यादों के झरोखों से : प्रथमा बैंक
************************
जैसा कि मैंने अपने संस्मरणों की एक पिछली पोस्ट में भी ज़िक्र किया था कि तत्कालीन प्रथमा बैंक (अब उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक) में मेरी पहली नियुक्ति ज़िला रामपुर के एक रिमोट गाँव रेवड़ी कलाँ में हुई थी जो ज़िला मुख्यालय से लगभग 25-28 किलोमीटर दूर स्थित है।उस वक्त 19-20 साल की आयु रही होगी मेरी।यों तो हमारी पृष्ठभूमि ग्रामीण परिवेश की रही है परंतु शिक्षा और रोज़गार के उद्देश्य से किशोरावस्था से ही घर वालों ने शहर में रहने की व्यवस्था कर दी थी।अत: ऐसी पोस्टिंग को लेकर थोड़ा असहज था परंतु यह भी जनता था कि मेरी पोस्टिंग एक ग्रामीण बैंक में हुई है इसलिए ऐसी परिस्थिति से तो दो-चार होना ही पड़ेगा।
रेवड़ी कलाँ गाँव जाने के लिए उस समय रामपुर-शाहबाद बस स्टैंड से नियमित अंतराल पर प्राइवेट बसें चला करती थीं जो आज भी चलती हैं।बस से पहले मतवाली गाँव उतरना पड़ता था वहाँ से पैदल,रिक्शा/घोड़ा ताँगा या फिर अपनी साइकिल से लगभग 4/5 किलोमीटर अंदर एक बहुत टूटी-फूटी पतली सड़क,जो बीच-बीच में कच्चा भी थी,से रेवड़ी गाँव तक का सफ़र तय करना पड़ता था।हम लोग मतवाली तक बस से गए फिर वहाँ से एक इक्का/घोड़ा ताँगा से रेवड़ी पहुँचें।अगर आप कभी घोड़ा ताँगे में बैठे हों तो उस सवारी का आनंद आपको भली प्रकार मालूम होगा।पहली नौकरी थी सो ज्वाइन करने का उत्साहयुक्त कौतूहल था और एक स्वाभाविक घबराहट भी थी कि पता नहीं आगे सब कुछ कैसा चलेगा।
मुझे अच्छी तरह याद है कि मेरे चाचा जी, जो उन दिनों सेंट्रल बैंक में प्रबंधक पद पर कार्यरत थे,ज्वाइन कराने मेरे साथ गये दे।चाचा जी सेवानिवृत्ति के बाद काफ़ी समय तक रामपुर में ही रहे और अब मुरादाबाद में स्थाई रूप से बस गए हैं।
ख़ैर हम जानकारी करते हुए अंततः बैंक की रेवड़ी कलाँ शाखा में पहुँचे।छोटी-छोटी दो कोठरियों में शाखा चलती थी।एक कोठरी में शाखा प्रबंधक बैठते थे और एक में लिपिक/खजांची तथा क्षेत्र पर्यवेक्षक साहब कैश बॉक्स लिए बैठे रहते थे।उन दिनों ग्रामीण शाखाओं में प्रॉपर काउंटर आदि की व्यवस्था नहीं थी।रेवड़ी कलाँ शाखा में श्री बी आर शाक्य जी शाखा प्रबंधक हुआ करते थे।शाखा में कुछ ग्रामीण बैंच पर बैठे हुए बतिया रहे थे।एक-दो लोग शाखा प्रबंधक जी से ऋण आदि प्राप्त करने की जानकारी ले रहे थे।बहुत सहज और हल्का माहौल था वहाँ।शहरी शाखाओं की तरह भीड़भाड़ या अफरातफरी जैसा माहौल नहीं था।कई लोगों को मैंने मैनेजर साहब को अपने यहाँ बड़े अपनेपन से दावत पर आने का निमंत्रण भी देते हुए देखा। माहौल भले ही कितना भी बदल चुका हो मगर गाँव-देहात में आज भी औपचारिकताओं से दूर इसी प्रकार की आत्मीयता और सहजता बनी हुई है।
चाचा जी और मैं सीधे प्रबंधक महोदय के कक्ष में पहुँचे।चाचा जी ने अपना परिचय देते हुए प्रबंधक जी का अभिवादन किया और मेरा नाम बताते हुए कहा कि यह मेरा भतीजा है और आपकी शाखा में ज्वाइन करने आया है। मैंने भी मैनेजर साहब को प्रणाम किया।प्रबंधक महोदय ने बड़ी गर्मजोशी से हमारा अभिवादन स्वीकार किया तथा ज्वाइनिंग लेटर लेकर मुझसे अपनी ज्वाइनिंग आख्या देने के लिए कहा।उस दिन जाना कि जी ज्वाइनिंग रिपोर्ट क्या होती है।चाचा जी ने डिक्टेट करके ज्वाइनिंग रिपोर्ट लिखवाई जो मैंने शाखा प्रबंधक महोदय के सम्मुख प्रस्तुत की।उन्होंने ज्वाइनिंग रिपोर्ट लेकर उपस्थिति पंजिका में मेरा नाम दर्ज़ करके हस्ताक्षर कराए और शाखा में क्या कम करना है और कैसे करना है इसकी विस्तार से जानकारी दी।चूंकि अगले दिन से मुझे महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी सँभालनी थी अतः उनकी बातें बड़े ध्यान से सुनीं।पहला दिन था सो शाखा प्रबंधक महोदय ने भी काम के लिए कोई अधिक ज़ोर नहीं डाला।हमें चाय पिलाई और घर-परिवार,शिक्षा आदि को लेकर जानकारी की तथा चाचा जी को आश्वस्त किया कि आप निश्चिंत रहिए इन्हें यहाँ कोई परेशानी नहीं होगी।काम भी ख़ूब सीखने को मिलेगा।चाचा जी भी यह सुनकर थोड़े आश्वस्त हुए। प्रबंधक जी से काफ़ी देर तक आत्मीयतापूर्ण वार्तालाप होता रहा।
पता ही नहीं चला कि कब पाँच बज गए।हमने शाखा के स्टाफ से विदा ली और घोड़े ताँगे और बस की सवारी करते हुए रामपुर लौट आए।
तो प्रथमा बैंक में अपनी नौकरी ज्वाइन करने का मेरा पहला दिन कुछ ऐसा रहा।
बैंक से जुड़ी शेष यादें अगली कड़ियों में ----
----ओंकार सिंह विवेक
टिप्पणियाँ
Post a Comment