September 14, 2024

प्रथमा यू पी ग्रामीण बैंक सेवा निवृत्त कर्मचारी कल्याण समिति के दो प्रमुख आधार स्तंभ

  (प्रथमा यू पी ग्रामीण बैंक सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार तोमर जी एवं महासचिव श्री इरफ़ान आलम जी)

मित्रो संगठन की महत्ता और उसकी शक्ति को हम सब लोग भली भांति जानते है। संगठित रहकर ही हम अपने  अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ सकते हैं, शासन-प्रशासन तक अपनी बात पहुंचा सकते हैं और अपना शोषण होने से रोक सकते हैं।यह बात तब और महत्वपूर्ण हो जाती है जब हम सेवा से अवकाश ग्रहण कर चुके हों।नौकरी से रिटायरमेंट के बाद व्यक्ति के पास वह अथॉरिटी या एक्जीक्यूटिव पावर्स नहीं रह जातीं जिनके प्रभाव से वह अपनी समस्या का इतनी आसानी से समाधान करा सके। उस समय संगठन की शक्ति और महत्ता का एहसास होता है। प्रसंगवश मुझे किसी शा'इर का यह शे'र याद आ रहा है :
ख़ुदा  ने  आज  तक  उस  क़ौम की  हालत  नहीं  बदली,
न हो जिसको ख़याल आप अपनी हालत के बदलने का।

वास्तव में ईश्वर या भाग्य भी तभी साथ देता है जब हम ख़ुद अपने भले के लिए चिंतित होकर सार्थक तथा संगठित प्रयास करते हैं।जब हमें ख़ुद ही अपने अधिकारों की प्राप्ति के लिए उचित उपायों की चिंता नहीं होगी तो भला कौन हमारी रक्षा करेगा।
यह सब बातें मैंने संगठन की शक्ति को स्पष्ट करने के लिए कहीं।
संगठन की शक्ति को समझने के बाद आईए अब मूल विषय पर आते हैं। रिटायर्ड साथियों के अधिकारों के लिए संघर्षरत प्रथमा यू पी ग्रामीण बैंक सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण समिति एक ऐसा ही संगठन है जो निरंतर अपना विस्तार करते हुए कामयाबी के साथ गतिमान है।संगठन की सफलता में उसके सदस्यों की सक्रियता के साथ-साथ दमदार लीडरशिप की भी बड़ी भूमिका होती है।यदि संगठन की कमान ईमानदार, कर्मठ और समर्पित हाथों में होती है तो संगठन का सभी लोहा मानते हैं अन्यथा ---।
यह गर्व की बात है कि इस संगठन की कमान बहुत ही समर्थ और जुझारू हाथों में है। यही कारण है कि  समिति की धूम राष्ट्रीय स्तर तक है। यों तो संगठन की सफलता में सदस्यों और सभी कार्यकारिणी पदाधिकारियों की महती भूमिका है परंतु आज मैं यहां मुख्य रूप से समिति के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार तोमर जी तथा महासचिव श्री इरफ़ान आलम जी का उल्लेख करना चाहता हूं।
अध्यक्ष श्री अनिल कुमार तोमर जी की बात करूं तो आप बेहद मिलनसार,सौम्य ,मृदुभाषी तथा बैंकिंग मामलों की गहन जानकारी एवं समझ रखने वाले व्यक्ति हैं।विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से बिना डिगे आपने ईमानदारी के साथ बैंक में अपना सेवा काल पूर्ण किया।आप जैसा ईमानदार,कर्मठ और सक्षम व्यक्ति समिति के अध्यक्ष पद पर शोभायमान है यह सबके लिए गर्व की बात है। समिति के महासचिव श्री इरफ़ान आलम साहब की बात की जाए तो आप भी बहुत विनम्र,व्यवहार कुशल और लीडरशिप के गुणों से संपन्न व्यक्तित्व के स्वामी हैं। आपने भी कामयाबी के साथ बैंक में अपना सेवाकाल पूर्ण किया।आज आप दोनों की जोड़ी अपनी टीम के साथ समिति का निरंतर विस्तार करते हुए जिस सफलता के साथ इसका संचालन कर रही है उसकी जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है।आपके अथक प्रयासों से समिति की गतिविधियों के विस्तार के क्रम में क्षेत्रीय इकाईयों का भी गठन किया गया है जो बहुत सक्रियता से सांगठनिक क्रिया कलापों के साथ सामाजिक कार्यों में भी बढ़ चढ़कर हिस्सेदारी कर रही हैं।समिति के पदाधिकारियों की सक्रियता के कारण इसकी सदस्य संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है जो संगठन के स्थायित्व के लिए शुभ संकेत है।इस समय समिति को भविष्य में नेतृत्व हेतु second line की भी शिद्दत से तलाश है जिसके लिए लीडरशीप के गुणों से संपन्न सक्रिय सदस्यों को आगे आना चाहिए।
दिनांक 21 सितंबर,2024 को मुरादाबाद में  केंद्रीय समिति की आम सभा होना प्रस्तावित है जिसकी तैयारी ज़ोर-शोर से चल रही है।इस सिलसिले में केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों की एक बैठक दिनांक 2 सितंबर,2024 को अध्यक्ष श्री अनिल कुमार तोमर जी के आवास पर आयोजित की गई जिसमें प्रस्तावित आम सभा के सफलता पूर्वक आयोजन के लिए सदस्यों को दायित्व सौंपे गए।अध्यक्ष तथा महासचिव महोदय ने बताया कि समिति की इस बार की आम सभा ख़ास होगी क्योंकि इसमें बैंक यूनियंस के तमाम राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी भाग लेंगे। आम सभा में संगठनात्मक गतिविधियों तथा विभिन्न लंबित मुद्दों को लेकर गहन विमर्श होगा।प्रथमा यू पी ग्रामीण बैंक के चेयरमैन श्री संजीव भारद्वाज जी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।
इस अवसर पर समिति के सभी सदस्यों से अपील की गई कि अपने-अपने क्षेत्रों से आम सभा में अधिक से अधिक संख्या में साथियों के साथ उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
अत सभी साथियों से अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में उक्त कार्यक्रम में पहुंचकर समिति की 
संगठन-शक्ति का एहसास कराएं।
धन्यवाद !

(प्रस्तुति : ओंकार सिंह विवेक) 




September 7, 2024

सुख़न के रंग


दोस्तो लीजिए हाज़िर है मेरी एक ग़ज़ल 🌷🌷🙏🙏
***********************************************
                  ©️ 

               अलग जीवन  की रंगत  हो  गई  है,

               भलों की जब से सोहबत हो गई है।


                कहा है  जब  से  उसने  साथ हूँ मैं,

                हमारी   दूनी   ताक़त  हो   गई  है।


                तलब करने लगी अब हक़ रि'आया, 

                चलो  इतनी  तो  हिम्मत  हो गई है।


               शिकायत कुछ नहीं  हमको ग़मों से,

               ग़मों  को  ये  शिकायत  हो  गई  है।

 

               गुज़र  कैसे  करें  तनख़्वाह  में फिर,

               उन्हें  रिश्वत  की  जो  लत हो गई है।


              है जस की तस ही,लेकिन फ़ाइलों में,

              ग़रीबी  कब  की  रुख़सत  हो गई है।


             हमें   भाये   भी   कैसे  सिन्फ़   दूजी,

             ग़ज़ल  से   जो   मुहब्बत  हो  गई  है।

                            ©️ ओंकार सिंह विवेक 


पेश है ताज़ा कलाम 🌷🌷👈👈






       






              

August 31, 2024

उनका हर 'ऐब छुप ही जाना है



दोस्तो नमस्कार 🌷🌷🙏🙏
मेरा नया ग़ज़ल-संग्रह "कुछ मीठा कुछ खारा" आप लोगों के आशीर्वाद से अब छपने के लिए प्रकाशक के पास जा चुका है। आशा है दो से तीन माह के अंदर पुस्तक आ जाएगी।
लीजिए प्रस्तुत है उसी प्रस्तावित ग़ज़ल-संग्रह से एक ग़ज़ल :

              रौशनी    का    यही   निशाना   है,

              तीरगी    को    मज़ा  चखाना   है।


             आस   टूटे  न   क्यों  युवाओं   की,

             शहर  में   मिल  न  कारख़ाना  है।


             भा   गई    है   नगर   की    रंगीनी, 

             अब  कहाँ  उनको  गाँव  आना  है।


             लोग   हैं    वो   बड़े    घराने    के, 

             उनका हर 'ऐब  छुप  ही  जाना है।


             वो सियासत  में आ  गए  जब  से,

             मालो-ज़र  का  कहाँ  ठिकाना  है।


            हमको  हर  ना-उमीद  के  मन  में,

            आस  का  इक  दिया  जलाना  है।


           और    उम्मीद   क्या   करें   उनसे,

            हम  पे   इल्ज़ाम  ही   लगाना  है।

                     ©️ ओंकार सिंह विवेक 
               (सर्वाधिकार सुरक्षित)



August 26, 2024

श्री कृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश साहित्य सभा रामपुर इकाई की रंगारंग काव्यगोष्ठी



छेड़ो वह धुन आज फिर, हे ! गिरधर गोपाल

(श्री कृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर रंगारग काव्यगोष्ठी) 

**********************************************

भगवान विष्णु के आठवें अवतार योगीराज श्री कृष्ण के जन्म की अष्टमी का उत्साह इस समय पूरे देश में है।आम तौर से लोग दो दिन तक इस उत्सव को मनाते हैं।इस अवसर पर लोग व्रत- उपवास रखते हैं, श्री कृष्ण की लीलाओं की सुंदर झांकिया सजाते हैं।भगवान श्री कृष्ण के मंदिरों तथा लोगों के द्वारा घरों में में भव्य सजावट और पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या(25अगस्त,2024)पर उत्तर प्रदेश साहित्य सभा की रामपुर इकाई की एक कवि गोष्ठी सभा के अध्यक्ष ओंकार सिंह विवेक के आवास

  सत्याविहार फेज-2 पर आयोजित की गई। काव्य गोष्ठी में अनेक उदीयमान तथा वरिष्ठ कवियों ने अवसर के अनुकूल भावपूर्ण रचनाएँ सुनाकर देर रात तक समां बांधे रखा।

कार्यक्रम राजवीर सिंह राज़ की सुंदर सस्वर सरस्वती वंदना से प्रारंभ हुआ। उसके पश्चात कवि पतराम सिंह ने देश प्रेम से ओतप्रोत अपनी सुंदर रचना प्रस्तुत की । उन्हें अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति पर भरपूर प्रशंसा और प्रोत्साहन मिला : 

     जागो  भारत  वीरो जागो यह  समय नहीं  है सोने का,

     दर्पण-सा मुखड़ा चमका दो इस भारत देश सलोने का।


अपनी भावपूर्ण छंद मुक्त रचनाओं के लिए जाने जाने वाले साहित्यकार जावेद रहीम ने अपनी रचना में आसमान का सुन्दर चित्रण करते हुए कहा :

            चाँद  ने पहन ली ओढ़नी  सितारों  की,

            बारात सजी है टिमटिमाते सितारों की।


सभा की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष ग़ज़लकार ओंकार सिंह विवेक ने श्रीमद भगवतगीता के उपदेशों की महत्ता पर अपना यह शे'र प्रस्तुत किया :

           गीता के  उपदेशों  ने वो  संशय  दूर  किया,

            रोक रहा था जो अर्जुन को वाण चलाने से।


 उन्होंने श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में अपना एक दोहा भी सुनाया जिसे काफ़ी पसंद किया गया :

             जिसको सुनकर मुग्ध थे, गाय गोपियाँ ग्वाल।

             छेड़ो वह धुन आज फिर, हे!गिरधर गोपाल।।

सभा के ऊर्जावान और उत्साही सचिव राजवीर सिंह राज़ ने अपने दमदार तरन्नुम में एक ग़ज़ल पेश की :

                 तुम  गए  तो  सोचते  ही रह गए,

                 दरमियां क्यों फा़सले ही रह गए।

अच्छी शायरी से अपनी पहचान बनाने वाले सभा के संयोजक सुरेंद्र अश्क रामपुरी ने अपनी कई ग़ज़लें सुनाईं। उनका यह मार्मिक शे'र देखिए :

             रोयी किसी की बेटी तो हम भी थे रोए ख़ूब,

             हमसे तो  उसकी रुख़सती  देखी  नहीं गई।

अपने दोहों से पहचान बनाने वाले गोष्ठी के मुख्य अतिथि राम किशोर वर्मा ने कहा :

          'ठाकुर' जी का द्वार हो,या ठाकुर का द्वार।

           दोनों दर तब पहुँचता, हो जाता लाचार।।


गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ कवि शिवकुमार चंदन ने कन्हैया से कुछ इस प्रकार विनती की

              जग की कुटिलता से चंदन व्यथित आज,

              द्वार पे हो ठाड़ो कान्हा, आय के बचाय दे।

सूक्ष्म जलपान के बाद कार्यक्रम के समापन पर संयोजक सुरेन्द्र अश्क रामपुरी द्वारा सभी का आभार प्रकट किया गया।


गोष्ठी का संचालन स्थानीय इकाई के अध्यक्ष ओंकार सिंह विवेक तथा सचिव राजवीर सिंह राज़ ने संयुक्त रूप से किया।

--- ग़ज़लकार ओंकार सिंह विवेक 

अध्यक्ष उत्तर प्रदेश साहित्य सभा रामपुर इकाई 

कार्यक्रम की दैनिक जागरण,शाह टाइम्स समाचार पत्रों द्वारा सुंदर कवरेज के लिए हार्दिक आभार 🙏🙏 👇👇



August 23, 2024

जनसरोकार



नमस्कार दोस्तो 🌹🌹🙏🙏 आज फिर मेरे प्रस्तावित ग़ज़ल-संग्रह "कुछ मीठा कुछ खारा" से एक ग़ज़ल प्रस्तुत है।
ग़ज़ल  ("कुछ मीठा कुछ खारा से") 
****************************
              ©️ 
            अब  कहाँ  इसमें  पाकीज़गी  रह गई,
            मस्लहत  की  फ़क़त  दोस्ती  रह गई।
             
            दे   रही   हैं   गवाही   ये    नाकामियाँ,
            कुछ न कुछ कोशिशों में कमी रह गई।

            ठंड   तेवर   भला    कैसे   ढीले    करे,
            दोस्त! आधी  अभी  जनवरी  रह  गई।

           लोग  ज़ुल्मत  की  जयकार करने लगे,
           रौशनी   ये   ग़ज़ब   देखती  रह    गई।
                 
           कब  किसी की हुईं पूरी सब ख़्वाहिशें,
           एक    पूरी    हुई     दूसरी    रह   गई।

           मंच   पर    चुटकुले   और    पैरोडियाँ,
           आजकल  बस  यही शा'इरी  रह  गई।

           ज़ख़्म  पर  ज़ख़्म   इंसान   देता  रहा,
           अधमरी  होके   गंगा  नदी    रह   गई।
                     ©️ ओंकार सिंह विवेक 
           (सर्वाधिकार सुरक्षित) 


August 19, 2024

रूखी-सूखी खानी है



लीजिए मेरे प्रस्तावित ग़ज़ल-संग्रह "कुछ मीठा कुछ खारा" से एक और ग़ज़ल पेश है आपकी ख़िदमत में :
*****************************************
         ©️ 
          उनके  हिस्से   चुपड़ी  रोटी  बिसलेरी  का पानी है,
          और हमारी क़िस्मत,हमको रूखी-सूखी खानी है।

        जनता की  आवाज़  दबाने वालो इतना  ध्यान रहे,
       कल पैदल भी हो सकते हो आज अगर सुल्तानी है।

       प्यार लुटाया है मौसम ने जी भरकर उस पर अपना,
       ऐसे   ही   थोड़ी  धरती   की  चूनर  धानी-धानी  है।

       फ़स्ल हुई चौपट बारिश से और धेला भी पास नहीं,
       कैसे क़र्ज़  चुके बनिये  का  मुश्किल में रमज़ानी है।

       खिलने को घर के गमलों में चाहे जितने फूल खिलें,
       जंगल  के फूलों-सी  लेकिन  बात न उनमें आनी है।
 
       एक झलक पाना भी अब तो सूरज की दुश्वार हुआ,
      जाने  ज़ालिम  कुहरे  ने   ये  कैसी  चादर  तानी  है।

       बात न सोची जाए किसी की राह में  काँटे बोने की,
       ये  सोचें  फूलों  से   कैसे  सबकी  राह  सजानी  है।
                                           ©️ ओंकार सिंह विवेक

                                         (सर्वाधिकार सुरक्षित) 


August 11, 2024

चिंतन के बहु रंग

नमस्कार दोस्तो 🌹🌹🙏🙏
हाज़िर है मेरे प्रस्तावित ग़ज़ल-संग्रह "कुछ मीठा कुछ खारा" से आज एक और ग़ज़ल 
*********************************************
©️ 
 एक   तो     मंदा    ये    कारोबार   का,
 और  उस    पर   क़र्ज़   साहूकार  का।

मान  लो   हज़रत ! तवाज़ुन  के  बिना,
है   नहीं   कुछ   फ़ाइदा   रफ़्तार  का।

आजकल  देता  हो  जो  सच्ची  ख़बर,
नाम   बतलाएँ   किसी   अख़बार का।

 जंग   क्या   जीतेंगे  सोचो , वो जिन्हें-
 जंग  से  पहले  ही  डर  हो  हार  का।

 फिर   किनारे   तोड़ने  पर   तुल  गई,
 क्या 'अमल  है  ये  नदी  की धार का?

तोड़ दी इसने तो मुफ़लिस  की  कमर,
कुछ   करें   महँगाई   की  रफ़्तार का।

 ऋण चुका सकता नहीं  कोई 'विवेक',
 उम्र  भर  माँ - बाप  के   उपकार का।
         --- ©️ ओंकार सिंह विवेक
(सर्वाधिकार सुरक्षित) 

    
   

August 5, 2024

करें साथियो आज कुछ, दोहों में संवाद

स्नेही मित्रो असीम सुप्रभात 🌷🌷🙏🙏
चूंकि ग़ज़ल मेरी लोकप्रिय विद्या है इसलिए मैं अक्सर आपसे अपनी ग़ज़लों के माध्यम से संवाद करता रहता हूं।यह संवाद कभी अपने इस ब्लॉग पर तो कभी Onkar Singh Vivek नाम से बनाए गए अपने ytube channel पर करता रहता हूं। मुझे इस बात का गर्व है कि दोनों ही platforms पर मुझे आपका स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहता है।
हिंदी काव्य में दोहा विधा से हम सब भली भांति परिचित हैं।दोहे की मारक क्षमता ग़ज़ब की होती है।१३ और ११ मात्राओं के तोड़ के साथ दोहे की दो पंक्तियों में रचनाकार जैसे गागर में सागर ही भर देता है। 
मैंने भी आज सोचा कि अपने कुछ दोहे आपकी अदालत में रखूँ।
आपकी प्रतिक्रिया की अपेक्षा के साथ लीजिए प्रस्तुत हैं मेरे कुछ दोहे :

कुछ दोहे समीक्षार्थ 
***************
©️ 
हमने  दिन  को  दिन कहा,कहा रात को रात। 
बुरी  लगी  सरकार  को,बस इतनी सी बात।।

मन में उनके किस क़दर,भरा  हुआ  है खोट।
धर्म-जाति  के   नाम  पर,माँग  रहे  हैं  वोट।।

घर   में   जो   होने  लगी, बँटवारे   की  बात। 
चिंता  में   घुलने   लगे,बाबू   जी  दिन-रात।।

कर   में   पिचकारी  लिए,पीकर  थोड़ी  भंग। 
देवर   जी   डारन   चले,भौजाई   पर    रंग।।

महँगाई  की    मार   से, टूट   गई  हर  आस।
हल्कू की  इस  बार भी, होली  रही  उदास।।

लागत   भी    देते    नहीं, वापस   गेहूं- धान।
आख़िर किस उम्मीद पर,खेती करे किसान।।
©️ ओंकार सिंह विवेक
(सर्वाधिकार सुरक्षित) 





August 4, 2024

लीजिए पेश है फिर एक ------

सुप्रभात मित्रो 🌷🌷🙏🙏

पेश है आज एक और ग़ज़ल प्रस्तावित
"कुछ मीठा कुछ खारा" ग़ज़ल-संग्रह से
******************************
©️ 
जब  से मुजरिम  पकड़के  लाए हैं,
फोन   थाने     के    घनघनाए   हैं।

ये  ही सिन्फ़-ए-ग़ज़ल का जादू है,
अच्छे-अच्छे  ग़ज़ल  पे  आए   हैं।  

फिर अँधेरों  से  यह  गिला  कैसा,
जब   दिये   ही   नहीं  जलाए  हैं।

उफ़ नहीं  की  मगर  कभी  हमने,
ज़ख़्म पर ज़ख़्म दिल ने खाए हैं।

देख   ली  उनके   हाथ   में आरी,
पेड़    यूँ   ही    न    थरथराए  हैं।

ग़म ही दर-पेश हैं  यूँ तो  कब  से,
फिर भी लब पर  हँसी सजाए हैं।

और   कुछ   देर   बैठिए  साहिब,
एक  मुद्दत   के   बाद   आए   हैं।
     ---©️ ओंकार सिंह विवेक
(सर्वाधिकार सुरक्षित) 

Featured Post

सैर कर दुनिया की ग़ाफ़िल (बनारस यात्रा भाग -1)

सफ़र की हद है वहाँ तक कि कुछ निशान रहे, चले  चलो  के  जहाँ  तक   ये  आसमान  रहे। ये क्या उठाये क़दम और  आ गई मन्ज़िल...