October 27, 2026

कवि एवं शायर पंडित देवी प्रसाद गौड़ मस्त जी की 113 वीं जयंती पर बरेली में हुआ शानदार साहित्यिक आयोजन

आज के दौर में एकल परिवारों का बढ़ता चलन,जीवन एवं दिनचर्या पर हावी तकनीकी बदलाव तथा भौतिकता की चकाचौंध में पुरानी परंपराएँ,मूल्य तथा विरासत को सहेजने का भाव तो जैसे धीरे-धीरे लुप्त ही होता जा रहा है।

ऐसे में कोई अपने बुज़ुर्गों की विरासत,उनके शौक़ और संस्कारों तथा परंपराओं को आगे बढ़ाने और संजोने का काम करे तो उसके प्रति मन श्रद्धा से भर उठता है।जी हाँ, मैं बात कर रहा हूँ बरेली के वरिष्ठ कवि-शायर आदरणीय रणधीर प्रसाद गौड़ धीर जी की जो प्रति वर्ष बरेली का गौरव रहे अपने पिता मूर्धन्य साहित्यकार पंडित देवी प्रसाद गौड़ मस्त जी की याद में एक भव्य साहित्यिक आयोजन कराते हैं।मुझे श्री धीर साहब तथा उनके परिजनों के अपनी विरासत को सहेजने के जोश और जज़्बे को देखकर मुनव्वर राना साहब की ये पंक्तियाँ अक्सर ही याद आ जाती हैं --

 नए कमरों में अब चीज़ें पुरानी कौन रखता है,

परिन्दों के लिए शहरों में पानी कौन रखता है।

हमीं  गिरती  हुई  दीवार  को  थामे  रहे वरना,

सलीक़े से बुज़ुर्गों की निशानी कौन रखता है।

                          -- मुनव्वर राना 

हमेशा की तरह इस बार भी आदरणीय धीर साहब एवं उनके परिजनों द्वारा बरेली के गौरव साहित्यकार पं. देवीप्रसाद गौड़ ‘मस्त’ की 113वीं जयंती पर दिनाँक 25/10/2026 रविवार को एक भव्य कवि सम्मेलन-मुशायरा, पुस्तक विमोचन तथा साहित्यकार सम्मान समारोह आयोजित कराया गया।यह समारोह आदरणीय रणधीर प्रसाद गौड़ धीर साहब के सुपुत्र श्री विनय गौड़ जी के आवास कर्मचारी नगर, मेगा ड्रीमज़ होम्स कॉलोनी बरेली में शानदार ढंग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतिष्ठित कवि-शायर रणधीर प्रसाद गौड़ ‘धीर’ जी ने की। मुख्य अतिथि वन-पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ.अरुण कुमार जी रहे। विशिष्ट अतिथियों में एडवोकेट अनिल कुमार सक्सेना,नवगीतकार हरिशंकर सक्सेना,गीतकार शिव चंदन सिंह, शायर ओंकार सिंह ‘विवेक’ एवं कवयित्री डॉ. मिथिलेश राकेश 'मिथिला' जी रहीं।



जलपान के बाद कार्यक्रम के पहले चरण में बरेली एवं आसपास के क्षेत्रों से आए लगभग 35 कवियों और शायरों ने स्वर्गीय पंडित देवी प्रसाद गौड़ मस्त जी को काव्य सुमन अर्पित किए तथा समसामयिक विषयों पर अपनी धारदार रचनाओं से आमंत्रित मेहमानों को रस सिक्त किया।


कार्यक्रम के दूसरे चरण में आदरणीय रणधीर प्रसाद गौड़ धीर जी की 11वीं काव्य कृति ‘काव्य प्रसून’ का वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री(स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार जी तथा मंचासीन अन्य अतिथियों के हाथों हुआ विमोचन हुआ।

इस अवसर पर साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रामपुर से पधारे शिवकुमार ‘चंदन’, रामपुर के ही ओंकार सिंह ‘विवेक’, बरेली से शिवरक्षा पांडेय, राजबाला ‘धैर्य’, डॉ. नईम शबाब कासगंजवी, रामकृष्ण शर्मा एवं डॉ. शिव नरेश शुक्ला सहित अनेक साहित्यकारों को वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डॉक्टर अरुण कुमार जी तथा संस्था के अध्यक्ष रणधीर प्रसाद गौड़ ‘धीर’ एवं सचिव उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट ने सम्मान स्वरूप शॉल, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए।



इस अवसर पर श्री रणधीर प्रसाद गौड़ धीर जी एवं उनके सुपुत्र श्री विनय गौड़ जी द्वार कॉलोनी में संचालित पुस्तकालय के लिए एक अलमारी तथा 200 पुस्तकें दान स्वरूप भेंट की गईं।


उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट, दीपक मुखर्जी ‘दीप’, मिथिलेश गौड़, विनय गौड़, विवेक गौड़, कवि-पत्रकार गणेश ‘पथिक’, विवेक शर्मा ‘विवेक’, डॉ. मुकेश ‘मीत’, कैलाश मिश्र ‘रसिक’, राजकुमार अग्रवाल ‘राज’, यदुवीर गौड़, रामधनी ‘निर्मल’, हरिकांत मिश्रा ‘चातक’, रामकुमार कोली, रामकुमार ‘अफरोज़’, इंद्रदेव त्रिवेदी, ध्रुव कुमार ‘निर्भीक’, डॉ. राजेश शर्मा ‘ककरैली’, प्रकाश चंद्र सक्सेना, प्रताप मौर्य ‘मृदुल’, इंद्रदेव त्रिवेदी, डॉ. रेनू श्रीवास्तव, मनोज सक्सेना ‘मनोज’, मुजम्मिल हुसैन, सज्जाद हैदर, एम. इश्तियाक खान, मधु गौड़, ओम गौड़ एवं रमेश रंजन सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सफल संचालन कवि मनोज दीक्षित ‘टिंकू’ ने किया। 


संस्था के सचिव उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। 


ऐसे भव्य आयोजन,आत्मीय अतिथि-सत्कार,सुस्वादु भोजन तथा शानदार व्यवस्था के लिए गौड़ परिवार एवं उनकी सहयोगी टीम की जितनी भी प्रशंसा की जाए वह कम होगी। मैं एक बार फिर मुझे इस कार्यक्रम का हिस्सा बनाने के लिए आदरणीय रणधीर प्रसाद गौड़ धीर साहब का दिल की गहराईयों से आभार प्रकट करता हूँ 🙏🌹

ओंकार सिंह विवेक 

ग़ज़लकार,समीक्षक,स्वतंत्र विचारक एवं टैक्स्ट ब्लॉगर 

रामपुर, उत्तर प्रदेश 

स्थानीय समाचार पत्रों द्वारा कार्यक्रम की सुंदर कवरेज की गई 👇


पंडित देवी प्रसाद गौड़ मस्त जी की स्मृति में काव्य समारोह 🌹🌹






टिप्पणियाँ

Post a Comment

Featured Post

कवि एवं शायर पंडित देवी प्रसाद गौड़ मस्त जी की 113 वीं जयंती पर बरेली में हुआ शानदार साहित्यिक आयोजन

आज के दौर में एकल परिवारों का बढ़ता चलन,जीवन एवं दिनचर्या पर हावी तकनीकी बदलाव तथा भौतिकता की चकाचौंध में पुरानी परंपराएँ,मूल्य ...