April 29, 2020

इरफ़ान ख़ान

💐इरफ़ान ख़ान-विनम्र श्रद्धांजलि💐
Born Actor  इरफ़ान  ख़ान  की  असामयिक  मृत्यु पर ह्रदय बहुत व्यथित है।इरफ़ान ख़ान एक ऐसे कलाकार थे जिन्होंने एक छोटी  सी जगह से आकर एक्टिंग में रुचि के  कारण एन एस डी  से पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने बूते पर मुम्बई जैसी  मायानगरी में जाकर  अपनी  जगह बनाई।उनके पास किसी फिल्मी  घराने से  जुड़े  होने  का कोई प्रमाणपत्र या तमग़ा  नहीं था। अपने आप  को वहां प्रूव करने के लिए  अगर  उनके  पास कुछ था  तो बस एक साधरण क़द काठी और रोम रोम में बसी नेचुरल एक्टिंग की ख़ुदादाद सलाहियत।राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म इंडस्ट्री में  इरफ़ान की मक़बूलियत इस  बात का जीता जागता सुबूत है कि अगर आप में प्रतिभा है तो कामयाबी आपके क़दम एक दिन ज़रूर चूमेगी।इरफ़ान ख़ान नई नस्ल के उन तमाम  लोगों के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं  जो बहुत कमज़ोर  बैकग्राउंड से आते हैं और अपनी प्रतिभा के दम पर  किसी फील्ड में ज़ोर आज़माइश करना चाहते हैं।
आप इरफान ख़ान की किसी भी फ़िल्म को देख लीजिए लगता ही नहीं कि उन्होंने एक्टिंग के  लिए  अलग से कोई तैयारी की हो।वह बिल्कुल नेचुरल एक्टिंग करते और किरदार के साथ रचे बसे नज़र आते हैं।मैंने कभी भी किसी भी  फ़िल्म में उनकी एक्टिंग में रत्ती भर  बनावट नहीं देखी।जबकि कई बड़े बड़े कलाकारों को भी मैंने  बाज़ मौक़ों पर ओवरएक्टिंग का शिकार होते देखा है।
 इरफ़ान का कैंसर जैसी घातक बीमारी से जूझते हुए अभी चंद दिन पहले तक भी फ़िल्म की शूटिंग करते रहना उनके जीवट को दर्शाता  है।आज प्रसंगवश मुझे अपनी ही ग़ज़ल का एक शेर याद आता है-

         सदा बढ़ते रहे मंज़िल की धुन में,
          न जाना पाँव ने कैसी थकन है।
                                  -----विवेक
इरफ़ान ख़ान जैसे  बेहतरीन कलाकार का असमय चले जाना हिंदुस्तानी फ़िल्म इंडस्ट्री को ही नहीं वरन पूरी दुनिया के कला जगत को  एक भारी क्षति है।पर क़ुदरत के सामने हम सब लाचार हैं।एक न एक दिन सब को ही  यह दिन  देखना है।
                ज़िंदगी   दाइमी   नहीं    प्यारे, 
                एक दिन मौत सबको आना है।
                                            --- विवेक
अंत में  इरफान खान की यादों को  शत शत नमन करते हुए मैं उन्हें ख़िराजे अकीदत पेश करते हुए अपनी बात समाप्त करता हूँ।
    ------ओंकार सिंह विवेक
         
#RestInPeace💐💐💐
    चित्र:गूगल से साभार

No comments:

Post a Comment

Featured Post

आज फिर एक नई ग़ज़ल

 एक बार फिर कोलकता के सम्मानित अख़बार/पत्रिका "सदीनामा", ख़ास तौर से शाइर आदरणीय ओमप्रकाश नूर साहब, का बेहद शुक्रिया। सदीनामा निरं...