दिनांक 04.07.2026 दिन शनिवार को उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक सेवा निवृत्त कार्मिक समिति की रामपुर इकाई की आम सभा का आयोजन मंथन रेस्टोरेंट में संपन्न हुआ।
सभा की अध्यक्षता मुरादाबाद से पधारे केंद्रीय समिति के उप महामंत्री श्री अनिल कुमार तोमर जी द्वारा की गई।मुरादाबाद से ही पधारे समिति के सहायक सचिव श्री आनन्द स्वरूप गुप्ता जी, उपाध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह जी, कार्यालय सचिव श्री धन सिंह जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की अजीतपुर शाखा के मुख्य प्रबंधक श्री संजय सिंह जी विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में उपस्थित रहे।मुरादाबाद से ही श्री प्रेमराज सिंह विश्नोई जी द्वारा भी सभा में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई गई।
सम्मानित अतिथियों का स्थानीय सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट करके तथा माल्यार्पण द्वारा स्वागत किया।
सभा में स्थानीय इकाई के सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों को अपने सुझावों तथा समस्याओं से अवगत कराया।
सभा को संबोधित करते हुए श्री आनंद स्वरूप गुप्ता जी ने कहा कि सभी को अपनी वार्षिक सदस्यता अद्यतन रखते हुए समिति से जुड़े रहने की महती आवश्यकता है।क्योंकि अपने हितों की रक्षा करने तथा पेंशन संबंधी शिकायतों को उचित मंच पर उठाने के लिए समिति ही एकमात्र उचित विकल्प है।उन्होंने बचत, इन्वेस्टमेंट आदि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कई महत्वपूर्ण बातें बताईं तथा पेंशनर्स को निरंतर सक्रिय रहकर कुछ न कुछ सीखते रहने के लिए प्रेरित किया।
श्री महेंद्र सिंह जी ने अपने उद्वोधन में संगठन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी नए रिटायर्ड साथियों से जल्द से जल्द समिति से जुड़ने की अपील की। उन्होंने सभी साथियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि समय से उचित पौष्टिक ख़ुराक लेना तथा नियमित रूप से हल्का-फुल्का व्यायाम करना हमें जीवन में लंबे समय तक सक्रिय बनाए रख सकता है। कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार तोमर जी ने अपने विस्तृत उद्वोधन में कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सबसे पहले सदन को फ्लैश बैक में ले जाते हुए तब के प्रथमा बैंक में प्रबंधतंत्र की मनमानी के विरोध में यूनियन के गठन की पूरी कहानी बयान की।उस घटना के सहारे उन्होंनें यूनियन से जुड़ने की आवश्यकता को रेखांकित किया तथा वर्तमान में यूनियन द्वारा सेवा निवृत्त साथियों के पेंडिंग मुद्दों को लेकर उठाए जा रहे क़दमों से अवगत कराया।उन्होंने समिति को चलाने के लिए सभी साथियो से अपनी सक्रियता बढ़ाने तथा वार्षिक सदस्यता शुल्क समय से जमा करने का आग्रह किया।
सभा में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की अजीतपुर शाखा के मुख्य प्रबंधक श्री संजय सिंह ने अपने विचार रखते हुए कहा कि मेरा प्रयास रहता है कि मैं अपने रिटायर्ड साथियों को उचित सम्मान देते हुए उनकी किसी भी समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करूँ। आम सभा में स्थानीय इकाई के अध्यक्ष श्री सलिल कुमार जोशी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी को संगठन की शक्ति को पहचानते हुए निष्ठापूर्वक समिति की सदस्यता ग्रहण करनी चाहिए।उन्होंने कहा कि वही संगठन सफल होता है जिसके सदस्य मर्यादा और अनुशासन का पालन करते हुए अपनी सार्थक गतिविधियों को संचालित करते हैं। आम सभा में सर्व सम्मति से यह निर्णय भी लिया गया कि वर्तमान वर्ष 2026 से ही सभी सदस्यों की योगदान राशि ₹500 से बढ़ाकर ₹1000 वार्षिक कर दी जाये। बड़ी हुई योगदान राशि से कार्मिक समिति की रामपुर इकाई को आर्थिक मज़बूती प्रदान होगी जिससे भविष्य में कार्यक्रमों/सभाओं का और बेहतर ढंग से संचालन हो सकेगा।
सभा में सर्वसम्मति से समिति के वरिष्ठ सदस्य श्री अभय शंकर अग्रवाल जी को स्थानीय इकाई का नया संरक्षक नामित किया गया।श्री अभय शंकर अग्रवाल जी ने इसके लिए आभार व्यक्त करते हुए निष्ठापूर्वक समिति को अपना सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
सभा द्वारा समिति ज्वाइन करने वाले नए साथियों श्री दिनेश कुमार सक्सैना एवं एम ए ख़ान का माल्यार्पण द्वारा स्वागत किया गया।
सभा में अपनी वार्षिक सदस्यता अद्यतन रखने वाले पात्र सदस्यों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भी वितरित किए गए।
सभा का कुशल संचालन ओंकार सिंह विवेक द्वारा किया गया
आम सभा में रामपुर इकाई के अध्यक्ष सलिल जोशी,सचिव श्री ए.एम. ख़ान,कोषाध्यक्ष श्री फ़क़ीर चन्द सहित रामपुर, स्वार, मिलक तथा बिलासपुर क्षेत्र से अधिकांश सम्मानित सदस्यों ने सहभागिता की।आम सभा को सफल बनाने में यों तो सभी का सहयोग रहा परंतु अध्यक्ष श्री सलिल जोशी जी को इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी इकाई के सचिव एवं कोषाध्यक्ष के साथ श्री गंगा सरन जी,श्री हादी हसन ख़ाँ तथा अभय शंकर अग्रवाल जी आदि का विशेष सहयोग मिला।
सभा के समापन से पूर्व रामपुर इकाई के पूर्व संरक्षक श्री कलीमुल्ला ख़ान,श्री शमशुलजमा,श्री चंदर सिंह जी एवं श्री राजभान सिंह की असामयिक मृत्यु पर सभी ने दो मिनट का मौन धारण करके दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
अंत में रामपुर इकाई अध्यक्ष,सलिल जोशी द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सभी सदस्यों द्वारा भोजन ग्रहण करने के उपरांत सभा विसर्जन की घोषणा की गई।
प्रस्तुति : ओंकार सिंह विवेक
(साहित्यकार,समीक्षक,स्वतंत्र विचारक एवं टैक्स्ट ब्लॉगर)