सिलसिला यादों का : प्रथमा बैंक (जाने कहाँ गए वो दिन)
**** *************************************
आजकल अपनी घरेलू लाइब्रेरी में अधिक समय व्यतीत हो रहा है।किताबों को उलटते-पलटते और सँभालते हुए बैंकिंग विषयों पर स्काईलार्क पब्लिकेशन द्वारा प्रकाशित N S Toor साहब की प्रसिद्ध किताब Handbook of Banking Information हाथ में आई।मेरे पास पुस्तक का वर्ष 2002 का 15 वाँ एडिशन हैं जिस पर मूल्य रुपए 265/ अंकित है।अब इस किताब की क़ीमत क्या है इस बारे में नई पीढ़ी के बैंकर्स ही बता सकते हैं।इस किताब में बैंकिंग को कवर करते हुए सभी विषयों जैसे--
Emerging Banking trends,Credit Operations,Priority sector advances,Banking law and practice,Foreign exchange operations,Computers and Banking,Economy and Economics,Management/Personnel Matters आदि पर more than enough सामग्री मौजूद है। पुस्तक के अंत में पर्याप्त संख्या में प्रैक्टिस पेपर्स भी दिए गए हैं।
हमारे समय में बैंक में जब विभागीय प्रोन्नति टेस्ट्स होते थे तो इस किताब की इतनी डिमांड रहती थी कि पूछिए मत।माँग बढ़ने से आसपास जब कहीं यह किताब नहीं मिलती थी तो लोग दिल्ली से इसे ख़रीदने के लिए दौड़ लगाते थे।वास्तव में यह किताब उन दिनों बैंक में हर वर्ग के प्रमोशन टेस्ट्स का एक complete package जैसी होती थी।यद्यपि आज उन परीक्षाओं का स्वरूप काफ़ी बदल चुका है।अब तो लोग ऑनलाइन क्लासेज और कोचिंग सेंटर्स पर जाकर प्रमोशन टेस्ट्स की तैयारी करने में अधिक यक़ीन रखते हैं परंतु उन दिनों ऐसी सुविधाएँ अपेक्षाकृत कम हुआ करती थीं।अगर लोग इस किताब को मन से पढ़ और गुन लेते थे तो अच्छे नंबरों से प्रमोशन टेस्ट्स पास कर लेते थे।हमने भी बिना कोई अतिरिक्त कोचिंग किए इसी किताब का गंभीरता से अध्ययन करके बैंक के कई प्रोन्नति टेस्ट्स अच्छी रैंक के साथ पास किए।तथ्यात्मक बैंकिंग जानकारी से युक्त यह किताब आज भी उतनी ही महत्वपूर्ण है यह बात आजकल बैंकों में कार्यरत पीढ़ी अच्छी तरह बता सकती है।मुझे आज भी अच्छी तरह याद है कि उन दिनों बैंक में प्रमोशन टेस्ट की तैयारी कर रहे किसी व्यक्ति के पास अगर यह किताब नहीं होती थी तो बाक़ी साथी उसे अचरज भरी दृष्टि से देखते थे।बैंक प्रमोशन सीज़न में यह किताब बिक्री और लोकप्रियता के सारे रिकॉर्ड तोड़े रहती थी।
मुझे उम्मीद है कि बैंक के पुराने साथी इस किताब के संबंध में अपनी राय और इससे हुए लाभ के बारे में अपने अनुभव अवश्य साझा करेंगे 🙏
(प्रथमा बैंक की गृह पत्रिका का नाम 'बुलंदियाँ' कैसे चुना गया इसका रोचक क़िस्सा अगली कड़ी में)
-- ओंकार सिंह विवेक
#प्रथमाबैंक #यादें
टिप्पणियाँ
Post a Comment