July 3, 2022

पुस्तक : सत्य और मिथ्या की तुला में


                  पुस्तक समीक्षा
                  ************

कृति      : कविता संग्रह 'सत्य और मिथ्या की तुला में'
कृतिकार :  डॉ० शोभा स्वप्निल
समीक्षक : ओंकार सिंह विवेक

कविता की कोई निश्चित परिभाषा कर पाना बहुत कठिन कार्य है। बस इतना कहा जा सकता है कि आत्मा और मन की आवाज़ तथा संवेदनाओं का प्रस्फुटन ही कविता है।

कोरोना की भयानक त्रासदी के काल में कवयित्री डॉ० शोभा स्वप्निल जी ने जो देखा,भोगा और परखा,उसके उपरांत उनका जो मौलिक चिंतन प्रस्फुटित हुआ उसे उन्होंने अपनी अतुकांत कविताओं में ढालकर "सत्य और मिथ्या की तुला में" नामक कविता संग्रह में समाज के संमुख प्रस्तुत किया है।


श्रीमती शोभा स्वप्निल जी की साहित्यिक अभिरुचि को पल्लवित और पोषित करने में उनके पतिदेव श्री संतोष खंडेलवाल जी का बहुत बड़ा योगदान रहा है। अत:यह पुस्तक शोभा जी ने खंडेलवाल जी को ही समर्पित की है। डाक्टर शोभा जी के ये भाव वंदनीय हैं।
यों तो इस काव्य संग्रह की अधिकांश कविताएं मैंने पूरी तन्मयता से पढ़ी हैं।समीक्षा में सबका उल्लेख करना तो संभव नहीं है परंतु कुछ कविताओं के चुनिंदा अंश मैं यहां अवश्य उद्धृत करना चाहूंगा :

"अंतर्यात्रा" शीर्षक से कही गई एक कविता की कुछ पंक्तियाँ देखिए :

   जी चाहता है/ दिन भर की उथल- पुथल/ प्रेम-नफ़रत-घृणा लोभ-लालच-लिप्सा के/ शोर से दूर भीतर झाँके/स्वयं को आँकें   और सुनें अंत: संगीत/जो कहता है शांति से जिएं/प्रेम कर प्रेम बांटें
इस अंतर्यात्रा कविता के अंत में प्रेम बांटें का जो भाव कवयित्री के मन में प्रस्फुटित होता है वही असली कविता है।
एक अन्य कविता "आशा का दीप" का एक अंश देखिए :

निराशा का घनघोर अंधेरा/ घेरे रहता है दिल को
फिर भी दूर बहुत/जलता है आशा का चिराग़

असफलता में सफलता तलाश लेना, निराशा में आशा का प्रकाश तलाश लेना ही कवि हृदय के सकारात्मक सोच को प्रकट करता है।ऐसा सर्जन ही समाज को दिशा देने में समर्थ हो सकता है। डॉक्टर शोभा स्वप्निल जी की एक कविता बहती हुई नदी से प्रेरणा लेकर सतत् कर्मरत रहने का संदेश देती है तो दूसरी कविता "किताब जीवन की" व्यक्ति के जीवन की जटिलता और उसके गतिमान रहने का जीवंत चित्रण प्रस्तुत करती है। अपनी एक कविता में स्वप्निल जी ने केदारनाथ त्रासदी पर बड़ी मार्मिक अभिव्यक्ति की है।इस कविता में मनुष्य को पर्यावरण से छेड़-छाड़ करने पर ऐसे ही परिणाम भुगतने की बार-बार चेतावनी दी गई है।कवयित्री ने 'खिड़की' और 'खो गई है मानवता' शीर्षकों की कविताओं में प्रतीकों के माध्यम से सुप्त मानवीय संवेदनाओं को जगाने का सफल प्रयास किया है।

कवयित्री ने 'जेब' शीर्षक की कविता में स्वार्थी रिश्तों की कैसे पोल खोल कर रख दी है,आप भी देखिए :

    जब जेब थी/तो सब क़रीब थे मेरे
    अब सिलाई उधड़ गई है/रिश्तों की
    संबंधों की भी/जबकि फटी तो केवल /जेब थी

पुस्तक की शीर्षक कविता "सत्य और मिथ्या की तुला पर" में संस्कृति और प्रकृति को माध्यम बनाकर कवयित्री ने मन के भावों का बहुत ही दार्शनिक विश्लेषण किया है।इस कविता में मन की ऊहापोह/ द्वन्द्व/दुविधा आदि का बड़ा सार्थक और जीवंत चित्रण देखने को मिलता है।इस कविता का कुछ अंश देखें : (दार्शनिक शैली के कारण यह कविता बार-बार पढ़ने का आग्रह करती हुई प्रतीत होती है)

  कई रातें बीतीं/कई दिन बीते/घंटे बीते
  घड़ियां और क्षण बीते/मेरा मन झूलता रहा
  सत्य और मिथ्या की तुला पर/पाप और पुण्य के प्रश्र पर
  ढूंढता हुआ/मूल्यांकन के स्रोत/संस्कृति को मानूं अथवा प्रकृति को

काव्य संकलन में कुल 65 कविताएं संकलित हैं। यों तो ये अतुकांत कविताएं हैं परंतु इनमें एक अल्हड़ नदी की तरह प्रवाह है जो एक कविता की पहली शर्त होती है।

डॉक्टर शोभा स्वप्निल जी की कविताओं को पढ़ने के बाद यह कहा जा सकता है कि उनकी हर कविता में एक सर्जक की दृष्टि विद्यमान है।कवयित्री में पूरी संवेदनशीलता के साथ अपने भावों को संप्रेषित करने की बेचैनी है।एक कवि का दायित्व होता है कि वह मुश्किल चीज़ों को भी सरल रूप में काव्यात्मक अभिव्यक्ति दे। स्वप्निल जी ऐसा करने में सफल रहीं हैं।उनकी सभी कविताएं अनुपम सौंदर्य बोध से सुवासित हैं। कविताओं की भाषा बहुत ही सरल और सहज है। संकलन की सभी कविताएं आप और हमसे संवाद करती हुई प्रतीत होती हैं।
पुस्तक की भूमिका के रूप में कवयित्री को डॉक्टर योगेंद्र नाथ शर्मा अरुण,सदस्य कार्यपरिषद महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा,गुजरात , प्रसिद्ध ग़ज़लकार श्री हस्तीमल हस्ती जी,मुंबई तथा प्रसिद्ध साहित्यकार आदरणीया नेहा वेद जी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है।पुस्तक के प्रकाशक न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन,इंद्रपुरी नई दिल्ली हैं।यह पुस्तक एमेजॉन तथा फिलिपकार्ट पर उपलब्ध है।सृजनात्मक साहित्य में रुचि रखने वाले सुधी पाठकों तथा साहित्यकारों से अनुरोध है कि इस पुस्तक को अवश्य ही मंगाकर पढ़ें।

दिनांक :02.07.2022          ओंकार सिंह विवेक
                           ग़ज़लकार/समीक्षक/कंटेंट राइटर/ब्लॉगर
                               रामपुर उ ०प्र ०
                                 oksrmp@gmail.com


    कृपया यह भी जानें

       

9 comments:

  1. बहुत ही सुन्दर और सारगर्भित समीक्षा की है आपने आदरणीय
    आप वाकई पूरे मनोयोग से पुस्तक पढ़ते हैं,उसे आत्मसात करते हैं ,फिर लिखते हैं।
    हार्दिक आभार

    ReplyDelete
    Replies
    1. अतिशय आभार आपका 🙏🙏

      Delete
  2. बहुत ही सुन्दर और सारगर्भित समीक्षा की है आपने आदरणीय
    आप वाकई पूरे मनोयोग से पुस्तक पढ़ते हैं,उसे आत्मसात करते हैं ,फिर लिखते हैं।
    हार्दिक आभार

    ReplyDelete
  3. इस पुस्तक की समीक्षा आपके उत्तम समीक्षात्मक स्वरूप को परिभाषित करती है। बहुत सुन्दर आलेख!💐💐

    ReplyDelete
    Replies
    1. हार्दिक आभार भाई जी 🙏🙏

      Delete
  4. बधाई एवम शुभकामनाएँ

    ReplyDelete

Featured Post

साहित्यिक सरगर्मियां

प्रणाम मित्रो 🌹🌹🙏🙏 साहित्यिक कार्यक्रमों में जल्दी-जल्दी हिस्सेदारी करते रहने का एक फ़ायदा यह होता है कि कुछ नए सृजन का ज़ेहन बना रहता ह...