October 27, 2023

रस सिद्ध शायर देवी प्रसाद गौड़ 'मस्त' की 110 वीं जयंती

नमस्कार मित्रो 🌹🌹🙏🙏
     
        (मंच पर अतिथि के रूप में साहित्यकारों एवम् रणधीर प्रसाद गौड़ धीर जी के परिजनों के साथ सुखद पल)
🌹🍀🌼💐🌳🌺🌿🌲☘️🏵️🌴🥀🌹🍀🌼💐🌳🌺🌿

बरेली के वरिष्ठ शायर और कवि आदरणीय रणधीर प्रसाद गौड़ धीर साहब का लगभग एक माह पूर्व फोन आया था कि हमारे पिताश्री मशहूर शायर और कवि पंडित देवी प्रसाद गौड़ मस्त जी की ११० वीं जयंती पर आयोजित होने वाले कवि सम्मेलन और साहित्यकार सम्मान समारोह में आप सादर आमंत्रित हैं। 
आदरणीय धीर साहब का स्नेह मुझे अक्सर ही साहित्यिक कार्यक्रमों में मिलता रहा है। यह भी एक सुखद संयोग है कि उनका प्रारंभिक जीवन मेरे गृह नगर रामपुर में ही बीता है सो अक्सर रामपुर से जुड़ी  पुरानी यादों को लेकर उनसे फोन पर बात होती रहती है।
 आदरणीय गौड़ साहब की मुहब्बतों के चलते
 २६ अक्टूबर ,२०२३ को रामपुर के वरिष्ठ साहित्यकार आदरणीय शिव कुमार चंदन जी के साथ उक्त कार्यक्रम में जाना हुआ।        
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साहित्य भूषण सुरेश बाबू मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथिगण रामपुर से पधारे शिवकुमार चंदन एव ओंकार सिंह विवेक रहे।अध्यक्षता वरिष्ठ शायर विनय सागर जायसवाल ने की।कार्यक्रम बरेली कवि गोष्ठी आयोजन समिति के तत्वावधान में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा आदरणीय धीर साहब के ग़ज़ल संग्रह "सलाम-ए-इश्क़" का विमोचन किया गया।
     (रणधीर प्रसाद गौड़ धीर जी के ग़ज़ल संग्रह 
       सलाम-ए-इश्क़ का विमोचन)

 दूसरे चरण में साहित्यकार  शिव कुमार चंदन, ओंकार सिंह विवेक शायर असद मिनाई, असरार नसीमी, नईम खान शबाव कासगंजबी एवं किच्छा के नबी अहमद मंसूरी  को  साहित्यिक क्षेत्र में अविस्मरणीय योगदान के लिए 'पं.देवी प्रसाद गौड़ मस्त साहित्य सम्मान' प्रदान किया गया।सम्मान स्वरूप शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह संस्था के अध्यक्ष/ कार्यक्रम संयोजक रणधीर प्रसाद गौड़ धीर, महासचिव बृजेंद्र तिवारी तथा संस्था सचिव उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट ने प्रदान किए।
     (कार्यक्रम में मेज़बान रणधीर प्रसाद गौड़ धीर तथा मंचासीन अतिथियों से 'पंडित देवी प्रसाद गौड़ मस्त साहित्य सम्मान' ग्रहण करते हुए)

 तृतीय सत्र में कवि सम्मेलन/ मुशायरा हुआ जिसमें कवियों/शायरों ने ने अपने समसामयिक काव्य पाठ से श्रोताओं को अंत तक बांधे रखा।कार्यक्रम में मंच पर आसीन कवियों के अतिरिक्त शिवरक्षा पांडेय, ज्ञान देवी वर्मा सत्यम्,वेद प्रकाश शर्मा अंगार,दीपक मुखर्जी, रामधनी निर्मल,रामकुमार भारद्वाज अफरोज, प्रकाश निर्मल, इंद्रदेव त्रिवेदी, निर्भय सक्सेना,डॉ शिव नरेश शुक्ल, एस.ए.हुदा,मिलन कुमार मिलन, राम कृष्ण शर्मा,सत्यवती सिंह सत्या, मिथिलेश गौड़ ,रामकुमार कोली, डॉ राजेश शर्मा ककरेली, उमेश अद्भुत,यदुवीर प्रसाद गौड़,ओमवीर सिंह, स्नेहा सिंह, सुरेंद्र बीनू सिंहा,मुजम्मिल हुसैन,अशोक कुमार व राजकुमार अग्रवाल आदि ने भी काव्य पाठ किया। कार्यक्रम का सफल संचालन मनोज दीक्षित टिंकू ने किया।
               (कार्यक्रम में काव्य पाठ करते हुए)
    
(साहित्यकार बंधुओं उपमेंद्र सक्सैना तथा टिंकू जी के साथ)
              (कार्यक्रम में उपस्थित कवि एवं श्रोतागण)

     (कार्यक्रम में वरि० साहित्यकार चंदन जी के साथ)
 (काव्य पाठ करते हुए मेज़बान वरिष्ठ शायर/कवि रणधीर प्रसाद गौड़ धीर साहब)

अंत में जलपान के बाद धीर साहब ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की।
कार्यक्रम में आदरणीय रणधीर प्रसाद गौड़ धीर साहब के परिजनों ने जिस आत्मीयता और आतिथ्य भाव से आगंतुकों की आवभगत की उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए वह कम है। कार्यक्रम की आयोजन व्यवस्था में संस्था के सचिव प्रिय भाई उपमेंद्र सक्सैना जी की सक्रियता ने भी बहुत प्रभावित किया।
पंडित देवी प्रसाद गौड़ मस्त जी को स्मृतियों को नमन करते हुए अपनी इन चार पंक्तियों के साथ पोस्ट को समाप्त करता हूं :
             महफ़िलों   का   नूर  थे   शृंगार  थे,
             सबकी चाहत थे सभी का प्यार थे।
             'मस्त' था जिनका तख़ल्लुस दोस्तो,
             वो अदब के  इक बड़े फ़नकार  थे।
                           @ ओंकार सिंह विवेक 

कार्यक्रम की स्थानीय समाचार पत्रों द्वारा शानदार कवरेज की कुछ झलकियाँ 👇👇
         
ओंकार सिंह विवेक
 -- ग़ज़लकार/समीक्षक/कंटेंट राइटर/ब्लॉगर

October 18, 2023

शायद जल्द इलक्शन आने वाला है



दोस्तो लीजिए हाज़िर है मेरी नई ग़ज़ल
🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹

ग़ज़ल-ओंकार सिंह विवेक
@
बदला    रातों - रात   उन्होंने  पाला  है ,
शायद  जल्द  इलक्शन  आने  वाला हैI

झूठे    मंसब     पाते     हैं     दरबारों   में,
सच्चों  की  क़िस्मत  में  देश-निकाला है।

भूखे  पेट  जो   सोते   हैं  फुटपाथों  पर,
हमने  उनका  दर्द   ग़ज़ल  में  ढाला  है।
@
यार ! उसूल  परस्ती  और   सियासत  में,
तुमने ख़ुद को किस मुश्किल में डाला है।

ज़ेहन   में   चलते  रहते   हैं   ऊला-सानी,
हमने अच्छा  शौक़  ग़ज़ल  का  पाला है।

नीचे   तक   पूरी   इमदाद   नहीं   पहुँची,
ऊपर आख़िर  कुछ  तो  गड़बड़झाला है।

घर में आख़िर बेटी  के जज़्बात 'विवेक',
माँ  से  बेहतर  कौन  समझने  वाला  है।
        ----- @ओंकार सिंह विवेक
 (मेरे शीघ्र प्रकाश्य ग़ज़ल संग्रह "कुछ मीठा कुछ खारा" से)
(चित्र : गूगल से साभार)


  (रामपुर रज़ा लाइब्रेरी के २५० वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में)

(अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हास्य-व्यंग्य के शायर पॉपुलर मेरठी जी के साथ)

 (भारत विकास परिषद रामपुर - उत्तर प्रदेश के सदस्यों को अपने ग़ज़ल संग्रह "दर्द का एहसास" की प्रतियाँ भेंट करते हुए)
------@ ओंकार सिंह विवेक 


October 13, 2023

एक साहित्यिक परिचर्चा/विचार गोष्ठी


नमस्कार मित्रो 🌹🌹🙏🙏

 (रामपुर की विभिन्न साहित्यिक संस्थाओं से जुड़े साहित्यकार अंबेडकर पार्क रामपुर में साहित्यिक गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के संबंध में विचार-विमर्श करते हुए)

रामपुर जनपद के हिंदी तथा उर्दू दोनों ही भाषाओं के अनेक साहित्यकारों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रही है।हिंदी साहित्यकारों में कल्याण कुमार जैन शशि, प्रोफेसर ईश्वर शरण सिंघल और डॉक्टर छोटे लाल नागेंद्र और पुराने उर्दू साहित्यकारों में जलील नोमानी, होश नोमानी और अज़हर इनायती आदि को कौन नहीं जानता।वर्तमान में भी जनपद के अनेक वरिष्ठ एवं उदीयमान रचनाकार तथा साहित्यिक संस्थाएँ अपने-अपने गद्य एवं पद्य सृजन से भाषाओं को समृद्ध करने में निमग्न हैं। वर्तमान में वरिष्ठ साहित्यकार जितेंद्र कमल आनंद और शिव कुमार चंदन जी जैसे लोग अपने साहित्यिक समूहों के माध्यम से निरंतर हिंदी साहित्य को समृद्ध करने में लगे हुए हैं।
रामपुर की प्रमुख साहित्यिक संस्थाएँ यथा उ0 प्र0 साहित्य सभा रामपुर इकाई, आध्यात्मिक साहित्यिक संस्था काव्यधारा, पल्लव काव्य मंच आदि आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं।
रामपुर में साहित्यिक गतिविधियों को और अधिक विस्तार देने तथा सभी संस्थाओं के समन्वय से ज़िले में बड़े साहित्यिक आयोजनों को मूर्त रूप देने को लेकर रामपुर के साहित्यकारों द्वारा अंबेडकर पार्क रामपुर में एक परिचर्चा और विचार गोष्ठी आयोजित की गई।
सभी साहित्यकार कहीं-कहीं कविता के गिरते स्तर को लेकर भी चिंतित दिखाई दिए। सभी ने यह महसूस किया की अच्छी कविता गंभीर चिंतन और मनन चाहती है।यदि हम अच्छा सोचेंगे/पढ़ेंगे तभी अच्छा लिख पाएंगे जो पाठकों/श्रोताओं द्वारा पसंद किया जाएगा।नई पीढ़ी के साहित्यकारों को विभिन्न प्रचार माध्यमों और सोशल मीडिया पर छाने की जितनी जल्दी है उतनी गंभीरता उनके साहित्य सृजन में दिखाई नहीं देती। यदपि इसके अपवाद भी दिखाई देते हैं।

सभी साहित्यकार इस बात पर एकमत दिखाई दिए कि अपने-अपने बैनरों के तले साहित्यिक आयोजनों में एक दूसरे को आमंत्रित करने के साथ-साथ यदा कदा सामूहिक रूप से बड़े साहित्यिक आयोजनों के बारे में भी सोचना चाहिए।आख़िर कविता के माध्यम से सभी का एक उद्देश्य है और वह है- साहित्य और समाज की सेवा। तो क्यों न फिर किसी तरह के पूर्वाग्रह को छोड़कर इस दिशा में सामूहिक प्रयास भी  किए जाएँ।विचार गोष्ठी में इस पर कुछ सहमति बनती दिखाई दी जो एक शुभ संकेत है। विचार-विमर्श में यह भी तय हुआ कि शासन/प्रशासन को इस आशय का एक सामूहिक ज्ञापन दिया जाए कि ज़िला स्तर पर आयोजित कराए जाने वाले साहित्यिक कार्यक्रमों में स्थानीय साहित्यकारों को उचित प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाना चाहिए।इससे स्थानीय साहित्यकारों को प्रोत्साहन मिलेगा और उनकी प्रतिभा भी निखरेगी। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि प्रोत्साहन पाकर कुछ नया करने की ऊर्जा मिलती है। स्थानीय साहित्यकारों की यह पहल प्रशंसनीय है।इस पहल में प्रतिभाशाली युवा रचनाकार भाई राजवीर सिंह राज़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मजरूह सुल्तानपुरी साहब के इस शेर के साथ अपनी बात समाप्त करता हूं:
  मैं अकेला ही चला था जानिब-ए-मंज़िल मगर,
  लोग  साथ आते  गए और कारवां बनता गया।
              --- मजरूह सुल्तानपुरी
प्रस्तुति : ओंकार सिंह विवेक 
























🌹 दोस्तों के बहाने 🌹

रामपुर (उत्तर प्रदेश) की रज़ा लाइब्रेरी की स्थापना के 250 वर्ष पूर्ण होने पर 7,8 और 9अक्टूबर,2023 को प्रशासन की ओर से कई सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस प्रकार के कार्यक्रम वर्ष भर चलते रहेंगे। वृहद स्तर पर ऐसे  विशाल कार्यक्रमों का आयोजन जनपद वासियों के लिए गौरव की बात है। रामपुर तथा रज़ा लाइब्रेरी की समृद्ध सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान से सब भली भांति परिचित हैं। इस प्रकार के आयोजन निश्चित ही रामपुर की इस साँझी विरासत को और अधिक मजबूत बनाएंगे। 
रामपुर रज़ा लाइब्रेरी के २५० वें स्थापना वर्ष पर आयोजित होने वाले अमृत महोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला में हाल ही में हुए तीन दिवसीय सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रमों में जिन तीन दोस्तों/मुख़लिसों की कंपनी में वहाँ जाना हुआ उनका ज़िक्र न किया जाए तो यह ब्लॉग पोस्ट अधूरी रहेगी।


पिछले लगभग एक वर्ष से मैं स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का अनुसरण करने वाली स्वयं सेवी संस्था भारत विकास परिषद से भी जुड़ा हुआ हूं। पारिवारिक व्यस्तता के बीच महीने में कम से कम एक बार तो इसकी पारिवारिक बैठकों में जाना हो ही जाता है। आप चाहे किसी उत्सव/कार्यक्रम या बैठक में चले जाईए अपनी रुचि और मिज़ाज के कुछ लोग वहां मिल ही जाएंगे।परिषद में भी ऐसे कई लोग हैं जिनसे अच्छी घुटने लगी है।परिषद के ऐसे ही एक वरिष्ठ साथी हैं बड़े भाई श्री प्रशांत कुमार गुप्ता जी(ऊपर चित्र में सबसे बाईं तरफ़)।बहुत ही डैशिंग पर्सनालिटी के मालिक हैं।यों तो सीनियर सिटीजन हैं परंतु उनकी पर्सनालिटी अच्छे-अच्छे नौजवानों पर भारी है। उनका बाह्य रूप जितना सुंदर है उतने ही सुंदर वह मन और व्यवहार से भी हैं।कलात्मक अभिरुचि के धनी श्री प्रशांत जी साहित्य तथा संगीत में गहरी रुचि रखते हैं। श्री प्रशांत जी आजकल अपनी कलात्मक रुचि के कार्यों में व्यस्त रहते हुए मस्त ज़िंदगी गुज़ार रहे हैं। उनके मुहब्बत भरे इसरार पर तीनों ही दिन रज़ा लाइब्रेरी द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में जाकर पूरा लुत्फ़ उठाने का मौक़ा मिला।
इसी कड़ी में एक नाम अनुज रविंद्र पाल सिंह जी(तस्वीर के मध्य) का आता है जो भारत विकास परिषद के बहुत ऊर्जावान सदस्य हैं।आप बेसिक शिक्षा विभाग में अध्यापक हैं और कैरियर को लेकर बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों का भी मार्गदर्शन करते हैं। सिंह साहब भी बहुत ही विनम्र और संजीदा इंसान है।बातचीत में उन्होंने बताया कि अच्छे साहित्य में उनकी गहन रुचि है और अब तक मुंशी प्रेमचंद के कई उपन्यास पढ़ चुके हैं।रविंद्र जी डॉक्टर कुमार विश्वास के भी बड़े फैन हैं।
इस कड़ी में भारत विकास परिषद के तीसरे वरिष्ठ साथी आदरणीय उमेश कुमार रस्तौगी साहब हैं जिन्हें प्यार से सब पहलवान साहब कहते हैं।आप कलेक्ट्रेट रामपुर से सेवानिवृत्त हुए हैं और जीवन की इस पारी को भी बड़े मस्तमौला ढंग से गुज़ार रहे हैं, ईश्वर उन्हें दीर्घायु प्रदान करें।पहलवान साहब बहुत व्यवहार कुशल हैं और समाज में अच्छी पकड़ रखते हैं। हर जगह पूरे रोब-दाब के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में दक्ष हैं। आपकी ऊर्जा भी नौजवानों के लिए एक प्रेरणा है।इन तीनों लोगों के साथ लाइब्रेरी के कार्यक्रमों का आनंद लेना एक अविस्मरणीय अनुभव रहा।
  कार्यक्रम में मुशायरे वाले दिन जब हम लोग क़िले में प्रवेश करने ही वाले थे कि इस मुशायरे में आमंत्रित मशहूर 
तंज़-ओ-मज़ाह के शायर मुहतरम पॉपुलर मेरठी साहब अपने दो साथियों के साथ कार्यक्रम स्थल की ओर जाते हुए मिल गए। वरिष्ठ साथी श्री प्रशांत जी ने उन्हें पहचानकर अदब से सलाम ठोका और उनकी हास्य व्यंग्य की रचनाओं की बहुत तारीफ़ की।हम लोग भी उनसे गर्मजोशी के साथ मिले। उन्होंने हमारे साथ मुस्कुराते हुए तस्वीर भी खिंचवा ली।
पॉपुलर मेरठी साहब का यह शेर शायद आपको हँसने पर मजबूर करे :
     एक बीवी कई साले हैं ख़ुदा ख़ैर करे,

    खाल सब खींचने वाले हैं ख़ुदा ख़ैर करे।

             --- पॉपुलर मेरठी 


किसी मशहूर शायर का यह शेर अपने इन दिलचस्प दोस्तों की नज़र करते हुए अपनी बात समाप्त करता हूं :
       कितने हसीन लोग थे जो मिलके एक बार,
        आँखों में जज़्ब हो गए, दिल में समा गए।
                 ------ अज्ञात
प्रस्तुति : ओंकार सिंह विवेक
साहित्यकार/समीक्षक/कंटेंट राइटर/ब्लॉगर 


October 10, 2023

हिंदुस्तानी भाषा अकादमी दिल्ली का साहित्यकार समागम

प्रणाम मित्रो 🙏🙏🌹🌹

प्रोत्साहन प्रतिसाद 
**************
हिंदुस्तानी भाषा अकादमी दिल्ली द्वारा हिंदुस्तान भर के ग़ज़लकारों से ग़ज़लें आमंत्रित किए जाने पर मैंने भी अपनी कुछ ग़ज़लें भेज दी थीं। हिंदुस्तानी भाषा अकादमी द्वारा चयनित ग़ज़लकारों को एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़कर इसके बारे में सूचित किया गया है।
बताता चलूं कि हिंदुस्तानी भाषा अकादमी दिल्ली द्वारा 'हिन्दुस्तानी भाषा काव्य प्रतिभा सम्मान’ एवं 'गुलदस्ता-ए-ग़ज़ल'-नि:शुल्क पुस्तक प्रकाशन योजना हेतु अखिल भारतीय स्तर पर ग़ज़लें आमंत्रित की गई थीं जिसमें लगभग 175 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं।योजना के अंतर्गत निर्णायकों द्वारा 50 ग़ज़लकारों की श्रेष्ठ 2-2 रचनाओं का चयन किया गया जिनमें मेरा नाम भी सम्मिलित है।
इसी क्रम में संस्था द्वारा आगामी 5 नवंबर को दिल्ली में एक भव्य समारोह में चयनित ग़ज़लकारों का सम्मान, रचना पाठ और पुस्तक का लोकार्पण भी किया जाएगा।चयनित ग़ज़लकारों को पुस्तक की एक-एक प्रति भी नि:शुल्क प्रदान की जाएगी। ग़ज़लकारों के दिल्ली में रहने और भोजन की व्यवस्था अकादमी की ओर से नि:शुल्क की जाएगी। हिंदुस्तानी भाषा अकादमी द्वारा बिना किसी पारस्परिक सहयोग के ऐसा भव्य आयोजन करना निश्चित ही एक बहुत बड़ा और प्रशंसनीय क़दम कहा जाएगा।अकादमी और साहित्य सेवा को समर्पित इसके पदाधिकारियों के इन सदप्रयासों को नमन 🙏🙏

October 7, 2023

नई ग़ज़ल

नमस्कार मित्रो 🌹🌹🙏🙏

मशहूर शायर आदरणीय श्री ओमप्रकाश नूर साहब की मुहब्बतों के चलते प्रतिष्ठित पत्रिका/अख़बार 'सदीनामा' के ताज़ा अंक में मेरी एक और ग़ज़ल छपी है जिसे प्रतिक्रिया हेतु आपके साथ साझा कर रहा हूं।उसी पृष्ठ पर प्रसिद्ध ग़ज़लकार श्री देवेंद्र मांझी साहब की  ग़ज़ल भी प्रकाशित हुई है।श्री मांझी साहब को मुबारकबाद तथा 'सदीनामा' के संपादक मंडल का बहुत बहुत आभार।

नई ग़ज़ल -- --  ©️ ओंकार सिंह विवेक 
©️ 
शीशम  साखू   महुआ   चंदन  पीपल   देते हैं,
कैसी-कैसी  ने'मत   हमको   जंगल   देते   हैं।

वर्ना सब  होते  हैं  सुख  के   ही  संगी -साथी,
दुनिया में  बस  कुछ  विपदा  में संबल देते हैं।

रस्ता  ही भटकाते  आए  हैं  वो  तो अब तक,
लोग  न  जाने  क्यों  उनके  पीछे  चल देते हैं।
©️ 
आज बना  है मानव  उनकी ही जाँ का दुश्मन,
जीवन  भर  जो  पेड़  उसे  मीठे  फल  देते हैं।

मिलती है  कितनी  तस्कीन तुम्हें क्या बतलाएँ,
आँगन  के  प्यासे पौधों  को  जब  जल देते हैं।

कब तक सब्र का बाँध न टूटे प्यासी फसलों के,
धोखा   रह-रहकर   ये   निष्ठुर  बादल  देते  हैं।

किस  दर्जा  मे'यार  गिरा  बैठे  कुछ  व्यापारी,
ब्रांड  बड़ा  बतलाकर  चीज़ें   लोकल  देते  हैं।
                       ---©️ ओंकार सिंह विवेक













October 2, 2023

आख़िरश तो तुझे भी ढलना है


नमस्कार मित्रो 🌹🌹🙏🙏

एक ग़ज़ल मेरे शीघ्र प्रकाश्य दूसरे ग़ज़ल संग्रह 
"कुछ मीठा कुछ खारा से"
************************************
@
ज़ोर शब  का  न  कोई  चलना है,
जल्द सूरज को अब निकलना है।

ये  ही  ठहरी  गुलाब की क़िस्मत,
उसको  ख़ारों  के बीच पलना है।

ख़ुद को बदला नहीं  ज़रा  उसने,
और कहता है  जग  बदलना  है।

दूध   जितना  उसे   पिला  दीजे,
साँप  को  ज़हर  ही  उगलना है।

काश!उनकी समझ  में आ जाए,
धन कभी घूस का  न फलना है।

तोड़ना   है   ग़ुरूर   ज़ुल्मत  का,
यूँ ही  थोड़ी  दिये  को जलना है।

इतने  तेवर   दिखा  न  ऐ  सूरज,
आख़िरश तो  तुझे भी  ढलना है।
  @ ओंकार सिंह विवेक



(चित्र : गूगल से साभार)

September 26, 2023

झुमका गिरा रे! बरेली के बाज़ार में ------

प्रणाम मित्रो 🌹🌹🙏🙏


झुमका गिरा रे! बरेली के बाज़ार में, झुमका गिरा रे!
फ़िल्म "मेरा साया" का यह सुपर हिट गीत किसकी ज़बान पर चढ़कर नहीं बोलता।हम सभी जानते हैं कि यह गाना अपने ज़माने की मशहूर फ़िल्म अभिनेत्री साधना पर फिल्माया गया था।
 गाने के ये  बोल और इन पर साधना जी की दिलकश अदाकारी आज भी लोगों को दीवाना बनाए हुए है।इस गाने को सुनते ही बरेली शहर की याद आना स्वाभाविक है।
हाल ही में मैंने बरेली प्रवास के दौरान बरेली के झुमका तिराहे का भ्रमण किया तो सोचा इस तिराहे के बारे में आपके साथ भी कुछ विचार साझा किए जाएं।
इस फिल्मी गाने की मार्फत बरेली की पहचान बन चुके झुमके के नाम पर बरेली नगर के प्रवेश द्वार पर ही बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा झुमका तिराहे का निर्माण कराया गया है।यह तिराहा बहुत ही सुंदर और भव्य बनाया गया है। यह चौराहा २०० मीटर दूर से ही दिखाई देने लगता है। 
जैसे- जैसे हम इसके पास आते हैं इसे निहारने और इसके साथ फोटो खिंचवाने की उत्सुकता बढ़ती जाती है।हाल ही में बॉलीवुड इंडस्ट्री के दिग्गज रणवीर सिंह और आलिया भट्ट भी अपनी नई फिल्म "रॉकी और रानी" के प्रमोशन के सिलसिले में इस तिराहे पर आए थे और झुमके के साथ अपनी फोटो खिंचवाकर तथा यहां प्रशंसकों से मिलकर इस झुमका शहर बरेली के लोगों को अपनी शुभकामनाएं दी थीं।
प्राप्त सूचनाओं के आधार पर यहां स्थापित किए गए विशाल झुमके को पीतल और तांबे से बनाया गया है।झुमके की ऊंचाई लगभग १८ फीट है तथा भार लगभग २०० किलो अर्थात २ क्विंटल है।इस तिराहे को बनाने में लगभग १८ लाख रुपए की लागत आई है।
नेशनल हाईवे २४ पर स्थित इस तिराहे से एक रोड लखनऊ की और जाती है तो दूसरी  दिल्ली की तरफ़ जाती है।तीसरा रास्ता सीधे बरेली नगर की तरफ़ जाता है।चूंकि यह तिराहा नेशनल हाइवे पर बना हुआ है सो इस रास्ते से गुज़रते हर यात्री की नज़र इस पर पड़ती है इसलिए हर कोई यहां रुककर झुमके को पास से देखना चाहता है। अत: यहां हमेशा खूब चहल-पहल रहती है।
आपका जब कभी दिल्ली लखनऊ हाईवे पर इधर से गुज़रना हो तो झुमका तिराहे पर रुककर बरेली की पहचान इस सुंदर और विशाल झुमके को निहारना न भूलें।
   --- ओंकार सिंह विवेक 

September 13, 2023

हिंदी दिवस विशेष : सितारे हिंदी के

नमस्कार मित्रो 🌹🌹🙏🙏
हिंदी भाषा के सर्वत्र प्रभाव और इसके अधिकांश भारतीय प्रांतों में बोले जाने के कारण १४ सितंबर,१९४९ को स्वतंत्र भारत की संविधान सभा ने हिंदी को केंद्र सरकार की आधिकारिक भाषा अर्थात राजभाषा बनाने का निर्णय लिया था।हिंदी को राजभाषा /आधिकारिक भाषा बनवाने में हिंदी के मूर्धन्य  विद्वान व्यौहार राजेंद्र सिंह जी के नेतृत्व में काका कालेलकर,आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी तथा सेठ गोविंददास जी जैसे साहित्यकारों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इन्हीं के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप १४ सितंबर,१९४९ को हिंदी को राजभाषा के रूप में स्वीकार किया गया। व्यौहार श्री राजेंद्र सिंह जी के ५०वें जन्मदिवस अर्थात १४ सितंबर,१९५३ से भारतवर्ष में प्रत्येक १४ सितंबर को हिंदी दिवस मनाने का निश्चय किया गया।हिंदी देश की राजभाषा तो बन गई परंतु अभी इसे राष्ट्र भाषा का दर्जा दिया जाना शेष है।देश के कई प्रांतों में अभी सरकारी कामकाज वहां की क्षेत्रीय भाषा तथा अंग्रेज़ी भाषा में ही होता है। इसलिए हिंदी भाषा को अभी राष्ट्र भाषा घोषित नहीं किया जा सका है।
हिंदी को विश्व स्तरीय पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।इस दिशा में बहुत गंभीर और सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं जिन्हें निम्न बातों से समझा जा सकता है:
* भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेई जी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में हिंदी में भाषण देकर विश्व पटल पर अपना लोहा मनवाया था।
*हमारे देश के वर्तमान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अक्सर ही हिंदी में संबोधन करते हुए देखे जा सकते हैं।
*हिंदी गद्य तथा पद्य के साहित्यकार हिंदी भाषा की समृद्धि और प्रचार प्रसार में अपना निरंतर योगदान दे रहे हैं।
* देश की प्रतिष्ठित आई ए एस (Earlier ICS)परीक्षा जो पहले केवल अंग्रेज़ी माध्यम से ही आयोजित की जाती थी अब अंग्रेज़ी और हिंदी दोनों ही भाषाओं में आयोजित की जाती है। इस परीक्षा में हिंदी माध्यम से बैठने वाले अभ्यर्थियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है।
*हिंदी वाद विवाद प्रतियोगिताओं/संगोष्ठियों और हिंदी विचार गोष्ठियों आदि के आयोजन से हिंदी का सतत् प्रचार प्रसार किया जा रहा है।
*हिंदी भाषा में हजारों/लाखों की संख्या में आज यू ट्यूब चैनल्स हैं जिनके मिलियंस सब्सक्राइबर्स हैं।यह हिंदी की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है।
*आज हिंदी में तमाम वेबसाइट्स और ऐप्स मौजूद हैं,पॉडकास्ट ट्यूटोरियल्स उपलब्ध हैं।हिंदी ब्लॉगिंग की लोकप्रियता भी निरंतर बढ़ रही है।
*आज मंदारिन और अंग्रेज़ी के बाद हिंदी दुनिया में तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। 
*Google adsense भी इस बात को स्वीकार करता है कि आजकल लोग गूगल पर हिंदी में विज्ञापन और अन्य कंटेंट पढ़ना अधिक पसंद करते हैं।
*दैनिक जागरण १३सितंबर,२०२३ की रिपोर्ट के अनुसार आज दुनिया के सौ से अधिक देशों में हिंदी भाषा का प्रयोग हो रहा है।
वर्ष २०१७ से २०२२ के बीच हिंदी समेत अन्य क्षेत्रीय भाषाओं के कंटेंट का बाज़ार ६०प्रतिशत की दर से बढ़ा है। 
ये सब आंकड़े हिंदी भाषा के भविष्य को लेकर बहुत शुभ संकेत देते हैं।
आशा ही नहीं वरन पूर्ण विश्वास है कि हम सबके सद्प्रयासों के चलते हमारे राष्ट्र की गौरव हिंदी भाषा शीघ्र ही राष्ट्र भाषा का दर्जा पाकर अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपनी धाक जमाने में सफल होगी।
         @
        दुनिया  में भारत के  गौरव, मान और सम्मान की,
        आओ बात करें हम अपनी, हिंदी के यशगान की।
                                    @ओंकार सिंह विवेक 
जय हिंदी 🙏🙏🌹🌹जय भारत🇮🇳🇮🇳



September 7, 2023

श्री कृष्ण जन्माष्टमी विशेष

 मित्रो श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की आप सभी को हार्दिक बधाई 🌹🌹🙏🙏

आज ही के दिन योगेश्वर श्री कृष्ण जी ने अधर्म के समूल नाश हेतु धरा पर अवतार लिया था। योगीराज की लीलाएं जीवन जीने की कला सिखाती हैं। श्री कृष्ण के गीता में दिए गए उपदेश हमें सुख-दुःख में समभाव रखते हुए कर्म किए जाने की प्रेरणा देते हैं। आइए श्रीमद्भागवत गीता में भगवान श्री कृष्ण द्वारा अर्जुन को कर्तव्य पथ पर अग्रसर होने हेतु दिए गए उपदेशों को आत्मसात करते हुए हर्षोल्लास के साथ श्री कृष्ण जन्माष्टमी मनाएं।

जय श्री कृष्ण 🌹🌹🙏🙏

श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कहे गए मेरे कुछ दोहों का आनंद लीजिए :
दोहे : श्री कृष्ण जन्माष्टमी 
*********************
         -- @ओंकार सिंह विवेक 
लिया   द्वारकाधीश  ने,जब   पावन   अवतार।
स्वत: खुल  गया  कंस  के,बंदीग्रह  का  द्वार।।

काम न आई  कंस  की, कुटिल एक भी  चाल।
हुए कृष्ण जी अवतरित,बनकर उसका काल।।

बाल  रूप  में   आ   गए, उनके   घर  भगवान।
नंद-यशोदा   गा   रहे,मिलकर   मंगल    गान।।

जिसको  सुनकर  मुग्ध थे,गाय-गोपियाँ-ग्वाल।
छेड़ो वह  धुन आज  फिर ,हे गिरिधर गोपाल।।
  
दुष्टों   का   कलिकाल  के, करने    को   संहार।
चक्र सुदर्शन  कृष्ण   जी, पुन: लीजिए   धार।।

कर्मयोग   से    ही   बने, मानव   सदा   महान।
यही   बताता   है   हमें, गीता   का   सद्ज्ञान।।

लेते   रहिए   नित्य प्रति, वंशीधर   का    नाम।
बन   जाएंगे    आपके, सारे    बिगड़े    काम।।
                              @ओंकार सिंह विवेक

(चित्र : गूगल से साभार)

   

September 3, 2023

🇮🇳🇮🇳एक देशभक्ति गीत 🇮🇳🇮🇳

नमस्कार मित्रो🌹🌹🙏🙏


आज दो अंतरों के एक देशभक्ति दोहा गीत का आनंद लीजिए :
@
हम भारत के वीर हैं, अलग हमारी शान।
कम होने  देंगे नहीं,कभी  देश का मान।।

    आँख उठाएगा अगर, दुश्मन इसकी ओर।
    नहीं  मिलेगा  देखने,उसको अगला भोर।।

मिट जाएगी विश्व के, नक्शे से पहचान।
कम होने देंगे नहीं --------

     बड़ी- बड़ी उपलब्धियां, बड़े- बड़े हैं काम।
     शांति और सदभाव  का, देता  है पैग़ाम।।

जग में फिर क्यों हो नहीं, भारत का गुणगान।।
कम होने देंगे नहीं -------
        @ओंकार सिंह विवेक 


August 31, 2023

लाल को खाना-कमाना आ गया

कई दिन बाद एक मुकम्मल ग़ज़ल दोस्तों की नज़्र
**************************************
@
झुग्गियों  का  हक़ दबाना आ  गया,
कोठियों को  ज़ुल्म ढाना  आ गया।

लग  रहा  है  खेत  की  मुस्कान  से, 
धान  की  बाली में  दाना  आ गया।

दूधिया ख़ुश  है कि बेटे को भी अब, 
दूध  में   पानी  मिलाना  आ   गया।

साफ़गोई   की   इलाही   ख़ैर    हो, 
चापलूसों  का   ज़माना  आ   गया।

चाहिए अब और  क्या  माँ-बाप को,    
लाल को  खाना-कमाना  आ  गया।

वो   सभी  रौनक   हुए  दरबार   की,   
हाँ में  जिनको सर हिलाना आ गया।

रोज़   रोगी   सांस   के    बढ़ने  लगे,               
गाँव  में   क्या  कारखाना आ  गया।

करते-करते मश्क़,मिसरे पर 'विवेक',
हमको भी मिसरा  लगाना  आ गया।
          @ओंकार सिंह विवेक 

August 23, 2023

चंद्रयान-3 की आज होगी चाँद पर सॉफ्ट लैंडिंग

140 करोड़ भारत वासियों के सीने उस समय गर्व से चौड़े हो जाएंगे जब आज शाम छः बजकर चार मिनट पर भारत के चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान चांद की सतह पर उतरेंगे।इतना ही नहीं भारत विश्व का ऐसा पहला देश बन जाएगा जिसका यान चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचेगा।आज तक केवल अमेरिका,सोवियत संघ (रूस) और चीन के ही लैंडर चंद्रमा पर उतरे हैं।इस श्रेणी में अब भारत चौथा देश बन जाएगा।
आइए आज शाम हम सब देश वासी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें, इसी मंगल कामना के साथ :
140 करोड़ भारत वासियों की ओर से 👇👇

आज चंदा पे हम,
रख ही देंगे क़दम।
@ओंकार सिंह विवेक 
  चित्र : (गूगल से साभार) 

August 4, 2023

मंडोली रेस्टोरेंट दुर्ग (छत्तीसगढ़)


         मंडोली रेस्टोरेंट दुर्ग (छत्तीसगढ़)
         *************************
हाल ही में कुछ पारिवारिक कारणों से छत्तीसगढ़ राज्य की राजधानी रायपुर और इसके नज़दीक के नगरों दुर्ग तथा भिलाई आदि जाना हुआ।
यह हमारी पहली छत्तीसगढ़ यात्रा थी।लगभग चार दिन के प्रवास के दौरान हम दुर्ग में होटल "द एवलॉन" में रुके।यह होटल रेलवे स्टेशन से लगभग ५०० मीटर की दूरी पर मालवीय नगर चौक के पास एक प्राइम लोकेशन पर स्थित है।होटल सुविधाओं और सजावट की दृष्टि काफ़ी अच्छा है।
पहले दिन देर रात को पहुंचने के कारण हम लोग काफ़ी थके हुए थे अत: खाना होटल में ही ऑर्डर किया।खाना ठीक था परंतु जैसा कि होटलों में होता है,यह अपेक्षाकृत मंहगा था।

 चूंकि हमें कई दिन वहां रुकना था अत: अगले दिन  आसपास थोड़े सस्ते और ठीक-ठाक घर जैसा खाना परोसने वाले होटल की तलाश शुरू की।इस काम में हम जल्दी ही कामयाब भी हो गए जब हमें मालवीय नगर चौक पर ही मंडोली के नाम से एक छोटा किंतु बहुत व्यवस्थित और 
साफ़-सुथरा होटल मिल गया।दो दिन हमने वहीं भोजन किया।यह होटल एक परिवार द्वारा चलाया जा रहा है।होटल स्वामी ,उनकी पत्नी तथा पुत्र बड़े प्रेम से इस रेस्टोरेंट को चला रहे हैं।
    (मंडोली रेस्टोरेंट के स्वामी की धर्म पत्नी जी और होटल कर्मचारियों के साथ हम पति-पत्नी)

मंडोली की किचिन में घर के लोगों के साथ अधिकांश व्यवहार कुशल महिला कर्मचारी ही काम करते हैं। हम जब भी इस होटल में खाना खाने गए अक्सर वहां काफ़ी लोगों को खाना खाते हुए देखा।किसी पूरे परिवार का स्वयं प्यार से खाना बनाकर ग्राहकों को आत्मीयता के साथ सर्व करना हमें  बहुत प्रभावित कर गया।नॉर्थ इंडियन सात्विक थाली के साथ-साथ ये लोग साउथ इंडियन और चाय,पोहा और नाश्ते में पराठा आदि सब कुछ सर्व करते हैं।इनकी घरेलू नॉर्मल थाली और स्पेशल थाली अन्य होटलों की थाली से अपेक्षाकृत कम रेट पर उपलब्ध है। संदर्भ हेतु होटल का मेन्यू नीचे दिया है :
मंडोली भोजनालय की नॉर्मल /साधारण थाली में एक दाल,दो सब्ज़ी,चटनी,सलाद,चुपड़ी हुई चार तवा रोटी तथा चावल सम्मिलित होते हैं।चावल न लेने पर ये लोग दो रोटी अतिरिक्त देते हैं जो हमारे लिए बहुत ज़रूरी भी था क्योंकि हम लोग चावल कम पसंद करते हैं।होटल में यहां के अधिकांश लोगों को हमने चावल ही खाते देखा।इसके पीछे एक कारण यह भी है कि छत्तीसगढ़ को भारत का Rice Bowl भी कहा जाता है क्योंकि यहां चावल/धान बहुत अधिक मात्रा में पैदा होता है।
खाना तो पैसे देकर किसी भी होटल में खाया जा सकता था परंतु खाने के साथ इस रेस्टोरेंट को चलाने वाले परिवार से जो आत्मीयता हमें प्राप्त हुई वह दिल को छू गई।प्रसंगवश मुझे किसी शायर का यह शेर याद आ गया :
     कितने हसीन लोग थे जो मिलके एक बार,
     आँखों में  जज़्ब हो गए दिल में समा गए।
खाना खाने के बाद रेस्टोरेंट स्वामी और उनकी पत्नी से काफ़ी बातें हुईं।देश-प्रदेश और राजनीति को लेकर भी वार्तालाप हुआ। यह परिवार हमें देश-प्रदेश और समाज की चिंता करने वाला काफ़ी जागरूक परिवार लगा।बातों ही बातों में हमने उनसे कहा कि कल हमें वापस जाना है।हम चाहते हैं कि रास्ते के लिए खाना आपके होटल से ही पैक कराकर ले जाएँ।उन्होंने कहा कि होटल में पूरा खाना तो ११ बजे के बाद ही ठीक से तैयार हो पाता है परंतु फिर भी यदि आप कहें तो हम लोग कोशिश करके आपके स्टेशन जाने से पहले ही पराठे तैयार करके दही ,चटनी आदि के साथ पैक कर देंगे। हमने सहर्ष स्वीकृति दे दी। हमारी ट्रेन अगले दिन ११ बजे की थी।
अगले दिन सुबह जब हम साढ़े नौ बजे पहुंचे तो होटल स्वामी जी की पत्नी जल्दी-जल्दी हमारे लिए देशी घी के परांठे,आलू की सब्ज़ी तथा दही और चटनी आदि तैयार कराकर पैक करने में लग गईं।ठीक सवा दस बजे उन्होंने हमें खाना पैक करके दे दिया और बड़े स्नेह के साथ हमें विदा भी किया साथ ही आग्रह किया कि अगली बार इधर आना हो तो हमारे रेस्टोरेंट में अवश्य आएँ।सहमति के साथ उनको प्रणाम करते हुए शीघ्र ही हम उनसे विदा ली क्योंकि ग्यारह बजे तक हमें रेलवे स्टेशन भी पहुंचना था। इस परिवार के साथ जो यादगार मुलाक़ात रही सोचा उसे इस ब्लॉग पोस्ट के माध्यम से आपके साथ साझा किया जाए।
मेरा आप सभी स्नेही जनों से अनुरोध है कि जब कभी आपका दुर्ग (छत्तीसगढ़) जाना हो तो मालवीय नगर चौक पर इस छोटे किंतु साफ़-सुथरे और स्तरीय होटल पर घर जैसे खाने का स्वाद अवश्य लें।
प्रस्तुति : ओंकार सिंह विवेक
साहित्यकार/समीक्षक/कंटेंट राइटर/ब्लॉगर

July 31, 2023

पल्लव काव्य मंच की काव्य गोष्ठी दिनांक 30 जुलाई,2023)

प्रतिष्ठित साहित्यिक ग्रुप "पल्लव काव्य मंच" द्वारा दिनांक ३०/०७/२०२३ रविवार को गणेश धर्मशाला रामपुर में एक शानदार काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया।उल्लेखनीय है कि पल्लव काव्य मंच काव्य साहित्य के माध्यम से निरंतर समाज सेवा करता आ रहा है।व्हाट्सएप ग्रुप और फेसबुक के माध्यम से भी मंच की साहित्यिक गतिविधियां जारी रहती हैं।वर्ष भर गोष्ठियों के अतिरिक्त मंच द्वारा वर्ष में एक बार एक भव्य कवि सम्मेलन एवं साहित्यकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है जिसमें स्थानीय तथा बाहर से आए साहित्यकारों को उनकी साहित्यिक सेवाओं के लिए सम्मानित भी किया जाता है।
कवि गोष्ठी का शुभारंभ मां शारदे को पुष्प अर्पित करके अनमोल रागिनी गर्ग चुनमुन की सरस्वती वंदना से हुआ।
कवि राजवीर सिंह राज़ ने काव्य पाठ करते हुए अपनी अभिव्यक्ति दी :

जो ये खुशियों के मौसम हैं हसीं दिलकश नज़ारे हैं,
है सच ये हम   ने आँखों में   समंदर भी   उतारे हैं।

कभी तो हम भी देखेंगे झलक झिलमिल सितारों की,
ये  माना आज  कल  तेरी   नज़र  में  चाँद - तारे हैं।

प्रदीप राजपूत माहिर ने कहा :

होने को अब है उनसे जो उलफ़त नयी-नयी
आने को मेरे दिल! है इक आफ़त नयी-नयी 

वो  जो  सियह-निगाह  ज़रा  मुस्कुरा  दिया
लिखने लगा  है दिल  ये  इबारत  नयी-नयी 

ओंकार सिंह विवेक ने अपनी अभिव्यक्ति कुछ यों दी :

ख़ुद  में  जब  विश्वास  ज़रा  पैदा हो जाता है,
पर्वत  जैसा  ग़म  भी  राई-सा  हो  जाता  है।

कम कैसे समझें  हम उसको  एक  फ़रिश्ते से,
मुश्किल में जो आकर साथ खड़ा हो जाता है।

वरिष्ठ कवि शिवकुमार चंदन :

कच्चे घर थे गाँव में ,ठंडी  पेड़ों  की  छाँव  ,
हरियाली चहुँओर थी , मन को  भाते गाँव ।
मन को  भाते  गाँव ,सभी  आनंद  मनाते ,
रामायण   संगीत ,  कीर्तन   मन  हरषाते  ।
भरा प्रेम सदभाव , मीत मन के थे  सच्चे  ,
खेत - बगीचा बाग , गाँव  में घर  थे कच्चे ।

सुरेंद्र अश्क रामपुरी ने कुछ यों अपनी बात कही :
वो जो अम्नो अमां की बात करें
चल उसी रहनुमां की बात करें
जाम लेकर सियासियों ने कहा
आओ अपनी दुकां की बात करें

उपरोक्त कवियों के अलावा डॉक्टर प्रीति अग्रवाल, महाराज किशोर सक्सैना,आशीष पांडे,जितेंद्र नंदा तथा रामसागर शर्मा आदि ने भी अपनी धारदार समसामयिक रचनाओं से अंत तक श्रोताओं को बांधे रखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष शिवकुमार चंदन तथा संचालन महासचिव प्रदीप राजपूत माहिर द्वारा किया गया।

प्रस्तुति : ओंकार सिंह विवेक 


July 30, 2023

नई ग़ज़ल (ब्लॉग पर 500 वीं पोस्ट)

मित्रो प्रतिक्रिया हेतु एक और ग़ज़ल आपकी अदालत में हाज़िर है 
🌹🌹🙏🙏
नई ग़ज़ल -- ओंकार सिंह विवेक
©️
ख़ुद  में  जब  विश्वास  ज़रा  पैदा हो जाता है,
पर्वत  जैसा  ग़म  भी  राई-सा  हो  जाता  है।

कम कैसे समझें  हम उसको  एक  फ़रिश्ते से,
मुश्किल में जो आकर साथ खड़ा हो जाता है।

कहता है  काग़ज़   की कश्ती जल  में  तैराऊँ,
मन  मेरा  अक्सर  जैसे  बच्चा  हो  जाता  है।
©️
लोग भी कहते हैं और हमने भी महसूस किया,
चुप  रहने  पर  ग़ुस्सा  कुछ  ठंडा हो जाता है।

रहते हैं जब दूर नज़र से  कुछ दिन अपनों की,
ख़ूँ का  रिश्ता और अधिक  गहरा हो जाता है।

बात  नहीं  है  अपनेपन  की  कोई  पहले-सी,
अब तो बस रस्मन उनसे मिलना हो जाता है।

जब कोई अपना आ जाता है  ख़ैर-ख़बर लेने,
बोझ  ग़मों  का  सच मानो आधा हो जाता है।
       ----©️  ओंकार सिंह विवेक 


July 18, 2023

"कोई पत्थर नहीं हैं हम" : ग़ज़ल-संग्रह (ग़ज़लकार अशोक रावत)

नमस्कार दोस्तो 🌹🌹🙏🙏

आज हाज़िर है आगरा के वरिष्ठ ग़ज़लकार श्री अशोक रावत की के ग़ज़ल-संग्रह "कोई पत्थर नहीं हैं हम" की समीक्षा 

         पुस्तक : कोई पत्थर नहीं हैं हम (ग़ज़ल -संग्रह)  
     ग़ज़लकार : श्री अशोक रावत जी
       समीक्षक : ओंकार सिंह विवेक 
       प्रकाशक : किताबघर प्रकाशन,अंसारी रोड, दरियागंज
                    नई दिल्ली - 110002
प्रथम संस्करण : वर्ष 2018
               पृष्ठ : 118   मूल्य : रुo 180.00
आदरणीय अशोक रावत जी से मेरा परिचय 2015 में फेसबुक पर चल रहे उनके ग्रुप "ग़ज़लों की दुनिया" के माध्यम से हुआ। ग़ज़लों की दुनिया स्तरीय ग़ज़लों में रुचि रखने वाले ग़ज़लकारों तथा पाठकों का फेसबुक पर एक बड़ा प्लेटफॉर्म है।वर्तमान में इसकी सदस्य संख्या लगभग 58000 से अधिक है।इससे ही इस ग्रुप की लोकप्रियता का पता चलता है।श्री रावत जी व्यक्तिगत और साहित्यिक जीवन में अनुशासन को महत्व देने वाले व्यक्ति हैं।वह अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करते।इसी सख़्त अनुशासन और सिद्धांतवादिता के साथ वह अपने इस ग्रुप को इतने समय से सफलता पूर्वक चला रहे हैं।मेरी ग़ज़लें भी अक्सर इस समूह में स्वीकृत होती रहती हैं।श्री रावत जी  ग़ज़ल के मानकों पर पूरी तरह खरी ग़ज़लों को ही ग्रुप में स्वीकृति प्रदान करते हैं इसलिए इस समूह का स्तर श्रेष्ठ बना हुआ है।
ग़ज़ल के क्षेत्र में अशोक रावत जी का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं हैं।अब तक उनके "थोड़ा सा ईमान","कोई पत्थर नहीं हैं हम", "मैं परिंदों की हिम्मत पे हैरान हूं","रौशनी के ठिकाने" और "क्या हुआ सवेरों को" आदि कई महत्वपूर्ण ग़ज़ल संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं जिन्हें प्रबुद्ध पाठकों और साहित्यकारों का भरपूर प्यार मिला है।
अशोक रावत जी की ग़ज़लों पर कोई समीक्षात्मक टिप्पणी करना सूरज को दिया दिखाने जैसा ही है।  ग़ज़ल में शिल्पगत सौंदर्य और कहन के साथ रावत जी कभी समझौता नहीं करते।यही कारण है कि रावत जी अपनी पुरानी ग़ज़लों में निरंतर संशोधन करते रहते हैं।इस बात में नए सीखने वालों के लिए एक बड़ा संदेश छुपा हुआ है।
संग्रह की पहली ग़ज़ल के दो अशआर ही रावत जी की शख्सियत का परिचय कराने के लिए काफ़ी है :

      अंधेरे तो हमें सच बात भी कहने नहीं देते,
      उजालों के तसव्वुर हैं कि चुप रहने नहीं देते।

        कोई पत्थर नहीं हैं हम कि रोना ही न आता हो,
       मगर हम आंसुओं को आंख से बहने नहीं देते।

पहले शेर में नकारात्मक प्रभाव के दबाव के बावजूद व्यक्ति की सकारात्मक ऊर्जा किस प्रकार ज़ोर भरती है इसकी जीवंत बानगी देखी जा सकती है।इसी प्रकार दूसरे शेर में संवेदनशीलता और संयम तथा सहनशीलता की पराकाष्ठा देखी जा सकती है। यही सृजनात्मक कविता/शायरी कही जाती है।
रावत जी के दिल को छू लेने वाले कुछ और शेर देखें :

      चुनौती दे रहे हैं आजकल लालच उसूलों को,
      हमारे हौसले पर बोझ ये भारी न हो जाए।

       किसी को मश्वरा क्या दूं कि ऐसे जी कि वैसे जी,
      मेरी ख़ुद की समझ में जब ये जीवन भर नहीं आया।

पहले शेर में वर्तमान परिदृश्य में अनैतिक आचरण और लालच की प्रवृत्तियां लोगों को कैसे अपने सिद्धांतों से समझौता करने को मजबूर कर रही हैं,आदमी की इस विवशता और आशंका को किस खूबसूरती से उकेरा गया है।
इसी प्रकार दूसरे शेर में उलझनों भरी ज़िन्दगी में कोई भी  निर्णय लेना कितना कठिन होता है इसकी अभिव्यक्ति देखी जा सकती है।
सरल भाषा र्में की गई शायरी या कविता वो ही अच्छी कही जाती है जो पाठक/श्रोता को आग या वाह करने के लिए मजबूर कर दे। रावत जी की सभी ग़ज़लें इसका बेजोड़ नमूना पेश करती हैं।
आज आपसी संबंधों में आई खटास को रावत जी के ये अशआर बख़ूबी समझाते हैं :
   बड़े भाई के घर से आ रहा हूं,
  गया ही क्यों मैं अब पछता रहा हूं।

कोई दुश्मन नहीं है भाई है वो,
मैं अपने आप को समझा रहा हूं।

अगर दुश्मन रहे होते तो यूं हैरत नहीं होती,
कभी सोचा नहीं था दोस्त भी पत्थर उठा लेंगे।

लुंजपुंज व्यवस्था के प्रति आक्रोश और नैतिक मूल्यों के क्षरण पर रावत जी की चिंता देखिए :
और था वो वक्त, लफ़्ज़ों के मआनी और थे,
आजकल क़ानून कुछ है, कायदा कुछ और है।

न जाने क्यों सियासत को अंधेरे रास आते हैं,
कोई भी फ़ैसला दिन के उजालों में नहीं होता।

    बरसते हैं  ज़ुबां से फूल दिल में ख़ार होते हैं,
    भले इंसान के भी अब कई किरदार होते हैं।

संकल्प और इरादों की मज़बूती की वकालत करते इस शेर की गहराई को आसानी से समझा जा सकता है :

      अगर संकल्प मन में हो तो जंगल क्या है दलदल क्या,
       बिना संकल्प के कोई नया रस्ता नहीं बनता।

रावत जी की ग़ज़लों का स्तर बताता है कि उन्होंने कहन और शिल्प पर कितनी मेहनत की है।हिंदी में  ग़ज़ल कहते समय एक बात जो मैंने रावत जी मे अन्य हिंदी ग़ज़लकारों से अलग महसूस की वो ये कि उन्होंने कहीं भी इज़ाफ़ी शब्दों का प्रयोग नहीं किया है। रावत जी हिंदी की मानक वर्तनी और इसके स्वरूप को लेकर कहीं भी हल्के नहीं पड़े हैं।
यदि मैं ये कहूं की स्वर्गीय दुष्यंत की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रावत जी ग़ज़ल को जी रहे हैं तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। रावत जी की ग़ज़लों में यों तो कहीं-कहीं रिवायती रंग भी है परंतु उनकी अधिकांश ग़ज़लें जदीदियत का ही आईनादार हैं। जदीदियत का कोई रंग ऐसा नहीं है जो रावत जी की ग़ज़लों में दिखाई न देता हो। रावत जी सामाजिक विसंगतियों/विद्रूपताओं और विरोधाभासों पर अपनी 
ग़ज़लों में केवल तंज़ ही नहीं करते हैं अपितु समस्याओं के समाधान भी प्रस्तुत करते हैं जो सच्ची और अच्छी कविता/शायरी की पहचान है।
मैं आदरणीय अशोक रावत जी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करता हूं ताकि भविष्य में उनकी और भी अच्छी कृतियां हमें देखने मिलें।
  ----- ओंकार सिंह विवेक
                ग़ज़लकार 


         




July 17, 2023

रामपुर रज़ा लाइब्रेरी एवं म्यूज़ियम

मित्रो प्रणाम🌹🌹🙏🙏

आइए आज जानते हैं रामपुर(उत्तर प्रदेश) की विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक रज़ा लाइब्रेरी के बारे में।

रामपुर रज़ा लाइब्रेरी की स्थापना वर्ष 1774  ईसवी में रामपुर के पहले नवाब  फ़ैज़ुल्लाह  ख़ां द्वारा की गई थी।हाल ही में सरकार द्वारा लाइब्रेरी में उपलब्ध दुर्लभ कलाकृतियों और पेंटिंग्स आदि को देखते हुए इसका नाम बदलकर रामपुर रज़ा लाइब्रेरी एवं म्यूज़ियम कर दिया गया है

नवाबी दौर में लाइब्रेरी रियासत के अधीन ही रही।अधिकांश नवाब किताबों ,शायरी और पेंटिंग्स आदि में रुचि लेने वाले रहे जिसकी छाप आप लाइब्रेरी का भ्रमण करते समय महसूस कर सकते हैं। आज़ादी के बाद रज़ा लाइब्रेरी का नियंत्रण केंद्र सरकार के हाथ में आ गया।आजकल पुस्तकालय का संचालन भारत सरकार का संस्कृति मंत्रालय करता है।लाइब्रेरी नवाबों द्वारा शहर के बीच में बनवाए गए विशाल दुर्ग की भव्य इमारत में स्थित है।दुर्ग में प्रवेश करते ही हामिद मंज़िल में लाइब्रेरी की भव्य इमारत को देखकर आप आश्चर्यचकित रह जाएंगे।

सरकार द्वारा लाइब्रेरी के कुशल प्रबंधन हेतु 12 सदस्यीय लाइब्रेरी बोर्ड का गठन किया गया है।उत्तर प्रदेश के राज्यपाल बोर्ड के अध्यक्ष होते हैं।वर्तमान में प्रदेश की राज्यपाल आदरणीया आनंदी बेन पटेल जी लाइब्रेरी बोर्ड की अध्यक्ष हैं।पुस्तकालय के रखरखाव,संरक्षण-संवर्धन और विकास को लेकर समय-समय पर लाइब्रेरी बोर्ड की बैठकें आयोजित की जाती हैं।

पुस्तकालय में लगभग 60000 किताबें तथा 17000 दुर्लभ पांडुलिपियां हैं जो एक रिकॉर्ड है।लाइब्रेरी में किताबी  ख़ज़ाने के अलावा लगभग 5000 बहुमूल्य पेंटिंग्स भी हैं।लाइब्रेरी में बादशाह अकबर की पर्सनल अलबम भी देखी जा सकती है।लाइब्रेरी हॉल के म्यूज़ियम के फ़ानूसों में लगे हुए बल्ब नवाबी दौर के हैं जो अभी तक भी फ्यूज़ नहीं हुए हैं।लाइब्रेरी में साधारण और वी आई पी भ्रमणकारियों के अतिरिक्त देश और विदेश से वर्ष भर शोधार्थियों का आना-जाना लगा रहता है।
इस लाइब्रेरी में अन्य दुर्लभ पुस्तकों और पेंटिंग्स के अतिरिक्त दो ख़ास चीज़ें भ्रमणकारियोंं के आकर्षण का केंद्र रहती हैं।पहली चीज़ हज़रत अली के हाथ से हिरण की खाल पर लिखा हुआ चौदह सौ साल पुराना क़ुरआन तथा दूसरी चीज़ सुमेर चंद जैन साहब के हाथ से सोने के पानी से फ़ारसी में लिखी हुई लगभग तीन सौ साल पुरानी रामायण की प्रति।

साहित्यिक गतिविधियों को जीवंत रखने के लिए लाइब्रेरी द्वारा कभी - कभी कवि सम्मेलनों और मुशायरों आदि का भी आयोजन कराया जाता है। मुझे इस बात पर गर्व महसूस होता है कि मैं भी कई बार लाइब्रेरी द्वारा आयोजित कराए गए राष्ट्रीय कवि सम्मेलनों/मुशायरों में सहभागिता कर चुका हूं।भारतीय भाषाओं तथा सभ्यता और संस्कृति को लेकर व्याख्यानों का आयोजन भी यहां अक्सर होता रहता है।यहां मुग़ल बादशाह जहाँगीर की बेगम नूरजहां की शिकार के बाद बंदूक़ की नाल साफ़ करते हुए पेंटिंग भी है।
किताबों और दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण और सुरक्षा को लेकर लाइब्रेरी की प्रयोगशाला में निरंतर काम चलता रहता है। पुस्तकालय में विदेशी शोधार्थियों को आकर्षित करने के लिए अरबी और फ़ारसी साहित्य की दुर्लभतम किताबें मौजूद हैं।
लाइब्रेरी में दरबार हॉल और दस बड़े कक्ष हैं।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भी रामपुर आए थे ।उन्हें क़िले के गेस्ट हाउस में ठहराया गया था।लाइब्रेरी में गांधी जी से जुड़ी अनेक किताबें और फ़ोटो हैं।
अक्टूबर,2023 में इस लाइब्रेरी की स्थापना के 250 साल पूरे होने जा रहे हैं।इस अवसर को देखते हुए यहां वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

(सभी चित्र गूगल से साभार)
प्रस्तुतकर्ता : ओंकार सिंह विवेक
ग़ज़लकार/समीक्षक/कंटेंट राइटर/ब्लॉगर


July 10, 2023

हाला प्याला मधुशाला : एक पठनीय पुस्तक






शुभ प्रभात मित्रो 🌹🌹🙏🙏

आज जानिए रामपुर के वरिष्ठ साहित्यकार श्री जितेंद्र कमल आनंद जी की हाल ही में लोकार्पित हुई कृति "मधुशाला हाला प्याला" के बारे में।

                  शुभकामना संदेश
                    ************

रामपुर के वरिष्ठ साहित्यकार आदरणीय श्री जितेंद्र कमल आनंद जी की कृति 'मधुशाला हाला प्याला' की पांडुलिपि मेरे हाथ में है।
इस काव्य कृति में हिंदी के ताटक, शोकहर आदि कई छंदों में लिखी गई अध्यात्म,दर्शन और भक्ति से ओतप्रोत सभी रचनाएँ ह्रदय को छूती हैं।
श्री आनंद जी काव्य सर्जना में छंदबद्ध रचनाओं के प्रबल पक्षधर हैं।उनकी  पूर्व प्रकाशित काव्य कृतियां 'जय बाला जी', 
'हनुमत उपासना' तथा 'राजयोग महागीता (पदम पुनीता)' आदि भी मैंने पढ़ी हैं और उन पर चिंतन-मनन भी किया है।आनंद जी के रचनाकर्म में अध्यात्म,धर्म,भक्ति और दार्शनिक चिंतन का जो रंग देखने को मिलता है वह उन्हें अन्य काव्यकारों से अलग एक विशिष्ट श्रेणी में लाकर खड़ा करता है।

चूंकि गुरु ही शिष्य को ईश्वर तक पहुंचने का मार्ग दिखाता है अत: श्री आनंद जी ने 'मधुशाला हाला प्याला' का शुभारंभ भी 
'गुरुप्रणाम' से ही किया है:
      अखंड मंडल में जो व्याप्त हैं साकार हुए,
      प्रेम की जो मूर्ति हैं दिव्य जिनके नाम हैं।
      अज्ञान के तिमिरांध में हैं ज्ञान की श्लाका-से,
      दिव्य नेत्र के प्रदाता छवि के जो धाम हैं।
      सद विप्ररूपदाता ब्रह्म के समान हैं जो,
      पालक विष्णु समान शिव से निष्काम हैं।
      सच्चिदानंद स्वरुप उन पदम-चरणों में,
      ऐसे मेरे अपने सद्गुरु को प्रणाम है।
सदगुरु से कमल जी र्का आशय साधारण शिक्षा देने वाले गुरु से नहीं है।श्री आनंद जी के सद्गुरु वह हैं जो गुरु-शिष्य परंपरा के अनुसार बनाए गए शिष्य के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं जिससे उसे आत्म-ज्ञान के द्वारा ईश्वर की प्राप्ति होती है।
कवि ने मधुशाला, हाला और प्याला प्रतीकों के माध्यम से अपनी 
छंदबद्ध रचनाओं द्वारा अध्यात्म,धर्म,श्रद्धा और भक्ति का जो अनुपम संदेश दिया है वह ह्रदय में उतरता चला जाता है।आनंद जी गुरुवर द्वारा प्रदान की गई ज्ञान रूपी हाला के महत्व को रेखांकित करते हुए कहते हैं :

         ज्ञान-क्षुधा लगने पर पी लें,
         गुरुवर ने जो दी हाला।
         क्षुधा मिटेगी उसको पीकर,
         मंत्रों की जप ले माला।
         आत्म-तत्व को स्वीकार भी,
         तुमको करना ही होगा।
         श्रेष्ठ मनुजता जागृत होगी,
         पीकर यह मधुमय प्याला।
रचनाकर द्वारा सृजित उपर्युक्त पंक्तियों से पता चलता है कि 
आत्म-ज्ञान द्वारा स्वयं के कल्याण के लिए सद्गुरु की शरण में जाना कितना आवश्यक है।जब व्यक्ति को आत्म-ज्ञान प्राप्त हो जाता है तो वह भले-बुरे, हार-जीत के विचार से बहुत ऊपर उठ जाता है।यही 
स्वकल्याण  के लिए आदर्श स्थिति होती है।

भक्ति-सुधा से भरा प्याला व्यक्ति को पीने कैसे मिल सकता है यह समझने के लिए रचनाकर की इन पंक्तियों में छुपे मर्म तक पहुँचिए:

           कैसे प्रभु को पास बुलाऊँ,
           लोग सोचते रह जाते।
           कैसे रूठे ब्रह्म मनाऊँ,
           प्रभुवर के वे गुण गाते।
           करुणाकर कृपालु जब होते,
           मिल जाती मधुमय हाला।
           भक्ति-सुधा से भरा लबालब,
           मिल जाता मधुकर प्याला।
           
आदरणीय श्री जितेंद्र कमल आनंद जी की धर्म,अध्यात्म और 
भक्ति-भाव से ओतप्रोत रचनाओं को पढ़कर मन एक अलग लोक में विचरण करने लगता है।सच्ची भक्ति क्या है और उसकी परख कैसे की जाती है इसे जानने के लिए रचनाकर की इन पंक्तियों का अवलोकन कीजिए :
         भक्ति दृगों से नहीं ह्रदय से,
         देखी समझी जाती है।
         भक्ति विकल के पोंछे आँसू,
         भक्ति वही कहलाती है।
         भक्ति गीत है,भक्ति मीत है,
         प्रेम-पंथ है उजियाला।
         नीराजन है, आराधन है,
         भक्ति 'कमल' दीपक बाला।

कवि ने कितनी गहरी बात कही है कि भक्त की भक्ति आँखों से नहीं अपितु ह्रदय से देखी और समझी जाती है।

मुझे आशा है कि आदरणीय श्री जितेंद्र कमल आनंद जी की इस कृति के अध्ययन और मनन से सुह्रदयी पाठक अत्यंत आनंदित तथा लाभांवित होंगे। मैं आदरणीय आनंद जी के निरंतर स्वस्थ्य रहने और दीर्घायु होने की कामना करता है ताकि वह भविष्य में और अधिक श्रेष्ठ काव्य कृतियों के सृजन से हिंदी साहित्य को समृद्ध करते रहें।

-- ओंकार सिंह विवेक
ग़ज़लकार/समीक्षक/कंटेंट राइटर/ब्लॉगर
रामपुर-उत्तर प्रदेश 



 

July 8, 2023

उत्तर प्रदेश साहित्य सभा की रामपुर इकाई का गठन तथा कवि गोष्ठी

शुभ संध्या मित्रो 🌹🌹🙏🙏

समाज सेवा के जो माध्यम हैं उनमें साहित्य सृजन भी एक प्रमुख माध्यम है।सृजनात्मक साहित्य के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य साहित्यकार बंधु युगों से करते आ रहे हैं।देश में बोली,पढ़ी और समझी जाने वाली लगभग सभी भाषाओं में उच्च कोटि का साहित्य सृजन हो रहा है।कुछ साहित्यकार यदि व्यक्तिगत रूप से सक्रिय रहकर जनहितकारी साहित्य का सृजन कर रहे हैं तो बहुत से साहित्यकार साहित्यिक समूहों तथा संस्थाओं के द्वारा साहित्य साधना में निमग्न हैं। बहरहाल,माध्यम कोई भी हो हमें एक पावन संकल्प लेकर समाज सेवा के कार्य में लगे रहना चाहिए।
साहित्य सेवा के पावन कार्य में योगदान देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के कुछ मूर्धन्य साहित्यकारों, जिनमें सर्वेश अस्थाना, डॉo विष्णु सक्सैना,बलराम श्रीवास्तव,गिरधर खरे और डॉo सोनरूपा विशाल आदि जैसे ख्यातिप्राप्त नाम सम्मिलित हैं,ने प्रादेशिक स्तर पर "उत्तर प्रदेश साहित्य सभा" का गठन किया है।सभा के क्रियाकलापों को मूर्त रुप देने के लिए ज़िला स्तर पर भी सभा की इकाईयों के गठन का कार्य चल रहा है।इस क्रम में शनिवार दिनांक ८जुलाई,२०२३ को सभा के ज़िला रामपुर के संयोजक/प्रधान वरिष्ठ साहित्यकार श्री सुरेंद्र अश्क रामपुरी के संयोजकत्व में उत्तर प्रदेश साहित्य सभा की स्थानीय इकाई का निम्नानुसार विधिवत गठन किया गया :
संरक्षक                       ताहिर फ़राज़ साहब
संयोजक /प्रधान           सुरेन्द्र अश्क रामपुरी जी
अध्यक्ष                        ओंकार सिंह विवेक जी
वरिष्ठ उपाध्यक्ष              फैसल मुमताज़ जी
उपाध्यक्ष                       प्रदीप राजपूत माहिर जी 
मंत्री/सचिव                    राजवीर सिंह राज़ जी
कोषाध्यक्ष                    अनमोल रागिनी चुनमुन जी
सह सचिव                     सुमित मीत जी
प्रचार सचिव                   नवीन पांडे जी
संगठन सचिव                 बलवीर सिंह जी
कार्यकारिणी सदस्य         रश्मि चौधरी जी तथा गौरव नायक जी


इस अवसर पर संरक्षक ताहिर फ़राज़ साहब की अध्यक्षता में आहूत की गई बैठक में सभा के पदाधिकारियों ने परिचय के उपरांत एक दूसरे का माल्यार्पण द्वारा स्वागत किया। सभा के पदाधिकारियों ने संस्था के प्रति अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हुए अपने-अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। सभी इस बात पर एकमत थे कि किसी भी साहित्यिक अखाड़ेबाज़ी से दूर रहते हुए निस्वार्थ भाव से हमें संस्था की प्रगति और विस्तार के लिए कार्य करना चाहिए। संरक्षक ताहिर फ़राज़ साहब ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि संस्था की नियमावली से स्पष्ट है कि एक नेक काज के लिए इसका गठन किया गया है अत: साहित्यकार बंधुओं को अधिक से अधिक संख्या में इससे जुड़कर साहित्य/समाज सेवा में अपना योगदान सुनिश्चित करना चाहिए।
इस अवसर पर एक काव्य गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
गोष्ठी में अपनी रचना पढ़ते हुए संस्था के स्थानीय संरक्षक अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त शायर ताहिर फ़राज़ साहब ने कहा :

आँखों में आँसुओं की जगह अब रहेगा कौन,
इस घर में तेरे बाद बता दे बसेगा कौन।
अब रात भीगती है चलो घर की राह लें,
लेकिन वहाँ भी अपने अलावा मिलेगा कौन।

सभा के सचिव/मंत्री राजवीर सिंह राज़ ने अपनी गज़ल कुछ यूं पेश की :
हमने दिल में रखा है तुझे,
फिर भी शिकवा रहा है तुझे।

 संयोजक सुरेंद्र अश्क रामपुरी ने सुनाया :
 
  हम अदब की पौध नन्ही कुछ हमें भी सींचिये,
  हम सुकूँ की छांव देंगे जब शजर हो जाएंगे। 
  
इसके बाद सभा के अध्यक्ष ग़ज़लकार ओंकार सिंह विवेक ने कुछ माहौल को बदला :

 मुँह पर तो कितना रस घोला जाता है,
  पीछे जाने क्या क्या बोला जाता है। 

सभा के उपाध्यक्ष ग़ज़लकार प्रदीप राजपूत माहिर ने कहा 

फ़िरकों की फ़िक्र है न क़बीलों का कुछ ख़याल,
दानिश्वरों से यार ये बच्चा ही ठीक है। 

कोषाध्यक्ष कवियत्री अनमोल रागिनी चुनमुन ने कहा : 
 नेह मिला आकाश से, बरसी प्रेम फुहार।
 धरा हरित हो झूमती, पा साजन का प्यार।।
 
कार्यकारिणी सदस्य रश्मि चौधरी दीक्षा ने कहा :
एक कहानी का सार लिखा है,
 तुमको अपना प्यार लिखा है।

अंत में संयोजक सुरेंद्र अश्क रामपुरी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए शीघ्र ही अगले आयोजन की आशा के साथ कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की।
स्थानीय समाचार पत्रों द्वारा आयोजन की अच्छी कवरेज की गई।
प्रस्तुति :
ओंकार सिंह विवेक
(ग़ज़लकार/समीक्षक/कॉन्टेंट राइटर/ब्लॉगर)
अध्यक्ष
उत्तर प्रदेश साहित्य सभा रामपुर(उoप्रo)























Featured Post

आज फिर एक नई ग़ज़ल

 एक बार फिर कोलकता के सम्मानित अख़बार/पत्रिका "सदीनामा", ख़ास तौर से शाइर आदरणीय ओमप्रकाश नूर साहब, का बेहद शुक्रिया। सदीनामा निरं...