March 10, 2021

खटकता है वो कोठी की नज़र में

ग़ज़ल***ओंकार सिंह विवेक

🌷
 अरे  इंसान ! तू   क्यों  बे - ख़बर  है,
 तेरे  हर  काम  पर  रब  की  नज़र है।
🌷
 जुदा    पत्ते    हुए   जाते    हैं    सारे,
 ये  कैसा  वक़्त आया  शाख़  पर है।
🌷
 खटकता  है  वो  कोठी  की नज़र में,
 बग़ल  में  एक जो  छप्पर का घर है।
🌷
 सरे - बाज़ार    ईमाँ   बिक    रहे   हैं,
 यही  बस  आज  की ताज़ा ख़बर है।
🌷
 यकीं जल्दी  से  कर  लेते हो सब पर,
 कहीं धोखा  न खाओ, इसका डर है।
🌷
  इसे  बिल्कुल  भी  हल्के  में  न लेना,
  मियाँ  ये  ज़िंदगानी   का   सफ़र  है।
 🌷
  कहानी  में   है   जिसने  जान  डाली,
  वही   किरदार  बेहद   मुख़्तसर   है।
 🌷
             ---ओंकार सिंह विवेक

March 8, 2021

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला 
शक्ति के सम्मान में कुछ दोहे
*******************************
                                -----ओंकार सिंह विवेक
🌷
केवल  घर  के  काम  में,रत रहना दिन-रात,
अब  महिलाओं के लिए,  हुई  पुरानी  बात।
🌷
आज  विश्व  में नारियाँ, करके  दुर्लभ  काम,
धरती से आकाश तक, कमा  रही  हैं  नाम।
🌷
दफ़्तर  में  भी  धाक है , घर  में  भी  है राज,
नारी  नर  से कम नहीं,किसी बात में आज।
🌷
जिस  घर में  होता नहीं , नारी  का  सम्मान,
उस घर  की होती नहीं,ख़ुशियों से पहचान।
🌷
            ----ओंकार सिंह विवेक
चित्र:गूगल से साभार

March 4, 2021

दर्द मज़लूम का

ग़ज़ल-ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710

💥
बदला    रातों - रात   उन्होंने  पाला   है ,
शायद  जल्द  इलक्शन  आने  वाला  हैI
💥
झूठे    मंसब     पाते    हैं    दरबारों    में,
और  सच्चों  को  होता देश-निकाला है।
💥
भूखे   पेट   जो   सोते  हैं  फुटपाथों  पर,
हमने   उनका  दर्द   ग़ज़ल  में  ढाला  है।
💥
सोचो   घर   में  बेटी  के  जज़्बात  भला,
माँ  से  बेहतर  कौन  समझने  वाला  है।
💥
यार   उसूल  परस्ती  और   सियासत  में,
तुमने ख़ुद को किस मुश्किल में डाला है।
💥
नीचे   तक   पूरी   इमदाद   नहीं   पहुँची,
ऊपर आख़िर  कुछ  तो गड़बड़झाला है।
💥
           -----ओंकार सिंह विवेक




March 2, 2021

ग़ज़ल प्रतियोगिता परिणाम

प्रतिष्ठित साहित्यिक समूह "अनकहे शब्द" का मेरी ग़ज़ल को प्रथम पुरस्कार प्रदान करने हेतु हार्दिक आभार
*******************************************
("अनकहे शब्द" की वॉल से साभार)

दोस्तो हम हाज़िर है ग़ज़ल प्रतियोगिता-68 के परिणाम लेकर। हम मंच के हमारे सभी सक्रिय साथियो का भी दिल की तमामतर गहराइयों से शुक्रिया अदा करते हैं जिन्होंने हमारी ग़ज़ल प्रतियोगिता -68में भाग लेकर इस मंच को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की  दोस्तो इस बार भी बहुत ही बड़ी तादाद में और बहुत उम्दा ग़ज़लें  मंच पर हैं ये हमारे उस्ताद शायर आदरणीय Mukhtar Tilhari साहब का कहना है। चयन प्रक्रिया बड़ी मुश्किल हो जाती है जब इतनी अच्छी ग़ज़लें मंच पर हों ।भाई जी बड़ी मेहनत के साथ आपकी ग़ज़लें पढ़ते हैं और परिणाम देते हैं ।हम उनका भी तहे दिल से शुक्रिया अदा करते हैं ये आप और हम सबकी बड़ी उपलब्धि है सभी विजेताओं के लिए  ढेर सारा शुक्रिया तो बनता ही है है साथ ही ढेरों बधाई...और शुभकामनाएं....💐💐💐💐
तो लीजिये अब पेश हैं विजेताओं के नाम....
ग़ज़ल प्रतियोगिता-68 के विजेता

~~प्रथम~~
माहिर रज़ा फिरोजाबादी
मुदस्सिर हुसैन
ओंकार सिंह विवेक 
सरफ़राज़ कुशलगढ़ी
अबरार अहमद

~~द्वितीय~~
अनीस अरमान
रुबी कमल
असीम आमगांवी
नफ़ीस वारसी
एल एन कोष्टी

~~तृतीय~~
वासिफ़ क़मर
कविता सिंह
सुशील तिवारी सरस
शशांक ठाकुर साहिल
अदीब दमोही
ज़िया अख़्तर
आप सभी विजेताओं को अनकहे शब्द परिवार के सभी एडमिनस और सभी सदस्यों की और से हार्दिक हार्दिक हार्दिक बधाइयाँ ......मंच आप सभी की उत्तरोत्तर उन्नति की मंगल कामना करता है बहुत बहुत बधाई आप सभी को 🌹🌷🌹🌷🌹🌷

आप सभी के सहयोग, स्नेह और सफलता के लिए एक बार पुनः आप सभी को हार्दिक हार्दिक बधाई और आभार ! 

-----अनकहे शब्द समूह ----

मेरी जिस ग़ज़ल को पहला इनआम हासिल हुआ वो यहाँ पेश है

February 28, 2021

गूगल-ज्ञानी

ग़ज़ल---ओंकार सिंह विवेक

🌹
कब  सुनते    हैं   कोई   कहानी   अपनी   दादी - नानी  से,
अब   तो  बस   चिपके  रहते   हैं  बच्चे   गूगल - ज्ञानी  से।
🌹
आख़िर   कोई   बताए   मीठे  पानी  की   ये   सब   नदियाँ,
क्यों    मिलने   जाती   हैं   इक  सागर  के  खारे   पानी  से?
🌹
उल्टे   और   लुभाता   है    उसको   बच्चों    का   भोलापन,
माँ   नाराज़    नहीं    होती    है   बच्चों   की    नादानी    से।
🌹
ख़ुद ही सोचो कौन भला फिर मुश्किल को मुश्किल कहता,
जो   मुश्किल  हल  हो  जाया  करती   इतनी   आसानी  से।
🌹
जो    ये   रहबर   सोचें    थोड़ा   देश - समाज    के  बारे  में,
 फ़ुर्सत  ही  कब    है  इनको  आपस  की   खींचातानी   से।
🌹
 फिर   तुझको   आबाद   करेंगी   मीठी - मीठी  कुछ  यादें,
 इतना   भी    मायूस   न   हो  दिल  तू  वक़्ती   वीरानी  से।
🌹                                             ----ओंकार सिंह विवेक

February 27, 2021

"अभिनंदन ऋतुराज" - संगीत के बहाने

जीवन में संगीत के महत्व को लेकर अक्सर शोध होते रहे हैं।अनेक बार पुस्तकों और अखबारों में पढ़ा है कि सृजनात्मक संगीत को सुनकर  अमुक व्यक्ति का असाध्य रोग जाता रहा।लोग जब काम के बोझ से मानसिक थकावट महसूस करते हैं तो कुछ देर अपनी पसंद के गीत और संगीत को सुनकर फिर से तरोताज़ा महसूस करने लगते हैं। कहा जाता है कि सृष्टि और प्रकृति की हर चीज़ में एक लय विद्यमान है, जो हम सब महसूस भी करते हैं।हमारा हंसना-रोना या नदी और झरनों का बहना सभी में एक लय और रवानी मौजूद है। मनपसंद संगीत या गायन सुनकर मानव के जीवन में एक नई ऊर्जा और स्फूर्ति का संचार हो जाता है।

अभी हाल ही में मुझे आकाशवाणी रामपुर(उ0प्र0) की ओर से आयोजित  "अभिनंदन ऋतुराज वसंत" संगीत संध्या में आमन्त्रण पर जाने का अवसर मिला तो अनायास ही वहाँ संगीत का आनंद लेने के पश्चात व्यक्ति के जीवन में संगीत की महत्ता को लेकर कुछ  लिखने की सूझी सो इसी बहाने मैंने आप लोगों से बातचीत का अवसर  तलाश  लिया।उस बहुत ही सफल कार्यक्रम की कुछ यादें आप लोगों के साथ साझा कर रहा हूँ।
दिनाँक  25-02-21 को आकाशवाणी रामपुर द्वारा आयोजित संगीत संध्या 'अभिनंदन ऋतुराज' में एक श्रोता के रूप में उपस्थित होना मेरे लिए एक सुखद अनुभूति से कम नहीं रहा।
दीप प्रज्जवलन के पश्चात कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत कलाकार रुचि शुक्ला की सरस्वती वंदना के साथ हुआ।तत्पश्चात सुविख्यात शास्त्रीय गायक श्री अवधेश गोस्वामी ने राग वसंत पर आधारित उप-शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति दी।रामपुर-सहसवान घराने के सितारवादक जनाब मुज्तबा हुसैन ने सितार पर राग वसंत के तार छेड़े।नैना कपूर और साथियों ने रति और कामदेव की प्रणय गाथा को भाव नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया।आकाशवाणी और दूरदर्शन की प्रख्यात कलाकार श्रीमती शुभा चटर्जी के गीत और भजन की प्रस्तुति को सभी ने सराहा।संगीत संध्या में मोरिस मैसी ने तबले पर,जोगिंदर कुमार ने सिंथेसाइज़र पर और विनीता जोशी ने तानपूरे पर संगत की।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण खटीमा से आये आदिवासी जनजाति थारू के लोक कलाकारों की प्रस्तुति रही।शिक्षा राणा और साथियों द्वारा आदिवासी संस्कृति की बहुत ही जीवंत झलक मंच पर प्रस्तुत की गई जिसको सभी ने बहुत  सराहा।
देर रात तक इस शानदार संगीत कार्यक्रम का रसिक श्रोताओं ने आनंद लिया।आकाशवाणी रामपुर को इस सुंदर और सफल कार्यक्रम के आयोजन पर हार्दिक बधाई!!!!
     ----ओंकार सिंह विवेक

February 23, 2021

मेल-मिलाप कराने का माहौल बनाते हैं


ग़ज़ल***ओंकार सिंह विवेक

🌹
 मेल - मिलाप   कराने   का   माहौल   बनाते हैं,
 आओ चलकर  दोनों  पक्षों   को   समझाते  हैं।
🌹
ज़ेहन  में  आने  लगती  हैं  फिर  से  वो  ही बातें,
कोशिश करके  अक्सर  जिनसे  ध्यान हटाते हैं।
🌹
उन लोगों  के  दम  से   ही  जीवित  है  मानवता,
जो औरों  के  ग़म  को  अपना  ग़म  बतलाते हैं।
🌹
मंदिर-सा  पावन   भी  कहते  हैं  वो  संसद  को,
और उसकी गरिमा  को  भी  हर  रोज़  घटाते हैं।
🌹
यह   कैसी   तहज़ीब  हुई   है   दौरे   हाज़िर की,
माता  और  पिता  को   बच्चे   बोझ   बताते  हैं।
🌹
फ़िक्र  नहीं  करते   कोई  जाइज़-नाजाइज़  की,
कुछ  व्यापारी  बस  मनमाना  लाभ  कमाते  हैं।
🌹
                                -----ओंकार सिंह विवेक


      

February 22, 2021

अपनी हिंदी और ऋतुराज वसंत के बहाने

चौपाई छंद:वसंत ऋतु
**************
मुस्काई   फूलों   की     डाली।
झूमी   गेहूँ   की    हर  बाली।।
धरती  का  क्या  रूप सँवारा।
हे   वसंत ! आभार  तुम्हारा।। 
          🌹
सरसों  झूम- झूम  कर गाती।
खेतों  को  नव  राग सुनाती।।
भौंरे     फूलों    पर    मँडराते।
उनको  मादक  गान सुनाते।।
            🌹
मधुऋतु  हर्षित  होकर बोली।
आने   वाली   है  अब  होली।।
ढोल , मँजीरे  ,  झांझ  बजेंगे।
नाच-गान   के   सदन  सजेंगे।
            🌹
चिंतन     होता     रहे    घनेरा।
बढ़ता  रहे  ज्ञान   नित   मेरा।।
हंसवाहिनी    दया    दिखाओ।
आकर जिह्वा पर बस जाओ।।
             🌹
              --ओंकार सिंह विवेक        
  
चित्र:गूगल से साभार

गीत: अपनी हिंदी
*****************
                   ---- ओंकार सिंह विवेक
🌷
दुनिया में  भारत  के  गौरव,मान और सम्मान की,
आओ बात करें हम अपनी, हिंदी के यशगान की।
जय अपनी हिंदी,जय प्यारी हिंदी------------2
🌷
राष्ट्र संघ  से  बड़े  मंच  पर,अपना सीना तानकर,
हिंदी  में भाषण  देना  है ,यह ही मन में ठानकर।
रक्षा  अटल बिहारी  जी  ने, की हिंदी के मान की
आओ बात करें---------------
जय अपनी हिंदी,जय प्यारी हिंदी-----------2
🌷
परिचित  होने  को अलबेले, अनुपम हिंदुस्तान से,
आज  विदेशी  भी  हिंदी को,सीख रहे हैं शान से।
सचमुच है यह बात हमारे, लिए बड़े अभिमान की
आओ बात करें-----------------
जय अपनी हिंदी,जय प्यारी हिंदी-----------2
🌷
आज  नहीं  हिंदी का उनको , मूलभूत भी ज्ञान है,
अँगरेज़ी की शिक्षा पर ही ,बस बच्चों का ध्यान है।
क्या यह बात नहीं है अपनी,भाषा के अपमान की
आओ बात करें-------------------
जय अपनी हिंदी,जय प्यारी हिंदी------------2
🌷
अपने  ही  घर  में  हिंदी यों, कभी  नहीं  लाचार हो,
इसको अँगरेज़ी पर शासन, करने का अधिकार हो।
बच  पाएगी  तभी  विरासत, सूर  और रसखान की
आओ बात करें---------------------
जय अपनी हिंदी,जय प्यारी हिंदी---- ------2
🌷
          ------ओंकार सिंह विवेक

      (चित्र गूूूगल से साभार)


February 20, 2021

दर्द का अहसास

मशहूर शायर डॉ0 कृष्णकुमार नाज़ द्वारा लिखी गई मेरे ग़ज़ल-संग्रह
"दर्द का अहसास" की भूमिका
*******************************************
             दर्द का अहसास : संवेदनाओं का संकलन
             -----------------------------------

'औरतों से बातचीत'रही होगी कभी ग़ज़ल की परिभाषा।शायद उस वक़्त जब ग़ज़ल के पैरों में घुँघरू बँधे थे,जब उस पर ढोलक और मजीरों का क़ब्ज़ा था,जब ग़ज़ल नगरवधू की अपनी ज़िम्मेदारियों का निर्वाह कर रही थी,जब ग़ज़ल के ख़ूबसूरत जिस्म पर बादशाहों-नवाबों का क़ब्ज़ा था।लेकिन,आज स्थितियाँ बिल्कुल उलट गई हैं।आज की ग़ज़ल पहले वाली नगरवधू नहीं बल्कि कुलवधू है,जो साज-श्रृंगार भी करती है और अपने परिवार और समाज का ख़याल भी रखती है।आज की ग़ज़ल कहीं हाथों में खड़तालें लेकर मंदिरों में भजन -कीर्तन कर रही है तो कहीं झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई का रूप धारणकर समाज के बदनीयत ठेकेदारों पर अपनी तलवार से प्रहार भी कर रही है।यानी समाज को रास्ता दिखाने वाली आज की ग़ज़ल 'अबला'नहीं'सबला'है और हर दृष्टि से सक्षम है।

प्रिय भाई ओंकार सिंह विवेक जी की पांडुलिपि मेरे सामने है और मैं उनके ख़ूबसूरत अशआर का आनंद ले रहा हूँ।विवेक जी ने जहाँ जदीदियत का दामन थाम रखा है वहीं उन्होंने रिवायत का भी साथ नहीं छोड़ा है।उनके अशआर में क़दम-क़दम पर जदीदियत की पहरेदारी मिल जाती है।यह आवश्यक भी है।आख़िर कब तक ग़ज़ल को निजता की भेंट चढ़ाते रहेंगे।समय बदलता है तो समस्याएँ बदलती हैं।नये-नये अवरोध व्यक्ति के सामने आकर खड़े जो जाते हैं।शायर की ज़िम्मेदारी है कि उन अवरोधों को रास्ते से हटाए और समाज को नये रास्ते और नयी दिशा दे।यह काम विवेक जी ने बड़ी ख़ूबी के साथ किया है।उनके यहाँ वैयक्तिकता भी है,देश भी है,समाज भी है और आम आदमी की उलझनें भी हैं।

वर्तमान में व्यक्ति जिस हवा में साँस ले रहा है उसमें प्राणदायिनी ऑक्सीज़न के साथ-साथ बड़ी मात्रा में कार्बनडाइऑक्साइड भी है जो उसे बार-बार यह सोचने पर मजबूर कर देती है कि-
         सोचता हूँ अब हवा को क्या हुआ
         गुलसिताँ में ज़र्द हर पत्ता हुआ
         तंगहाली देखकर माँ-बाप की
         बेटी को यौवन लगा ढलता हुआ
ये शेर यूँ ही नहीं हो गए हैं।कवि की संवेदनशील दृष्टि ने बड़ी बारीकी के साथ हालात का परीक्षण किया है।मनुष्य यूँ तो एक सामाजिक प्राणी है इसलिए वह समाज से कभी विमुख नहीं हो सकता लेकिन कई बार ऐसी स्थितियाँ आ जाती हैं कि उसे 'अपनों जैसे दीखने वाले'लोगों पर भरोसा करना पड़ता है और आख़िरकार वह धोखा खा जाता है।विवेक जी ने इस बात को बड़ी बेबाकी के साथ इन शेरों में प्रस्तुत किया है-
                   भरोसा जिन पे करता जा रहा हूँ
                   मुसलसल उनसे धोखा खा रहा हूँ
                   उलझकर याद में माज़ी की हर पल
                   दुखी क्यों मन को करता जा रहा हूँ
मैं विवेक जी का क़ायल हूँ कि वह बहुत सोच-समझकर शेर कहते हैं।वह अपनी बात थोपते नहीं बल्कि सामने वाले को सोचने के लिए स्वतंत्र छोड़ देते हैं ।'दर्द का अहसास' के प्रकाशन के शुभ अवसर पर उन्हें बहुत-बहुत बधाइयाँ।माँ शारदे से कामना है कि वह इनकी ऊँचाइयों को और निरंतरता प्रदान करे।मेरी हार्दिक शुभकामनाएँ।

                            --डॉ0 कृष्णकुमार नाज़       (मुरादाबाद )                                    
विशेष: मैं डॉ0 कृष्णकुमार नाज़ साहब का ह्रदय से आभार व्यक्त करता हूँ कि उन्होंने अपना क़ीमती वक़्त देकर पुस्तक की पांडुलिपि को पढ़कर इसका संपादन किया और सुंदर भूमिका लिखी।
    ----ओंकार सिंह विवेक
            रामपुर
डॉ0 कृष्णकुमार नाज़ साहब

ओंकार सिंह विवेक

January 12, 2021

"हस्ताक्षर" की काव्य गोष्ठी

आज मुरादाबाद की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था "हस्ताक्षर" की ओर से विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर  एक ऑनलाइन मुक्तक गोष्ठी का सफल आयोजन किया किया जिसमें मुझे भी सहभागिता का अवसर प्राप्त हुआ।गोष्ठी में मेरे द्वारा पढ़ी गई रचनाएँ:
आज कुछ चौपाईयाँ मौसम को लेकर
*****************************
              -----ओंकार सिंह विवेक
💥
 कुहरे    ने    चादर    फैलाई,
 सूर्य  देव   की  शामत आई।
💥
 कड़क  ठंड  ने  आफ़त ढाई,
 छोड़ें    कैसे    सखे    रज़ाई,
💥
  नाक  बंद , जकड़ा है सीना,
  हुआ  कठिन सर्दी में जीना।
 💥
         ---ओंकार सिंह विवेक

शीत ऋतु: दो मुक्तक
**************
     ----ओंकार सिंह विवेक
                  रामपुर-उ0प्र0

   💥
    जमा  दिया  नदियों का पानी,
    किया  हवा  को  भी  तूफ़ानी,
    पता  नहीं  कब तक सहनी है,
    हमें शिशिर की यह मनमानी।
   💥


  💥
    और  न  अपना  कोप  बढ़ाओ  हे सर्दी  रानी,
    तेवर   में   कुछ  नरमी  लाओ  हे  सर्दी  रानी।
    कुहरा भी फैलाओ लेकिन हफ़्तों-हफ़्तों तक,
    सूरज  को  यों  मत  धमकाओ  हे  सर्दी रानी।
  💥
               ----ओंकार सिंह विवेक
गोष्ठी में जिन साहित्य मनीषियों द्वारा काव्य पाठ करके कार्यक्रम को सफल बनाया गया उनके नाम इस प्रकार हैं:
श्रीमती निवेदिता सक्सेना जी 
डॉ. रीता सिंह जी
डॉ. ममता सिंह जी
श्रीमती हेमा तिवारी भट्ट जी
श्री राजीव 'प्रखर' जी
डॉ. अर्चना गुप्ता जी
श्री मनोज 'मनु' जी
श्री ओंकार सिंह 'विवेक' जी
श्री योगेन्द्र वर्मा 'व्योम' जी
श्री शिशुपाल 'मधुकर' जी
डॉ. पूनम बंसल जी
श्री अशोक विश्नोई जी 
श्री ज़मीर जिया साहब
डॉ0मक्खन मुरादाबादी जी
डॉ0मनोज रस्तोगी जी एवं
 डॉ. अजय 'अनुपम' जी ।
संस्था के पदाधिकारियों आदरणीय योगेंद्र वर्मा व्योम जी एवं प्रिय राजीव प्रखर जी को हार्दिक बधाई तथा संस्था की उत्तरोत्तर प्रगति की कामना🙏🙏
----ओंकार सिंह विवेक

January 6, 2021

नया साल होगा

ग़ज़ल (नया साल:एक कामना)
********************
             -----ओंकार सिंह विवेक
💥
गए    साल   जैसा    नहीं   हाल   होगा,
है   उम्मीद   अच्छा   नया  साल   होगा।
💥
बढ़ेगी   न   केवल  अमीरों   की  दौलत,
ग़रीबों  के   हिस्से  भी  कुछ माल होगा।
💥
रहेगा    सजा    आशियाँ    रौशनी   का,
घरौंदा    अँधेरे     का    पामाल    होगा।
💥
जगत   में  सभी   और   देशों  से  ऊँचा,
सखे ! हिंद  का   ही  सदा  भाल  होगा।
💥
न   होगा   फ़क़त   फाइलों-काग़ज़ों  में,
हक़ीक़त  में  भी  मुल्क ख़ुशहाल होगा।
💥
                    ------ओंकार सिंह विवेक

December 24, 2020

स्व0श्री अटल बिहारी बाजपेयी जी,स्व0श्री मदन मोहन मालवीय जी एवं स्व0 श्री धर्मवीर भारती जी को श्रद्धा सुमन

आज 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व0 श्री अटल बिहारी बाजपेयी जी, स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी नेताओं में से एक भारत रत्न स्व0 पंडित मदन मोहन मालवीय जी एवं भारत -भारती पुरस्कार से सम्मानित साहित्यकार व पत्रकार स्व0 श्री धर्मवीर भारती जी के जन्म दिवस के अवसर पर उनकी स्मृतियों को शत-शत नमन करते हुए अपने काव्य-सुमन अर्पित करता हूँ🙏🙏

1..स्व0 श्री अटल बिहारी बाजपेयी जी
*************************
💥
  नैतिक  मूल्यों  का किया , सदा  मान-सम्मान,
  दिया  अटल  जी  ने  नहीं,ओछा कभी बयान।
 💥
  विश्व-मंच   पर   शान  से , अपना  सीना  तान,
  अटल  बिहारी  ने  किया , हिंदी  का  सम्मान।
 💥
  राजनीति  के  मंच  पर  , छोड़  अनोखी  छाप,
  सबके  दिल  में  बस गए, अटल बिहारी आप।
💥
 सारा  जग  करता  रहे , शत-शत  सदा प्रणाम,
 अटल  बिहारी  जी  रहे , अमर  आपका  नाम।
 💥

2.स्व0 पंडित मदन मोहन मालवीय जी
*************************
💥
 निज व्यक्तित्व-कृतित्व की,छोड़ अनोखी छाप,
 सबके  दिल  में  बस  गए , मालवीय  जी आप।
💥
 गाँधी  अरु  टैगोर  ने ,  देख   श्रेष्ट   सब   काम,
 मालवीय  जी  को  दिया , महामना   का  नाम।
💥
3.स्व0 श्री धर्मवीर भारती जी
*******************
💥
 यों   ही   थोड़ी   कर  रहा , याद  सकल  संसार,
 धर्मवीर   जी   आपके ,   लेखन   में   थी   धार।
💥
 जब  तक   संपादन   रहा  ,  धर्मवीर   के  पास,
 रही   बनाती   'धर्मयुग' ,  नए - नए   इतिहास।
💥
                          --///--ओंकार सिंह विवेक
                                   (सर्वाधिकार सुरक्षित)
  

December 18, 2020

हैरानी से

ग़ज़ल--ओंकार सिंह विवेक
मोबाइल 9897214710

दूर  है  वो   रिश्वत   के  दाना - पानी  से,
देख   रहे   हैं   सब  उसको   हैरानी   से।

यार बड़ों  के दिल का दुखना लाज़िम है,
नस्ले - नौ   की    पैहम  नाफ़रमानी  से।

कुछ   करना  इतना  आसान  नहीं होता,
कह   देते  हैं  सब  जितनी  आसानी  से।

मुझको  घर  में  मात-पिता  तो  लगते हैं,
राजभवन    में    बैठे    राजा - रानी   से।

रखनी  पड़ती   है  लहजे  में   नरमी   भी,
काम  नहीं  होते  सब  सख़्त  ज़ुबानी से।

ज़ेहन को हरदम कसरत करनी पड़ती है,
शेर     नहीं    होते   इतनी   आसानी   से।

होना   है   सफ़   में  शामिल  तैराकों  की,
और   उन्हें  डर  भी  लगता  है  पानी  से।
                     ---–-ओंकार सिंह विवेक
https://vivekoks.blogspot.com/?m=1

December 14, 2020

सब्र का सरमाया

ग़ज़ल**ओंकार सिंह विवेक
  मोबाइल 9897214710

सब्र  करना  जाने  क्यों  इंसान  को  आया  नहीं,
जबकि इससे बढ़के जग में कोई सरमाया नहीं।

आदमी  ने  नभ  के  बेशक  चाँद-तारे  छू  लिए,
पर  ज़मीं  पर  आज  भी रहना उसे आया नहीं।

धीरे - धीरे  गाँव   भी  सब  शहर  जैसे  हो  गए,
अब  वहाँ  भी  आँगनों  में नीम  की छाया नहीं।

लोग  कहते   हों  भले  ही  चापलूसी  को  हुनर,
पर  कभी उसको हुनर हमने तो बतलाया नहीं।

ज़हर  नफ़रत  का  बहुत उगला गया तक़रीर में,
शुक्र  समझो  शहर  का  माहौल  गरमाया नहीं।

देखलीं  करके   उन्होंने  अपनी  सारी  कोशिशें,
झूठ  का  पर  उनके हम पर रंग चढ़ पाया नहीं।
                                  ----ओंकार सिंह विवेक

www.vivekoks.blogspot.com

November 29, 2020

सर्दियाँ कैसे होंगी पार


दोहे सर्दी के
********
                   ----ओंकार सिंह विवेक
  💥
  मचा  दिया   कैसा  यहाँ , कुहरे  ने  कुहराम,
  दिन  निकले ही लग रहा,घिर आई हो शाम।
  💥
   हर पल बढ़ता देखकर ,शीत लहर का ताव,
   गली-सड़क के मोड़ पर,जलने लगे अलाव।
  💥
   गर्म  सूट  में  सेठ  का , जीना  हुआ  मुहाल,
   पर  नौकर  ने  शर्ट  में, जाड़े  दिए  निकाल।
  💥
   सोचें  जैकब -हाशमी , नानक -रामस्वरूप,
   सूरज निकले तो तनिक,सेकें  हम  भी धूप।
  💥
   तिल  के  लड्डू -रेवड़ी ,  मूँगफली -बादाम,
   तन   को  देते   हैं  बहुत ,  सर्दी  में  आराम।
  💥
   तन  पर  लिपटे  चीथड़े, और शीत की मार,
   निर्धन   सोचे   सर्दियाँ  ,  कैसे   होंगी  पार।
  💥
   जब  कुहरे  ने  रात-दिन,खेला शातिर खेल,
   पड़ी  काटनी सूर्य  को , कई-कई दिन जेल।
  💥
                          ------ओंकार सिंह विवेक
                                  (सर्वाधिकार सुरक्षित)
  

November 20, 2020

दर्द का अहसास


ग़ज़ल-संग्रह "दर्द का अहसास" का विमोचन -------------------------------------
मेरे प्रथम ग़ज़ल-संग्रह "दर्द का अहसास" का विमोचन मेरे पिताजी श्री पी0 एल0 सैनी द्वारा किया गया।कोरोना काल को दृष्टिगत रखते हुए मैंने कोई बड़ा आयोजन न करते हुए पुस्तक का विमोचन दीपावली के शुभ अवसर पर अपने पिताश्री के कर कमलों द्वारा घर पर ही परिजनों की उपस्थिति में सादगी पूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया।
प्रमुख साहित्यकारों /ग़ज़लकारों द्वारा की गयी मेरी ग़ज़लों की समीक्षा के कुछ  अंश यहाँ उदधृत हैं---
      तेज़ इतनी न क़दमों की रफ़्तार हो,
      पाँव की  धूल का सर पे अंबार हो।

      न  बन  पाया कभी दुनिया के जैसा,
      तभी तो मुझको दिक़्क़त हो रही है।

      शिकायत  कुछ  नहीं  है जिंदगी से,
      मिला जितना मुझे हूँ ख़ुश उसी से।

ओंकार सिंह विवेक भाषा के स्तर पर साफ़-सुथरे रचनाकार हैं।अगर वह इसी प्रकार महनत करते रहे तो निश्चय ही एक दिन अग्रणी ग़ज़लकारों में शामिल होने के दावेदार होंगे।
                                        -----  अशोक रावत,ग़ज़लकार (आगरा)
सोचता हूँ अब हवा को क्या हुआ,
गुलसिताँ  में  ज़र्द  हर पत्ता हुआ।

तंगहाली  देखकर  माँ - बाप की,
बेटी को यौवन लगा ढलता हुआ।

भरोसा  जिन  पे करता जा रहा हूँ,
मुसलसल उनसे धोखा खा रहा हूँ।

ओंकार सिंह विवेक के यहाँ जदीदियत और रिवायत की क़दम क़दम पर पहरेदारी नज़र आती है।उनकी संवेदनशील दृष्टि ने बड़ी बारीकी के साथ हालात का परीक्षण किया है।
                          ----शायर(डॉ0 )कृष्णकुमार नाज़ (मुरादाबाद )
उसूलों  की   तिजारत  हो  रही  है,
मुसलसल यह हिमाक़त हो रही है।

बड़ों  का   मान  भूले  जा  रहे   हैं,
ये क्या तहज़ीब हम अपना रहे हैं।

 इधर  हैं झुग्गियों  में  लोग भूखे,
 उधर महलों में दावत हो रही है।

ओंकार सिंह विवेक की ग़ज़लों में वर्तमान अपने पूरे यथार्थ   के साथ उपस्थित है। मूल्यहीनता, सामाजिक विसंगति, सिद्धांतहीनता, नैतिक पतन, सभ्यता और संस्कृति का क्षरण आदि ; आज का वह सब जो एक संवेदनशील व्यक्ति को उद्वेलित करता है,उनकी शायरी में मौजूद है।                  
             ----- साहित्यकार अशोक कुमार वर्मा,आई0 पी0 एस0      (सेनानायक,30 वीं वाहिनी पी0ए0सी0,गोण्डा) 

विशेष---ग़ज़ल संग्रह लिस्टिंग के बाद शीघ्र ही फ्लिपकार्ट पर भी बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। फ़िलहाल पुस्तक को गूगल पे अथवा पेटीएम द्वारा ₹200.00 (₹150.00 पुस्तक मूल्य तथा ₹50.00 पंजीकृत डाक व्यय) का मोबाइल संख्या 9897214710 पर भुगतान करके प्राप्त किया जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए मोबाइल संख्या 9897214710 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

Featured Post

ग़ज़ल/कविता/काव्य के बहाने

सभी साहित्य मनीषियों को सादर प्रणाम 🌷🌷🙏🙏******************************************* आज फिर विधा विशेष (ग़ज़ल) के बहाने आपसे से संवाद की ...