February 6, 2026

सैर कर दुनिया की ग़ाफ़िल (बनारस यात्रा भाग -3/अंतिम कड़ी )

(अब तक आपने पढ़ा : हमारे ग्रुप के बनारस यात्रा संस्मरण में बनारस के काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन, काल भैरव के दर्शन,नमो घाट भ्रमण तथा दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती आदि के बारे में।अब इस यात्रा संस्मरण की अंतिम कड़ी में पढ़िए सारनाथ यात्रा के बारे में 👇)

बनारस भ्रमण कार्यक्रम के अंतिम दिन हम लोगों को बनारस से लगभग दस किलोमीटर दूर प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थ स्थल सारनाथ के लिए निकलना था।दो टैक्सियों की व्यवस्था करके हम लोग सारनाथ पहुँचे।बनारस में जैसी तंग गलियों से गुज़रना हुआ उसके विपरीत सारनाथ में बहुत चौड़ी सड़कें तथा खुलापन सबको बहुत अच्छा लगा।
वहाँ पहुँचकर सबसे पहले हमारे ग्रुप ने जैन मंदिर के दर्शन किए।सारनाथ में सन 1824 में निर्मित दिगंबर जैन मंदिर वह स्थान है जहाँ कहा जाता है कि जैन धर्म के 11वें तीर्थंकर श्री श्रेयांशनाथ जी का जन्म हुआ था और इसी कारण यह मंदिर 'श्रेयांशनाथ जैन मंदिर' के नाम से भी प्रसिद्ध है। 
जैन मंदिर के दर्शन करने के उपरांत हम लोग धमेख स्तूप तथा बुद्ध का विशाल मंदिर देखने गए।

यह☝️ विशाल धमेख स्तूप है। यह वह पवित्र स्थान है, जहां ज्ञान प्राप्ति के बाद भगवान बुद्ध ने अपने पांच शिष्यों को प्रथम उपदेश दिया था।धमेख स्तूप: एक विशाल और ठोस गोलाकार स्तूप है, जो उस स्थान को चिह्नित करता है जहाँ बुद्ध बैठे थे। इसे गुप्त काल के दौरान और अधिक विकसित और विस्तारित किया गया था।धमेख स्तूप के पास ही सम्राट अशोक द्वारा स्थापित एक भव्य स्तंभ (अशोक स्तंभ) था (जिसका शीर्ष अब सारनाथ संग्रहालय में है)जो आज भी इस स्थल के महत्व को दर्शाता है।भारत का राष्ट्रीय चिह्न जो हमारे नोटों में भी दर्शाया गया है इसी अशोक स्तंभ से लिया गया है।हम लोग सारनाथ (वाराणसी) में पीपल के वृक्ष के पास स्थित भगवान बुद्ध को समर्पित बौद्ध मंदिर (विशेषकर मूलगंध कुटी विहार) में दर्शन करने के लिए पहुँचे। यह उसी पवित्र स्थान के निकट है जहाँ भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्ति के बाद अपना पहला उपदेश दिया था।सन 1931 में निर्मित यह मंदिर ध्यान और बौद्ध धर्म के 'धर्मचक्र प्रवर्तन' (प्रथम उपदेश) की याद दिलाता है। 

मंदिर में बुद्ध की एक सुंदर प्रतिमा और जापानी चित्रकार कोसू ओकुसा द्वारा बनाई गई बुद्ध के जीवन को दर्शाने वाले भित्तिचित्र (frescoes) हैं।
 यहाँ लगाया गया पीपल का वृक्ष बोधगया से लाई गई बोधि वृक्ष की एक शाखा का ही रूप है। यहाँ अवसर का लाभ उठाते हुए ग्रुप के साथियों ने बौद्ध भिक्षु के साथ फोटो भी खिंचवाए।
 
 यह स्थान बौद्ध अनुयायियों के लिए आध्यात्मिक शांति, ध्यान और भगवान बुद्ध तथा बोधिवृक्ष की पूजा का केंद्र है।मूलगंध कुटी विहार: यह वह स्थान है जहाँ बुद्ध के ध्यान लगाने की मान्यता है। इसके पास ही प्राचीन काल के अन्य कई स्तूप और मठों के अवशेष (खंडहर) स्थित हैं।यह स्थान हिरण उद्यान के नाम से जाना जाता है और यहां का वातावरण आज भी अत्यंत शांतिपूर्ण और सुकून भरा है, जो पर्यटकों और बौद्ध भिक्षुओं को ध्यान के लिए आकर्षित करता है।यह स्थान बौद्ध धर्म के केंद्र के रूप में सदियों से प्रसिद्ध रहा है, जहाँ की चीनी यात्री ह्वेन त्सांग ने भी यात्रा की थी अतः इसका एक ऐतिहासिक महत्व है।वर्तमान में यह पुरातात्विक सर्वेक्षण (ASI) के अंतर्गत एक संरक्षित स्थल है, जहां लोग इस ऐतिहासिक घटना को याद करने और आध्यात्मिक शांति पाने के लिए आते हैं। वर्ष भर यहाँ दर्शनार्थियों की ख़ासी भीड़ रहती है।

भगवान बुद्ध के प्रमुख मंदिर के समीप ही प्रसिद्ध डियर पार्क है।इसमें वर्तमान में मुख्य रूप से चितकबरा हिरण तथा दुर्लभ काला हिरण मौजूद हैं। इसके अलावा,पार्क में एमू ,मगरमच्छ ,कछुए और विभिन्न प्रकार के पक्षी, जैसे कि पेंटेड स्टॉर्क (रंगीन सारस) और व्हाइट नेक्ड स्टॉर्क भी देखे जा सकते हैं। 
पक्षी और अन्य जीवों के लिए बाड़े बने हुए हैं।यहाँ पेलिकन व स्टॉर्क प्रजाति के पक्षी भी निवास करते हैं।
पार्क लगभगर 33 एकड़ में फैला हुआ है,जहाँ तालाब और घने पेड़-पौधे हैं,जो इसे एक शांत और सुंदर मिनी चिड़ियाघर बनाते हैं।बच्चों ने यहाँ जमकर मस्ती की।

सारनाथ में दुर्लभ ऐतिहासिक चीज़ें देखने को मिल रही थीं।सभी साथी इस प्रसिद्ध ऐतिहासिक तथा धार्मिक स्थल की यात्रा करके स्वयं को धन्य समझ रहे थे।सभी ने सारनाथ संग्रहालय का रुख़ किया।यह संग्रहालय भारत का सबसे पुराना पुरातात्विक संग्रहालय है जो 1910 में स्थापित किया गया था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा सारनाथ की खुदाई से मिली लगभग 6,832 से अधिक बौद्ध मूर्तियों और कलाकृतियों को इस संग्रहालय में संरक्षित किया गया है। भारत का राष्ट्रीय प्रतीक सम्राट अशोक का चतुर्मुख स्तंभ यहीं रखा हुआ है। 
जैसा मैंने पहले भी उल्लेख किया कि यह वह स्थान है जहाँ भगवान बुद्ध ने अपना पहला उपदेश 'धर्मचक्रप्रवर्तन' दिया था,जो बौद्ध धर्म के चार पवित्र स्थलों में से एक है।
इस संग्रहालय में ईसा पूर्व तीसरी शताब्दी से लेकर 12वीं शताब्दी ईस्वी तक की वस्तुएं हैं।इन्हें देखकर हमें अपने इतिहास और संस्कृति पर बहुत गर्व होता है।
अशोक का सिंह स्तंभ शीर्ष  इस संग्रहालय की सबसे महत्वपूर्ण कलाकृति है, जो पॉलिश किए गए बलुआ पत्थर से बनी है।
इसके अलावा'धर्मचक्र मुद्रा' में बैठे बुद्ध की प्रसिद्ध प्रतिमा भी विद्यमान है।बोधिसत्व,विभिन्न हिंदू देवताओं की मूर्तियां, और प्राचीन स्तूपों के अवशेष भी संग्रहालय में मौजूद हैं।संग्रहालय की इमारत को एक बौद्ध विहार (Monastery) की तरह डिज़ाइन किया गया है।
इस संग्रहालय को घूमने के लिए सबसे अच्छा समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच है (आमतौर पर यह शुक्रवार को बंद रहता है)। 
यह स्थान भारतीय इतिहास और बौद्ध धर्म की कलात्मक विरासत को देखने के लिए एक अनिवार्य स्थल है अतः मेरा अनुरोध है कि एक बार सपरिवार इस स्थल के दर्शन के लिए अवश्य आएँ।


भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधीन खुदाई वाले स्थल👇 के भ्रमण पर हमारे ग्रुप को जो अनुभूति हुई उसका आनंद शब्दों में बयान करना मुश्किल है।

 सारनाथ की खुदाई में मौर्य काल (तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व) से लेकर गुप्त काल (चौथी-छठी शताब्दी ईस्वी) तक की महत्वपूर्ण पुरावशेष प्राप्त हुए। प्रसिद्ध अशोक स्तंभ (सिंह शीर्ष),धमेख स्तूप, बौद्ध मठ,बुद्ध की प्रतिमाएं और विभिन्न मिट्टी के बर्तन आदि सभी आज भी बिल्कुल सुरक्षित हालत में देखकर बहुत आश्चर्य होता है। इन चीज़ों को देखकर उस काल की भवन निर्माण कला, सभ्यता तथा संस्कृति के बारे में सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। खुदाई में मिले अवशेष बौद्ध धर्म के प्रथम उपदेश स्थल के गौरवशाली इतिहास को दर्शाते हैं।प्राप्त बौद्ध विहारों के अंश तथा भवनों आदि के हिस्से और फर्श आदि की मज़बूती और सफ़ाई को देखकर ऐसा मालूम होता है मानों ये चीज़ें हाल ही में बनाई गई हों।
(ऊपर के सभी चित्र खुदाई वाले स्थल का भ्रमण करते हुए लिए गए) 
हमें सारनाथ में घूमते-घूमते शाम हो चुकी थी परंतु किसी भी साथी का मन यहाँ से वापस जाने का नहीं हो रहा था।परंतु रात को हमारी वाराणसी से रामपुर की वापसी की ट्रेन थी अतः सबने सारनाथ के सुंदर नज़ारे आँखों में बसाकर वापसी का सफ़र शुरू किया।
सारनाथ जैसे प्रसिद्ध बौद्ध स्थल के भ्रमण के पश्चात मैंने वहाँ का संक्षिप्त विवरण इस ब्लॉग पोस्ट में देने का प्रयास किया है।इस ऐतिहासिक स्थल की महत्ता और असली आनंद को तो आप इसका भ्रमण करके ही महसूस कर पाएंगें।अत: मेरा अनुरोध रहेगा कि कभी समय निकालकर इन स्थलों का भ्रमण अवश्य करें।
        --- ओंकार सिंह विवेक 



4 comments:

  1. सारनाथ यात्रा का चित्रों सहित अति सुंदर विवरण

    ReplyDelete
  2. Very nice description

    ReplyDelete

Featured Post

सैर कर दुनिया की ग़ाफ़िल (बनारस यात्रा भाग -3/अंतिम कड़ी )

(अब तक आपने पढ़ा : हमारे ग्रुप के बनारस यात्रा संस्मरण में बनारस के काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन, काल भैरव के दर्शन,नमो घाट भ्रम...