प्रथमा बैंक के बहाने : वो हसीन यादें
*****************************
आजकल प्रथमा बैंक से जुड़ी यादों को प्रस्तुत करने का सिलसिला चल निकला है सो कुछ और यादें ताज़ा करते हैं।
ऊपर जो दुर्लभ तस्वीर आप देख रहे हैं वह प्रथमा बैंक के स्थापना दिवस 2 अक्टूबर,2012 को मिडटाउन होटल मुरादाबाद में आयोजित कवि सम्मेलन/मुशायरे की हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता देश के प्रसिद्ध नवगीतकार आदरणीय माहेश्वर तिवारी जी ने की थी तथा अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शायर मंसूर उस्मानी साहब मार्गदर्शक के तौर पर कार्यक्रम में मौजूद थे।चित्र में दोनों ही मंच पर विराजमान हैं और ख़ाकसार अपना कलाम पेश करता दिखाई दे रहा है।कार्यक्रम का सफल संचालन डॉक्टर मीना नक़वी साहिबा द्वारा किया गया था।यह भव्य कार्यक्रम 'एक शाम दिनकर राव साहब के नाम' से आयोजित किया गया था। दिनकर राव साहब प्रथमा बैंक के पूर्व चेयरमैन थे।कार्यक्रम उस समय बैंक के चेयरमैन रहे श्री बी के पंडित जी के सौजन्य से आयोजित किया गया था। मुरादाबाद के सभी दिग्गज कवि एवं शायर इस कार्यक्रम में काव्य पाठ हेतु आमंत्रित किए गए थे।
प्रसंगवश मुझे उस कार्यक्रम की अध्यक्षता करने वाले आदरणीय माहेश्वर तिवारी जी के एक प्रसिद्ध गीत की कुछ पंक्तियाँ याद आ रही हैं :
एक तुम्हारा होना क्या से क्या कर देता है,
बेज़ुबान छत दीवारों को घर कर देता है।
ख़ाली शब्दों में आता है ऐसे अर्थ पिरोना,
गीत बन गया सा लगता है घर का कोना कोना।
एक तुम्हारा होना सपनों को स्वर देता है।
-- माहेश्वर तिवारी
मोहतरम मंसूर उस्मानी साहब के भी कुछ शेर देखिये--
शोख़ी सपने काजल नीर,
एक कमाँ में कितने तीर।
उनका एक शेर यह भी देखें --
मुझको हैरत हैं समुंदर ने कहा है मुझसे,
मेरे हक़ में किसी दरिया से सिफ़ारिश करना
--- मंसूर उस्मानी
मुझे भी अपने वो शेर याद आ रहे हैं जो उस कार्यक्रम में पढ़े थे --
वक़्त के साँचे में ढल मत कर गिला सदमात से,
ज़िंदगी प्यारी है तो लड़ गर्दिशे-हालात से।
बेसबब ही आपकी तारीफ़ जो करने लगें,
फ़ासला रक्खा करें कुछ आप उन हज़रात से।
--- ओंकार सिंह विवेक
मुझे आज भी याद है कि दूसरे शेर पर जनाब मंसूर उस्मानी साहब ने ख़ास तौर पर बार-बार दाद देकर मेरा उत्साहवर्धन किया था।वे अच्छे आयोजन और अच्छे लोग बार-बार स्मृतियों में कौंधते हैं।
शेष फिर ---
---- ओंकार सिंह विवेक
#प्रथमाबैंक #उत्तरप्रदेशग्रामीणबैंक #कविसम्मेलनमुशायरा
टिप्पणियाँ
Post a Comment