September 19, 2022

अखिल भारतीय काव्य धारा रामपुर का लखनऊ कवि सम्मेलन



अखिल भारतीय काव्यधारा रामपुर की लखनऊ इकाई का आज़ादी का अमृत महोत्सव कवि सम्मेलन तथा साहित्यकार सम्मान समारोह 
************************************************
         --- ओंकार सिंह विवेक 
वरिष्ठ साहित्यकार आदरणीय श्री जितेंद्र कमल आनंद जी द्वारा स्थापित अखिल भारतीय काव्य धारा साहित्यिक संस्था की लखनऊ शाखा द्वारा दिनांक १८सितंबर ,२०२२ को बंसल लॉन, विक्रमनगर, मानक नगर लखनऊ में एक शानदार कवि सम्मेलन और साहित्यकार सम्मान समारोह का आयोजन संपन्न हुआ।

इस कार्यक्रम में स्थानीय साहित्यकारों के अतिरिक्त दूर-दूर से आए २५ साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।

सांय ५ बजे कार्यक्रम के अध्यक्ष जितेंद्र कमल आनंद,मुख्य अतिथि ओंकार सिंह विवेक,डाक्टर शिवभजन कमलेश, प्रेमशंकर शास्त्री तथा विशिष्ठ अतिथि देवेंद्र सिंह यादव जीतू जी ने मां सरस्वती की छवि के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित और पुष्प अर्पित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए बरेली की साहित्यकार राजबाला धैर्य द्वारा सर्वप्रथम रश्मि लहर जी को सरस्वती वंदना हेतु मंच पर आमंत्रित किया गया।इसके पश्चात साहित्यकारों को क्रमवार रचना पाठ हेतु आमंत्रित किया जाता रहा।सभी रचनाकारों ने आज़ादी का अमृत महोत्सव, राजभाषा हिंदी और अन्य विभिन्न सामयिक विषयों को लेकर अपनी मोहक प्रस्तुतियों से देर रात तक चले इस कार्यक्रम में श्रोताओं को बांधे रखा।
कुछ रचनाकारों के कविता पाठ की पंक्तियां आवलोकनार्थ प्रस्तुत हैं :
बरेली से राजबाला धैर्य 
 जाति धर्म पर लफड़े-झगड़े,क्षेत्रवाद पर दंगे, 
 भूल सभ्यता देवभूमि की काम करें बेढंगे। 

संस्था-अध्यक्ष जितेंद्र कमल आनंद रामपुर से
 आंधियाँ आएँ तो आने दो कमल,
लिपटी शाखों से तितलियां देखीं।

लखनऊ से डा शिव भजन कमलेश 
आँधियों सर उठाओ नहीं, हम अमन चाहते, 
तुम सताओं नहीं।

रामपुर से पंडित जगदीश शर्मा मधुर
 सीमा पर एक जवान जो शहीद हो गया, 
 वीरता के बीज वो भारत में बो गया।  

 लखनऊ से वर्षा श्रीवास्तव 
 लोरियों की धुन सी लग रही हैं गीतिका, 
 अक्षरों का ज्ञान दे रहीं हैं वीथिका।
 गीत लग रहें हैं जैसे यज्ञ का हवन, 
 हिन्द को प्रणाम मेरी, हिन्दी को प्रणाम।

रामपुर से ग़ज़लकार ओंकार सिंह विवेक ने हिंदी भाषा को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा :

अंगरेजी ने आज सब, बदल दिया परिवेश,
कहां  रह  गया हिंद अब, हिंदी वाला देश।

सब भाषाएं सीखिए,लेकिन रखिए ध्यान,
किसी दशा में हो नहीं,हिंदी का अपमान।

लखनऊ से अशोक पाण्डेय अनहद
 पूरे भारत संग जगत में अलख जगाएं ऐसी, 
 दुनिया का संपर्क सूत्र बन जाए हिंदी भाषा। 

लखनऊ से कवयित्री रश्मि लहर 
काश हो ना युद्ध, ना संहार फिर,
देश के नव-रुप को आते लिखूँ अब। 
इन कवियों के अतिरिक्त संजय कुमार श्रीवास्तव सागर, मनोज यादव, संजय हमनवा,कुलदीप नारायण, मीना लोकेश,रेनू यादव, सुरेखा अग्रवाल स्वरा, पूनम मिश्रा, प्रिया सिंह, स्वधा रविंद्र उत्कर्षिता, महेंद्र पाल सिंह यादव, डॉ आलोक कुमार यादव आदि साहित्यकारों ने भी अपना काव्य पाठ प्रस्तुत किया।

काव्यपाठ के मध्य ही साहित्यिक सेवाओं हेतु साहित्यकारों को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र आदि भेंट करके अखिल भारतीय काव्य धारा और सुरभि कल्चरल ग्रुप द्वारा सम्मानित करने का सिलसिला निरंतर जारी रहा। 
कार्यक्रम में संस्था द्वारा प्रकाशित "आज़ादी का अमृत महोत्सव" काव्य संग्रह का मंचासीन अतिथियों द्वारा लोकार्पण भी किया गया। 

इस बीच काव्यधारा की लखनऊ इकाई का गठन करते हुए संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रश्मि लहर जी को उपाध्यक्ष तथा आचार्य प्रेम शंकर शास्त्री जी को महासचिव नियुक्त किया। शैलेंद्र सक्सैना जी पूर्व में ही संस्था के सचिव नियुक्त किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम के कुछ और चित्र तथा मीडिया कवरेज

कार्यक्रम के अंत में समापन भाषण में मुख्य अथिति ओंकार सिंह विवेक ने कहा कि संस्था और इसके संस्थापक श्री आनंद जी द्वारा हिंदी के संवर्धन  हेतु किए जा रहे प्रयास वंदनीय हैं ।उन्होंने कहा कि लोगों को ऐसी संस्थाओं का तन-मन और धन से सहयोग करना चाहिए। मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉक्टर शिवभजन कमलेश जी ने संस्था के संरक्षक श्री आनंद जी के बड़े भाई प्रसिद्ध साहित्यकार श्री वीरेन्द्र सरल जी के साथ अपने आत्मीय संबंध और अपनी साहित्यिक यात्रा का स्मरण करते हुए संस्था की उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की। विशिष्ट अतिथि श्री देवेंद्र सिंह यादव जीतू जी ने संस्था के ऐसे आयोजनों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में अपनी ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।संस्था-अध्यक्ष श्री आनंद जी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करके उनका उद्देश्य हिंदी भाषा की सेवा करना और नए साहित्यकारों को मंच प्रदान करके उनकी प्रतिभा को निखारना हैं।संस्था की लखनऊ इकाई के महासचिव श्री प्रेम शंकर शास्त्री जी ने अपने काव्य पाठ के उपरांत सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम समापन की घोषणा की। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के अन्य पदाधिकारियों के अतिरिक्त सचिव शैलेंद्र सक्सैना जी और उनकी धर्म पत्नी का विशेष सहयोग रहा।

     ओंकार सिंह विवेक
     गजलकार,समीक्षक, कॉन्टेंट राइटर, ब्लॉगर
 (ब्लॉगर की कॉन्टेंट पॉलिसी के तहत सर्वाधिकार सुरक्षित)




  

September 15, 2022

वाह रे ! क़ुदरत

शुभ प्रभात मित्रो 🌹🌹🙏🙏

आज सवेरे के सुहावने मौसम का अवलोकन करते हुए मुझे यह पोस्ट लिखने में बहुत आनंद की अनुभूति हो रही है।प्रकृति के साथ मनुष्य द्वारा किए जा रहे खिलवाड़ और उसके दुष्परिणामों के बारे में पहले भी कई अवसरों पर मैं अपने ब्लॉग पर लिख चुका हूं।
इस समय लिखने बैठा हूं तो मुझे किसी पुरानी फ़िल्म की ये दो पंक्तियां सहसा स्मरण हो आईं:

           क़ुदरत  के   खेल   निराले   मेरे   भैया,
           क़ुदरत का लिखा कौन टाले मेरे भैया।

सचमुच  क़ुदरत के आगे किसी का कोई वश नहीं चलता मगर यह भी सच है की यदि हम इसके साथ संतुलन बनाकर चलें तो यह आदमी को अनमोल उपहार भी प्रदान करती है।जंगल,नदी, पहाड़,फल-फूल और पेड़-पौधों का जो अनमोल तोहफ़ा   क़ुदरत ने हमें बख़्शा है उसका कोई तोड़ नहीं है।आदमी के व्यवहार से कुपित होकर प्रकृति जो अपना रौद्र रुप दिखाती है वह भी किसी से छिपा नहीं है। यह हमें आजकल मौसमों के असंतुलित और अप्रत्याशित व्यवहार से साफ़ पता चल रहा है।अब न तो गर्मी और जाड़े के मौसम में वांछित अनुपात में गर्मी और सर्दी ही पड़ती है और न ही बारिश के मौसम में कुछ हिस्सों में आवश्यकता के अनुरूप बारिश होती है।कहीं सुखा ही सूखा तो कहीं सैलाब के हालत पैदा हो जाते हैं।मौसमों का यह असंतुलन दुनिया में विद्यमान हर चीज़ के अस्तित्व के लिए खतरे की घंटी है।
काश! दुनिया इस विचार करे और प्रगति की इस अंधी दौड़ में  क़ुदरत के साथ अनावश्यक छेड़-छाड़ करने से बचे।यह निरंतर चिंता का विषय है कि अब अक्सर मौसम वैज्ञानिकों की भविष्यवाणियां भी ग़लत साबित होती जा रही हैं।इस बार भी ऐसा ही देखने में आया।वर्षा ऋतु के प्रारंभ में ही मौसम वैज्ञानिकों ने कहा था कि इस बार आशा के अनुरूप भरपूर बारिश होगी किंतु ऐसा नहीं हुआ।इस बार देश के तमाम हिस्सों में ५०प्रतिशत से भी कम बारिश हुई जो फसलों के लिए अभिशाप सिद्ध हुई। यह अलग बात है कि कुछ हिस्से भयानक बाढ़ की चपेट में भी आए।

इधर हमारे क्षेत्र रुहेलखंड (उत्तर प्रदेश) में इस बार मौसम का लंबा सूखा झेलने के बाद एक अच्छी ख़बर की संभावना हो रही है। इस क्षेत्र में १६ और १७ सितंबर को अच्छी बारिश की संभावना बताई जा रही है।प्रदेश की  ग्रामीण कृषि मौसम इकाई के अनुसारअगर २० से ३० मिलीमीटर तक वर्षा होती है तो फसल को लाभ रहेगा लेकिन इससे अधिक वर्षा होने पर फसल को नुक़सान भी हो सकता है।कई जगह बुधवार को आसमान में छाए बादल धरती पर मेहरबान भी हुए।शीतल हवाओं ने भी मौसम को खुशगवार बनाया।तापमान की गिरावट ने भी भारी उमस से थोड़ी राहत प्रदान की है।
काश ! मौसम यूं ही खुशगवार बना रहे और आशा के अनुरूप ही इंद्र देवता जग को अपनी कृपा का पात्र बनाएं इसी आशा के साथ लीजिए मेरी ताज़ा ग़ज़ल का आनंद :

 
(ब्लॉगर की पॉलिसी की तहत कंटेंट के सभी अधिकार सुरक्षित)


---ओंकार सिंह विवेक 

September 14, 2022

हिंदी दिवस पर

शुभ प्रभात मित्रो 🌹🌹🙏🙏

आज हिंदी दिवस है । सभी को इस अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई।हिंदी को लेकर आज बड़े- बड़े व्याख्यान और साहित्यिक आयोजन होंगे किन्तु एक-दो दिन बाद फिर वही सन्नाटा हो जाएगा। सब अंग्रेजी में लिखने और बात करने पर गर्व करने लगेंगे जो दुर्भाग्यपूर्ण है।विश्व की कोई भी भाषा सीखना बुरी बात नहीं है परंतु अपनी राज भाषा/राष्ट्र भाषा या मातृ भाषा की अनदेखी करके ऐसा करना बिल्कुल उचित नहीं होगा।हिंदी का ह्रदय बहुत विशाल है इसने अंग्रेज़ी,उर्दू, फ़ारसी और भी न जाने कितनी विदेशी भाषाओं के शब्दों को बड़े प्रेम से आत्मसात कर लिया है। पिछले कई सालों में परिस्थितियां बहुत बदली हैं।हिंदी अंतरराष्ट्रीय स्तरपर अपना लोहा मनवा रही है।हमारे देश के प्रधानमंत्री और अन्य गणमान्य नेता आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हिंदी में अपनी बात रखते हैं और लोग ध्यान से सुनते तथा प्रोत्साहन देते हैं।आज चीन और जापान जैसे देश अपनी मातृ भाषा के महत्व को जिस प्रकार  समझकर आगे बढ़ रहे हैं हमें भी इसी का अनुसरण करने की आवश्यकता है।

मुक्तक : हिंदी
*********
      --ओंकार सिंह विवेक
 
हमारे देश के इतिहास की पहचान है हिंदी,

नहीं है झूठ कुछ इसमें,हमारी शान है हिंदी।

विदेशी लोग भी अब गर्व से यह बात कहते हैं,

इसे हम क्यों नहीं सीखें, बहुत आसान है हिंदी।
         ---ओंकार सिंह विवेक
🌹
सब सीखें समझें इसको सबसे इसको सम्मान मिले,
चार दिशाओं में सुनने को हिंदी मंगल गान मिले।
आओ हम सब हिंदी भाषी मिलकर ऐसा काम करें,
हिंदी हो जन-जन की भाषा इसको नव पहचान मिले।
🌹

आज दो दोहे हिंदी भाषा को लेकर कुछ यों भी हुए
-----------------------------------
                  ---ओंकार सिंह विवेक
अँगरेज़ी ने आज सब ,बदल दिया परिवेश,
कहाँ रह  गया हिंद अब, हिंदी  वाला  देश।

सब भाषाएँ सीखिए, लेकिन रखिए ध्यान,
किसी दशा  में  हो नहीं,हिंदी का अपमान।
           ---ओंकार सिंह विवेक
  

(सर्वाधिकार सुरक्षित)
ओंकार सिंह विवेक

 

September 12, 2022

राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता : भारत विकास परिषद रामपुर इकाई

मुझे एक पुरानी फिल्म "गंगा-जमुना" के गाने की कुछ पंक्तियां याद आ रही हैं :
        इंसाफ़ की डगर पे बच्चो दिखाओ चल के,
         ये देश  है तुम्हारा, नेता  तुम्हीं हो कल के।
इस मार्मिक गाने को आप पूरा सुनिए।इसका एक-एक बोल बिल्कुल सच्चा और अच्छा है।हमारी ये नई नस्ल/ये बच्चे ही तो कल का भारत हैं।इन्हें ही तो कल सत्ता/शासन और प्रशासन संभालना है। यदि इन्हें देशप्रेम ,संस्कार , इंसाफ़, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों का पाठ पढ़ाया जाएगा तभी तो हमारा देश सुरक्षित हाथों में जाएगा। हम सोचकर देखें कि क्या यह काम परिवार,समाज,प्रांत या राष्ट्रीय स्तर पर इतनी गंभीरता से हो रहा है जितनी गंभीरता से होना चाहिए।यदि हो भी रहा है तो कितने लोग या संस्थाएँ ऐसा कर रही हैं।जवाब होगा बहुत कम लोग या संस्थाएं। मेरे विचार से राष्ट्रीय हित के इस मुद्दे पर भारत विकास परिषद या संस्कार भारती जैसी संस्थाएं ही वांछित सक्रियता से काम करती नज़र आती हैं। इस दिशा में अभी और व्यापक रूप से क़दम उठाए जाने की आवश्यकता महसूस होती है। बच्चे बहुत मासूम और निर्दोष होते हैं उन्हें जिस परिवेश में ढाला जायेगा जिंदगी भर के लिए वैसे ही ढल जाएंगे। अत: जरूरी है कि उन्हें खिलखिलाने दें और हँसते-खेलते उनमें राष्ट्र प्रेम का भाव विकसित होने दें।मुझे किसी मशहूर कवि की ये पंक्तियां याद आती हैं :
      इन्हीं बच्चों से क़ायम हैं यहां मंज़र सुहाने से,
      इन्हीं से गूंजते हैं  हर  तरफ़  महके तराने से।
      अगर ये रूठ जाते हैं तो सारा घर सुबकता है,
       मेरा घर  मुस्कुराता  है इन्हीं के मुस्कुराने से।
                                     --अज्ञात
दिनांक ११ सितंबर,२०२२ को भारत विकास परिषद की मुख्य शाखा रामपुर के तत्वावधान में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों की  ज़िला स्तर की हिंदी और संस्कृत भाषाओं की राष्ट्रीय समूहगान (देशभक्ति गीत) प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया।इस प्रतियोगिता में जो प्रतिभागी बच्चे श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करेंगे उन्हें आगामी प्रांतीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का अवसर प्राप्त होगा।कार्यक्रम में सभी बच्चों द्वारा अपनी शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संगीत और गायन के क्षेत्र के ख्याति प्राप्त लोगों को रखा गया था जिन्होंने बच्चों के प्रदर्शन पर सूक्ष्म दृष्टि रखते हुए निष्पक्षता से अपने दायित्वों का निर्वहन किया।निर्णायक मंडल ने बच्चों के प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें अपने प्रदर्शन में निखार हेतु महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के दर्जा मंत्री श्री सूर्य प्रकाश पाल जी रहे तथा कुशल संचालन ऐडवोकेट श्री राजीव अग्रवाल जी द्वारा किया गया।
आयोजन में अध्यक्ष श्री रविंद्र कुमार गुप्ता जी के कुशल निर्देशन में परिषद के सभी दायित्वधारियों ने अपने दायित्वों का कुशलता से निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को अपेक्षा से अधिक सफल बनाने में कोई कोर कसर बाक़ी नहीं छोड़ी। कार्यक्रम में सभी आमंत्रित मेहमानों तथा प्रतिभागियों के लिए उत्तम जलपान और भोजन का प्रबंध किया गया था।
राष्ट्रीय जागरण की भावना को बल प्रदान करते भारत विकास परिषद के ऐसे प्रयास सराहनीय और वंदनीय हैं।

प्रस्तुत कर्ता : ओंकार सिंह विवेक
ग़ज़लकार/कॉन्टेंट राइटर/ब्लॉगर
(सर्वाधिकार सुरक्षित)








September 10, 2022

मुलाक़ात अच्छे लोगों से

शुभ प्रभात मित्रो 🌹🌹🙏🙏

अभी दो दिन पहले एक फोन आया। मैंने फोन रिसीव किया तो उधर से आवाज़ आई कि क्या आप ओंकार सिंह विवेक जी बोल रहे हैं? मैंने कहा जी बोल रहा हूं,आप कौन साहब? फोन करने वाले सज्जन ने कहा कि मैं रुड़की(उत्तराखंड) से शायर ओमप्रकाश नूर बोल रहा हूं।कल व्हाट्सएप ग्रुप "ग़ज़लों की महफ़िल" में आपकी ग़ज़ल पढ़ी थी जो काफ़ी पसंद आई।हम उसे "सदीनामा" पत्रिका में छपवाना चाहते हैं। ग़ज़ल पसंद करने के लिए मैंने उनका शुक्रिया अदा किया और सहर्ष स्वीकृति दे दी।एक साहित्यकार को इससे ज़ियादा भला क्या दरकार होगा कि उसका कलाम कहीं छपता-छपाता रहे और लोग उसको सराहते रहें।

बातचीत का माहौल अनौपचारिक हो गया तो उनसे काफ़ी देर बातें हुईं।मुझे नूर साहब बहुत दिलचस्प इंसान लगे।कोशिश रहेगी कि कभी उनसे व्यक्तिगत भेंट भी हो पाए।उन्होंने बताया कि इस समय लखनऊ के शायर जनाब ओमप्रकाश नदीम साहब मेरे पास बैठे हुए हैं। मुझे आश्चर्यमिश्रित प्रसन्नता हुई और मैंने तत्काल ही कहा कि ज़रा बात कराइए उनसे।

नदीम साहब से जब बात की तो उनका वही पुराना अनौपचारिक और आत्मीय अंदाज़  दिल को बाग़-बाग़ कर गया। रामपुर में साथ के लोग कैसे हैं, नशिस्तों और गोष्ठियों का क्या हाल है, रामपुर के पास स्थित बेनज़ीर के बाग़ के आम बहुत याद आते हैं  आदि आदि-- एक ही सांस में तमाम बातें बड़ी अपनाइयत के साथ नदीम साहब पूछते रहे और मैं जवाब देता रहा।शायरों और कवियों में मुर्तज़ा फरहत,सीन शीन आलम, होश नोमानी, शहज़ादा गुलरेज़ नईम नजमी,हीरालाल किरन,जितेंद्र कमल आनंद सहित कितने ही लोगों के बारे में उन्होंने बहुत उत्साह के साथ मुझसे जानकारी ली। इस आत्मीय बातचीत के चलते मुझे रामपुर में उनकी पोस्टिंग के दौरान उनकी संगत में बिताए गए दिन सहसा याद आ गए।
बात उन दिनों की है जब मैं रामपुर में ही प्रथमा बैंक में तैनात था और नदीम साहब पी डब्ल्यू डी कार्यालय में अकाउंट्स अफ़सर थे। वो मेरी शायरी का इब्तदाई दौर था।नदीम साहब से शायरी/ग़ज़ल और उसकी कहन के बारे में मैंने बहुत कुछ सीखा था। एक दूसरे के घर पर भी आना-जाना होता रहता था।। मैं जब कभी नदीम साहब के घर गया तो मैंने कभी उन्हें औपचारिक होते नहीं देखा।बड़ी आत्मीयता से मिलना और घर के सदस्य की तरह ही खाने-खिलाने का इसरार करना उनके मस्तमौला स्वभाव का परिचायक था। रामपुर में आयोजित होने वाली गोष्ठियों और नशिस्तों में हम लोग मेरे पुराने स्कूटर पर अक्सर साथ ही आया-जाया करते थे। एक बार एक गोष्ठी में जाते वक्त संतुलन बिगड़ जाने की वजह से मेरा स्कूटर स्लिप हो गया और हम दोनों काफ़ी दूर तक सड़क पर फिसलते चले गए।दोनों के ही अच्छे ख़ासे घुटने छिल गए थे। मैंने कहा कि अब घर वापस चलते हैं यूं ज़ख्मी हालत में गोष्ठी में जाना मुनासिब नहीं होगा परंतु यह कहते हुए कि ऐसा तो होता ही रहता है,नदीम साहब इसरार करके मुझे गोष्ठी में ले गए। फोन पर इस घटना को याद करके नदीम साहब और मैं बहुत देर तक हँसते रहे। 
अरसे बाद एक उम्दा शायर और बेहतरीन इंसान से फोन पर बात करके बहुत अच्छा लगा।उम्मीद है यह सिलसिला चलता रहेगा। किसी शायर के इस शेर के साथ अपनी बात समाप्त करता हूं :
       कितने हसीन लोग थे जो मिलके एक बार,
       आँखों में  जज़्ब हो  गए दिल में समा गए।

   --- प्रस्तुतकर्ता ओंकार सिंह विवेक 

जिस ग़ज़ल को लेकर यह बातचीत का सिलसिला बना
 "सदीनामा" में छपी वह ग़ज़ल भी आप हज़रात की नज़्र करता हूं :

September 8, 2022

बज़्म-ए- अंदाज़-ए-बयां का तरही मुशायरा

दोस्तो नमस्कार🙏🙏🌹🌹

फेसबुक पर एक प्रतिष्ठित साहित्यिक समूह है जिसका नाम है "बज़्म-ए-अंदाज़-ए-बयां"।इस समूह के उत्कृष्ट साहित्यिक स्तर और अनुशासन के बारे में पहले भी मैं अपने ब्लॉग पर लिखता रहा हूं।
अपने कड़े अनुशासन-मानकों और समर्पित प्रशासक मंडल की सक्रियता के चलते यह समूह उत्तरोत्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
समूह के इस बार के तरही मुशायरे के आयोजन में मेरी भी हिस्सेदारी रही। मैं समूह के योग्य निर्णायक मंडल का ह्रदय से आभार प्रकट करता हूं कि उन्होंने मेरी तरही ग़ज़ल को प्रथम पुरस्कार हेतु चुना। मेरी ह्रदय से यही कामना है कि यह समूह संस्थापक श्री अश्क चिरैयाकोटी जी के कुशल निर्देशन में यों ही साहित्य के आकाश में अपनी यश-पताका लहराता रहे।

इस आयोजन में दिए गए तरही मिसरे पर कही गई अपनी ग़ज़ल आपकी प्रतिक्रिया हेतु प्रस्तुत कर रहा हूँ :

तरही मुशायरे का मिसरा -- मुझको उल्फ़त सिखा गया कोई
ग़ज़ल -- ओंकार सिंह विवेक 
झूठ   को   सच   बता   गया  कोई,
रंग    अपना    दिखा   गया   कोई।

क्या ये कम है  कि दौर-ए-हाज़िर में,
क़ौल  अपना   निभा    गया   कोई।

ज़ेहन   में    है  अजीब-सी  हलचल,
शेर    जब से     सुना    गया   कोई।

रात  को  कह  रहा   है   दिन  देखो,
उसको   इतना   डरा    गया   कोई।

हाय ! मज़दूर आज  फिर  मिल  में,
क्रेन   के   नीचे    आ    गया  कोई।

ज़िंदगानी     सँवर      गई,   जबसे-
"मुझको  उल्फ़त  सिखा गया कोई।"

चार   दिन   की    है  ज़िंदगी  प्यारे!
साधु    गाता    हुआ    गया   कोई।

दे   दिया   अपना   कौर  भी   उसने,
दर   पे  भूखा  जो   आ  गया  कोई।
       --- ओंकार सिंह विवेक
            (सर्वाधिकार सुरक्षित)
कुछ समय पहले इस बज़्म के स्थापना दिवस के अवसर पर मैंने कुछ मिसरे कहे थे।वो मिसरे भी आज आपके साथ साझा करना प्रासंगिक हो गया :
  ओंकार सिंह विवेक
🌹
है  भले  ऊँचा  बहुत इल्म-ओ-अदब  का  आसमां,
चूम  लेगी   पर   इसे   ये  बज़्म-ए-अंदाज़-ए-बयां।
🌹
नित   बड़ी  तादाद   में  जुड़ते   रहें  इससे   अदीब,
और   तेज़ी   से   यूं   ही   बढ़ता   रहे   ये   कारवां।
🌹
हो  कहीं  भी   गर  कोई  शेर-ओ-सुखन  की  गुफ्तगू,
हो ज़ुबां पर सबकी नाम-ए-बज़्म-ए-अंदाज़-ए-बयां।
🌹
अपनी  तो बस रोज़-ओ-शब ये कामना है अश्क जी,
काविशों    के    आपकी    होते    रहें    गाढ़े   निशां।
🌹
मजलिसें इल्म-ओ-अदब की  और भी  हैं पर 'विवेक',
बज़्म-ए-अंदाज़-ए-बयां  है, बज़्म-ए-अंदाज़-ए-बयां।
 🌹  ओंकार सिंह विवेक (सर्वाधिकार सुरक्षित)

September 6, 2022

भारत को जानो

भारत को जानो
*************

भारत विकास परिषद एक सेवा एवं संस्कार-उन्मुख अराजनैतिक, सामाजिक-सांस्कृतिक स्वयंसेवी संस्था है जो स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शो को अपनाते हुए मानव-जीवन के सभी क्षेत्रों (संस्कृति, समाज, शिक्षा, नीति, अध्यात्म, राष्ट्रप्रेम आदि) में भारत के सर्वांगीण विकास के लिये समर्पित है। इसका लक्ष्यवाक्य है - "स्वस्थ, समर्थ, संस्कृत भारत"

भारत विकास परिषद द्वारा आज  6 सितंबर, 2022 को देश भर के विभिन्न विद्यालयों में "भारत को जानो" प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। इसी क्रम में परिषद की मुख्य शाखा रामपुर -उ०प्र० द्वारा भी परिषद के अध्यक्ष श्री रविंद्र कुमार गुप्ता जी के कुशल निर्देशन में प्रात: ९.३०बजे से जनपद के  विभिन्न विद्यालयों में जूनियर और सीनियर वर्ग की भारत को जानो प्रतियोगिता का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न कराया गया। छात्रों ने इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया गया।प्रतियोगिता में कुल ४५ प्रश्न पूछे गए।प्रश्न संख्या १से ४० तक बहुविकल्पीय प्रश्न थे जिनमें से सही उत्तर पर टिक मार्क अंकित करना था।प्रश्न संख्या ४१ से ४५ तक का छात्रों को सूक्ष्म उत्तर लिखना था। प्रतियोगिता कुल 50 अंक की थी।दोनों वर्गों से प्रत्येक विद्यालय से दो-दो सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन करके उन्हें अंतर्विद्यालय स्तर पर प्रश्नमंच प्रतियोगिता में सहभागिता का अवसर प्रदान किया जाएगा।इसके पश्चात प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार जनपद स्तर पर चुने गए सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों को प्रांत और क्षेत्रीय स्तर तथा फिर उसके आगे भी सहभागिता का अवसर मिलेगा तथा प्रोत्साहन पुरस्कार भी परिषद द्वारा प्रदान किए जाएंगे।
इस दौरान जैन इंटर कॉलेज रामपुर में आयोजित कराई गई प्रतियोगिता में सहयोग करने का मुझे भी अवसर प्राप्त हुआ।अवसर के कुछ छाया चित्र यहां अवलोकनार्थ साझा किए जा रहे हैं :

जैन इंटर कालेज में प्रतियोगिता के आयोजन में प्रधानाचार्य श्री हरीश डुडेजा जी का प्रबंधन सहयोग बहुत सराहनीय रहा। कॉलेज के अध्यापक गण डॉक्टर गौरव वार्ष्णेय जी, श्री प्रदीप राजपूत जी और श्री सक्सैना जी ने बहुत ही कुशलता पूर्वक प्रतियोगिता को संपन्न कराने में अपना महत्पूर्ण योगदान दिया।इसके लिए मैं इन सभी सम्मानित गुरुजनों का ह्रदय से आभार प्रकट करता हूं।
डॉक्टर गौरव वार्ष्णेय जी परिषद के प्रांतीय महासचिव भी हैं और बहुत व्यवहारिक और मिलनसार व्यक्ति हैं। उन्होंने अपने विस्तृत प्रांतीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए भी हमें स्थानीय स्तर पर अपेक्षा से अधिक सहयोग प्रदान किया इसके लिए उन्हें पुन: धन्यवाद।भाई प्रदीप राजपूत साहब का भी दिल की गहराइयों से धन्यवाद जिन्होंने बहुत ही सादगी, शालीनता और शिद्दत के साथ हर आवश्यक सूचना उपलब्ध कराकर हमारा काम आसान किया। भाई प्रदीप राजपूत जी एक उम्दा शायर भी हैं जो माहिर तखल्लुस से अदब की दुनिया में अपनी ख़ास पहचान बनाए हुए हैं।कॉलेज के भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता श्री सक्सैना साहब का भी बेहद शुक्रिया कि उन्होंने अपना अमूल्य समय देकर इस आयोजन को संपन्न कराने में सहयोग किया।
भविष्य में ऐसे आयोजनों की महती आवश्यकता है क्योंकि इससे नई पीढ़ी को अपने देश के इतिहास और संस्कृति को जानने तथा भारतीय संस्कारों को आत्मसात करने में मदद मिलेगी।
          अंत में अपनी ग़ज़ल के एक शेर के साथ मैं अपनी बात समाप्त करता हूं :
              आओ सबका दर्द बांटें, सबसे  रिश्ता जोड़ लें,
               इस तरह इंसानियत का हक़ अदा हो जाएगा।
     ---ओंकार सिंह विवेक 
        (सर्वाधिकार सुरक्षित)

      

September 5, 2022

वाह रे ! बचपन

शुभ प्रभात मित्रो 🌹🌹🙏🙏

खाना - पीना, खेलना -कूदना और फिर थककर सो जाना । वाह!क्या मस्त दिन थे वे भी।भला बचपन के वे मस्त दिन किसको याद नहीं आते होंगे।न किसी के प्रति द्वेष भाव रखना,पल में लड़ना और पल में एक हो जाना ---- निष्कपट, निर्दोष और मासूमियत की मूरत।बच्चों को तभी तो भगवान का रूप कहा जाता है।हर आदमी सांसारिक तनाव से जूझते हुए अक्सर कह उठता है " काश ! मुझे कोई मेरा बचपन लौटा दे।"
पर गुज़रा ज़माना कहां लौटकर आता है।अब तो केवल स्मृतियों में ही जीवन के उस सुखद काल की कल्पना करके खुश हो लेते हैं।
उन्हीं स्मृतियों को ताज़ा करता हुआ एक मुक्तक सृजित हुआ है जो आप सुधी मित्रों की प्रतिक्रिया हेतु प्रस्तुत कर रहा हूं :

काग़ज़ी  नाव  जल  में  चलाने  लगे,
ख़ूब  छत   पर   पतंगें   उड़ाने  लगे।
स्वप्न में साथियो नित्य हम फिर वही,
सब  मज़े  बालपन  के  उठाने  लगे।
         ओंकार सिंह विवेक
    (सर्वाधिकार सुरक्षित)

September 2, 2022

किसको दिल के घाव दिखाए -----

साथियो नमस्कार 🌹🌹🙏🙏
नवगीत गीत से थोड़ी भिन्नता लिए हिंदी साहित्य की एक लोकप्रिय काव्य विधा है। प्रतीकों और बिंबों का सटीक प्रयोग करते हुए सामाजिक विसंगतियों और विद्रूपताओं आदि पर आजकल बहुत ही मार्मिक नवगीतों का सृजन किया जा रहा है।
माहेश्वर तिवारी,डाक्टर श्याम मनोहर सिरोठिया और शिवानंद सिंह सहयोगी जैसे प्रसिद्ध नवगीतकार नई पीढ़ी के नवगीतकारों को प्रोत्साहन देते हुए उनका मार्गदर्शन कर रहे हैं।

"नवगीत का कार्य कोने में छिपी किसी अनछुई सामाजिक छुईमुई अनुभूति को समाज के समक्ष लाना है|    
          नवगीत न मांसल सौन्दर्य की कविता है और न संयोग-वियोग की स्मृतियाँ|
          नवगीत प्रथम पुरुष के जीवन की उठा-पटक, उत्पीड़न, गरीबी, साधनहीनता के संघर्ष की अभिव्यक्ति है|
          नवगीत हृदय प्रधान, छन्दबद्ध, प्रेम और संघर्ष का काव्य है. नवगीत की यह एक विशेषता है कि वह छंदबद्ध होकर भी किसी छंदवाद की लक्ष्मणरेखा के घेरे से नहीं लिपटा है|"                
प्रसिद्ध नवगीतकार शिवानंद सिंह सहयोगी

आज आपके समक्ष प्रस्तुत है मेरा हाल ही में कहा गया एक नवगीत। आशा है कि आप इसे पढ़कर अपनी प्रतिक्रिया से अवगत कराते हुए मेरा उत्साहवर्धन करेंगे।

नवगीत : ओंकार सिंह विवेक
🌹
किसको दिल के घाव दिखाए,  
नदिया बेचारी।     

रात और दिन अपशिष्टों का,
बोझा ढोती है।
तनिक नहीं आभास किसी को,
कितना रोती है।
कृत्य मनुज के हैं अब इसकी,
सांसों पर भारी।
किसको दिल के घाव -----

निर्मल है जल मेरा इसको,
निर्मल रहने दे।
रोक नहीं यों अविरल धारा,
मुझको बहने दे।
नित यह विनती करते-करते ,
मानव से हारी।
किसको दिल के घाव ----

आओ मिलकर इसके सारे,
दुख-संताप हरें।
पल-पल दूषित होती जल की,
धारा स्वच्छ करें।
मान इसे मिल जाए जिसकी,
है यह अधिकारी।
किसको दिल के घाव ----
 🌹 ओंकार सिंह विवेक
 (सर्वाधिकार सुरक्षित)



September 1, 2022

राजनीति के कुशल मछेरे

शुभ प्रभात मित्रो 🌹🌹🙏🙏

यों तो मैं मूलत: ग़ज़ल विधा का विद्यार्थी हूं परंतु रस परिवर्तन के लिए अक्सर दोहों, मुक्तकों और नवगीत तथा कुंडलिया आदि के माध्यम से भी भाव अभिव्यक्ति का प्रयास कर लेता हूं।कुछ दिन पूर्व चुनावी हलचल के दौरान राजनैतिक विसंगतियों और विराधाभासों को लेकर एक नवगीत का सृजन हुआ था जो आपके साथ साझा कर रहा हूं :

नवगीत : समीक्षार्थ
    --©️ओंकार सिंह विवेक

राजनीति के कुशल मछेरे,
फेंक रहे हैं जाल।

जिस घर में थी रखी बिछाकर,
वर्षों अपनी खाट।
उस घर से अब नेता जी का,
मन हो गया उचाट।
देखो यह चुनाव का मौसम,
क्या-क्या करे कमाल।।                   

घूम रहे हैं गली-गली में,
करते वे आखेट।
लेकिन सबसे कहते सुन लो,
देंगे हम भरपेट।
काश!समझ ले भोली जनता,
उनकी गहरी चाल।

कुछ लोगों के मन में कितना,
भरा हुआ है खोट।
धर्म-जाति का नशा सुँघाकर,     
माँग रहे हैं वोट।
ऊँचा कैसे रहे बताओ,
लोकतंत्र का भाल।

नैतिक मूल्यों, आदर्शों को,
कौन पूछता आज,
जोड़-तोड़ वालों के सिर ही,
सजता देखा ताज।
जाने कब अच्छे दिन आएँ,
कब सुधरे यह हाल।
    --- ©️ ओंकार सिंह विवेक


August 28, 2022

संवेदनहीनता की पराकाष्ठा !!!!!!

शुभ प्रभात मित्रो 🌹🌹🙏🙏
 प्रात: कल जब नाश्ता करते समय अख़बार खोला तो इन दो हैड लाइंस ने दिल को झकझोर कर रख दिया :

"बच्चा चुप नहीं हुआ तो मां ने हाईवे पर फेंका,कुचलकर मौत"
"संतान के लिए मासूम के किए टुकड़े, ख़ून भी पी गई चाची"
                 (दैनिक जागरण दिनांक २७ अगस्त,२०२२)

इन ख़बरों को विस्तार से पढ़ा तो ढंग से नाश्ता भी नहीं कर सका और कुछ देर के लिए शांत मुद्रा में बैठ गया। निश्चित तौर पर आप में से भी कई साथियों ने ये समाचार पढ़े होंगे और मेरी ही तरह व्यथित भी हुए होंगे।
यों तो दयालुता, निर्दयता और कठोरता आदि मानव स्वभाव के अंग कहे जा सकते हैं परंतु कोई इस हद तक संवेदनहीन हो जाएगा और वह भी एक स्त्री जो सृष्टि की जन्मदात्री है,जो नौ महीने अपनी कोख में संतान को पालती है और प्रसव के समय की कठिनतम पीड़ा को झेलती है ,इतनी निष्ठुर और निर्दयी हो जायेगी इस बात को स्वीकारते समय मन बहुत असहज हो जाता है।
बच्चों के साथ क्रूरता की ये दो घटनाएँ तेजी से उग्र और  असहनशील होते जा रहे मानव स्वभाव की और इशारा करती हैं।इसके लिए बहुत से कारक ज़िम्मेदार हो सकते हैं।व्यक्ति विशेष की अपनी प्रकृति,पारिवारिक परिवेश और सामाजिक मान्यताएं, अंधविश्वास और रूढ़िवादिता --- आदि आदि।
हम सब जानते हैं कि क्रोध की अतिरेकता व्यक्ति को अंधा तो करती ही है साथ में उसकी सही-ग़लत का निर्णय लेने की क्षमता को भी नष्ट कर देती है।पहली घटना में यही हुआ होगा। जब बच्चे के बार-बार रोने और फिर चुप न होने के कारण मां पर हावी हुए क्रोध के शैतान ने उससे उसका विवेक और बुद्धि छीन ली होगी और उसने अपने बच्चे को सड़क पर फेंकने जैसे अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया होगा। जब तक उसके सिर से क्रोध का शैतान उतरा तब तक सब कुछ ख़त्म हो चुका था। हर्ष और विषाद की तरह ही क्रोध भी मानव स्वभाव का एक लक्षण है । हां, यह किसी में कम और किसी व्यक्ति में अधिक हो सकता है।अत्यधिक क्रोध करने वाले लोगों के लिए मनोचिकित्सक की काउंसलिंग,पारिवारिक सहयोग और ऐसे ही अन्य उपाय बहुत कारगर साबित होते हैं। अत्यधिक क्रोध में आए व्यक्ति को यदि तत्काल किसी धीर-गंभीर और धैर्य-संयम वाले व्यक्ति का साथ मिल जाता है तो कई बार स्थितियां काफ़ी भिन्न भी हो जाती हैं। सहनशील,संवेदनशील और धैर्यवान व्यक्ति अक्सर उस मानसिक विकृति के शिकार व्यक्ति को समय रहते विपत्ति/दुर्घटना से बचा भी लेता है। अत: घर परिवार और समाज का रोल इसमें बहुत महत्व रखता है।इस बारे में हम सब को गंभीरता से चिंतन करने की आवश्यकता है।
चित्र : गूगल से साभार 

दूसरी घटना में सामाजिक,पारिवारिक परिवेश तथा रूढ़िवादिता,अशिक्षा और अंधविश्वास का भी बड़ा योगदान कहा जा सकता है।घटना को अंजाम देने वाली स्त्री की कई संतानों की जन्म के कुछ समय बाद मृत्यु हो चुकी थी इस कारण वह तांत्रिकों के चक्कर में पड़कर पुन: संतान प्राप्ति हेतु ऐसा अमानवीय  कृत्य कर बैठी।यों तो कहीं-कहीं शहरों में भी तंत्र विद्या के फेर में पड़ने वालों की खबरें कभी-कभार पढ़ने को मिल जाती हैं परंतु ऐसी घटनाएं अक्सर अशिक्षित ग्रामीण वर्ग में अधिक देखने में आती हैं।इसके लिए अशिक्षा और वहां का माहौल बहुत अधिक ज़िम्मेदार कहा जा सकता है।कई ग्रामीण क्षेत्रों में अभी तक भी किसी असाध्य बीमारी आदि को दैवीय प्रकोप मानकर चमत्कार की आशा में तांत्रिकों वगैरह का सहारा लेने में लोग विश्वास रखते हैं जो दिमागी दिवालियेपन की निशानी ही कही जाएगी। जब किसी घर में किसी अप्रिय घटना या विपत्ति के समय कोई सदस्य  तांत्रिक/ओझा आदि को बुलाकर समस्या के समाधान हेतु उसके द्वारा सुझाए गए अतार्किक औरअव्यवहारिक उपायों का सहारा लेता है तो परिवार के अन्य सदस्य भी इसका संज्ञान लेते हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी इन चीजों को सही समझने लगते हैं और वे भी किसी मुक़ाम पर इन तांत्रिकों आदि  का सहारा लेते हैं जिसका परिणाम यहां उल्लिखित दूसरी  घटना जैसा ही होता है।
इस दिशा में घर-परिवार ,समाज और शासन-प्रशासन सभी को गंभीर चिंतन करके ठोस कदम उठाने की ज़रूरत है।
लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया जाए और उनके मानसिक स्वास्थ्य को जांचने का प्रबंध तथा सुधारात्मक उपाय भी शासन स्तर से किए जाएं।समाज में व्याप्त इन कुरीतियों के विरोध के लिए अभियान चलाकर व्यापक जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है।यदि व्यक्ति शिक्षित होगा और उसका मानसिक स्वास्थ्य ठीक होगा तो वह किसी भी दशा में तांत्रिकों आदि के चक्कर में पड़कर अपना और अपने परिवार का  बुरा नहीं करेगा।

चित्र : गूगल से साभार 

प्रस्तुति : ओंकार सिंह विवेक

August 25, 2022

उनका ऑफ़र और नहीं कुछ

मित्रो सादर प्रणाम 🙏🙏🌹🌹

यह अलग बात है कि तरही मिसरे पर ग़ज़ल कहने में बहुत पाबंदियां हो जाती हैं। आज़ादी से किसी मफहूम को निर्धारित रदीफ और काफियाें में बांधना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। परंतु यह भी सच है की इस बहाने ग़ज़ल तो हो ही जाती है।इधर घरेलू कामों में उलझे रहने की वज़ह से काफ़ी दिनों से कोई ग़ज़ल नहीं हो पाई थी। इस दौरान एक साहित्यिक ग्रुप में तरही मिसरा दिया गया जिस पर एक हल्की-फुल्की ग़ज़ल मैंने भी कह ली जो आपकी अदालत में हाज़िर है। प्रतिक्रिया से अवश्य ही अवगत कराएं :

इससे बढ़कर और नहीं कुछ
२    २ २   २  २   २  २  २
है ये छल-भर और नहीं  कुछ,
उनका ऑफ़र और नहीं कुछ।

काश!समझ  आए  झूठों को,
साँच बराबर  और नहीं कुछ।

नादाँ   हैं    ये    कहने    वाले,
धन से बढ़कर और नहीं कुछ।

है  केवल  आँखों   का  धोखा,
जादू-मंतर  और   नहीं   कुछ।

गाल  बजाने   हैं   हज़रत   को,
करना दिन भर और नहीं कुछ।

रिश्वत  का  बस  रुतबा   देखा,
दफ़्तर-दफ़्तर  और  नहीं कुछ।

कोई   अपना-सा   मिल  जाए,
"इससे बढ़कर और  नहीं कुछ"

नस्ल-ए-नौ  ऐ  हाकिम  तुझसे,
माँगे  अवसर  और  नहीं  कुछ।
        ---ओंकार सिंह विवेक 

        (सर्वाधिकार सुरक्षित)

August 23, 2022

कुंडलिया के बहाने

शुभ प्रभात मित्रो 🙏🙏🌹🌹

सुब्ह के साढ़े पाँच बजे हैं ।आसमान में हल्के काले बादल चहल क़दमी कर रहे हैं।प्राणदायिनी वायु मन को प्रफुल्लित कर रही है।मैं मॉर्निंग वॉक के बाद यह ब्लॉग पोस्ट लिखने बैठ गया हूं।


साहित्यकार के चिंतन का पंछी हमेशा ही उड़ान पर रहता है जो एक अच्छा संकेत भी है।अवसर के अनुकूल भी साहित्यकार की लेखनी कुछ न कुछ सार्थक लिखकर अपने दायित्व का निर्वहन करती रहती है।अभी पिछले दिनों कई महत्पूर्ण त्योहार बीत।हमारे गौरव का प्रतीक स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व जिसे  आज़ादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाया गया, हर भारतवासी के दिल में देश भक्ति का जज़्बा और जुनून जगाकर गया है।आज़ादी के अमृत महोत्सव की कड़ी में चल रहे कार्यक्रमों का समापन १५अगस्त,२०२३ को होगा।इस बार हर घर तिरंगा मुहिम का बहुत बड़ा असर देखने को मिला।अधिकांश लोगों ने अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज/तिरंगा लगाकर अपने देश प्रेम का परिचय दिया। राष्ट्रीय एकता की भावना से ओतप्रोत परिवेश में तिरंगे के सम्मान में मुझसे एक कुंडलिया छंद का सृजन हो गया जिसे आपके साथ साझा कर रहा हूं।
    कुंडलिया 
भारत की  नित विश्व में, बढ़ा रहा है शान,
हमें  तिरंगे  पर  बड़ा, होता है  अभिमान।
होता है अभिमान, सभी  यह लक्ष्य बनाएँ,
प्रेम-भाव  के  साथ, इसे  घर-घर फहराएँ।
चलो दिखा दें आज,एकता की हम ताकत,
 कहे सकल  संसार,देश अनुपम  है भारत।
           ---ओंकार सिंह विवेक 
इस दौरान श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भी हर्ष और उल्लास के साथ देश भर में मनाया गया।भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं और उनके विराट व्यक्तित्व से हम सभी भली भांति परिचित हैं।श्री कृष्ण द्वारा युद्ध के मैदान में अर्जुन को दिए गए गीता के संदेश आज भी हमें अपने कर्तव्यों का भान कराते हुए प्रासंगिक बने हुए हैं।पवित्र ग्रंथ गीता में संकलित ज्ञान का अगर बहुत थोड़ा सा अंश भी अपने जीवन में उतार सकें तो हमारा जीवन सफल हो जाए। श्री कृष्ण के जन्म के समय जो परिस्थितियां थीं उन्हें हम सब जानते हैं।दुष्ट कंस ने उनके माता-पिता को बंदीगृह में डाल रखा था और जेल तथा मथुरा नगरी के चप्पे-चप्पे पर सख़्त पहरा था। माँ सरस्वती की कृपा से उस दृश्य का चित्रण भी एक कुंडलिया के माध्यम से हो गया उसे भी आपके साथ साझा करने का लोभ संवरण मैं नहीं कर पा रहा हूं:
कुंडलिया 
कृष्ण कन्हैया ने लिया,जब पावन अवतार,
स्वत: खुल गया कंस के, बंदीगृह का द्वार।
बंदीगृह  का  द्वार, ईश  की  महिमा न्यारी,
सोए   पहरेदार, नींद   की  चढ़ी   ख़ुमारी।
शांत  हुईं  तत्काल, उफनती  यमुना  मैया,                  
पहुँचे  गोकुल  धाम,दुलारे कृष्ण  कन्हैया। 
         ---ओंकार सिंह विवेक 
(सर्वाधिकार सुरक्षित)
      ओंकार सिंह विवेक 





August 21, 2022

अमृत महोत्सव

भारत विकास परिषद महान संत स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर स्थापित एक अराजनैतिक स्वयंसेवी संस्था है। जीवन के सभी क्षेत्रों जैसे संस्कृति, शिक्षा,अध्यात्म ,नीति और राष्ट्र प्रेम आदि के संरक्षण और संवर्धन के लिए यह संस्था पूरी तरह समर्पित है। संस्था का लक्ष्य वाक्य -- 

" स्वस्थ्य, समर्थ,संस्कृत भारत" है।


कल सांय स्टार चौराहे के समीप पंजाबी नेचर बैंकट हॉल, रामपुर-उ०प्र ० में आज़ादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर भारत विकास परिषद की मुख्य शाखा रामपुर की  पारिवारिक बैठक का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।



कार्यक्रम में वक्ताओं द्वारा आज़ादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर राष्ट्रीय एकता और समरसता की भावना जैसे महत्वपूर्ण विषयों को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए गए।



 कई सदस्यों ने देश भक्ति की भावना को प्रबल करने वाले जोशीले गीत प्रस्तुत किए। मेरी पत्नी श्रीमती रेखा जी द्वारा भी इस अवसर पर अपनी सूक्ष्म प्रस्तुति दी गई।परिषद के सदस्य भाई ललित अग्रवाल जी द्वारा आज़ादी का अमृत महोत्सव को लेकर एक क्विज प्रतियोगिता का संचालन किया गया जिसमें बड़ों के साथ-साथ बच्चों ने भी बढ़ चढ़कर प्रतिभाग करके प्रोत्साहन गिफ्ट प्राप्त किए।

कार्यक्रम का सफल संचालन परिषद के अध्यक्ष श्री रवींद्र गुप्ता जी द्वारा किया गया।

प्रस्तुतकर्ता : ओंकार सिंह विवेक 




August 19, 2022

श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर विशेष

साथियो श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं 🌹🌹🙏🙏

चित्र : गूगल से साभार 
दोहे : श्री कृष्ण जन्माष्टमी
********************
लिया  द्वारकाधीश  ने,जब  पावन  अवतार,
स्वत: खुल  गया कंस  के,बंदीग्रह  का द्वार।

काम न आई कंस की, कुटिल एक  भी  चाल,
हुए कृष्ण जी अवतरित,बनकर उसका काल।

बाल  रूप  में  आ  गए, उनके  घर  भगवान,
नंद-यशोदा  गा   रहे,मिलकर   मंगल   गान।

जिसको  सुनकर  मुग्ध थे,गाय-गोपियाँ-ग्वाल,
छेड़ो वह  धुन आज फिर ,हे! गिरिधर गोपाल।
  
दुष्टों  का   कलिकाल  के, करने   को  संहार,
चक्र सुदर्शन  कृष्ण  जी,पुनः  लीजिए   धार।

कर्मयोग   से   ही   बने, मानव  सदा   महान,
यही   बताता   है   हमें, गीता  का   सद्ज्ञान।

लेते   रहिए  नित्य प्रति, वंशीधर   का   नाम,
बन   जाएंगे   आपके, सारे    बिगड़े   काम।
          ---ओंकार सिंह विवेक
               (सर्वाधिकार सुरक्षित)




Featured Post

नई ग़ज़ल!!! नई ग़ज़ल!!! नई ग़ज़ल!!!

असीम सुप्रभात मित्रो 🌷🌷🙏🙏 🌷🌱🍀🌴🍁🌸🪷🌺🌹🥀🌿🌼🌻🌾☘️💐 मेरी ग़ज़ल प्रकाशित करने के लिए आज फिर "सदीनामा" अख़बार के संपादक मं...