सर्दी के नाम
 *************************
      --  ©️ओंकार सिंह विवेक

छत पर आकर बैठ गई है,
अलसाई-सी धूप।

सर्द हवा खिड़की से आकर,
मचा रही है शोर।
काँप रहा थर-थर कुहरे के,
डर से प्रतिपल भोर।
दाँत बजाते घूम रहे हैं,
काका रामसरूप।

अम्मा देखो कितनी जल्दी,
आज गई हैं जाग।
चौके में बैठी सरसों का,
घोट रही हैं साग।
दादी छत पर  ले आई हैं,
नाज फटकने सूप।

आए थे पानी पीने को,
चलकर मीलों-मील।
देखा तो जाड़े के मारे,
जमी हुई थी झील।
करते भी क्या,लौट पड़े फिर,
प्यासे वन के भूप।
    ---  ©️ओंकार सिंह विवेक
(सर्वाधिकार सुरक्षित)


June 27, 2022

आओ पर्यावरण बचाएं

मित्रो शुभ प्रभात🙏🙏

पर्यावरण को लेकर दुनिया के तमाम देश चिंता दिखाते तो नज़र आते हैं परंतु धरातल पर कुछ ठोस कर दिखाने में अक्सर इच्छा शक्ति कमज़ोर पड़ जाती है, ऐसा प्रतीत होता है।पर्यावरण संरक्षण के नाम पर कई दिवस मनाए जाते हैं,लोगों को निरंतर जागरूक करने का प्रयास भी किया जाता है।इस कार्य के लिए बड़े- बड़े बजट भी आवंटित किए जाते हैं परंतु बिगड़ते हालात को देखते हुए यह लगता है कि इस दिशा में अभी इतनी गंभीरता से प्रयास नहीं हो रहे हैं जितनी गंभीरता से होने चाहिए।
सरकारें, शासन और प्रशासन के साथ साथ ही हम सबको भी अपना दायित्व समझना पड़ेगा तभी बिगड़ते पर्यावरण को बचाया जा सकता है।हम अपने आस-पास सफ़ाई रखें, पेड़ लगाकर हरियाली को बचाएं और बढ़ाएं। नदियों में कूड़ा और कचरा न डालें।वनों का अनावश्यक दोहन और पहाड़ों से छेड़-छाड़ न करें।आसमान में बढ़ते हस्तक्षेप को रोकें तथा पेट्रोलियम पदार्थों के अत्यधिक प्रयोग पर भी लगाम लगाएं। ऐसे ही असंख्य और उपाय हो सकते हैं जिनसे प्रदूषित होते पर्यावरण को बचाकर धरती के हर जीवधारी के जीवन की रक्षा की जा सकती है ।जितनी जल्दी हो सके हम सबको चेतना होगा वर्ना जीवन संकट में पड़ जाएगा।
इस ज़रूरी चर्चा के बाद आइए विषय से संबंधित अपने कुछ दोहों से आपको रूबरू कराता हूं : 
पर्यावरण : पाँच दोहे
 ***************
    ओंकार सिंह विवेक      
🌷
करता  है दोहन  मनुज,ले  विकास  की आड़,
कैसे  चिंतित   हों   नहीं , जंगल-नदी-पहाड़।
🌷
ताप  धरा का  बढ़  रहा,पिघल  रहे हिमखंड,
आज  प्रकृति से  छेड़ का,मनुज पा रहा दंड।
 🌷
सब  ही  मैला कर  रहे,निशिदिन इसका नीर,
गंगा माँ   किससे  कहे,जाकर  अपनी   पीर।
🌷
देते   हैं   हम  पेड़  तो,प्राण  वायु   का  दान,
फिर  क्यों लेता  है मनुज, बता  हमारी जान।
🌷
सबसे    है    मेरी    यही,  विनती    बारंबार,
वृक्ष   लगाकर   कीजिए, धरती   का  शृंगार।
🌷
  --ओंकार सिंह विवेक
      (सर्वाधिकार सुरक्षित) 

June 24, 2022

जो ग़ज़लों को रवानी दे रही है

दोस्तो शुभ प्रभात/प्रणाम/नमस्कार🌹🌹🙏🙏

यह मेरे लिए गर्व की बात है की मुझे हर दिन ही कविता या शायरी के बहाने अपने दिल की बात आप तक पहुंचाने का अवसर प्राप्त हो जाता है।आप जैसे सुधी पाठकों, बुद्धिजीवियों और मूर्धन्य साहित्यकारों से रूबरू होने का एक फ़ायदा यह भी होता है कि इससे मेरी रचना की इस्लाह/जांच-परख भी हो जाती है और अपने जज़्बात का इज़हार करने का मौक़ा भी मिल जाता है।
जीवन और समाज से आत्मसात किए गए खट्टे-मीठे अनुभवों की एक झांकी ग़ज़ल के रूप में आप अब के संमुख प्रस्तुत कर रहा हूं।उम्मीद है कि आपको पसंद आएगी ---

ग़ज़ल***ओंकार सिंह विवेक
©️ 
अगर  कुछ   सरगिरानी  दे  रही है,
ख़ुशी   भी  ज़िंदगानी  दे   रही  है।

चलो  मस्ती  करें , ख़ुशियाँ  मनाएँ,
सदा  ये   ऋतु   सुहानी  दे  रही है।

बुढ़ापे  की   है  दस्तक  होने वाली,
ख़बर  ढलती  जवानी  दे   रही  है।

गुज़र आराम  से  हो  पाये , इतना-
कहाँ  खेती-किसानी   दे   रही  है।

फलें-फूलें न क्यों नफ़रत  की  बेलें,
सियासत  खाद-पानी   दे  रही  है।

सदा  सच्चाई  के  रस्ते  पे  चलना,
सबक़ बच्चों  को  नानी  दे रही है।

तख़य्युल की है बस परवाज़ ये तो,
जो  ग़ज़लों  को  रवानी दे  रही है।  
     ---©️ ओंकार सिंह विवेक

June 23, 2022

द्रौपदी मुर्मू


       द्रौपदी मुर्मू
       ********
देश में 15 वें राष्ट्रपति चुनाव की सरगर्मियां शुरू हो चुकी हैं।होना तो यह चाहिए था कि इस सर्वोच्च संवैधानिक पद पर सर्वसम्मति से कोई योग्य व्यक्ति चुन लिया जाता लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा न हो सका।
संयुक्त विपक्ष ने अपना उम्मीदवार श्री यशवंत सिन्हा को बनाया है जो पूर्व में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अनुभवी अधिकारी रहने के  बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं।भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने अपने उम्मीदवार के तौर पर आदरणीया द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है। संघर्षशील और जुझारू महिला आदरणीया द्रौपदी मुर्मू मैडम जी के नाम से लोकप्रिय हैं।ओडिशा राज्य के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर से आने वाली श्रीमती द्रौपदी मुर्मू यानी मैडम जी की भगवान शिव में गहरी आस्था है।मैडम जी प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय मिशन से जुड़ी जनजातीय समाज से पहली महिला हैं जो देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद हेतु राजग प्रत्याशी बनाई गई हैं।यह भारत के जनजातीय समुदाय और महिला वर्ग के लिए गौरव की बात है।यह भारत का महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की कड़ी में एक और बड़ा कदम है। आदरणीया द्रौपदी मुर्मू झारखंड राज्य की राज्यपाल भी रह चुकी हैं।
चित्र : गूगल से साभार 
यदि आदरणीया द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति बनती हैं तो वह अनुसूचित जनजाति से आने वाली देश की पहली महिला राष्ट्रपति होंगी।श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की पारिवारिक पृष्ठभूमि और उनके जीवन संघर्ष को जानकर हर कोई प्रेरणा ले सकता है।ओडिशा के मयूरभंज जनपद से आने वाली द्रौपदी मुर्मू द्वारा विधायक और फिर राज्यपाल जैसे उच्च पद को सुशोभित करने के पीछे उनके संघर्षों की एक लंबी कहानी है। मां-बाप के लिए इससे बड़ा दुःख कोई नहीं होता कि उनके रहते उनकी प्रिय संतान की मृत्यु हो जाए।द्रौपदी मुर्मू ने अपने जीवन में ऐसी ही असहाय पीड़ा झेली है।उनके दो पुत्र कुछ समय के अंतराल पर ही  गोलोकवासी हो गए।उस दौरान जिस पीड़ा का दंश उन्होंने झेला होगा उसे हम भलिभांति महसूस कर सकते हैं।उस दौरान वह मानसिक अवसाद तक की स्थिति में पहुंच गईं थीं।उन पर टूटा यह वज्रपात यहीं नहीं रुका।कुछ समय बाद ही उनके पति भी असमय उनका साथ छोड़कर देवलोक को गमन कर गए।इन विपरीत पारिवारिक परिस्थितियों से उबरकर फिर से सामान्य होकर देश-सेवा का जज़्बा लेकर सार्वजनिक जीवन में द्रौपदी मुर्मू जिस ऊर्जा और साहस से पुन:सक्रिय हुईं वह किसी के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हो सकता है।
अक्सर राज्यपालों और राष्ट्रपति को लोग रबर स्टैंप कह देते हैं।द्रौपदी मुर्मू ने इस बात को कई अवसरों पर राज्यपाल के पद पर रहते हुए झूठा साबित किया।जब कुछ बिल उनके पास मंजूरी के लिए आए तो उन्होंने उनका अध्ययन करके उन पर यह कहते हुए हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया था कि अभी इनमें सुधार की गुंजाइश है।इससे उनके ज्ञान,विद्वता और अपने अधिकारियों के प्रति जागरूकता का पता चलता है।सचमुच ऐसे प्रतिबद्ध और सिद्धांतवादी लोगों के ही उच्च पदों पर आसीन होने से देश और समाज का भला हो सकता है।
यदि आदरणीया द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति बनती हैं तो यह बड़े गौरव की बात होगी।क्योंकि मैडम जी के समान संघर्षों की ज्वाला में तपा और अपने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक व्यक्ति ही इस सर्वोच्च पद के साथ न्याय कर सकता है।
उनसे नई आशाएं और अपेक्षाएं लेकर हम उनके दीर्घायु होने की कामना करते हैं।
अंत में अपने ही एक दोहे के माध्यम से मैं अपनी बात समाप्त करता हूं:
          दफ़्तर में  भी  धाक है, घर  में  भी है राज,
          नारी नर से कम नहीं, किसी बात में आज।
                        ओंकार सिंह विवेक 
          (सर्वाधिकार सुरक्षित)



June 21, 2022

योग दिवस/ Yoga Day




शुभ प्रभात साथियो 🌹🌹🙏🙏

आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है।यह गर्व का विषय है कि हमारे देश भारत ने ही दुनिया को योग के प्रति जागरूक किया।आज दुनिया योग के महत्व को समझ रही है तभी तो प्रतिवर्ष २१ जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने के लिए हम सबको नित्यप्रति योग का अभ्यास करना चाहिए।प्राचीन काल में हमारे देश के ऋषि मुनियों ने जनसामान्य को योग विद्या सिखाने का पुनीत कार्य किया ।आज बाबा रामदेव और अन्य भारतीय योग गुरु तथा आचार्य देश और दुनिया में निरंतर योग का प्रचार और प्रसार कर रहे हैं।अनेक असाध्य रोग योग के अभ्यास से पूरी तरह ठीक होने के तमाम अनुभव हम लोगों के मुख से अक्सर सुनते रहते हैं।अत: हमें योग को हर हाल में अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
दोस्तो आज पढ़िए योग को लेकर मेरे कुछ दोहे-----
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस/ International Day of Yoga
 ********************************************
                  ---ओंकार सिंह विवेक
©️ 
होता  है  इस  बात  पर , हमें  गर्व  का  भान,
भारत  ने  संसार  को , दिया  योग का  ज्ञान।

आदिकाल  में  देश  के, बालक- वृद्ध-जवान,
गुरुकुल जाकर  योग का, लेते  थे नित ज्ञान।

जिसने शामिल कर लिया , दिनचर्या  में योग,
उससे   घबराने  लगे ,  सभी  तरह  के  रोग।

घोर निराशा-क्रोध-भय,उलझन  और  तनाव,
योग  शक्ति  से  दूर  हों ,  ऐसे  सभी  दबाव।

तेग   बहादुर - सेमुअल , राम  और   रहमान,
सबके मुख पर योग से , खिलती है मुस्कान।

नित्य करेंगे योग का ,यदि हम  सब अभ्यास,
भर  जाएगा एक  दिन , जीवन  में  उल्लास।

कोरोना  के  काल  में ,करके  प्रतिदिन  योग,
प्रतिरोधक क्षमता सतत, बढ़ा  रहे  हैं  लोग।
               ------ ©️  ओंकार सिंह विवेक                       
                         (सर्वाधिकार सुरक्षित)


June 19, 2022

Father's Day

आज बिना किसी भूमिका के पिता श्री को समर्पित एक मुक्तक आप सब के साथ साझा कर रहा हूं।मुझे इस बात का गर्व है की  पिता जैसे घने दरख़्त का साया मुझे मयस्सर है। मैं पिता जी के दीर्घायु होने की कामना करता हूं ताकि मुझे यों ही उनका आशीष प्राप्त होता रहे।
💐💐🌹🌹🍀🍀☘️☘️🌿🌿🥀🥀🌼🌼🌺🌺🏵️🏵️🪴🪴🌴🌴🌲🌲🌳🌳🌼🌼🥀🥀🌿🌿☘️☘️🍀🍀🌹🌹💐💐
आज पितृ दिवस पर
****************
🌷मुक्तक🌷                        

🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌹🌹🌹
  
  मेरी  नींदों  की ख़ातिर ख़ुद जागा करते हैं,
  
 सहकर धूप  हमेशा मुझ पर साया करते हैं।
  
 करते  रहते  हैं  हर पल  मेरे दुख की चिंता,
  
पापा अपना कोई  दुख कब साझा करते हैं।
  
🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌷🌹🌹🌹
              ओंकार सिंह विवेक
    सर्वाधिकार सुरक्षित 

June 17, 2022

शुभ प्रभात🙏🙏💐💐शुभ प्रभात🙏🙏🌹🌹

नमस्कार मित्रो🙏🙏

पूरे दिन का तो नहीं पता परंतु आज सुब्ह- सुब्ह मौसम कुछ खुशगवार नज़र आया तो सोचा की मॉर्निंग वॉक के बाद ब्लॉग पर ही पहले कुछ पोस्ट किया जाए उसके बाद नाश्ते के बारे में सोचते हैं।
यह सत्य बात है कि शरीर भले ही थककर कुछ देर आराम करता हो या इसकी कामना करता हो लेकिन मन का परिंदा हमेशा उड़ान पर ही रहता है।मन सदैव विचारों के आसमान को नापता रहता है।
सो मित्रो इस चंचल मन की उड़ान के चलते कुछ नए दोहे हो गए जो आप सब के साथ साझा कर रहा हूं। उम्मीद है पसंद आएंगे ---
            कुछ ताज़ा दोहे 
            ************
तेज़ धूप ने देह की,ली सब  शक्ति  निचोड़,
अब तो सूरज देवता,दो अपनी ज़िद छोड़।

प्यास बुझाएं किस तरह, बेचारे  ये   खेत,
नदिया  में  है  दीखता,सिर्फ़  रेत  ही  रेत।

कैसे  भूलें  हार  का, बोलो  हम   उपकार,
वह  ही बतलाकर गई,हमें  जीत का द्वार।

संत  कबीरा   भर  गए,दोहों  में  जो  रंग,
उसे  देखकर  रह  गए,बड़े-बड़े  भी  दंग।

धीरे-धीरे  जब  हुए, प्रबल  मौन  के  वार,
आवाज़ों के  हिल गए,सभी ठोस आधार।
            ---ओंकार सिंह विवेक
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)


June 14, 2022

समस्या--पूर्ति


समस्या पूर्ति/तरही मिसरा
*******"*************
        ---ओंकार सिंह विवेक
हिंदी काव्य में दिए गए शब्द/पंक्ति पर किसी काव्य रचना का सृजन करना बहुत पुरानी परंपरा रही है।इसी प्रकार उर्दू साहित्य में भी दिए गए मिसरे पर ग़ज़ल कहकर नशिस्तों/मुशायरों में पेश करना ग़ज़ल विधा के उद्धव काल से ही चला आ रहा है।हिंदी साहित्य में ऐसी प्रतियोगिताएं कई प्रकार से आयोजित की जाती हैं। एक प्रथा यह है की दी हुई पंक्ति या शब्द को रचना के अंत में लाने का आग्रह किया जाता है और कई बार यह स्वतंत्रता रहती है कि दी गई पंक्ति का रचना में किसी भी स्थान पर समुचित प्रयोग किया जा सकता है।शर्त यह होती है कि उस शब्द/पंक्ति का प्रयोग करके रचना सारगर्भित तथा आकर्षक होनी चाहिए।इसी प्रकार उर्दू काव्य विधा में ग़ज़ल कहने के लिए एक मिसरा दे दिया जाता है और हिदायत रहती है कि इस मिसरे पर कोई मिसरा इस प्रकार लगाया जाए कि कथ्य और तथ्य युक्त एक प्रभावशाली शेर हो जाए तथा दिए गए मिसरे की बहर/मापनी में पूरी ग़ज़ल भी कह ली जाए। तरही मिसरे की एक महत्वपूर्ण बात यह होती है कि इसे सानी यानी दूसरा मिसरा ही बनाया जाता है इस पर ऊला यानी पहला मिसरा लगाकर शेर को मुकम्मल किया जाता है। दिए गए मिसरे यानी तरही मिसरे को ग़ज़ल के मतले में प्रयुक्त नहीं  करना चाहिए।यह अच्छी तरकीब नहीं मानी जाती है।
ऐसे आयोजनों के बहुत फ़ायदे हैं। पहला फ़ायदा यह है कि नए साहित्यकारों में काव्य सृजन के प्रति उत्साह जागृत होता है। साहित्यकार बढ़-चढ़ कर ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं जिससे उनके साहित्यिक कोष में भी वृद्धि होती है।दूसरा फ़ायदा यह कि इससे एक अच्छे साहित्यिक आयोजन की पृष्ठभूमि तैयार हो जाती है।
 एक साहित्यिक पटल के दैनिक आयोजन में ग़ज़ल विधा की कार्यशाला में इसी प्रकार एक मिसरा दिया गया था--
        "शब्द ही प्यार के बोलता रह गया"

मैंने भी इस मिसरे पर ग़ज़ल कही थी और सौभाग्य से उसको प्रथम पुरस्कार हेतु भी चुना गया था। अपनी वही ग़ज़ल आप सब सुधी जनों के साथ साझा कर रहा हूं।आशा है अपनी प्रतिक्रिया से अवश्य ही अवगत कराएंगे।

ग़ज़ल--©️ओंकार सिंह विवेक
©️
झूठ  पर   झूठ  वो   बोलता  रह   गया,
देखकर   मैं   तो  हैरान-सा   रह   गया।   
    
अर्ज़  हाकिम  ने लेकिन  सुनी  ही  नहीं,
एक  मज़लूम   हक़  माँगता   रह   गया।
       
जीते  जी   उसके, बेटों  ने   बाँटा  मकां,
बाप अफ़सोस  करता  हुआ  रह   गया।
©️
जाने  वाले  ने   मुड़कर  न   देखा  ज़रा,
दुख  हमें  बस  इसी बात  का  रह गया।

नाम  से   उनके  चिट्ठी  तो  इरसाल  की,
पर  लिफ़ाफ़े  पे  लिखना  पता रह गया।

हाल  यूँ  तो  कहा  उनसे दिल  का  बहुत,
क्या करें फिर भी कुछ अनकहा रह गया।
©️
वो   हिक़ारत   दिखाता   रहा, और   मैं,
"शब्द  ही  प्यार  के  बोलता   रह  गया"

देखकर  हाथ  में   उनके  आरी 'विवेक',
डर  के  मारे  शजर  काँपता   रह  गया।
            --- ©️ओंकार सिंह विवेक

इरसाल करना -- प्रेषित करना 

कृपया ऐसे ही और सर्जनात्मक साहित्य के रसास्वादन के लिए
यूट्यूब चैनल को क्लिक करें 👉 Youtube Channel 
https://youtu.be/PxtJ1G3FRgg
🙏🙏🌹🌹🌿🌿☘️☘️🍀🍀🪴🪴🌵🌵🌴🌴🌲🌲🌳🌳🌼🌼🥀🥀🏵️🏵️🌺🌺💐💐🌹🌹🌿🌿☘️☘️☘️☘️🍀








June 12, 2022

बनारस तेरी शान निराली


      बनारस में
      ********
            ओंकार सिंह विवेक
बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी/बनारस  जिसका प्राचीन नाम काशी है,हमारे देश की सभ्यता और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करती है।
चित्र गूगल से साभार
इस प्राचीन नगरी का हमारे वेदों और पुराणों में विस्तार से वर्णन मिलता है। यहाँ के कण-कण में भोले शंकर का वास है।बाबा विश्वनाथ, जो सबके काम पूर्ण करते हैं ,पूरी सज-धज के साथ यहाँ विराजमान हैं।काशी के घाट मान को मोहते हैं ।यहाँ की गंगा आरती विश्व प्रसिद्ध है।हिंदूधर्म में ऐसी मान्यता है की काशी में प्राण त्यागने पर मोक्ष की प्राप्ति होती है।वाराणसी नगर सदैव ही भारत की साझा संस्कृति का प्रतीक रहा है।यदि रैदास और तुलसीदास जैसे महापुरुषों का संबंध इस नगरी से रहा है तो कबीरदास और उस्ताद बिस्मिल्लाह ख़ान भी इस पावन नगरी से संबद्ध रहे हैं।उस्ताद बिस्मिल्लाह ख़ान साहब की शहनाई ने तो सारी दुनिया में धूम मचाई।
चित्र गूगल से साभार
पुराने बनारस की तंग गलियाँ,चाट और कचौरियां तथा पान भला किसको अपनी और नहीं खींचते।बनारसी साड़ियां तो भारतीय नारी के गौरव-मान-मर्यादा और सौंदर्य से सीधा संबंध रखती हैं।
इस नगरी की भव्यता और संस्कृति के बारे में विस्तार से फिर कभी पूरे  मन से लिखूंगा,अभी इतना ही सही----

बहती है  गंगा की  निर्मल धार  बनारस  में,
होती है शंकर की जय जयकार बनारस में।

करने  श्रद्धा से  गौरी जी  का पूजन अर्चन,
भक्त  खड़े हैं कर  जोड़े  तैयार  बनारस में।
        ----ओंकार सिंह विवेक


          

               
 






June 10, 2022

शायरी/कविता के बहाने

मित्रो शुभ प्रभात🙏🙏

शायरी या कविता आत्मा और मन की आवाज़ को अभिव्यक्त करने का माध्यम है।शायर या कवि के सृजन में कुछ आपबीती होती है तो कुछ जगबीती।साहित्य समाज का दर्पण भी होता है और कई अर्थों में उससे कहीं बहुत आगे की चीज़ भी होता है क्योंकि साहित्य समाज को यह भी बताता है कि जो कुछ अप्रिय यह दर्पण दिखा रहा है वह ठीक नहीं है इससे इतर कुछ ऐसा या वैसा होना चाहिए,  आदि --आदि--

यह भी ज़रूरी नहीं है कि साहित्य में सब कुछ सकारात्मक ही होगा।जो नकारात्मक भोगा, परखा और देखा जा रहा है उसकी अभिव्यक्ति भी सर्जन में नज़र आएगी।अतः जैसे  ज़िंदगी से आशा-निराशा, सुख-दुख,भला-बुरा,हँसना-रोना आदि सब एक दूसरे के पूरक के रूप में जुड़े होते हैं वैसा ही कविता के साथ भी है।आख़िर जीवन और उससे जुड़ी तमाम चीज़ों की अभियक्ति ही तो है कविता या शायरी भी।

इस बहाने मेरी ताज़ा ग़ज़ल का आनंद लीजिए
ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
*********************
🌷
पंछी  नभ  में  उड़ता था  यह  बात  पुरानी  है,
अब  तो  बस  पिंजरा है, उसमें दाना-पानी है।
🌷
वे   ही  आ  धमके हैं  जंगल  में  आरी  लेकर,
जो अक्सर  कहते थे  उनको  छाँव बचानी है।
🌷
आज सफलता चूम रही है जो इन  क़दमों को,
इसके  पीछे   संघर्षों   की   सख़्त  कहानी  है।
🌷
मुस्काते  हैं  असली  भाव  छुपाकर  चेहरे   के,
कुछ  लोगों  का   हँसना-मुस्काना  बेमानी  है।
🌷
बाँध लिया है अपना बिस्तर बरखा की ऋतु ने,
आने    वाली    हाड़  कँपाती   सर्दी   रानी  है।
🌷
क्यों  होता  है   जग में  सबका  यूँ आना-जाना,
आज तलक भी  बात भला ये किसने जानी है।
🌷
रोक  रहा   है  रस्ता  मेरा   पर   इतना  सुन  ले,
ग़म के पर्वत  तुझको आख़िर मुँह की खानी है।
🌷                       ------ओंकार सिंह विवेक
(सर्वाधिकार सुरक्षित)
कृपया सर्जनात्मक साहित्य के रसास्वादन के लिए


June 8, 2022

रामपुर की बात



रामपुर की बात
************
       --ओंकार सिंह विवेक
कल शाम पत्नी के साथ घूमने के लिए निकलना हुआ तो अपने शहर रामपुर-उ0प्र0 में अब एक दर्शनीय स्थल बन चुकी 'गांधी समाधि' की तरफ़ से गुज़रना हुआ।रात को बिजली की रौशनी में गांधी समाधि और उसके आस पास विकसित किए गए दर्शनीय स्थलों की शोभा देखते ही बन रही थी।
हम आगे जाने का विचार त्यागकर वहीं उस मनोहारी दृश्य को देखने में खो गए। पिछले कुछ समय में गांधी समाधि के विस्तार और सौंदर्यीकरण पर शासन-प्रशासन द्वारा एक बड़ी धनराशि ख़र्च करके उसे भव्य रूप दिया गया है। अपनी विरासत और राष्ट्रीय महत्व की चीज़ों के संरक्षण, संवर्धन और सौन्दर्यीकरण के लिए आवश्यक क़दम उठाए भी जाने ही चाहिए। बिजली के दूधिया प्रकाश में गांधी समाधि की  शोभा देखते ही बन रही थी।

गांधी समाधि के अगल-बग़ल ही दो भव्य गेटों का निर्माण कराया गया है जिनके नाम बाब-ए-हयात (जीवन द्वार ) और बाब-ए-निजात (मुक्ति द्वार) हैं इनकी भव्यता मन को मोह लेती है।

गांधी समाधि के निकट ही विकसित कराए गए एक और महत्वपूर्ण स्थल का उल्लेख मैं यहाँ करना चाहूँगा जिसे हम शहीद स्मारक स्थल भी कह सकते हैं।इस कंपाउंड/अहाते में जनपद रामपुर के देश की सेवा करते हुए शहीद हुए वीर जवानों के चित्र/मूर्तियाँ विवरण सहित प्रदर्शित की गई हैं।इन्हें देखकर देश की ख़ातिर अपना बलिदान देने वाले सैनिकों और उनके परिजनों के प्रति दिल श्रद्धा से भर उठता है।
हम पति-पत्नी काफ़ी देर इन सुंदर दृश्यों को  निहारते हुए अपने नगर और जनपद पर गर्व करते रहे।
घर वापसी से पहले हम लोग वहाँ चल रहे रंग-बिरंगे फाउंटेन के सामने खड़े होकर सेल्फी लेना नहीं भूले।

हमारे जनपद रामपुर में  देखने और उसे समझकर गर्व करने के लिए बहुत कुछ है जैसे रज़ा लाएब्रेरी ,रेडियो स्टेशन,कोठी ख़ास बाग़ पैलेस ,कस्तूरबा गांधी पक्षी विहार और देश का पहला अमृत सरोवर आदि।इन सबका मैं सिलसिलेवार अपने ब्लॉग पर आप लोगों से आगे परिचय अवश्य कराऊँगा तब तक के लिए धन्यवाद ,नमस्कार,जय हिंद🙏🙏🌷🌷🌺🌺💐💐🏝️🏝️
--ओंकार सिंह विवेक

June 7, 2022

सरस्वती-वंदना

साथियो शुभ प्रभात प्रणाम🙏🙏🌷🌷🌺🌺💐💐

जब हम कोई अच्छा काम शुरू करते हैं तो अपने इष्टदेव की आराधना अथवा स्तुति के बाद ही प्रारम्भ करते हैं ताकि हमारा कारज विधिवत संपन्न हो सके।साहित्यिक कार्यक्रमों की जहाँ तक बात है उनका शुभारंभ हम विद्या की देवी माँ सरस्वती की वंदना/आराधना से करते हैं। इसी प्रकार किसी नशिस्त अथवा मुशायरे का आग़ाज़ भी नबी या पैग़म्बर की स्तुति जिसे 'नात' कहा जाता है,से किया जाता है। अपने इष्टदेव की आराधना के पश्चात काम शुरू करने पर निश्चित ही सफलता की प्राप्ति होती है।
तो आइए साथियो माँ सरस्वती की वंदना करते हैं :
चित्र गूगल से साभार

सरस्वती वंदना--दोहे🌷
               ----ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710

🌷
हो   मेरा   चिंतन   प्रखर , बढ़े  निरंतर  ज्ञान।
हे   माँ   वीणावादिनी   ,  दो   ऐसा  वरदान।।
🌷
मातु   शारदे  आपका ,  रहे   कंठ   में   वास।
वाणी  में   मेरी   सदा , घुलती  रहे  मिठास।।
🌷
यदि  मिल जाए आपकी,दया-दृष्टि  का दान।
माता   मेरी   लेखनी , पाए  जग   में   मान।।
🌷
किया  आपने  शारदे ,  जब  आशीष  प्रदान।
रामचरित  रचकर  हुए , तुलसीदास  महान।।
🌷
हाथ जोड़कर बस यही, विनती  करे 'विवेक'।
नैतिक बल दो माँ मुझे,काम करूँ नित नेक।।
🌷
                    ------ओंकार सिंह विवेक

   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

यूट्यूब चैनल के लिए क्लिक करें 👉 Youtube Channel  





June 6, 2022

सच की फौजों पर अब झूठों------

सादर प्रणाम मित्रो🙏🙏🌷🌷

आज हम सब विरोधभासों और विसंगतियों से दो-चार होते हुए जीने को मजबूर हैं।इस विरोधाभास को देखकर ह्रदय व्यथित भी होता है।मानव ने अपने दोहरे चरित्र से परिस्थितियों को बहुत दुरूह और जटिल बना दिया है।कुछ इसी पृष्ठभूमि में एक नवगीत का सृजन हुआ है जो आप लोगों की प्रतिक्रिया हेतु साझा कर रहा हूँ: 
चित्र गूगल से साभार

आज एक नवगीत सामाजिक विरोधाभासों
 और विसंगतियों के नाम
 *******************************
 ---  ©️ओंकार सिंह विवेक

सच की फौजों पर अब,  
झूठों का दल भारी है।              

सड़क  गाँव  तक  आकर,
नागिन-सी फुँफकार भरे।
पगडंडी बेचारी,
थर-थर  काँपे और डरे।
नवयुग में  विकास  की,
यह अच्छी तैयारी है।

जनता को तो देता,
केवल वादों की गोली।
और हरे नोटों से,
भरता नित अपनी झोली।
जनसेवक है या फिर,
वह कोई  व्यापारी है?

रहा तगादे* वाली,
चाबुक से वह डरा-डरा।
ख़ुद भूखा भी सोया,
पर क़िस्तों का पेट भरा।
होरी पर बनिए की,
फिर भी शेष उधारी है।
  -----©️ओंकार सिंह विवेक
यूट्यूब चैनल के लिए क्लिक करें 👉 Youtube Channel  

*मूल शुद्ध शब्द तक़ाज़ा है 
परंतु हिंदी में तगादा भी मान्य है
(सर्वाधिकार सुरक्षित)

June 4, 2022

साहित्य की सेवा

समाज सेवा के बहुत से माध्यम हो सकते हैं जिनके बारे में पहले भी मैं अपनी एक ब्लॉग पोस्ट में विस्तार से चर्चा कर चुका हूँ।साहित्य के माध्यम से जनचेतना जागृत करके भी समाज सेवा के कार्य को अंजाम दिया जा सकता है।ऐसा ही एक पावन कार्य रामपुर के वरिष्ठ साहित्यकार श्री जितेंद्र कमल आनंद जी लंबे समय से करते आ रहे हैं।श्री आनंद जी फेसबुक और व्हाट्सएप्प पर कई साहित्यिक समूह चलाते हैं।इन समूहों से बहुत से नए और पुराने साहित्यकार जुड़े हुए हैं।श्री जितेंद्र कमल आनंद जी निःस्वार्थ भाव से इन समूहों में रचनाकारों को छंदबद्ध साहित्य सृजन सिखाते हुए निरंतर हिंदी की सेवा करने में लगे हुए हैं। आदरणीय आनंद जी की यह अनवरत साहित्य साधना प्रणम्य है🙏🙏
 इन साहित्यिक पटलों पर अक्सर ही प्रांतीय और राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन साहित्यिक आयोजन होते रहते हैं।ऐसा ही एक साहित्यिक आयोजन कल रविवार को अखिल भारतीय काव्यधारा रामपुर संस्था के पटल पर स्ट्रीमयार्ड पर होना तय पाया गया है जिसमें निम्न साहित्यकार सहभागिता करेंगे --
श्री जितेंद्र कमल आनंद,रामपुर         अध्यक्ष
श्रीमती मीना सिद्धार्थ,जबलपुर           मुख्य अतिथि
श्री(डॉ0)अरुण श्रीवास्तव अर्णव,भोपाल  विशिष्ट अतिथि
श्री (डॉ0) लियाक़त अली जलज,वाराणसी   विशिष्ट अतिथि
श्री अनिल सारस्वत ,काशीपुर          विशिष्ट अतिथि
मैं स्वयं(ओंकार सिंह विवेक),रामपुर     कार्यक्रम संचालन
यूट्यूब चैनल के लिए क्लिक करें 👉 Youtube Channel  



June 2, 2022

अपनी बात : दोहों के साथ

नमस्कार मित्रो🌷🌷🙏🙏

यों तो काव्य की सभी विधाएँ भाव-अभिव्यक्ति का एक उत्तम माध्यम होती हैं।किसी एक विधा को दूसरी से कमतर नहीं कहा जा सकता।फिर भी दोहा एक ऐसी विधा है जिसमें 13 और 11 मात्राओं के क्रम में मात्र दो पंक्तियों अर्थात चार चरणों में गागर में सागर भरने जैसी मारक अभिव्यक्ति की जा सकती है।इसलिए पुराने समय से ही दोहा विधा हिंदी-काव्य  की बहुत ही लोकप्रिय विधाओं में गिनी जाती है।हम सब भलीभांति परिचित हैं कि कबीरदास और रहीम जी के दोहे कैसी पैनी और तीखी धार के साथ पढ़ने या सुनने वाले पर अपना असर छोड़ते हैं।

आज इसी लोकप्रिय विधा दोहा में आप सब के साथ कुछ भाव साझा कर रहा हूँ।आशा है भिन्न-भिन्न शब्दों को लेकर कहे गए ये दोहे आपको पसंद आएँगे और आप अपनी प्रतिक्रिया से अवश्य ही अवगत कराएँगे।
सादर🌷🌷🙏🙏
विभिन्न शब्दों को लेकर 
रचे   गए    कुछ   दोहे
*****************
     --- ©️ओंकार सिंह विवेक
शीत
©️
तन  पर  लिपटे  चीथड़े, शीत लहर की मार,
निर्धन   सोचे    सर्दियाँ,  होंगी   कैसे   पार।

सूर्य

शातिर   कुहरे   ने   यहाँ, खेला  ऐसा  खेल,
पड़ी  सूर्य  को काटनी, कई दिनों तक जेल।

वर्षा

सहकर प्रतिदिन जेठ की,तन झुलसाती धूप,
सबको   ही  आषाढ़  की, वर्षा  लगे  अनूप।

मकर संक्रांति
©️
 शुद्ध  भाव  से कीजिए,भजन-साधना-दान,
 पर्व  मकर संक्रांति  का,देता  है  यह  ज्ञान।
 
फसल

नित  पाले  की  मार  से,फसल  हुई  बेकार,
हल्कू   सोचे   सेठ  का , कैसे  चुके  उधार।
                  --  ©️ओंकार सिंह विवेक
(ब्लॉगर की पॉलिसी के तहत सर्वाधिकार सुरक्षित)




May 30, 2022

समीक्षा के बहाने

सभी साहित्य मनीषियों को नमस्कार 🙏🙏
साथियो कविता/शायरी तो हम करते ही रहते हैं लेकिन
कभी-कभी विषयगत सार्थक चर्चा भी होनी चाहिए।इसी
विचार को केंद्र में रखकर आज मैं अपनी कोई ग़ज़ल पोस्ट
न करते हुए एक बड़े साहित्यकार स्मृतिशेष पंडित कृष्णानंद
चौबे जी की एक ग़ज़ल उनके शिष्य आदरणीय अंसार
क़म्बरी जी की की वाल से लेकर साभार लेकर यहाँ प्रस्तुत कर रहा हूँ।
इस ग़ज़ल को पोस्ट करने के बहाने कुछ बिंदुओं पर सार्थक
चर्चा हो जाएगी ,ऐसा मुझे लगता है--
--ग़ज़ल केवल उर्दू भाषा  के भारी भरकम शब्दों का प्रयोग करके ही प्रभावशाली हो सकती है ,आदरणीय कृष्णानंद चौबे जी की यह ग़ज़ल इस भ्रांत धारणा को ध्वस्त करती है।इस ग़ज़ल के हर  शेर में  भरपूर शेरियत विद्यमान है।बिंब/प्रतीक/व्यंजना सब कुछ मौजूद है रचना में।
-- यह हर क्षेत्र में नवीन प्रयोगों का युग है।वैश्वीकरण की अवधारणा सर्वमान्य हो चुकी है।अतः कुछ  मर्यादाओं का पालन करते हुए साहित्य में भी प्रयोगधर्मी हुआ जा सकता है और लोग हो भी रहे हैं । आजकल हाइकू --आदि और भी न जाने कौन-कौन सी विदेशी भाषाओं की साहित्यिक विधाओं का हिंदी देवनागरी में साहित्यकार सृजन कर रहे हैं ऐसा ही ग़ज़ल विधा के साथ भी है।
-- हाँ, हमें यह बात अवश्य ध्यान रखनी चाहिए कि हम किसी श्रेष्ठ रचनाकार की रचना से सृजन की प्रेरणा तो लें पर हूबहू उसकी रचना की पूरी पंक्ति या भाव को लगभग उन्हीं शब्दों में उतारकर अपनी रचना में न रख दें,यह नैतिकता और साहित्य की शुचिता के विपरीत है।इससे कभी कोई रचनाकार श्रेष्ठ नहीं हो सकता।किसी रचनाकार की रचनाओं के विचार और भावों से प्रभावित होकर उन्हें अपने शब्दों में ढालना और हूबहू अपनी रचना में रख देना दोनों अलग-अलग बातें हैं।
--एक क़िस्सा मुझे प्रसंगवश याद आ गया।हाल ही में सोशल मीडिया के एक साहित्यिक पटल पर एक साहित्यकार(नाम बताना उचित नहीं ) ने अपनी ग़ज़ल वहाँ चल रही ग़ज़ल प्रतियोगिता में सहभागिता करते हुए पोस्ट की।इत्तेफ़ाक़ से उसे प्रथम पुरस्कार हेतु चुन लिया गया।इसके बाद एक अन्य प्रतिष्ठित साहित्यकार ने पुष्ट प्रमाणों के साथ दावा किया की यह ग़ज़ल तो उनकी है।तथ्य स्पष्ट होने पर पहले अपने नाम से रचना पोस्ट करने वाले साहित्यकार ने यह कहते हुए मुआफ़ी माँगी की उन्होंने यह रचना अपने लिए किसी और साहित्यकार से लिखवाई थी और उन्हें नहीं मालूम था कि जिनसे रचना  लिखवाई गई थी उन्होंने भी उसे कहीं और से हासिल किया था।आज सोशल मीडिया पर साहित्यिक चोरी और और कट पेस्ट का धंधा इस स्तर पर पहुँच गया है।
--यह सब चर्चा इसलिए ज़रूरी लगी क्योंकि आज संचार क्रांति/सोशल मीडिया के युग में तेज़ी से साहित्यकारों की एक ऐसी पीढ़ी उभरती देखी जा रही है जिसे बहुत जल्दी ही वाह वाह वाह! की टिप्पणियाँ चाहिए अपनी रचनाओं पर।वे आलोचनात्मक प्रतिक्रियाओं को सहजता से नहीं लेते।ऐसे रचनाकारों को  ये मानक तय करने होंगे कि भविष्य में वे कैसा रचनाकार बनना चाहते हैं।एक समीक्षक होने के अपने अनुभव के आधार पर मैं समीक्षा हेतु पटल पर रचनाएँ पोस्ट करने वाले साहित्यकारों से अनुरोध करना चाहूँगा कि--
--वे रचना के ऊपर विधा और मात्रा विधान
आदि स्पष्ट रूप से अंकित किया करें ताकि समझने और समझाने में आसानी हो।
--अपनी रचना पर की गई समीक्षात्मक/आलोचनात्मक टिप्पणी को बार-बार पढ़ना चाहिए।समीक्षक की कोशिश होती है कि किसी ठोस तथ्य के आधार पर ही रचना पर टिप्पणी की जाए।
--समीक्षक के लिए यह कदापि संभव नहीं है कि रचना पर प्रशंसात्मक टिप्पणी तो पटल पर सार्वजनिक रूप से करे और समीक्षात्मक विवरण रचनाकार के इनबॉक्स में जाकर पोस्ट करे।
--समीक्षा एक श्रमसाध्य कार्य है।प्रोत्साहन हेतु रचनाकार की रचना पर वाह वाह ! की टिप्पणी का भी महत्व होता है पर समीक्षक के लिए टिप्पणी हेतु यही एकमात्र पैमाना नहीं होता।समीक्षक रचनाकार को सिर्फ़ इशारों में थोड़ी बहुत सुधारात्मक जानकारी दे सकता है।सुझाव के अनुसार  निखार हेतु महनत अंततः रचनाकार को स्वयं ही करनी चाहिए।
---एक दिन में पटल पर किसी रचनाकार की एक ही रचना की समीक्षा किया जाना संभव होता है।
सुझाव के बाद रचना को संशोधित करके पुनः उसी दिन पटल पर समीक्षक की टिप्पणी हेतु प्रस्तुत करके उस दिन के लिए समीक्षक पर अतिरिक्त बोझ नहीं बढ़ाया जाना चाहिए।रचनाकार को तदनुसार रचना को दुरुस्त करके अपने रिकॉर्ड में सुरक्षित कर लेना चाहिए और फिर किसी दिन उचित अवसर पाकर पटल पर पोस्ट करना चाहिए।
सादर
ओंकार सिंह विवेक
ग़ज़लकार/समीक्षक

प्रसिद्ध कवि और शायर आदरणीय अंसार क़म्बरी जी की
 वॉल से साभार उनके साहित्यिक गुरु स्वर्गीय कृष्णानंद 
 चौबे जी की  एक ग़ज़ल
 ***********************************
...............: ग़ज़ल :
पंडित कृष्णानंद चौबे
सागरों से जब से यारी हो गई,
ये नदी मीठी थी खारी हो गई।

आदमी हलका हुआ है इन दिनों,
ज़िन्दगी कुछ और भारी हो गई।

अपने कुनबे को गिना दो चार बार,
लीजिए  मर्दुमशुमारी  हो  गई।

फ़ायदा भटकाओ से ये तो हुआ,
रास्तों की जानकारी हो गई।

राम नामी चादरों को ओढ़ कर,
हर नज़र कितनी शिकारी हो गई।

आप-हम सब थे वहीं दरबार में,
द्रोपदी फिर से उघारी हो गई।
पंडित कृष्णानंद चौबे
(आदरणीय अंसार क़म्बरी जी की वॉल से साभार)

May 27, 2022

कुछ अपनी कुछ कविता की

कल का दिन अत्यधिक व्यस्तता भरा रहा।दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सेदारी रही।
पहला कार्यक्रम मिगलानी सेलिब्रेशन मुरादाबाद में प्रथमा यू पी ग्रामीण बैंक सेवा निवृत्त कर्मचारी कल्याण समिति मुरादाबाद द्वारा आयोजित किया गया था।यहाँ समिति के सदस्य के रूप में सहभागिता का अवसर प्राप्त हुआ।सभा में संस्था के पदाधिकारियों द्वारा सेवा निवृत्त कर्मचारियों/उनके आश्रितों के कल्याण और उनके लंबित मुद्दों आदि पर विस्तार से प्रकाश डाला गया तथा समिति द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया गया।समिति के सदस्यों की सदस्यता बढ़ाने पर भी ज़ोर दिया गया।
यह एक कटु सत्य है कि व्यक्ति जब अपने जीवन का एक बड़ा भाग सरकारी या ग़ैर सरकारी सेवा को समर्पित करके रिटायर होता है तो विभाग द्वारा उसके अवकाश प्राप्ति के परिलाभों या अन्य देय सुविधाओं के निस्तारण में अक्सर उदासीनता बरती जाती है।इस बात के अपवाद भी हो सकते हैं परंतु ऐसा अक्सर देखने में आता है।उस समय रिटायरी की बात को उठाने वाला कोई नहीं होता।ऐसे समय आदमी को संगठन की शक्ति का एहसास होता है।अतः सेवा निवृत्त कर्मचारियों का ऐसे संगठनों से जुड़े रहना ज़रूरी है।रिटायरीज़ के लिए इस दिशा में प्रथमा यू पी ग्रामीण बैंक सेवा निवृत्त कर्मचारी कल्याण समिति मुरादाबाद द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

शाम को दूसरा कार्यक्रम ज़ेनिथ होटल रामपुर में भारत विकास परिषद की रामपुर इकाई द्वारा आयोजित किया गया था।मेरे बैंक के ही अवकाश प्राप्त वरिष्ठ साथी श्री अभय शंकर अग्रवाल साहब का बहुत-बहुत आभार कि उन्होंने मुझे राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कारों के पोषण और संरक्षण में महती भूमिका निभाने वाले संगठन की सदस्यता ग्रहण कराई।उल्लेखनीय है कि भारत विकास परिषद पूरे भारत वर्ष में अपनी इकाइयों के माध्यम से शैक्षणिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ जन सेवा के कार्यों में भी निरंतर अपनी उपस्थिति दर्ज कराता रहता है।
इस कार्यक्रम में हमारी(पति और पत्नी की) मेहमान के तौर पर पहली परिचयात्मक उपस्थिति थी।
इस वृतांत के साथ यदि कविता का तड़का न लगे तो फिर पोस्ट का मज़ा ही क्या?
तो लीजिए दोस्तो हाज़िर हैं मेरे कुछ दोहे : 
🌷
मिली  कँगूरों  को  सखे,तभी  बड़ी  पहचान,
दिया नीव  की  ईंट ने,जब  अपना बलिदान।
🌷
कलाकार  पर   जब  रहा,प्रतिबंधों  का  भार,
नहीं कला में आ सका,उसकी तनिक निखार।
🌷
मँहगाई    को    देखकर, जेबें   हुईं    उदास,
पर्वों   का   जाता  रहा,अब  सारा   उल्लास।
🌷
भोजन  करके   सेठ  जी,गए  चैन   से  लेट,
नौकर   धोता   ही   रहा, बर्तन  ख़ाली  पेट।
🌷
चल हिम्मत  को बाँधकर,जल में पाँव उतार,
ऐसे  तट  पर  बैठकर,नदी  न   होगी   पार।
🌷         ---ओंकार सिंह विवेक
                 (सर्वाधिकार सुरक्षित)
यूट्यूब चैनल के लिए क्लिक करें 👉 Youtube Channel  



May 25, 2022

दोस्ती किताबों से

   दोस्ती किताबों से
  ***************
          ---ओंकार सिंह विवेक
मेरे एक मित्र हाल ही मैं सरकारी सेवा से रिटायर हुए हैं।वे उच्च शिक्षित और भरे-पूरे परिवार के स्वामी हैं।रिटायरमेंट के बाद उनके शुरू के कुछ दिन तो पेंशन आदि के काग़ज़ात की खानापूरी करने और इसी तरह के अन्य कामों में निकल गए।इस दौरान वह पहले की तरह ही व्यस्त रहे तो उन्हें समय का पता ही नहीं चला।बाद में कुछ दिन रिश्तेदारों के यहाँ मेहमानदारी आदि में अच्छे बीत गए।तदोपरांत धीरे-धीरे उन्हें ख़ाली समय कचोटने लगा।एक दिन मॉर्निंग वॉक करते समय मैंने उनसे पूछ ही लिया कि आजकल आप कुछ सुस्त और उखड़े-उखड़े से दिखाई देते हैं,क्या बात है? कहने लगे "यार क्या बताऊँ अब तो टाइम काटना मुश्किल दिखाई देने लगा है।आख़िर कोई कितनी देर अख़बार पढ़े या इधर-उधर टहले और पान की दुकान पर जाकर बैठे।" मैं उनकी परेशानी समझ चुका था।यदि एडवांस में भविष्य के टाइम की प्लानिंग न कि जाए तो रिटायरमेंट के बाद अक्सर ऐसा लोगों के साथ होता है।चूंकि दफ़्तर जाना तो होता नहीं जहाँ व्यक्ति के 7-8 घंटे व्यस्तता में व्यतीत हो जाते हैं। इसलिए रिटायरमेंट के फ़ौरन बाद या उससे पहले ही हमें अपने समय-प्रबंधन की प्लानिंग कर लेनी चाहिए।कुछ लोग इस मामले में बहुत जागरूक होते हैं।वे समय रहते ही अपनी रुचि का कोई काम जैसे दुकान,पार्ट टाइम जॉब या फिर किसी सामाजिक संस्था आदि से जुड़कर ख़ुद को जीवन की इस अगली पारी में सक्रिय रखने के लिए व्यस्त कर लेते हैं।जिन्हें पढ़ने-लिखने में रुचि होती है वे स्वयं को इस क्षेत्र में व्यस्त रखकर अपना मानसिक और बौद्धिक विकास करके सक्रिय बने रहते हैं। मैंने अपने दोस्त को व्यस्त रहने के इसी तरह के कई विकल्प सुझाए।उन्होंने कहा कि भाई कोई दुकान या पार्ट टाइम जॉब करना तो अब मेरे बस की बात नहीं है।आख़िर 35 वर्ष तक पाबंदियों में रहकर नौकरी कर ली यह क्या कम बड़ी बात है? फिर मैंने उनसे कहा कि आपने तो हिंदी साहित्य में M A किया है ,साहित्य में तो रुचि होगी ही आपकी।कहने लगे, "हाँ भाई पढ़ने में मेरी सदा से ही रुचि रही है।बीच में दफ़्तर में काम के दबाव के चलते यह सब छूट गया था।" जब उनकी नब्ज़ हाथ आई तो मैंने  कहा कि अच्छी किताबों से बढ़िया कोई दोस्त नहीं हो सकता।जो रुचि का काम आप पहले दफ़्तर की ज़िम्मेदारियों के चलते नहीं कर सके उसे अब कीजिए।इससे आपका चिंतन विकसित होगा, ज्ञान में वृद्धि होगी और समय भी भली प्रकार व्यतीत होगा।यह बात उनकी समझ में आ गई ,कहने लगे कि यह तो मैंने कभी सोचा ही नहीं।
अगले दिन वह मेरे घर हाज़िर थे,कोई किताब चाहते थे पढ़ने के लिए।मुझ जैसे इंसान के पास किताबों के सिवा और क्या ख़ज़ाना हो सकता है।मेरी लाइब्रेरी में हिंदी और अंग्रेज़ी के अच्छे साहित्यकारों की तमाम किताबें मौजूद हैं।हिंदी साहित्य के ज़मीन से जुड़े साहित्यकार स्मृतिशेष मुंशी प्रेमचंद जी का तो मैं हमेशा से बहुत बड़ा फैन रहा हूँ।उनके लगभग सभी उपन्यास और कहानी संग्रह मेरी लाइब्रेरी में मौजूद हैं। मैंने अपने दोस्त को मुंशजी का उपन्यास "गोदान" पढ़ने के लिए दिया।यह मेरा पसंदीदा उपन्यास है जिसे अब तक मैं कई बार पढ़ चुका हूँ।ग्रामीण समाज की तत्कलीन व्यवस्था का जीवंत और मार्मिक चित्रण इस उपन्यास में किया गया है। यह उपन्यास पढ़ने वाले कि आँखों में करुणा का समुंदर लाने के लिए काफ़ी है।आज भी इस उपन्यास को पढ़ते हुए ऐसा लगता है कि यह हमारे आसपास वर्तमान समाज में घटित हो रही घटनाओं का ही यथार्थ चित्रण करता है क्योंकि आज भी कमोबेश वैसी ही परिस्थितियाँ हैं समाज की।निःसंदेह मैं यह गर्व से कह सकता हूँ कि मुंशजी वर्तमान-द्रष्टा ही नहीं अपितु भविष्य-द्रष्टा भी थे।
चित्र : गूगल से साभार
भाई साहब एक हफ़्ते बाद उपन्यास वापस करने आए तो चेहरे पर मुस्कुराहट और आत्मसंतुष्टि के भाव थे।कहने लगे "भाई आपने तो मुझे उपन्यास के रूप में एक अनमोल निधि सौंप दी।मैं तो उसमें ऐसा डूबा की चार सिटिंग में उसे पूरा पढ़कर ही दम लिया।पत्नी बार- बार कहती थीं कि कहाँ तो तुम वक़्त न कटने की शिकायत करते रहते थे और अब खाना खाने के लिए भी तुम्हें बार-बार पुकारना पड़ता है।" कहने लगे कि ऐसी ही कोई और रोचक किताब दीजिए पढ़ने के लिए।
मैं उनकी प्रतिक्रिया से बहुत प्रसन्न हुआ और आज मैंने उन्हें मुंशी प्रेमचंद जी का ही दूसरा उपन्यास "कर्मभूमि"और अपना ग़ज़ल-संकलन "दर्द का एहसास" पढ़ने के लिए दिए।
वह मुस्कुराते हुए मुझे धन्यवाद देकर चले गए।

दोस्तो यह अनुभव के आधार पर परखा हुआ अकाट्य सत्य है कि किताबें आदमी का बेहतरीन दोस्त होती हैं अतः हम अच्छा साहित्य पढ़ने के लिए कुछ न कुछ वक़्त अवश्य निकालें।ऐसा करने से हमारा मौलिक चिंतन विकसित होगा और एक सर्जनात्मक सोच के सहारे  हम अपनी और दूसरों की ज़िंदगी को एक नई दिशा देने में कामयाब हो सकते हैं।

जय हिंद,जय भारत🙏🙏🌷🌷🌺🌺💐💐
ओंकार सिंह विवेक

May 23, 2022

अभी कल की ही तो बात है

शुभ प्रभात मित्रो🙏🙏
वाह री क़ुदरत ! तेरा करिश्मा-- कल तक पारा उत्तर भारत में 40 से 45 डिग्री सेल्शियस के आस पास घूम रहा था।गर्मी बदन को झुलसाने को आतुर थी।मानव,पशु-पक्षी और पेड़-पौधे सभी गर्मी से अकुलाए हुए उम्मीद से आसमान की और ताक रहे थे।
चित्र -- गूगल से साभार
आज सुब्ह जब मॉर्निंग वॉक शुरू की तो मौसम एकदम उलट था।मस्त हवा चल रही थी,आसमान में काले बादल चहलक़दमी कर रहे थे और उनमें हल्की गड़गड़ाहट भी थी।आजकल जो सुब्ह से ही उमस और चिपचिपाहट का आभास होने लगता था वह जैसे कहीं हवा हो गया था।क़ुदरत/प्रकृति का यह बदला रूप देखकर मन इसके प्रति श्रद्धा से झुक गया।आज के इस मस्त मौसम ने  मॉर्निंग वॉक का मज़ा कई गुना बढ़ा दिया।थोड़ी ही देर में बूँदाबाँदी हवा के साथ तेज़ बारिश मे बदल गई।
चित्र : गूगल से साभार
लोग कई दिन से तेज़ गर्मी के चलते जिस परेशानी और लाचारी से गुज़र रहे थे उसे प्रकृति ने अपनी कृपा-दृष्टि से दूर कर दिया।यदि प्रकृति मानव द्वारा उससे की जाने वाली अनावश्यक छेड़छाड़ का दंड देती है तो उसे अपने प्यार और आशीर्वाद से पोषित भी करती है।हमें प्रकृति या क़ुदरत के प्रति सदैव कृतज्ञता ज्ञापित करते रहना चाहिए और पर्यावरण को दूषित करने से बचना चाहिए इसी से मानवकल्याण सम्भव है।
लीजिए इस अच्छे मूड और मस्त मौसम के साथ मेरी नई ग़ज़ल का आनंद लीजिए--
ग़ज़ल-- ओंकार सिंह विवेक
(सर्वाधिकार सुरक्षित)
ये  जो  शाखों  से  पत्ते  झर  गए  हैं,
ख़िज़ाँ  का ख़ैर  मक़दम  कर गए हैं।

कलेजा  मुँह को  आता है ये सुनकर,
वबा  से   लोग   इतने  मर   गए  हैं।

चमक आए न  फिर क्यों  ज़िंदगी में,
नए  जब   रंग  इसमें   भर   गए  हैं।

वो जब-जब आए हैं,लहजे से अपने-
चुभोकर   तंज़   के   नश्तर  गए  हैं।

डटे  हैं   भूखे-प्यासे  काम   पर  ही,
कहाँ  मज़दूर  अब  तक  घर गए हैं।

है इतना  दख्ल  नभ  में आदमी का,
उड़ानों   से    परिंदे    डर    गए  हैं।

अभी  कुछ  देर  पहले  ही तो हमसे,
अदू  के  हारकर   लश्कर   गए   हैं।
               ---ओंकार सिंह विवेक
                (सर्वाधिकार सुरक्षित)
यूट्यूब चैनल के लिए क्लिक करें 👉 Youtube Channel  




May 20, 2022

बस यूँ ही ख़याल आ गया

शुभ प्रभात मित्रो🙏🙏
अक्सर ऐसा होता है कि कविता या शायरी जब नहीं होती तो कई-कई दिन तक नहीं होती और यदि माँ शारदे की कृपा होने लगे तो हर घड़ी या दिन-रात काव्यात्मक विचार मष्तिष्क में आते रहते हैं।ऐसा ही कल दोपहर को हुआ जब इन दिनों की  गर्मी के प्रचंड रूप पर घर में सब आपस में बातें कर रहे थे।सबका एक ही आग्रह था कि हे सूरज देवता ! अब आग उगलना बंद करो,बहुत हुआ। काश ! कोई ठंडी हवा का झोंका आए और बारिश का सँदेशा दे जाए, सबकी ज़ुबान पर बस यही बात थी।तभी अचानक माँ की कृपा से यह दोहा हो गया-

सूर्य देव इतना  अधिक,क्रोध न करिए आप,
विनती है करबद्ध अब, घटा लीजिए   ताप।

चित्र : गूगल से साभार
कल्पना ने उड़ान भरी तो अपने गाँव के पुराने दिन भी याद आ गए।
पेड़ों पर चढ़कर आम और अमरूद तोड़ना,दोस्तों के साथ गुल्ली-डंडा खेलना,ट्यूवैल पर जाकर गर्मियों में नहाना-- वह सदाबहार चौपालें और घर के आँगन में सबको छाँव देता वह नीम का पेड़।स्मृतियों में न जाने क्या-क्या सुंदर दृश्य उभर आए।उसी समय एक दोहा और हुआ जो आप सबकी नज़्र करता हूँ--

सच है  पहले  की  तरह,नहीं रहे  अब गाँव,
मिल जाती है पर वहाँ,अभी नीम की  छाँव।

चित्र : गूगल से साभार

सिलसिला आगे बढ़ा तो भिन्न-भिन्न रंगों के  कुछ और दोहे भी हुए जो प्रस्तुत हैं :

कथ्य-शिल्प  के  साथ हों,भाव  भरे भरपूर,
झलकेगा  सच  मानिए,फिर कविता में नूर।

घूमे   लंदन - टोकियो , रोम   और    रंगून,
मगर  रामपुर-सा  कहीं,पाया  नहीं  सुकून।
    
क्रोध-दंभ का जिस घड़ी, होता है अतिरेक,
खो देता  है  आदमी, अपना  बुद्धि-विवेक।
                 --ओंकार सिंह विवेक

🌷🌷🌺🌺🙏🙏जय हिंद,जय भारत
यूट्यूब चैनल के लिए क्लिक करें 👉 Youtube Channel  

May 16, 2022

जीवन की राहों को कुछ आसान करूँ

दोस्तो नमस्कार🙏🙏
कविता या शायरी कसौटी पर खरी तभी कही जा सकती है जब उसे सुन या पढ़कर श्रोता/पाठक आह!अथवा वाह! करने के लिए मजबूर हो जाए।कविता में सुनने वाले के चिंतन को जागृत करने की क्षमता होगी तभी वह सिर चढ़कर बोलेगी।इसके लिए कविता में भाव,कथ्य,तथ्य और शिल्प का बेजोड़ संगम होना चाहिए।कविता में केवल भाव हों और शिल्प तथा शब्द-संयोजन,वाक्य-विन्यास आदि की अनदेखी की गई हो तो वह अपना असर छोड़ने में इतनी कारगर नहीं होती।इसी तरह यदि केवल शिल्प के पालन के लिए उसके कलात्मक पक्ष पर ध्यान न दिया गया हो तो भी कविता सार्थक नहीं कही जा सकती।कहने का तात्पर्य यह है कि अच्छी कविता या शायरी में भाव,कला तथा शिल्पपक्ष का बेहतरीन तालमेल होना पहली शर्त है।प्रसंगवश मशहूर शायर मरहूम कृष्णबिहारी नूर साहब का एक शेर याद आ रहा है : 
             मैं तो  ग़ज़ल सुना  के  अकेला खड़ा रहा,
             सब अपने-अपने चाहने वालों में खो गए।
                                       ---कृष्णबिहारी नूर
इस शेर का सार यही है कि हम शेर/कविता/ग़ज़ल कहें तो ऐसी कहें कि लोग उसे सुनकर अपने चाहने वालों में खो जाएँ यानी मन से एकाग्र होकर कुछ सार्थक चिंतन के लिए प्रेरित हो जाएँ।
तो लीजिए इस भाव और भूमिका के साथ प्रस्तुत है मेरी नई ग़ज़ल

ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
********************************
ख़ुद को समझूँ, जग की भी पहचान करूँ,
जीवन  की  राहों  को  कुछ आसान करूँ।

मेरे   बाद   भी  देखेगा  कोई  जग  इनसे,
बेहतर  होगा, इन  आँखों  को  दान करूँ।

तिश्नालब  ही  उसके  पास  खड़ा  रहकर,
सोच  रहा   हूँ  दरिया   को   हैरान  करूँ।

जिनकी  कथनी-करनी  में  हो  फ़र्क़ सदा,
उन  लोगों  का  कैसे  कुछ  सम्मान करूँ।

हिम्मत-जोश- अक़ीदा- अज़्म-जुनूं-जज़्बा,
जीने  की  ख़ातिर  कुछ  तो सामान करूँ।

इतनी क्षमता  और  समझ   देना  भगवन,
पूरा  माँ-बापू   का    हर   अरमान  करूँ।

कोशिश  यह  रहती है, अपनी  ग़ज़लों में,
शोषित-वंचित का  दुख-दर्द  बयान करूँ।
             ---ओंकार सिंह विवेक
********************************
       (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Featured Post

आज फिर एक नई ग़ज़ल

 एक बार फिर कोलकता के सम्मानित अख़बार/पत्रिका "सदीनामा", ख़ास तौर से शाइर आदरणीय ओमप्रकाश नूर साहब, का बेहद शुक्रिया। सदीनामा निरं...